यूक्रेन का दावा- रूस के 20 हज़ार सैनिक मारे गए
यूक्रेन ने दावा किया है कि लड़ाई शुरू होने के बाद से अब तक रूस के क़रीब 20 हज़ार सैनिक मारे गए हैं. यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने ट्वीट कर ये दावा किया है.
रक्षा मंत्रालय के दावे के मुताबिक़ रूस को बड़ा नुक़सान झेलना पड़ा है.....
सैनिक- 20 हज़ार
टैंक- 756
बख़्तरबंद मशीनें/एपीवी- 1976
आर्टिलरी सिस्टम- 366
आरएसज़ेडवी/एमएलआरएस- 122
एंटी एयरक्राफ़्ट सिस्टम्स- 66
लड़ाकू विमान- 163
हेलिकॉप्टर्स- 144
ऑटोमोटिव/गाड़ियाँ- 143
जहाज़/बोट्स- 08
ईंधन वाले टैंक- 76
यूएवी- 135
विशेष उपकरण- 25
लॉन्चर ओटीआरके/टीआरके/मोबाइल एसआरबीएम सिस्टम- 04
इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस के साथ युद्ध के 50 दिन पूरे होने पर देश को संबोधित किया और यूक्रेन को बचाने वालों को सम्मान दिया. ज़ेलेंस्की ने कहा, "बहादुर देश के अडिग लोग. हम 50 दिनों से डटे हुए हैं जबकि कब्ज़ा करने वालों ने हमें ज़्यादा से ज़्यादा पांच दिन दिए थे." उन्होंने कई पश्चिमी नेताओं के साथ बातचीत और बैठकों को याद करते हुए कहा, "इन 50 दिनों में मैंने दुनिया के कई नेताओं को अलग-अलग तरीक़े से देखा."
बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में ज़ेलेंस्की ने यूरोपीय देशों पर आरोप लगाते हुए कहा है कि जो देश रूस से तेल खरीद रहे हैं, "वो दूसरों के ख़ून से सनी कमाई कर रहे हैं." ज़ेलेंस्की ने जर्मनी और हंगरी पर निशाना साधा और कहा कि उनके कारण रूस से तेल खरीद पर लगाए प्रतिबंध लागू करने को लेकर बाधा हो रही है. उन्होंने कहा कि इस निर्यात से रूस को इस साल 326 अरब डॉलर तक का फायदा हो सकता है.