You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूक्रेन के साथ बातचीत पटरी से उतरी: पुतिन

पुतिन ने यूक्रेन की राजधानी कीएव के आसपास से रूसी सेनाओं के पीछे हटने के बाद बातचीत के बारे में पहली बार सार्वजनिक तौर पर बयान दिया है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and दीपक मंडल

  1. शहबाज़ शरीफ़ के PM बनने पर शाहिद अफ़रीदी निशाने पर क्यों आए?

    शहबाज़ शरीफ़ जब सोमवार को पाकिस्तान के 23वें प्रधानमंत्री बने तो बधाइयां देने वालों में पीएम नरेंद्र मोदी भी शामिल रहे.

    इसी लिस्ट में एक नाम पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफ़रीदी का भी है.

    शाहिद अफ़रीदी ने ट्वीट किया, ''शहबाज़ शरीफ़ को पाकिस्तान के वज़ीर-ए-आज़म बनने की मुबारक़बाद. मैं उम्मीद करता हूं कि वो अपनी मैनेजमेंट स्किल्स का इस्तेमाल करके पाकिस्तान को मौजूदा आर्थिक और राजनीतिक संकट से निकालने का काम करेंगे. पाकिस्तान ज़िंदाबाद.''

    शाहिद अफ़रीदी के इस ट्वीट पर कुछ पाकिस्तानियों की नाराज़गी देखने को मिल रही है. ज़्यादातर लोग शाहिद अफ़रीदी के ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए आलोचना कर रहे हैं. कुछ पाकिस्तानियों की ये शिकायत इतनी ज़्यादा रही कि शाहिद अफ़रीदी ने दो और ट्वीट कर अपनी बात को विस्तार दिया. शाहिद अफ़रीदी ने अपने ट्वीट को री-ट्वीट करते हुए लिखा, ''जब वक़्त-रुख़्सत आ जाए तो चाहे हक़ पर हों या ग़मज़दा, विदाई इज़्ज़त के साथ क़ुबूल करनी चाहिए. आरोप, साज़िशें, यहां तक की हार भी सत्ता के खेल का हिस्सा हैं.''

  2. भारत और अमेरिका ने मिलकर पाकिस्तान के सामने रखी ये मांग

    भारत और अमेरिका ने पाकिस्तान से कहा है कि वो आतंकवादी हमलों के लिए उसकी ज़मीन का इस्तेमाल होने से रोके और साथ ही मुंबई और पठानकोट हमलों के साजशिकर्ताओं को सज़ा दिलाए.

    पाकिस्तान से ये मांग भारत और अमेरिका के बीच हुई 'टू प्लस टू वार्ता' के बाद जारी संयुक्त बयान में की गई है.

    इस बैठक में भारत के विदेश मंत्री एस जयशकंर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ उनके अमेरिकी समकक्ष एंटनी ब्लिंकन और लॉयड ऑस्टिन शामिल हुए.

    भारत और अमेरिका का ये संयुक्त बयान ऐसे समय में आया है जब एक दिन पहले ही पाकिस्तान में इमरान ख़ान की जगह शहबाज़ शरीफ़ नए प्रधानमंत्री बने हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार संयुक्त बयान में कहा गया है, "बैठक के दौरान मंत्रियों ने पाकिस्तान से मांग की है कि वो तत्काल ऐसे स्थायी कदम उठाए जिससे उसकी धरती का इस्तेमाल किसी भी आतंकवादी हमले के लिए न हो."

  3. बॉलीवुड ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने का फ़ार्मूला ढूँढ लिया है?

    पहले ओटीटी का हमला और फिर कोरोना की मार, इनकी वजह से बेदम बॉलीवुड के सामने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने की जो चुनौती सामने आई है उसने सिनेमा बनाने वालों को गहरी परेशानी में डाल दिया है.

    फ़िल्म मेकर्स को ये तो समझ में आ ही चुका है कि हथेली में सिमट चुकी मनोरंजन की दुनिया से दर्शकों को बाहर निकाल कर सिनेमाघरों तक पहुंचाना अब इतना आसान नहीं होगा और इसके लिए किसी 'करिश्मे' की जरूरत होगी, और वो करिश्मा होगा - लॉर्जर दैन लाइफ़ यानी बहुत भव्य फिल्में.

    दरअसल, हाल में आई एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर ने ये साफ कर दिया है कि अब अगर दर्शकों को सिनेमाघर तक लेकर आना है तो उसके लिए इस तरह का भव्य सिनेमा बनाना होगा जिसके बारे में दर्शक ये मान लें कि उसे बड़े परदे पर ही देखने में मज़ा आएगा.

    तो बड़ा बजट, बड़े स्टार, बड़ा स्केल और भारी भव्यता समय की मांग हैं.

    बॉलीवुड वाले समझने लगे हैं कि 600 रुपये का टिकट लेकर थिएटर में जाने वाले को अगर भव्यता के अनुभव के साथ पूरा एंटरटेनमेंट नहीं मिलेगा तो वह ओटीटी के मायाजाल से बाहर नहीं निकलेगा.

  4. गुजरात के हिम्मतनगर में फिर भड़की हिंसा, 4 लोगों को हिरासत में लिया गया

    रामनवमी के मौके पर तनाव के बाद गुजरात के हिम्मतनगर में एक बार फिर हिंसा भड़कने के बाद चार लोगों को हिरासत में ले लिया गया है.

    गुजरात के साबरकांठा ज़िले के अधिकारियों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि दो अलग-अलग समुदायों के बीच पत्थरबाज़ी शुरू होने के बाद हिंसा छिड़ी.

    सोशल मीडिया पर शेयर किए कुछ वीडियो में कई लोग पेट्रोल बम फेंकते दिख रहे हैं.

    एसपी विशालकुमार वघेला के अनुसार, ये छोटी-मोटी झड़प थी.

    उन्होंने कहा, "झड़प की जानकारी मिलते ही हम मौके पर पहुंचे. मामला छोटा था और हमने कुछ ही देर में स्थिति पर काबू पा लिया."

    इससे पहले रविवार को हिम्मतनगर में राम नवमी की शोभा यात्रा के दौरान पत्थर फेंकने की वजह से हिंसा छिड़ी थी. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डीएम ने सीआरपीसी की धारा 144 लगाई थी.

  5. यूरोप जो एक दोपहर में करता है, भारत एक महीने में कर रहा है: जयशंकर

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच सोमवार को वर्चुअल बैठक हुई. जो बाइडन जब पीएम मोदी से बात कर रहे थे तो वॉशिंगटन में उनके साथ भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे.

    इसके अलावा अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन भी मौजूद थे. भारतीय विदेश और रक्षा मंत्री अमेरिका 2+2 बैठक में शामिल होने गए हैं.

    भारत और अमेरिका के बीच 2+2 की यह चौथी वार्षिक बैठक थी. यह बैठक तब हो रही थी, जब यूक्रेन पर रूस के हमले का दूसरा महीना चल रहा है.

    राष्ट्रपति बाइडन और पीएम मोदी की वर्चुअल बैठक को अमेरिकी मीडिया में भी ख़ासी तवज्जो मिली है.

    अमेरिका के प्रमुख अख़बार न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा है कि राष्ट्रपति बाइडन ने सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि रूसी तेल और गैस पर भारत अपनी निर्भरता ना बढ़ाए. अमेरिका चाहता है कि यूक्रेन पर राष्ट्रपति पुतिन के हमले के कारण रूस पर आर्थिक दबाव बना रहना चाहिए.

  6. पश्चिम बंगाल की आसनसोल संसदीय सीट पर उपचुनाव के दौरान हिंसा

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल में आसनसोल संसदीय सीट पर होने वाले उपचुनाव के दौरान कई इलाक़ों से हिंसा, तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों में झड़प और फ़र्ज़ी मतदान के आरोप सामने आए हैं.

    इस सीट से भाजपा की उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने आरोप लगाया, "टीएमसी लोगों ने हम पर हमला किया, हमारे काफ़िले पर पथराव किया. पुलिस कुछ नहीं कर रही है."

    तृणमूल ने इस सीट पर शत्रुघ्न सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है. यह सीट पूर्व भाजपा सांसद बाबुल सुप्रियो के इस्तीफे से ख़ाली हुई थी.

    अग्निमित्रा पॉल ने आरोप लगाया कि उनके क़ाफ़िले पर दो जगह हमला किया गया. उन्होंने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की है. इस पर आयोग ने रिपोर्ट मांगी है.

    दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने पॉल के ख़िलाफ़ 20 कारों के काफ़िले में घूमने और वोटरों को प्रभावित करने का आरोप लगाया है.

    एक-दो जगह पॉल की पुलिस वालों से भी भिड़ंत हो गई. उनके खिलाफ अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ मतदान केंद्र के भीतर जाने का आरोप है. तृणमूल के एक स्थानीय नेता ने आरोप लगाया, "इलाके में तैनात केंद्रीय बलों के जवान वोटरों से भाजपा को वोट देने को कह रहे हैं."

    उधर, भाजपा का आरोप है कि कई मतदान केंद्रों पर राज्य पुलिस के जवान तैनात हैं. इस पर भी आयोग ने रिपोर्ट मांगी है और साथ ही बराबनी के प्रेज़ाइडिंग अफसर को हटा दिया है.

    आसनसोल के साथ कोलकाता की बालीगंज विधानसभा सीट के लिए भी मंगलवार को मतदान हो रहा है.

  7. नीरव मोदी के करीबी सुभाष शंकर को मिस्र से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया

    एक बड़े अभियान के तहत केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई, भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के ख़ास सहयोगी सुभाष शंकर परब को मिस्र से प्रत्यर्पित कर के भारत लाई है.

    सुभाष शंकर नीरव मोदी के 7 हज़ार करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड केस में मुख्य अभियुक्तों में शामिल हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि परब फ़ायरस्टार डायमंड कंपनी में डिप्टी जनरल मैनेजर (फाइनेंस) थे.

    अधिकारियों ने बताया कि मिस्र की राजधानी काहिरा में छिपे परब को प्रत्यर्पित कर मंगलवार सुबह मुंबई लाया गया है.

    अधिकारियों के अनुसार नीरव मोदी और उनके रिश्तेदार मेहुल चोकसी के धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद से ही फ़रार चल रहे थे.

  8. रणबीर कपूर-आलिया भट्ट की शादी को लेकर क्या बोलीं नीतू कपूर?

    बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की शादी की चर्चा के बीच बॉलीवुड अभिनेत्री नीतू कपूर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो अपने बेटे की शादी को लेकर मीडियाकर्मियों से बात कर रही हैं.

    फ़िल्मफ़ेयर के शेयर किए एक वीडियो में नीतू कपूर से एक मीडियाकर्मी सवाल करते हैं, "मैम शादी कब है, कितने दिन बाकी हैं. 12,13, 14 (अप्रैल) में एक डेट बता दीजिए."

    इस पर नीतू कपूर जवाब देती हैं, "आगे बढ़ो यार. आपको क्या है...कभी भी करें. मैं क्यों बताऊं."

    कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि रणबीर कपूर और आलिया भट्ट 14 अप्रैल को शादी करने वाले हैं.

  9. झारखंड: रोपवे हादसे में 2 लोगों की मौत, राहत-बचाव कार्य फिर शुरू

    झारखंड के देवघर में रोप-वे ट्रॉली दुर्घटना को 48 घंटे से ज़्यादा वक्त बीत चुका है और मंगलवार को भी बचाव कार्य जारी है. अभी तक इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो चुकी है.

    एक शख्स की मौत बचाव कार्य के दौरान हुई है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी. फंसे हुए लोगों को हेलीकॉप्टर से बचाया जा रहा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक मंगलवार सुबह भी 7 लोगों को बचाया गया है. अभी तक कुल 50 लोगों को बचाया जा चुका है. वायुसेना, एनडीआरएफ़, स्थानीय प्रशासन की टीम राहत कार्य में जुटी हुई है.

    झारखंड सरकार के मंत्री जगरनाथ महतो ने ट्विटर पर बताया कि जिन दो लोगों की मौत हुई है, उनमें से एक की मौत हेलीकॉप्टर से हाथ छूटने की वजह से हुई है.

    राहत और बचाव अभियान के इनचार्ज अश्विनी नैय्यर ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि मंगलवार यानी आज दोपहर तक बचाव कार्य पूरा हो जाएगा.

  10. राजनाथ सिंह ने दी शहबाज़ शरीफ़ को शुभकामनाएं और एक सलाह

    भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ को पद संभालने पर मुबारकबाद दी है.

    साथ ही उन्होंने एक सलाह भी दी है.

    एएनआई से बातचीत में राजनाथ सिंह, "मैं सिर्फ़ ये कहना चाहता हूँ कि वे आतंकवाद पर लगाम कसें. उन्हें शुभकामनाएं."

    राजनाथ सिंह विदेश मंत्री जयशंकर के साथ अमेरिका के दौरे पर हैं जहां वो भारत और अमेरिका के बीच 'टू प्लस टू' वार्ताओं में हिस्सा ले रहे हैं.

  11. मारियुपोल के मेयर ने कहा, शहर में 10,000 से ज़्यादा नागरिक मारे गए

    यूक्रेन के मारियुपोल के मेयर ने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस को बताया है कि शहर में युद्ध की शुरुआत से लेकर अब तक कम से कम 10,000 लोग मारे गए हैं.

    मेयर वेदीम बॉयशेंको ने सोमवार को कहा कि "सड़कें लाशों से भर गईं हैं."

    मेयर यूक्रेन की किसी अज्ञात जगह से बात कर रहे थे.

    उन्होंने कहा कि अभी भी मारियुपोल में 1 लाख 20 हज़ार लोग फंसे हैं. इन लोगों को भोजन, पानी और दवाओं की तत्काल ज़रूरत है.

    बॉयशेंको ने कहा कि उनके पास ऐसी रिपोर्ट भी है जिसके मुताबिक़ रूसी सैनिक शवों को इकट्ठा करके उन्हें बड़े-बड़े शॉपिंग सेंटरों में फ्रिज में रख रहे हैं.

    उन्होंने कहा, "ट्रकों के रूप में मोबाइल शवदाहगृह घूम रहे हैं. आप उसे खोलेंगे और उसमें एक पाइप है जिससे इन शवों को जलाया जा रहा है."

    बीबीसी मेयर के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं कर सकता है.

  12. आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में ट्रेन के नीचे आने से छह लोगों की मौत

    आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम ज़िले में सोमवार देर रात कोणार्क एक्सप्रेस ट्रेन के नीचे आने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने इसकी जानकारी दी.

    पुलिस ने बताया कि हादसे में मरने वाले लोग गुवाहाटी जा रही सुपरफ़ास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के यात्री थे. तकनीकी ख़राबी की वजह से उनकी ट्रेन बातुवा गांव के पास रुकी थी और ये सभी नीचे ट्रैक पर उतरे थे.

    इतने में दूसरी तरफ़ से कोनार्क एक्सप्रेस आई और इन छह लोगों को रौंद कर चली गई.

    श्रीकाकुलम की एसपी जीआर राधिका ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "अभी तक हमने छह शवों की पहचान की है. गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) दुर्घटनास्थल पर पहुंच रही है ताकि ये पता कर सकें कि क्या कोई और भी हताहत हुआ है."

    आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने हादसे को लेकर संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने ज़िला प्रशासन को बचाव कार्य में जुटने और घायलों को मदद मुहैया कराने के आदेश दिए हैं.

  13. यूक्रेन में युद्ध के बीच जो बाइडन से पीएम मोदी की वर्चुअल मुलाक़ात, इन मुद्दों पर हुई बात

    राष्ट्रपति जो बाइ़डन ने सोमवार को कहा कि यूक्रेन में रूस के युद्ध के 'अस्थिर' करने वाले प्रभावों से निपटने के लिए भारत और अमेरिका लगातार एक-दूसरे से बातचीत और परामर्श जारी रखेंगे.

    बाइडन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल मीटिंग के दौरान ये बात कही. इस बैठक में पीएम मोदी ने एक बार फिर से ये कहा कि यूक्रेन के युद्ध को रोकने के लिए व्लादिमीर पुतिन और उनके यूक्रेनी समकक्ष वोलोदोमीर ज़ेलेंस्की के बीच सीधी वार्ता होनी चाहिए.

    पीएम मोदी ने बैठक शुरू करने से पहले कहा, "हमें उम्मीद है कि रूस और यूक्रेन के बीच जारी वार्ता से शांति आएगी."

    इस दौरान पीएम मोदी यूक्रेन और रूस के राष्ट्रपतियों से फ़ोन पर हुई बातचीत का भी ज़िक्र किया.

    बाइडन ने भारत और अमेरिका के बीच मज़बूत रक्षा सहयोग पर बात की. उन्होंने कहा कि दोनों देश यूक्रेन में रूस के युद्ध के अस्थिरता लाने वाले प्रभावों से निपटने के उपायों पर चर्चा करना जारी रखेंगे.

    पीएम मोदी ने कहा, "आज हमारी वार्ता ऐसे समय में हो रही है जब यूक्रेन में स्थिति चिंताजनक है. कुछ सप्ताह पहले तक 20 हज़ार से ज़्यादा भारतीय छात्र यूक्रेन में फंसे थे." प्रधानमंत्री ने यूक्रेन में रूस के हमले की चपेट में आकर मरने वाले एक भारतीय छात्र का भी ज़िक्र किया.

    पीएम मोदी ने कहा, "मैं सिर्फ़ शांति स्थापित करने की अपील नहीं कर रहा बल्कि मेरा सुझाव है कि राष्ट्रपति पुतिन को यूक्रेन के राष्ट्रपति से सीधे बात करनी चाहिए. यूक्रेन के मसले पर हमारी संसद में भी विस्तार से चर्चा हुई है."

  14. रूस से भारत के तेल खरीदने पर अमेरिका का अहम बयान, क्या कहा?

    रूस से भारत के तेल आयात पर अमेरिका ने कहा है कि भारत, रूस पर लगे किसी भी प्रतिबंध का उल्लंघन नहीं कर रहा है.

    अमेरिका का ये बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच हुई वर्चुअल मुलाक़ात के बाद आया है.

    सोमवार को व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा कि दोनों देशों के नेताओं के बीच हुई वार्ता सकारात्मक थी.

    बाइडन ने भारत पर रूस से ऊर्जा कारोबार सीमित करने के लिए दबाव बनाया या नहीं इस सवाल पर साकी ने कहा, "ऊर्जा आयात प्रतिबंधित नहीं है और उन्होंने हमारे लगाए प्रतिबंधों का उल्लंघन नहीं किया. हम ये स्वीकार करते हैं कि हर देश अपने हित में निर्णय लेता है."

    हालांकि, साकी ने ये भी कहा कि बैठक के दौरान बाइडन ने पीएम मोदी से इस बात का ज़िक्र किया कि रूस से हर उत्पाद का आयात बढ़ाना भारत के हित में नहीं है.

    क्या बाइडन ने रूस से तेल खरीद न बढ़ाने पर मोदी से कोई वादा मांगा, इसपर साकी ने कहा, "इस मुद्दे पर पीएम मोदी और भारतीय नेता ही बोलेंगे. भारत फिलहाल रूस से सिर्फ 1-2 फ़ीसदी ही तेल खरीदता है. वो अमेरिका से 10 फ़ीसदी खरीदते हैं. ये किसी भी प्रतिबंध का उल्लंघन नहीं है."

  15. रूस से ऊर्जा सौदों के सवाल पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने क्यों किया यूरोप का ज़िक्र

    अमेरिका के साथ टू प्लस टू वार्ता के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि रूस से भारत के ऊर्जा सौदों पर बात करने से पहले ये देखना चाहिए कि यूरोप का अब भी रूस से कितना कारोबार है.

    एस. जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह टू प्लस टू वार्ता के लिए अमेरिका गए हैं.

    यहां उन्होंने कहा, "अगर आप रूस से (भारत की) ऊर्जा खरीद देख रहे हैं, तो मेरा सुझाव है कि आपका ध्यान यूरोप पर होना चाहिए. हम उतनी ऊर्जा ख़रीद रहे हैं जो हमारी ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से ज़रूरी है. लेकिन आंकड़ों को देखते हुए मुझे लगता है कि हम जितना एक महीने में खरीद रहे हैं वो यूरोप द्वारा दोपहर भर में खरीदी गई ऊर्जा से भी कम है."

    विदेश मंत्री ने ये भी कहा, "हमने संयुक्त राष्ट्र, संसद और अन्य मंचों पर यूक्रेन के मसले पर कई बयान जारी कर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है कि हम युद्ध के ख़िलाफ़ हैं. हम कूटनीति और वार्ता के पक्षकार हैं. हिंसा को तत्काल रोकने के लिए हम उल्लेखनीय सहयोग देने को तैयार हैं."

    वहीं अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा, "इस चुनौती (यूक्रेन) पर भारत को क्या रुख रखना है, ये उसे ही तय करना होगा. हमारी नज़र में सभी देशों को, खासकर वो जिनके रिश्ते रूस से अच्छे हैं, उन्हें पुतिन पर युद्ध को खत्म करने के लिए दबाव बनाना चाहिए."

    उन्होंने कहा, "भारत के रूस से रिश्ते दशकों में विकसित हुए हैं, जब अमेरिका भारत का साझीदार नहीं बन सका था. आज हम ऐसा कर सकते हैं और चाहते हैं कि भारत हमें अपनी मर्ज़ी से सहयोगी बनाए."

    रूस से ऊर्जा सौदों को लेकर ब्लिंकन ने कहा, "बेशक, हम सभी देशों को प्रोत्साहित कर रहे हैं कि वो रूस से अतिरिक्त ऊर्जा आयात न करे. हर देश अलग स्थिति में है, उनकी ज़रूरतें भी अलग-अलग हैं. लेकिन हम चाहते हैं कि हमारे सहयोगी और साझेदार देश रूस से अपनी ऊर्जा खरीद को न बढ़ाएं."

  16. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 11 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.