You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रूसी सैनिकों ने आम लोगों का कत्ल किया और औरतों का बलात्कार किया: ज़ेलेंस्की

सुरक्षा परिषद को संबोधित करते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेस्की ने कहा कि वो रूस के सताए लोगों की तरफ़ से अपनी बात रख रहे हैं. यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद ज़ेलेस्की पहली बार सुरक्षा परिषद को संबोधित कर रहे थे.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and दीपक मंडल

  1. राजस्थान: डॉक्टर की आत्महत्या मामले में मांगों पर सरकार से बनी सहमति

    29 मार्च को दौसा ज़िले के लालसोट में डॉक्टर अर्चना शर्मा के आत्महत्या करने के बाद से राज्य भर में डॉक्टर्स का विरोध जारी रहा और काम का बहिष्कार भी किया गया.

    आखिरकार छह दिन से जारी निजी डॉक्टर्स की हड़ताल खत्म हो गई है. डॉक्टर्स की मांगों पर सरकार से सहमति बन गई है, जिसके बाद निजी अस्पतालों के डॉक्टर्स ने हड़ताल ख़त्म करने का भी ऐलान किया है.

    अब पांच अप्रैल से राज्य के सभी अस्पतालों में इमरजेंसी, ओपीडी और आइपीडी शुरू हो जाएंगी. सोमवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बातचीत के बाद प्राइवेट हॉस्पिटल एंड नर्सिंग होम सोसाइटी के पदाधिकारियों ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की है.

    डॉ. अर्चना शर्मा आत्महत्या मामले में बाक़ी बचे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग थी. साथ ही यह भी सुनिश्चित करने की मांग की गई थी कि भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं दोहराई जाएं.

    इससे पहले डॉक्टर्स की अन्य एसोसिएशन भी हड़ताल खत्म करने का ऐलान कर चुके थे.

    मृतक डॉक्टर अर्चना शर्मा का लालसोट में डॉक्टर अर्चना शर्मा के निजी अस्पताल में एक गर्भवती ने बच्चे को जन्म देने के बाद मौत हो गई थी.

    जिसके बाद अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन कर डॉक्टर पर हत्या का मामला दर्ज कराया गया था, जिससे आहत हो कर डॉक्टर अर्चना शर्मा ने आत्महत्या कर ली थी.

    इस मामले में पुलिस ने अब तक भाजपा नेता समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है. लेकिन, मुख्य आरोपी बाल्य जोशी अभी भी फरार है, जिस पर पांच हज़ार रुपए का इनाम घोषित किया है. लालसोट थानाधिकारी, डिप्टी एसपी को निलंबित कर दिया गया है और एसपी का तबादला किया गया है.

  2. इमरान ख़ान के खिलाफ़ साज़िश के दावे पर अमेरिका ने दिया जवाब

    बीते दिनों इमरान ख़ान ने अपनी सरकार के खिलाफ़ अमेरिका पर साज़िश करने का आरोप लगाया था, इमरान खान के इस आरोप का जवाब अब अमेरिका ने दिया है.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा है कि 'अमेरिका पाकिस्तान के संवैधानिक और लोकतांत्रिक सिद्धांतों का समर्थन करता है.'

    नेड प्राइस ने सोमवार को प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा, ‘’जैसा कि हमने पिछले सप्ताह कहा था, हम पाकिस्तान में संवैधानिक और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक सिद्धांतों का समर्थन करते हैं."

    ‘’हम एक राजनीतिक दल के विरोध में दूसरे राजनीतिक दल का समर्थन नहीं करते. हम क़ानून के तहत समान न्याय के व्यापक सिद्धांतों, कानून के शासन के सिद्धांतों का समर्थन करते हैं.‘’

    प्राइस ने इस बात पर ज़ोर देते हुए कहा कि पाकिस्तान के आंतरिक मामलों में अमेरिका की ओर से हस्तक्षेप किए जाने और इमरान ख़ान सरकार को अस्थिर करने की कोशिशों के आरोप निराधार और झूठे हैं.

    प्राइस ने कहा, " इस आरोप में कोई सच्चाई नहीं है."

    दरअसल, इमरान ख़ान ने कहा था कि विपक्ष के साथ मिलकर अमेरिका ने उनके ख़िलाफ़ साज़िश रची है.

    तीन अप्रैल को संसद भंग करने के ठीक एक दिन पहले इमरान खान ने हाथ में पकड़े एक काग़ज़ को लहराते हुए कहा था, "ये जो मैं आपको कह रहा हूं कि ये ऑफिशियल डॉक्यूमेंट है जिसमें कहा गया है कि विपक्ष अगर इमरान ख़ान को हटाएगा तो अमेरिका से ताल्लुक़ात अच्छे होंगे. जैसे ही आप (विपक्ष) इमरान खान को हटाएंगे हम (अमेरिका) आपको माफ़ कर देंगे."

    इस दौरान उन्होंने शहबाज शरीफ़ पर निशाना साधते हुए कहा था कि उनकी (शहबाज शरीफ़) मिलीभगत इस साज़िश में है और शहबाज़ अमेरिका की 'ग़ुलामी' के लिए तैयार हैं.

  3. ज़ेलेंस्की का दावा, बूचा शहर में रूस ने 300 से अधिक आम नागरिकों की हत्या की

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने रूस पर बूचा शहर में 300 आम नागरिकों की हत्या और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.

    रूसियों के कब्ज़े में रहे बूचा शहर में कथित रूसी युद्ध अपराधों के सबूत मिले हैं.

    हालांकि बीबीसी स्वतंत्र रूप से इन दावों की जांच नहीं कर पाया है.

    ज़ेलेंस्की ने कहा, "कुछ भी रूस ने किया है हम उसकी जांच कर रहे हैं."

    "वर्तमान में, केवल बूचा में तीन सौ से अधिक लोगों के मारे जाने और प्रताड़ित किए जाने की जानकारी सामने आई है. संभावित है कि जब पूरे शहर की जाँच पूरी हो जाएगी तो ये संख्या काफ़ी बड़ी हो सकती है और ये हालत केवल एक शहर के हैं."

    उन्होंने कहा, ‘’पहले से ही जानकारी है कि बोरोडियांका और कुछ अन्य शहर जो रूसी सेना का कब्ज़े में थे वहां भी पीड़ितों की संख्या और अधिक हो सकती है.‘’

    "कीएव, चेरयनीव और सूमी क्षेत्रों के ज़िले के कई गांवों जहां रूसियों का कब्ज़ा था वहां उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ ऐसा बर्ताव किया है जो आज से 80 साल पहले नाज़ियों के कब्ज़े के दौरान भी नहीं देखा था."

    वहीं दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर बूचा में नागरिकों की हत्या के मामले में आपराधिक मुकदमा चलाने को कहा है.

    बाइडन ने कहा कि ‘’ये शख़्स क्रूर है.’’ साथ ही उन्होंने कहा कि अमेरिका रूस पर और भी प्रतिबंध लगाएगा.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 04 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आपयहांक्लिककर सकते हैं.