You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोविड का नया वेरिएंट मिलने की रिपोर्ट सही नहीं: स्वास्थ्य मंत्रालय

मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि स्वास्थ्य विभाग ने कोविड के नए वेरिएंट XE मिलने की रिपोर्टों का खंडन किया है. मुंबई नगर निगम ने कोरोना इस वेरिएंट का एक मामला मिलने की जानकारी दी थी.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and दीपक मंडल

  1. फ़ोर्ब्स ने जारी की दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची, जानिए मुकेश अंबानी और अडानी कहाँ हैं इसमें?

    फ़ोर्ब्स ने वर्ष 2022 में दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची जारी की है. टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क पहले स्थान पर हैं, जबकि जेफ़ बेजोस दूसरे स्थान पर हैं. अगर भारतीयों की बात करें तो रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के मालिक मुकेश अंबानी सबसे धनी भारतीय हैं. उनके ठीक बाद हैं गौतम अडानी. फ़ोर्ब्स के अनुसार एलन मस्क की संपत्ति 219 अरब डॉलर है, जबकि बेजोस की संपत्ति 171 अरब डॉलर है.

    अगर भारतीयों की बात करें तो दुनिया भर के अमीरों में मुकेश अंबानी 10वें नंबर पर और गौतम अडानी 11वें नंबर पर हैं. फ़ोर्ब्स के अनुसार मुकेश अंबानी 90.7 अरब डॉलर है. 90 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ अडानी 11वें नंबर पर हैं. दुनियाभर के अमीरों में बिल गेट्स चौथे और वॉरेन बफ़ेट पाँचवें नंबर पर हैं. जबकि फ़ेसबुक के मालिक मार्क ज़करबर्ग 15वें नंबर पर हैं.

  2. संजय राउत से जुड़ी संपत्ति पर ईडी की कार्रवाई को लेकर फडणवीस ने क्या कहा?

    प्रवर्तन निदेशालय के शिवसेना सांसद संजय राउत से जुड़ी संपत्ति को ज़ब्त करने के मामले में बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा- जब महाराष्ट्र सरकार हमारे नेताओं के घर अधिकारियों को भेजती है तो हम कुछ नहीं कहते, लेकिन आज उनके घर ईडी गई है तो वो इसे बदले की भावना बता रहे हैं.

    फडणवीस ने कहा, ‘’जब वे हमारे नेताओं के आवास पर कोई ग़लत काम न करने के बावजूद अधिकारियों को भेजते हैं,तो हम कहते हैं कि अदालत जाएंगे क्योंकि हमें अदालत पर भरोसा है. लेकिन जब ईडी सबूतों के आधार पर कार्रवाई करती है, तो वे इसे बदले की भावना और ना जाने क्या-क्या बताने लगते हैं."

    मंगलवार को ईडी ने पत्रा चॉल पुनर्विकास परियोजना मामले में शिवसेना सांसद संजय राउत से जुड़ी संपत्ति ज़ब्त की. ईडी के मुताबिक़ उन्होंने इस मामले में पालघर में प्रवीन राउत की ज़मीन, दादर में वर्षा राउत का फ़्लैट और अलीबाग में वर्षा राउत और स्वप्ना पाटकर के प्लॉट को ज़ब्त किया है. वर्षा राउत संजय राउत की पत्नी हैं.

    संजय राउत ने ईडी के इस क़दम पर कड़ी प्रतिक्रया दी है. उन्होंने कहा है कि वे डरने वाले नहीं हैं. पत्रकारों से बातचीत में संजय राउत ने कहा- “मेरी संपत्ति ज़ब्त कर लो, मुझे गोली मार दो या मुझे जेल भेज दो. संजय राउत बाला साहब ठाकरे का चेला और एक शिवसैनिक है. वो लड़ता रहेगा और आपकी पोल खोलता रहेगा.”

    उन्होंने कहा- “क्या मैं विजय माल्या, मेहुल चोकसी, नीरव मोदी या अंबानी-अदानी हूँ? दो साल से चुप बैठाने की कोशिश है, चुप बैठा क्या? जिसको फुदकना है, नाचना है नाचने दो. आगे पता चलेगा कि सच क्या है और झूठ क्या है.”

    महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे ने ईडी की कार्रवाई पर कहा कि जो भी हो रहा है वो राजनीतिक बदले की कार्रवाई है और ये लोकतांत्रिक नहीं है.

  3. अनिल देशमुख को सीबीआई ने अपनी हिरासत में लिया

    सीबीआई ने महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को अपनी हिरासत में ले लिया है. फ़िलहाल अनिल देशमुख मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद हैं. सीबीआई ने उनके ख़िलाफ़ ज़बरन वसूली का मामला दर्ज किया है.

    प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने उन्हें पिछले साल नवंबर में मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ़्तार किया था. मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटक सामग्री बरामद होने और इस मामले में पुलिस अधिकारी सचिन वाझे की भूमिका और उनके आरोपों के बाद महाराष्ट्र के गृह मंत्री रहे अनिल देशमुख को अपने पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा था.

  4. इमरान ख़ान की अपील- पाकिस्तान की जनता सामने आकर करे लोकतंत्र की रक्षा

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने जनता से अपील की है कि वो देश की संप्रभुता और लोकतंत्र पर सबसे बड़े हमले के ख़िलाफ़ सामने आए और बचाव करे. इमरान ख़ान ने ट्वीट कर लिखा है कि जनता ही हमेशा से देश की संप्रभुता और लोकतंत्र की सबसे मज़बूत रक्षक होती है. उन्होंने एक बार फिर आरोप लगाया कि विदेशी शक्तियाँ यहाँ के कुछ स्थानीय सहयोगियों के माध्यम से पाकिस्तान के लोकतंत्र और उसकी संप्रभुता पर हमला कर रहे हैं.

    इमरान ख़ान ने कहा कि अब देश की जनता को इसके ख़िलाफ़ आगे आकर इसकी रक्षा करनी होगी. उन्होंने ऐसे स्थानीय सहयोगियों को मीर जाफ़र और मीर सादिक़ कहा, जो विदेशी शक्तियों की मदद कर रहे हैं. पाकिस्तान में पिछले दिनों विपक्ष ने इमरान ख़ान की सरकार के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव रखा था. लेकिन रविवार को इस पर वोटिंग से पहले ही डिप्टी स्पीकर ने अविश्वास प्रस्ताव को ख़ारिज कर दिया. इसके बाद इमरान ख़ान की सलाह पर राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी ने नेशनल असेंबली भंग कर दी. अब ये मामला पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट के विचाराधीन है. इमरान ख़ान कई दिनों से ये आरोप लगा रहे हैं कि कुछ विदेशी शक्तियाँ उनकी सरकार गिराने की साज़िश कर रही हैं और यहाँ का विपक्ष उनकी मदद कर रहा है. हालाँकि अमेरिका ने कहा था कि इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है. विपक्ष भी इन आरोपों को ख़ारिज कर चुका है.

  5. नरेंद्र मोदी ने बीजेपी के स्थापना दिवस पर विपक्षी पार्टियों पर ऐसे साधा निशाना

    बीजेपी के 42वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश के युवा अब ये समझने लगे हैं कि किस तरह परिवारवाद लोकतंत्र का सबसे बड़ी दुश्मन हैं. लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने वाली ये पार्टियाँ, संविधान और संवैधानिक व्यवस्थाओं को भी कुछ नहीं समझतीं.

    पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “आज पूरी दुनिया देख रही है कि इतने मुश्किल समय में भारत 80 करोड़ ग़रीबों, वंचितों को मुफ़्त राशन दे रहा है. 100 साल के इस सबसे बड़े संकट में ग़रीब को भूखा न सोना पड़े, इसके लिए केंद्र सरकार क़रीब 3.5 लाख करोड़ रुपए ख़र्च कर रही है.”

    “ लेकिन बीजेपी ने इस वोट बैंक की राजनीति को ना सिर्फ टक्कर दी है, बल्कि इसके नुकसान, देशवासियों को समझाने में भी सफल रही है.“

    “ हमारे देश में दशकों तक कुछ राजनीतिक दलों ने सिर्फ वोटबैंक की राजनीति की. कुछ लोगों को ही वायदे करो, ज्यादातर लोगों को तरसाकर रखो, भेदभाव-भ्रष्टाचार ये सब वोटबैंक की राजनीति का साइड इफेक्ट था.”

    “ आज़ादी के इस अमृत काल में हमने जनकल्याण की हर योजना को शत प्रतिशत लाभार्थियों तक पहुँचाने का जो संकल्प लिया है, वो बहुत बड़ा है.सैचुरेशन तक पहुँचने के इस अभियान का मतलब है-भेदभाव की सारी गुंजाइश को ख़त्म करना, तुष्टिकरण की आशंकाओं को समाप्त करना,”

    “ ये केवल एक चुनावी घटना भर नहीं है. ये एक ऐसा सामाजिक और राष्ट्रीय जागरण है जिसका इतिहास में विश्लेषण किया जाएगा.”

    नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज देश में ऐसी सरकार है जिसकी वैचारिक निष्ठा अंत्योदय में है. ग़रीबों, दलितों, पिछड़ों, महिलाओं के हितों के लिए, उनके उत्थान के लिए काम करना, ये हमारी पार्टी के मूल संस्कार हैं.“

    “ हमारे लिए राजनीति और राष्ट्रनीति साथ साथ चलते हैं.लेकिन ये भी सच्चाई है कि अभी भी देश में दो तरह की राजनीति चल रही है.एक राजनीति है परिवारभक्ति की, और दूसरी है राष्ट्रभक्ति की.“

    नरेंद्र मोदी ने कहा, “ये लोग भले ही अलग-अलग राज्यों में हो, लेकिन परिवारवाद के तार से जुड़े रहते हैं. एक दूसरे के भ्रष्टाचार को ढँककर रखते हैं. केंद्रीय स्तर पर और अलग-अलग राज्यों में कुछ राजनीतिक दल हैं जो सिर्फ अपने परिवार के हितों के लिए काम करते हैं.“

    उन्होंने कहा, “हमारे कई कार्यकर्ताओं को अपना बलिदान तक देना पड़ा है. हम सब हमारे इन कार्यकर्ताओं के परिवारों की पीड़ा में शामिल हैं. मैं सभी कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाता हूँ कि बीजेपी ऐसे राज्यों में लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना के लिए संघर्ष करती रहेगी.“

  6. टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा- संविधान मुझे मीट खाने की अनुमति देता है

    तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने दक्षिण दिल्ली में नवरात्रि के दौरान मीट की दुकानों पर लगी पाबंदी पर आपत्ति जताई है. उन्होंने ट्वीट कर लिखा है- मैं दक्षिण दिल्ली में रहती हूँ. संविधान मुझे इसकी अनुमति देता है कि जब मुझे पसंद हो, मैं मीट खा सकती हूँ. दुकानदारों को भी अपना व्यापार चलाने की आज़ादी है.

    दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के मेयर मुकेश सूर्यान ने नवरात्रि के दौरान मीट की दुकानों को बंद करने का आदेश दिया है और कहा है कि इसका सख़्ती से पालन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान मीट की दुकानें खुली रहने से हिंदुओं की भावनाएँ आहत होती हैं. पूर्वी दिल्ली के मेयर ने भी ऐसी ही अपील की है.

    उन्होंने कहा है कि वे मांस विक्रेताओं से अपील करते हैं कि लोगों की भावनाओं का ख़्याल रखते हुए वे अपनी दुकान बंद रखें. जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने ट्वीट कर लिखा है- रमज़ान के दौरान हम सूर्योदय और सूर्यास्त के बीच कुछ नहीं खाते. मुझे लगता है कि ये भी सही ही होगा अगर हम हर ग़ैर मुसलमानों और पर्यटकों के लिए सार्वजनिक रूप से खाने को प्रतिबंधित कर दें, ख़ासकर मुस्लिम बहुल इलाक़ों में. अगर दक्षिण दिल्ली के लिए बहुसंख्यकवाद ठीक है, तो ये जम्मू-कश्मीर के लिए भी ठीक होना चाहिए.

    कांग्रेस नेता सलमान निज़ामी ने ट्वीट किया है- उन्हें दक्षिण दिल्ली में मीट की दुकानों से समस्या है, लेकिन वे पूर्वोत्तर और गोवा में अच्छी बीफ़ का वादा करते हैं. पाखंड का नाम बीजेपी है.

    वरिष्ठ पत्रकार शेखर गुप्ता ने लिखा है- उपवास रखने वाला एक हिंदू होने के नाते मैं नवरात्रि के दौरान मीट की दुकानें बंद करने के दक्षिण दिल्ली के मेयर के फ़ैसले का विरोध करता हूँ.

  7. कश्मीर के त्राल में सुरक्षाबलों की कार्रवाई में दो चरमपंथियों की मौत

    जम्मू-कश्मीर के त्राल में सुरक्षाबलों के साथ बुधवार सुबह से जारी एनकाउंटर में दो चरमपंथी मारे गए हैं.

    जम्मू-कश्मीर पुलिस के आईजीपी विजय कुमार ने कहा, “अंसार गज़वतुल हिंद के आतंकवादी सफ़त मुज़फ़्फ़र सोफ़ी उर्फ ​​मुआविया और लश्कर के आतंकवादी उमर तेली उर्फ़ ​​तल्हा को त्राल में मारा गया. दोनों आतंकवादी श्रीनगर में हाल ही में हुई कई आतंकवादी घटनाओं में शामिल थे. ये सरपंच (समीर अहमद) की हत्या में भी शामिल थे.”

    इससे पहले मंलवार को जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा कि नागरिकों और सुरक्षा बलों पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ़ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

    उन्होंने इशारों में पाकिस्तान को इसका ज़िम्मेदार ठहराते हुए कहा था कि हमले एक पड़ोसी देश से प्रायोजित किए जा रहे हैं, कुछ लोग घाटी में अमन-चैन है इस बात को पचा नहीं पा रहे हैं.

  8. आकार पटेल को बेंगलूरु एयरपोर्ट पर अमेरिका जाने से रोका गया

    मानवाधिकार संस्था एमनेस्टी इंटरनेशनल इंडिया के अध्यक्ष रहे आकार पटेल ने कहा है कि उन्हें बेंगलूरु एयरपोर्ट पर अमेरिका के लिए उड़ान भरने रोक दिया गया.

    पटेल ने ट्वीट किया कि इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें सूचित किया कि सीबीआई ने उनका नाम एग्ज़िट कंट्रोल की लिस्ट में डाला है. इस लिस्ट में शामिल होने वाला शख़्स देश नहीं छोड़ सकता.

    बुधवार को आकार पटेल ने ट्वीट किया,“बेंगलुरु एयरपोर्ट पर मुझे विदेश जाने से रोका गया. मेरा नाम एग्ज़िट कंट्रोल सूची में है. मुझे अमेरिका की इस यात्रा के लिए अदालत के आदेश के बाद पासपोर्ट वापस मिला था.”

    “ इमिग्रेशन अधिकारियों का कहना है कि मुझे सीबीआई ने इस लिस्ट में डाला है, आखिर क्यों प्रधानमंत्री जी? ”

    हालांकि आकार पटेल ने एक कोर्ट का ऑर्डर ट्वीट करते हुए कहा कि गुजरात की एक अदालत ने उन्हें अमेरिका की यात्रा करने की अनुमति दी थी जज ने उनका पासपोर्ट वापस करने का आदेश दिया था और उन्हें 1 मार्च से 30 मई के बीच अमेरिका की यात्रा करने की इजाज़त दी गई थी.

    एमेनेस्टी इंटरनेशनल पर मनी-लॉड्रिंग से जुड़े एक आपराधिक मामले की जांच सीबीआई कर रही है.

  9. श्रीलंका में हटाया गया आपातकाल, अल्पमत में आई राजपक्षे सरकार

    श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने मंगलवार देर रात देशव्यापी आपातकाल को तत्काल प्रभाव से हटाने का फ़ैसला किया.

    देश में गहराते आर्थिक संकट के कारण आम लोगों के हिंसक प्रदर्शनों को देखते हुए एक अप्रैल को देश में आपातकाल लागू किया गया था.

    मंगलवार देर रात जारी अधिसूचना में राष्ट्रपति ने कहा कि आपातकाल नियम अध्यादेश को वापस ले लिया गया है.

    साथ ही गोटाबाया राजपक्षे की सरकार अल्पमत में आई चुकी है. उनके सभी 26 मंत्रियों के इस्तीफ़े के बाद अब सरकार से विपक्ष के साथ-साथ उनके पूर्व सहयोगी दलों ने भी उनसे इस्तीफे की मांग की है.

    श्रीलंका इस समय अब तक के सबसे बड़े आर्थिक संकट से जूझ रहा है. देश में ईंधन से लेकर खाने-पीने के सामानों की भारी किल्लत है. देश रिकॉर्ड मुद्रास्फीति और बिजली की कटौती का सामना कर रहा है.

  10. बूचा में रूसी सेना ने 320 लोगों की गोली मार कर हत्या की- मेयर

    यूक्रेन के बूचा शहर के मेयर ने बीबीसी को बताया है कि रूस ने अपने कब्ज़े के दौरान बूचा में लगभग 320 लोगों की गोली मार कर हत्या की है.

    बीबीसी के कार्यक्रम वर्ल्ड टूनाइट में बूचा के मेयर एनाटोली फ़ेदोरुक ने बताया कि उन्होंने खुद रूसी सेना को कई लोगों की हत्या करते हुए अपनी आंखों से देखा है.

    फ़ेदोरुक ने कहा, “आम लोगों की तीन कारें कीएव की ओर जाने की कोशिश कर रही थीं और उन्हें गोली मार दी गई. उनमें से एक कार में एक गर्भवती महिला थी जिसका पति चिल्ला रहा था कि उसे गोली मत मारो! लेकिन उन्होंने उसे बेदर्दी से गोली मार दी.”

    फ़ोदोरुक ने यह भी आरोप लगाया कि रूसी सेना कब्जे के दौरान स्थानीय राजनेताओं को खोज रही थी.

    रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ़ ने रूस के सैनिकों की ओर से किए गए युद्ध अपराधों के आरोप का खंडन किया.

    फ़ेदोरुक ने लावरोफ़ के इस बयान पर कहा कि "मैं चाहता हूं कि वो बूचा शहर आएं, मारे गए लोगों के शवों को देखें, उनके परिवार, मांओं, पतियों,पत्नियों की आंखों में देखें, उन बच्चों की आंखों में देखें जो अनाथ हो गए".

  11. अमेरिका ने यूक्रेन को दी 10 करोड़ डॉलर की मदद, चेक रिपब्लिक भेजेगा टैंक और सैन्य वाहन

    अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने यूक्रेन में रूस की ओर से की गई बर्बरता को लेकर आई रिपोर्ट्स के बाद यूक्रेन को 10 करोड़ डॉलर की मदद देने का एलान किया है.

    एक बयान में ब्लिंकन ने कहा, “यूक्रेन की अतिरिक्त एंटी-आर्मर सिस्टम की तत्काल आवश्यकता को देखते हुए अमेरिका ने 100 मिलियन डॉलर (10 करोड़ डॉलर) तक की सुरक्षा सहायता दे रहा है.”

    इसके अलावा चेक रिपब्लिक ने यूक्रेन को युद्ध हथियारों की मदद भेजी है. चेक रिपब्लिक रूस के साथ जंग लड़ रहे यूक्रेन को हथियारों की मदद भेजने वाला पहला यूरोपीय देश बन गया है.

    वरिष्ठ चेक अधिकारियों ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि देश ने सोवियत निर्मित टी -72 टैंक और बीवीपी -1 वाले वाहनों को यूक्रेन भेजा है.

    अधिकारियों ने स्थानीय मीडिया की उन रिपोर्टों की पुष्टि की है जिसमें पांच टैंक और पांच लड़ाकू वाहनों से भरी एक ट्रेन को यूक्रेन की ओर जाते हुए दिखाया गया था.

  12. भारत ने की यूक्रेन के बूचा में हुई हत्याओं की निंदा, क्या कहा?

    भारत ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में यूक्रेन के बूचा में आम नागरिकों की हत्या की निंदा करते हुए संयुक्त राष्ट्र से स्वतंत्र जांच की मांग की.

    सुरक्षा परिषद की बैठक में अपनी बात रखते हुए संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने बूचा से आने वाली हत्याओं की रिपोर्टों को "भीतर तक परेशान करने वाला" बताया और कहा कि भारत "स्पष्ट रूप से" हत्याओं की निंदा करता है.

    कई अन्य देशों ने भी कीएव के बाहरी हिस्से में पड़ने वाले शहर बूचा में हुई हत्याओं पर संयुक्त राष्ट्र से स्वतंत्र जांच की मांग की.

    तिरुमूर्ति ने कहा, “बूचा में नागरिकों के हत्याओं की हालिया रिपोर्ट्स बेहद परेशान करने वाली हैं. हम स्पष्ट रूप से इन हत्याओं की निंदा करते हैं और एक स्वतंत्र जांच का समर्थन करते हैं."

    रूस के बूचा से अपनी सेना वापस बुलाने के बाद से वहां की सड़कों पर कई आम नारगिकों की लाशें मिली हैं. इनमें से कई लाशों के हाथ पीछे की ओर बांधे हुए मिले और उन्हें बेहद नज़दीक से गोली मारी गई है.

    कई अधजली लाशें और आम नागरिकों के वाहन बूचा की सड़कों पर पड़े हुए हैं.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने बीते दिनों कहा था कि बूचा में अब तक कम से कम 300 लोग मारे गए हैं. जैसे-जैसे हमारी जांच आगे बढ़ेगी वैसे ही इन आकड़ों के बढ़ने की भी संभावना है.

    ज़ेलेंस्की ने रूस पर नरसंहार करने का आरोप लगाया है.

    वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर युद्ध अपराध का मुक़दमा चलाने की बात कही है.

  13. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 04 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आपयहांक्लिककर सकते हैं.