समाजवादी पार्टी के विधायक का आरोप-'जेल में बंद आज़म ख़ान से मिलने नहीं दिया जा रहा है'

इमेज स्रोत, GETTY IMAGES
समाजवादी पार्टी विधायक रविदास मेहरोत्रा ने आरोप लगाया है कि उन्हें जेल में बंद आज़म ख़ान से मिलने नहीं दिया गया.
वरिष्ठ समाजवादी पार्टी नेता आज़म ख़ान सीतापुर ज़िला जेल में बंद हैं. मेहरोत्रा ने ये भी आरोप लगाया है कि आज़म ख़ान की जेल के अंदर हत्या हो सकती है.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, ज़िला जेल के बाहर मेहरोत्रा ने पत्रकारों से कहा, ''जेल प्रशासन ने मुझे आज़म ख़ान से मिलने नहीं दिया और बताया कि उनकी सेहत सही नहीं है और वो सो रहे हैं.''
उन्होंने आगे कहा, ''ऐसा लग रहा है कि राज्य में अघोषित आपतकाल लागू है और सरकार ख़ुद ही लोकतंत्र की हत्या कर रही है. हमें आशंका है कि आज़म ख़ान को जेल के अंदर मारा जा सकता है. इसलिए हम उनपर हो रहे अन्याय के ख़िलाफ़ यहां आंदोलन कर रहे हैं.''

इमेज स्रोत, ANI
शिवपाल भी मिलने पहुंचे थे
शुक्रवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी ख़ान से मिलने ज़िला जेल पहुंचे थे.
उन्होंने अपने भतीजे अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी पर आज़म ख़ान का मुद्दा नहीं उठाने का आरोप लगाया. उन्होंने ये भी कहा कि वो इस मुद्दे को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने उठाएंगे.
हाल ही में आज़म ख़ान के खेमे के नेताओं ने अखिलेश यादव से नाखुशी जाहिर की थी, दावा किया गया था कि वो जेल में बंद आज़म ख़ान और मुस्लिम समुदाय की परवाह नहीं कर रहे हैं.
पार्टी के रुख को साफ करते हुए विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि अखिलेश यादव ने उन्हें खुद आज़म ख़ान से मिलने के लिए कहा है. मेहरोत्रा का कहना है कि ख़ान एक वरिष्ठ राजनेता हैं और उन्हें कई सुविधाएं मिलनी चाहिए लेकिन उन्हें जेल में एक सामान्य अपराधी की तरह रखा जा रहा है.

















