त्रिपुरा में मवेशी चोरी के संदेह में 26 साल के युवक की हत्या', दो गिरफ्तार, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए
त्रिपुरा के सिपाहीजाला ज़िले के बारामुरा गांव में मवेशी चोरी के संदेह में लिटन मियां नामक एक 26 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई.
मंगलवार की सुबह जात्रापुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आज धानपुर के पास वाली सड़क को अवरुद्ध कर अपना विरोध जताया.
इस बीच पीड़ित के पिता जमाल मियां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इन गिरफ्तार लोगों की पहचान सेंतु देबनाथ और अमर चंद्र दास के रूप में की गई है.
इस घटना के बारे में पुलिस ने मीडिया को बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को बरामद कर कठलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया और पीड़ित के परिजनों को अस्पताल आने की सूचना दी. बाद में पीड़ित की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अगरतला के जीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई.
सोनामुरा उपमंडल के धानपुर क्षेत्र के सीमावर्ती गांव तारापुकुर इलाक़े के रहने वाले लिटन मियां को बारामुरा में सुबह-सुबह मवेशी चुराने के संदेह में कुछ स्थानीय लोगों द्वारा बुरी तरह पीटने के आरोप सामने आए है. पुलिस फिलहाल इस घटना की जांच कर रही है.