You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

IPL 2022: LSRvsMI: मुंबई की लगातार आठवीं हार, लखनऊ 36 रन से जीता

169 रनों की लक्ष्य के सामने मुंबई इंडियंस ने 20 ओवरों में केवल 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी.

लाइव कवरेज

मोहम्मद शाहिद and अभय कुमार सिंह

  1. इमरान ख़ान और उनकी पार्टी अब ‘सच्ची आज़ादी’ के लिए करेगी मार्च

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई के अध्यक्ष इमरान ख़ान ने शनिवार को इस्लामाबाद में बनी गाला के अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की.

    इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने सभी संगठनों तक यह संदेश दे दिया है कि इस्लामाबाद की ओर ‘सच्ची आज़ादी’ के लिए मार्च की तैयारी करें.

    उन्होंने इस मार्च की तारीख़ की घोषणा नहीं कि हालांकि उन्होंने कहा कि वो जल्द ही मार्च का आह्वान करेंगे.

    प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान इमरान ख़ान ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को चाहिए कि देश के ख़िलाफ़ ‘इतनी बड़ी घटना’ हुई है, उसकी जांच खुली अदालत में हो.

    उन्होंने कहा कि अगर आज हमारे संगठन इस देश की ख़ुद्दारी और आज़ादी के साथ नहीं खड़े होंगे तो हमारे बच्चों के भविष्य भी ख़तरे में होंगे.

    इसके अलाव इमरान ख़ान ने देश के चुनाव आयुक्त के इस्तीफ़े की भी मांग की.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में कोरोना संक्रमण के 2,593 नए मामले सामने आए

    भारत में रविवार को बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 2,593 नए मामले सामने आए हैं जो कि बीते दिन की तुलना में थोड़े ही अधिक हैं.

    शनिवार को भारत में कोरोना के 2,527 नए मामले सामने आए थे और 33 लोगों की मौत हुई थी जबकि रविवार को सामने आए आंकड़ों में बीते 24 घंटों के दौरान इस बीमारी से 44 मौतें हुई हैं.

    भारत में इस समय कोरोना के कुल मामले 4.30 करोड़ से अधिक हो चुके हैं जबकि कुल मौतों का आंकड़ा 5.22 लाख को पार कर चुका है.

    वहीं दिल्ली में शनिवार को कोरोना संक्रमण के 1,042 नए मामले सामने आए थे. दिल्ली में पॉज़िटिविटी रेट 4.82 फ़ीसदी हो गया है.

  3. अर्जेंटीना में निर्यात नीति के ख़िलाफ़ किसानों की ट्रैक्टर रैली, राष्ट्रपति भवन के बाहर हुए जमा

    खाद्य निर्यात पर टैक्स घटाने के विरोध में अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में तक़रीबन दस हज़ार किसानों ने प्रदर्शन किया है और ट्रैक्टर रैली निकाली है.

    शनिवार को प्रदर्शनकारी किसान राष्ट्रपति भवन के बाहर ट्रैक्टर ले आए. उनका कहना है कि निर्यात पर पाबंदियां उनको आर्थिक रूप से तबाह कर देंगे और महंगाई बढ़ाएंगे.

    राष्ट्रपति अलबर्टो फ़र्नांडिस ने कहा है कि वो प्रदर्शनकारी किसानों की मांग सुनना चाहते हैं. हालांकि उन्होंने इस प्रदर्शन को दक्षिणपंथी विपक्ष का एक राजनीति कार्यक्रम बताया है.

    गेहूं, मक्का और सोया के निर्यात पर अर्जेंटीना की पिछली सरकार ने टैक्स लगाया था और दो साल पहले सत्ता में आई फ़र्नांडिज़ की सरकार ने उसे बढ़ा दिया है.

    दरअसल देश में बढ़ती महंगाई और घरेलू आपूर्ति को ध्यान में रखते हुए फ़र्नांडिज़ ने अनाज और मांस उद्योग में दख़ल दिया है और निर्यातकों पर किसी सामान के निर्यात करने की सीमा तय कर दी है.

    अर्जेंटीना दुनिया के शीर्ष खाद्य निर्यातकों में से एक और यह लैटिन अमेरिका की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है.

    प्रदर्शनकारी किसान ब्यूनस आयर्स की सड़कों पर ट्रैक्टर लेकर उतर आए. यह बहुत दुर्लभ था जब वो शहर में आए जबकि आमतौर पर ये प्रदर्शन ग्रामीण इलाक़ों में ही होते रहे हैं.

  4. शरद पवार बोले- अमित शाह दिल्ली को सांप्रदायिक हिंसा से बचाने में नाकाम रहे

    एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को कोल्हापुर में हुई पार्टी की रैली में कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली की सुरक्षा करने में नाकाम रहे हैं.

    हाल ही में दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाक़े में हनुमान जयंती का जुलूस निकालते समय सांप्रदायिक हिंसा हुई थी.

    पवार ने कहा, “कुछ दिनों पहले दिल्ली सांप्रदायिक तनाव में जल रही थी. दिल्ली को (मुख्यमंत्री) अरविंद केजरीवाल नियंत्रित करते हैं लेकिन पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अंतर्गत आती है जिसे अमित शाह चलाते हैं. शहर को सांप्रदायिक दंगों से बचाने में अमित शाह नाकाम रहे हैं.”

    “अगर दिल्ली में कुछ भी होता है तो उसका संदेश दुनिया को जाता है. दुनिया समझेगी कि दिल्ली में अशांति है.”

    उन्होंने कर्नाटक में सांप्रदायिक तनाव को लेकर भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि ‘अल्पसंख्यक समुदायों की दुकानों और दुकानदारों के नाम होर्डिंग पर लिखे गए और इन दुकानों से कुछ भी न ख़रीदने को कहा गया. बीजेपी जहां-जहां सत्ता में है उन राज्यों में ये एक आम तस्वीर है.’

    पवार ने इस बात पर भी हैरत जताई कि भारत आने वाले दुनिया के किसी भी शीर्ष नेता को सिर्फ़ गुजरात ही क्यों ले जाया जाता है. हाल ही में भारत दौरे पर आए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने अपने दौरे की शुरुआत अहमदाबाद से की थी.

  5. दिल्ली के मंदिर को ढहाने के ख़िलाफ़ ‘आप’ नेता का धरना, कहा- बीजेपी का गुंडा राज यहां तक आ पहुंचा

    आम आदमी पार्टी ने शनिवार को दावा किया कि केंद्र सरकार ने दिल्ली के श्रीनिवासपुरी में एक मंदिर को ढहाने का आदेश दिया है.

    कालकाजी से पार्टी की विधायक आतिशी ने नीलकंठ महादेव मंदिर के बाहर शनिवार को प्रदर्शन किया और वादा किया कि वो बीजेपी सरकार को इसे ढहाने नहीं देंगी.

    आतिशी ने आरोप लगाया, “आम आदमी को डराने और धमकाने के लिए बीजेपी अब तक बहुत बुलडोज़र का इस्तेमाल करती आई है लेकिन अब उसका गुंडा राज यहां तक पहुंच गया है कि वे भगवान श्री राम तक को नहीं छोड़ रही है.”

    “ये प्रदर्शन आम आदमी पार्टी की पहल नहीं बल्कि आम लोगों का ग़ुस्सा है, ये श्रीनिवासपुरी की महिलाओं के ज़रिए और दिल्ली की सभी जनता के ज़रिए बीजेपी के अन्याय के ख़िलाफ़ है, जिन्होंने किसी भी क़ीमत पर किसी को भी अपने धर्मस्थल पर हमला नहीं करने देने का संकल्प लिया है.”

    इसके अलावा आतिशी ने ट्विटर परकेंद्रीय शहरी मामलों के मंत्रालय का एक नोटिस साझा किया है जिसमें धार्मिक ढांचे को हटाने की बात कही गई है.

    उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार बुलडोज़र का इस्तेमाल करके श्रीनिवासपुरी में न केवल मंदिर बल्कि करोड़ों लोगों की श्रद्धा भी ढहाएगी.

    वहीं आम आदमी पार्टी ने भी शनिवार शाम ट्वीट किया कि ‘बीजेपी चाहे कितनी भी ताक़त लगा ले, आम आदमी पार्टी मंदिर पर बुलडोज़र नहीं चलने देगी.’

  6. जंग के मैदान यूक्रेन में आज मौजूद रहेंगे अमेरिकी विदेश और रक्षा मंत्री

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने घोषणा की है कि रविवार को अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन राजधानी कीएव के दौरे पर आएंगे.

    वो अब तक के सबसे वरिष्ठ अमेरिकी नेता हैं जो जंग शुरू होने के बाद यूक्रेन आ रहे हैं.

    ज़ेलेंस्की ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि वे किसी न किसी साज़ो-सामान के साथ उन्हें समर्थन देने आ रहे हैं.

    उन्होंने कहा कि कम से कम पांच हज़ार बच्चों समेत पांच लाख से अधिक लोगों को रूस के क़ब्ज़े वाले यूक्रेन के हिस्सों से रूसी क्षेत्रों में निर्वासित किया गया है.

    वहीं, ज़ेलेंस्की ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेश पर निशाना साधा है. दरअसल गुटेरेश कीएव के दौरे से पहले मंगलवार को मॉस्को में व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात करने पर राज़ी हुए हैं.

    ज़ेलेंस्की का कहना है कि गुटेरेश को पुतिन से मिलने से पहले यूक्रेन आकर यहां के ज़मीनी हालात देखने चाहिए.

    ज़ेलेंस्की ने कीएव सबवे स्टेशन में अंतरराष्ट्रीय मीडिया के साथ तक़रीबन तीन घंटे तक ये सारी बातचीत की है.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहां आपको दिनभर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 23 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.