You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

IPL 2022: RRvsDC: हाईस्कोर मैच में दिल्ली को 15 रन से हराकर राजस्थान टॉप पर

राजस्थान के 222 रन के जवाब में दिल्ली ने बनाए 207 रन. अंतिम ओवर में रोवमैन पॉवेल ने लगातार तीन छक्के जड़ कर मैच का रुख मोड़ने की भरपूर कोशिश की लेकिन दिल्ली को हार से नहीं बचा सके.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and अभय कुमार सिंह

  1. जम्मू के सुंजवान में मुठभेड़, एक जवान की मौत चार घायल

      • Author, मोहित कंधारी
      • पदनाम, जम्मू से बीबीसी हिंदी के लिए

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 24 अप्रैल के जम्मू और कश्मीर दौरे से ठीक पहले सुंजवान के भटिंडी इलाक़े में शुक्रवार तड़के चरमपंथियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षाबलों का एक जवान मारा गया और चार अन्य घायल हुए हैं.

    फ़िलहाल भटिंडी के रिहाइशी इलाक़े में मुठभेड़ जारी है. सुरक्षाबलों ने पूरे इलाक़े की घेराबंदी कर रखी है.

    पुलिस के मुताबिक़, चरमपंथियों के भटिंडी इलाक़े के ही किसी मकान में छिपे होने की आशंका है, जिसके चलते सुरक्षाबल एहतियात बरत रहे हैं.

    जम्मू में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने पत्रकारों को बताया, "भटिंडी इलाक़े में शुक्रवार सुबह चार बजे के आसपास मुठभेड़ तब शुरू हुई, जब पुलिस के विशेष अभियान समूह और सीआरपीएफ ने इलाक़े में एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया."

    उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में सुरक्षा बलों के एक जवान की मौत हो गई है और चार अन्य घायल हो गए. मुठभेड़ अब भी जारी है.

    प्रधानमंत्री के दौरे की वजह से जम्मू और सांबा ज़िलों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं. भटिंडी से सटे सुंजवान आर्मी कैंप में 10 फ़रवरी, 2018 को चरमपंथियों ने हमला किया था.

  2. बाइडन ने कहा अहम मोड़ पर यूक्रेन का युद्ध, अमेरिका ने भेजे और हथियार

    अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूस से जारी यूक्रेन की जंग को अहम मोड़ पर क़रार दिया है. वहीं अमेरिका ने यूक्रेन में और हथियार भेजे हैं.

    यूक्रेन को मिल रहे 80 करोड़ डॉलर के ताज़ा पैकेज में लंबी दूरी तक मार करने वाले "दर्जनों" हॉवित्ज़र तोप और गोला-बारूद के क़रीब डेढ़ लाख राउंड शामिल हैं. वहीं उसे पूर्वी यूक्रेन के मैदानी इलाक़ों में इस्तेमाल होने वाले टैक्टिकल ड्रोन भी दिए जा रहे हैं.

    यूक्रेन में भेजे गए दूसरे हथियारों में स्विचब्लेड ड्रोन भी शामिल हैं. इन ड्रोनों की ख़ासियत है कि इनसे बमबारी की जा सकती है और विमानों को भी निशाना बनाया जा सकता है.

    बताया गया है कि जब से रूस के साथ यूक्रेन की लड़ाई शुरू हुई है, तब से उसे कुल मिलाकर 300 करोड़ डॉलर की सैनिक सहायता दी जा चुकी है.

    अमेरिका के रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि वो यूक्रेन को ''घोस्ट ड्रोन'' भी दे रहा है. इस बारे में एक अधिकारी ने बताया, अमेरिकी एयरफोर्स ने यूक्रेन की ज़रूरतों को देखते हुए तेज़ी से इसे तैयार किया है.

    हालांकि इस ड्रोन की ख़ूबियों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं है.

  3. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 21 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं