स्वीडन में क़ुरान जलाए जाने पर ईरान आग बबूला, दी कड़ी चेतावनी
ईरान ने स्वीडन में क़ुरान जलाने की कोशिश की घटना पर कड़ी प्रतक्रिया दी है. ईरान के विदेश मंत्रालय ने इसकी आलोचना करते हुए कहा है कि रमज़ान के पवित्र महीने में क़ुरान के साथ बेअदबी ईशनिंदा है.
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ये घटना नफ़रत फैलाने और बोलने की आज़ादी के उल्लंघन का उदाहरण है. ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सईद खतीबज़ादेह ने कहा- एक चरमपंथी नस्लवाली तत्व की ओर से पवित्र क़ुरान को जलाने की घटना पुलिस के सामने हुई.
उन्होंने कहा कि रमज़ान के पवित्र महीने में जानबूझकर ऐसी अपमानजनक घटना के बार-बार होने से स्वीडन और दुनिया के अन्य हिस्सों के मुसलमानों की भावनाएँ आहत होती हैं.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि दुनियाभर में जो लोग एक साथ रहने और धर्मों के बीच संवाद पर भरोसा करते हैं, उन्हें इसकी आलोचना करनी चाहिए. उन्होंने स्वीडन की सरकार को इसके लिए ज़िम्मेदार बताते हुए तुरंत कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि दोषियों के साथ कड़ाई से निपटना चाहिए ताकि ऐसी घटनाएँ फिर न हों. स्वीडन की एक धुर दक्षिणपंथी पार्टी ने मुस्लिम बहुल इलाक़े में क़ुरान को जलाने की कोशिश की थी. पुलिस की उपस्थिति में धुर दक्षिणपंथी नेता रासमुस पालूदान ने दक्षिणी शहर लिंकोपिंग में जाकर क़ुरान को जलाने की कोशिश की. इसके बाद इस पार्टी के सदस्यों और स्थानीय लोगों के बीच झड़प भी हुई.