यूक्रेन के साथ बातचीत पटरी से उतरी: पुतिन

पुतिन ने यूक्रेन की राजधानी कीएव के आसपास से रूसी सेनाओं के पीछे हटने के बाद बातचीत के बारे में पहली बार सार्वजनिक तौर पर बयान दिया है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and दीपक मंडल

  1. चेन्नई सुपर किंग्स की जीत का खाता खुला

    रॉबिन उथप्पा

    इमेज स्रोत, BCCI/IPL

    चेन्नई सुपर किंग्स की आईपीएल सीज़न 15 की पहली जीत लगातार चार मैच हारने के बाद रविंद्र जडेजा की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल सीज़न 15 में पहला मैच जीत लिया है.

    मुंबई के डीवाई पाटील स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलौर को 23 रन से हराया. इस जीत के हीरो रहे शिवम दुबे और रॉबिन उथप्पा.

    टॉस जीत कर फ़ैफ डू प्लेसि ने पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया. चेन्नई सुपर किंग्स के दो विकेट भी जल्दी गिर गए लेकिन इसके बाद दुबे और उथप्पा ने पारी को संभाल लिया.

    रॉबिन उथप्पा ने 50 गेंद पर चार चौके और नौ छक्के की मदद से 88 रन बनाए. वहीं दूसरे छोर पर युवा बल्लेबाज़ शिवम दुबे ने उनका बख़ूबी साथ दिया. दुबे ने 46 गेंदों पर नाबाद 95 रन बनाए. अपनी पारी में दुबे ने पांच चौके और आठ छक्के लगाए. वे आख़िर तक आउट नहीं हुए.

    इन दोनों की तूफ़ानी पारी के चलते चेन्नई सुपर किंग्स ने चार विकेट पर 216 रन बनाए. इसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलौर की टीम 20 ओवरों में नौ विकेट पर 193 रन बना सकी. टीम के स्टार बल्लेबाज़ फ़ैफ़ डू प्लेसि और विराट कोहली दोहरे अंक में नहीं पहुंच सके. जबकि ग्लेन मैक्सवेल 26 रन बना सके.

    आख़िरी पलों में 14 गेंदों पर दिनेश कार्तिक ने 34 रन बनाकर मैच का रोमांच ज़रूर बढ़ाया लेकिन उनके आउट होते ही टीम की उम्मीद ख़त्म हो गई.

    चेन्नई सुपर किंग्स की ओर महेश तिकशाना ने 33 रन देकर चार विकेट चटकाए, जबकि रविंद्र जडेजा ने 39 रन देकर तीन विकेट लिए.

    रविंद्र जडेजा

    इमेज स्रोत, BCCI/IPL

  2. यूक्रेन के साथ बातचीत पटरी से उतरी: पुतिन

    पुुतिन

    इमेज स्रोत, EPA

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन के साथ बातचीत पटरी से उतर चुकी है. उनका कहना है कि यूक्रेन युद्ध अपराधों के बारे में 'झूठे दावे' कर रहा है. साथ ही वह अपने लिए सुरक्षा गारंटी की अतिरिक्त मांग कर रहा है.

    पुतिन ने कहा, '' हमारी बातचीत एक बार फिर गतिरोध की ओर लौट आई है.'' रूसी राष्ट्रपति ने कहा है कि रूस पूर्वी यूक्रेन में रूसी भाषियों की सुरक्षा के लिए अपना ऑपरेशन जारी रखेगा.

    हालांकि यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार मिखाइलो पोदोलेक ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा है कि हालांकि बातचीत के दौरान सौदेबाजी कड़ी रही है लेकिन ये जारी है.

    पुतिन ने यूक्रेन की राजधानी कीएव के आसपास से रूसी सेनाओं के पीछे हटने के बाद बातचीत के बारे में पहली बार सार्वजनिक तौर पर बयान दिया है.

  3. न्यूयॉर्क सबवे स्टेशन में गोलीबारी, चश्मदीदों ने बताया क्या हुआ था

  4. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री पर लगेगा जुर्माना, आखिर क्या है वजह?

    बोरिस जॉनसन

    इमेज स्रोत, Reuters

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और वित्त मंत्री ऋषि सुनक पर कोविड लॉकडाउन के दौरान बर्थडे पार्टी में शामिल होने के आरोप में जुर्माना लगाया जाएगा.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कार्यालय 10 डाउनिंग स्ट्रीट ने इस बात की पुष्टि की है बोरिस जॉनसन को तय जुर्माने का नोटिस मिलेगा. उन पर 2020 में कोविड लॉकडाउन के दौरान कैबिनेट रूम नंबर 19 में एक घंटे के जमावड़े में शामिल होने के लिए यह जुर्माना लगाया गया है.

    ब्रिटेन के वित्त मंत्री ऋषि सुनक और बोरिस जॉनसन की पत्नी केरी जॉनसन के खिलाफ भी जुर्माने का नोटिस जारी किया गया है. हालांकि केरी जॉनसन और ऋषि सुनक के प्रवक्ताओं ने कहा है कि उन्हें ये नहीं बताया है कि उन पर लगाया जा रहा जुर्माना किस घटना से जुड़ा है.

    कहा जा रहा है कि दोनों प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की बर्थ डे पार्टी में शामिल थे. कोविड लॉकडाउन के दौरान उस पार्टी में 30 लोग शामिल थे. जॉनसन ब्रिटेन के ऐसे पहले प्रधानमंत्री होंगे जो अपने कार्यकाल में कानून तोड़ने के लिए जुर्माने का सामना करेंगे.

    लेबर पार्टी के नेता सर कीर स्टारमेर और स्कॉटलैंड की फर्स्ट मिनिस्टर निकोला स्टरजियोन ने कहा है कि जॉनसन और सुनक के अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए.

  5. देवघर रोपवे हादसे पर केंद्र ने झारखंड सरकार को लिखी चिट्ठी

    देवघर

    इमेज स्रोत, ANI

    केंद्रीय गृह मंत्रालय ने झारखंड के देवघर में हुए रोपवे हादसे के बाद एडवाइजरी जारी की है. एडवाइजरी में कहा गया है कि रोपवे प्रोजेक्ट के ऑपरेशन और मेंटनेंस बिल्कुल मानकों पर होने चाहिए.

    केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने झारखंड के मुख्य सचिव को लिखी चिट्ठी में कहा है कि राज्य सरकार सेफ्टी ऑडिट के लिए किसी क्वालिफाइड कंपनी को लगाए. हर रोप वे प्रोजेक्ट के मेंटनेंस मैनुअल तैयार किए जाने चाहिए.

    झारखंड के देवघर ज़िले में त्रिकुट पहाड़ पर हुए रोपवे हादसे के बाद फँसे पर्यटकों को 46 घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया है. हालाँकि बचाव अभियान के दौरान दो लोगों की मृत्यु हो गई. दुर्घटना के दिन भी एक महिला की मौत हुई थी.

    स्थानीय प्रशासन, आईटीबीपी और भारतीय वायु सेना की मदद से बचाव अभियान शुरू हुआ जो कि मंगलवार दोपहर समाप्त हुआ.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  6. खरगौन हिंसा मामले में ट्वीट करने पर दिग्विजय सिंह पर मामला दर्ज

      • Author, शुरैह नियाज़ी
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, भोपाल से
    दिग्विजय सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिग्विजय सिंह (फाइल फोटो)

    भोपाल क्राइम ब्रांच ने कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है. उनके ख़िलाफ़ खरगौन दंगे के बाद ट्वीट करने के लिए मामला दर्ज किया गया है.

    दिग्विजय पर आरोप है कि उन्होंने ग़लत जानकारी के साथ ट्वीट किया है.

    उनके ख़िलाफ़ आईपीसी की धारा 58/22, u/s 153A(1), 295A, 465, 505(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

    बीजेपी के नेता सुमित पचौरी ने कहा है कि दिग्विजय सिंह ग़लत जानकारी फैला कर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ना चाहते थे.

    पचौरी के नेतृत्व में ही दिग्विजय के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई गई थी. इसके बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस मामले में कार्रवाई की बात की थी.

  7. एस जयशंकर का वो जवाब जो वायरल हो गया

    वीडियो कैप्शन, एस जयशंकर का वो जवाब जो वायरल हो गया

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर का एक वीडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

    जयशंकर सोमवार को अमेरिकी विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री के साथ वॉशिंगटन में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे.

    एक पत्रकार ने रूस से भारत के तेल ख़रीदने पर सवाल पूछा था.

    इसके जवाब में एस जयशंकर ने कहा, ''आप भारत के तेल ख़रीदने से चिंतित हैं लेकिन यूरोप जितना तेल एक दोपहर में ख़रीदता है, उतना भारत एक महीने में भी नहीं ख़रीदता है.''

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, न्यूयॉर्क के सबवे स्टेशन में गोलीबारी, 13 लोग घायल

    न्यूयॉर्क

    इमेज स्रोत, Reuters

    अमेरिका में न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन के एक सबवे स्टेशन में हुई गोलीबारी में कम से कम 13 लोग घायल हुए हैं.

    स्थानीय मीडिया के मुताबिक़, सनसेट पार्क में 36वें स्ट्रीट स्टेशन में स्थानीय समयानुसार मंगलवार सुबह 8.30 बजे गोलीबारी हुई.

    घटनास्थल की तस्वीरों में स्टेशन के फ़र्श पर यात्री ख़ून में लथपथ पड़े हैं. घटनास्थल पर विस्फोटक उपकरण भी पाए गए हैं.

    अधिकारियों ने लोगों को इस इलाक़े से दूर रहने को कहा है और सबवे ट्रेनों में देरी होगी. कम से कम चार ट्रेन लाइनों में भी देरी हुई है.

    संदिग्ध हमलावर की तलाश जारी है. न्यूयॉर्क के दमकल विभाग ने बीबीसी को बताया है कि उसे स्टेशन से धुआं उठने की कॉल मिली थी

    लेकिन जब अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्हें वहां घायल लोग मिले.

  9. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', 12 अप्रैल 2022, सुनिए फ़ैसल मोहम्मद अली से.

  10. दिल्ली : आनंद पर्वत इलाके में आग से 50 झुग्गियां राख

    दिल्ली में आग

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में मंगलवार को करीब 50 झुग्गियां जल कर राख़ हो गईं.

    आग आनंद पर्वत इलाके की कठपुतली कॉलोनी में लगी थी. पुलिस के मुताबिक इसमें किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक दिल्ली फायर सर्विस के डायरेक्टर अतुल गर्ग के मुताबिक, '' फायर सर्विस को दोपहर दो बज कर बारह मिनट पर आनंद पर्वत के ट्रांजिट कैंप कठपुतली कॉलोनी में आग लगने की सूचना मिली.''

    उन्होंने कहा कि आग लगने की खबर मिलते ही घटनास्थल की ओर 18 दमकल गाड़ियां रवाना कर दी गईं. इसके बाद आग पर काबू पा लिया गया. हालांकि आग से लगभग 50 झुग्गियां जल कर राख हो गईं. आग की वजहों का पता नहीं चल सका है.

  11. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर, 12 अप्रैल 2022, सुनिए फ़ैसल मोहम्मद अली से.

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  12. बिहार: नालंदा मे नीतीश कुमार के जन संवाद कार्यक्रम मे धमाका, संदिग्ध गिरफ़्तार

    नीतीश कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की एक जनसभा में मंगलवार दोपहर को एक धमाका हुआ. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

    एक पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि मुख्यमंत्री की सभा में हुई घटना के संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है.

    बीबीसी की सहयोगी पत्रकार सीटू तिवारी ने बताया, "ये बहुत मामूली धमाका था और शुरुआती तौर पर इसे पटाखा माना जा रहा है. पटाखा फोड़ने वाला एक इस्लामपुर का एक शुभम नाम का नौजवान बताया जा रहा है."

    घटना के बारे में विस्तृत जानकारी का अभी इंतज़ार किया जा रहा है.

    हाल ही में 27 मार्च को एक युवक ने बख्तियारपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला करने की कोशिश की थी.

  13. देवघर का त्रिकुट रोपवे हादसा: बचाव अभियान ख़त्म, पर हुआ क्या, किसकी चूक?

    त्रिकुट रोपवे हादसा

    इमेज स्रोत, ANI

    झारखंड के देवघर ज़िले में त्रिकुट पहाड़ पर हुए रोपवे हादसे के बाद फँसे पर्यटकों को 46 घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया है. हालाँकि बचाव अभियान के दौरान दो लोगों की मृत्यु हो गई.

    झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक ट्वीट कर बताया है कि इस घटना में कुल 48 लोग फंसे थे, जिनमें से 46 लोगों को बचा लिया गया और दो लोगों की मौत हो गई.

    हादसा कैसे हुआ

    त्रिकुट पहाड़ देवघर का एक आकर्षक पर्यटक और तीर्थस्थल है. वहाँ रोपवे से लोग एक ऊँची पहाड़ी पर जाते हैं.

    गत रविवार को रामनवमी के दिन शाम लगभग साढ़े चार बजे वहाँ हादसा हो गया.

    देवघर केपुलिस अधीक्षकसुभाष चंद्र जाटने बीबीसी को बताया कि त्रिकुट पर्वत रोपवे की तार हुक से उतर गई, जिससे रोपवे की ट्रॉलियां नीचे की ओर झुक गई. इनमें से नीचे की दो ट्रॉलियां पत्थर से टकरा गई और इसमें एक महिला की मौत हो गई.

  14. पीएम नरेंद्र मोदी को मिलेगा पहला लता दीनानाथ मंगेशकर अवॉर्ड

    लता मंगेशकर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फाइल फोटो

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पहला लता दीनानाथ मंगेशकर अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा. उन्हें यह सम्मान 24 अप्रैल को 80वें मास्टर दीनानाथ मंगेशकर अवॉर्ड समारोह के दौरान दिया जाएगा.

    लता दीनानाथ मंगेशकर अवॉर्ड दिग्गज गायिका लता मंगेशकर की याद में शुरू किया गया है. इस साल 92 साल की उम्र में मुंबई में उनका निधन हो गया था.

    मास्टर दीनानाथ मंगेशकर स्मृति प्रतिष्ठान चैरिटीबल ट्रस्ट ने कहा है कि यह अवॉर्ड अब से हर साल एक ऐसे शख्स को दिया जाएगा, जिसने भारत इसके लोगों और इस समाज के लिए शानदार और अनुकरणीय योगदान दिया है. पीएम मोदी को यह अवॉर्ड देश और समाज की नि:स्वार्थ सेवा के लिए दिया जाएगा.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक ट्रस्ट के बयान में कहा गया है, ''मोदी एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय नेता हैं, जिन्होंने भारत को वैश्विक नेतृत्व की राह पर स्थापित कर दिया है. उनके नेतृत्व में राष्ट्र ने हर क्षेत्र में प्रगति की है. उन्होंने इस देश को प्रेरित किया है.''

    पीएम मोदी लता मंगेशकर के अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद थे. उन्होंने मुंबई पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी.

    इस बीच, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में एक 'चौक' का नाम लता मंगेशकर चौक रखने का फैसला किया है.

    24 अप्रैल को मास्टर दीनानाथ मंगेशकर की 80वीं पुण्यतिथि है. दीनानाथ मंगेशकर लता मंगेशकर के पिता और संगीतकार थे.

  15. COVER STORY: शहबाज़ शरीफ़ को पाकिस्तान की कमान, क्या हैं चुनौतियां?

    वीडियो कैप्शन, COVER STORY: शहबाज़ शरीफ़ को पाकिस्तान की कमान, क्या हैं चुनौतियां?

    पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज़) के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ के भाई शहबाज़ शरीफ़ पाकिस्तान के 23वें प्रधानमंत्री बन गए हैं.

    हालांकि एक प्रधानमंत्री के तौर पर उनके आगे कई चुनौतियां हैं.

    सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या शहबाज़ के भाई और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ की वतन वापसी होगी?

  16. यूक्रेन पर हमले के बाद रूस में 600 से अधिक कंपनियों का कारोबार हुआ ठप

    नेटफ्लिक्स

    इमेज स्रोत, Reuters

    अमेरिकी शोधकर्ताओं के अनुसार यूक्रेन पर हमले के बाद रूस में 600 से अधिक कंपनियों ने या तो अपना कारोबार बंद कर दिया है या फिर अपनी गतिविधियां सीमित कर दी हैं.

    यूक्रेन संकट की शुरुआत से येल यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने 1000 से भी अधिक बड़ी कंपनियों का अध्ययन किया गया.

    इस स्टडी में पाया गया कि बहुत सी कंपनियां रूस से बाहर निकल गई हैं जबकि कुछ पश्चिमी कंपनियां अभी भी रूस में सामान्य तरीके से अपना कारोबार कर रही हैं.

    कंपनियों का रूस में कामकाज जितना प्रभावित हुआ है, रिसर्च में उसी हिसाब से उनकी ग्रेडिंग की गई थी. हीनेकेन से लेकर नेटफ्लिक्स तक वैसी कंपनियां जो पूरी तरह से रूस से बाहर निकल गई हैं, उन्हें ए लिस्ट में रखा गया है.

    जबकि अमीरात एयरलाइंस और जेडी डॉटकॉम जैसी कंपनियों को एफ़ लिस्ट में रखा गया है. ये वो कंपनियां हैं जो रूस में सामान्य तरीके से अपना काम कर रही हैं.

  17. आज का कार्टून: शाकाहारी, मांसाहारी विश्वविद्यालय

    कार्टून

    जेएनयू में नॉनवेज खाने को लेकर विवाद पर आज का कार्टून.

  18. फिलिपींस में मेगी तूफ़ान का कहर, अब तक 25 लोगों की मौत

    फिलीपींस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    फिलिपींस में तूफान मेगी ने भारी तबाही मचाई है. तूफान से आई बाढ़ और जमीन धंसने से अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है. कई इलाकों में राहत और बचावकर्मी अपने ऑपरेशन में लगे हुए हैं.

    पूर्वी और दक्षिणी तटीय इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की जा रही है. फिलपींस इस साल का ये पहला तूफान है. वहां हर साल औसतन 20 तूफान आते हैं.

    तूफान ने देश के पूर्वी तटीय इलाकों में काफी तबाही मचाई है. वहां से 13 हजार लोग ऊंचे इलाकों में भाग गए हैं.

    तूफान के दौरान हुई भारी बारिश और तेज हवाओं से बिजली की सप्लाई कट गई. घरों में पानी भर गया और कई गांवों में जमीन धंस गई.

    बीबीसी ने एएफपी के हवाले से बताया है कि तूफान से सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में लेत प्रांत शामिल है. वहां से जमीन धंसने की वजह से कई लोगों की मौत हो गई. अब तक 22 शव बरामद किए गए हैं.

    मेगी तूफान से चार महीने पहले आए राय ने भी देश के दक्षिणी-पश्चिमी तट में तबाही मचाई थी. दिसंबर में इस तूफान से 375 लोगों की मौत हुई थी और लगभग पांच लाख लोग इससे प्रभावित हुए थे.

  19. रूसी सैनिकों की वापसी के बाद क्या है चेर्नोबिल न्यूक्लियर पावर प्लांट का हाल

    वीडियो कैप्शन, रूसी सैनिकों की वापसी के बाद क्या है चेर्नोबिल न्यूक्लियर पावर प्लांट का हाल

    यूक्रेन पर हमले के दौरान रूसी सैनिकों ने चेर्नोबिल न्यूक्लियर पावर साइट पर भी कब्ज़ा कर लिया था. रूसी सेना के पीछे हटने के बाद अब ये वापस यूक्रेन के नियंत्रण में आ गया है.

    लेकिन डर है कि हमले के दौरान इसे भी नुकसान पहुंचा होगा. बीबीसी संवाददाता योगिता लिमये उन चुनिंदा पत्रकारों में से हैं, जिन्हें रूसी सैनिकों के पीछे हटने के बाद चेर्नोबिल न्यूक्लियर पावर साइट जाने की इजाज़त मिली.

  20. भाजपा के बुलडोज़र पर नफ़रत और दहशत सवार है: राहुल गांधी

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि सरकार को लोगों की महंगाई और बेरोज़गारी जैसी समस्याओं पर बुलडोज़र चलाना चाहिए लेकिन भाजपा के बुलडोज़र पर तो नफ़रत और दहशत सवार है.

    उन्होंने ट्वीट किया, "महंगाई और बेरोज़गारी ने देश की जनता का दम निकाल दिया है. सरकार को लोगों की इन समस्याओं पर बुलडोज़र चलाना चाहिए. मगर भाजपा के बुलडोज़र पर तो नफ़रत और दहशत सवार है."

    राहुल गांधी का ये बयान मध्य प्रदेश के खरगोन ज़िला प्रशासन की उस कार्रवाई के बाद आया है जिसमें कम से कम 50 'अवैध' इमारतों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया. जिन लोगों के घर ढहाए गए हैं, उन पर रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान पत्थरबाज़ी करने का आरोप है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    इतना ही नहीं राज्य सरकार ने ये भी कहा है कि हिंसा के दौरान निजी और सार्वजनिक संपत्तियों को जो नुक़सान पहुंचा है, वो हिंसा में शामिल लोगों से वसूला जाएगा.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, खरगोन के अधिकारियों ने बताया कि रामनवमी शोभायात्रा पर पत्थरबाज़ी के आरोप में अब तक 80 से अधिक लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है.

    देश के कई हिस्सों में रामनवमी के दौरान हिंसा की रिपोर्टें मिली हैं. झारखंड के लोहरदगा में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए. मध्य प्रदेश के खरगोन में हिंसा के बाद कर्फ़्यू लगा दिया गया.