कर्नाटक में संतोष पाटिल की आत्महत्या मामले में मंत्री ईश्वरप्पा के ख़िलाफ़ एफ़आईआर
कर्नाटक में ठेकेदार संतोष पाटिल की आत्महत्या मामले में बीजेपी सरकार में ग्रामीण विकास और पंचायत राज मंत्री केएस ईश्वरप्पा के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है.
संतोष पाटिल के भाई प्रशांत पाटिल ने मंत्री ईश्वरप्पा के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई है.
संतोष पाटिल ने मरने से पहले संदेश भेजकर ईश्वरप्पा पर काम के बदले 40 प्रतिशत कमिशन की मांग करने का आरोप लगाया था. वो मंगलवार को उडुपी ज़िले के एक लॉज में मृत पाए गए थे.
इस मामले पर कर्नाटक में राजनीति तेज़ हो गई है. कांग्रेस ईश्वरप्पा का इस्तीफ़ा मांग रही है.
कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने कहा, ‘‘हमने केएस ईश्वरप्पा को पद से हटाने के लिए राज्यपाल से अपील की है. उनके ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया जाना चाहिए. वो अपने ही लोगों से 40 प्रतिशत कमिशन मांगते हैं. उन्होंने संतोष पाटिल से भी कमिशन मांगा था. राज्यपाल ने हमें बताया है कि वो इस मामले में प्रशासन से बात करेंगे. ’’
इस बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने कहा, ‘‘एफ़आईआर (केएस ईश्वरप्पा के ख़िलाफ़) दर्ज कर ली गई है. हमने सभी जानकारी जुटा ली है. मैं ईश्वरप्पा से बात करूँगा. मुझे नहीं पता कि उन्होंने क्या कहा (इस्तीफ़े को लेकर). सीधे तौर पर उनसे बात करने के बाद इस पर कुछ कहा जाएगा.’’
वहीं, मृतक संतोष पाटिल के भाई प्रशांत पाटिल ने कहा है, ‘‘ईश्वरप्पा, बासवराज और रमेश (ईश्वरप्पा के क़रीबी) को गिरफ़्तार किया जाना चाहिए. मैं अपने भाई के लिए न्याय चाहता हूँ. तब तक मैं अपने भाई का शव नहीं लूँगा.’’