ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तर कोरिया ने प्रतिबंधित इंटरकॉन्टिनेंटल मिसाइल का किया परीक्षण
दक्षिण कोरिया ने बताया है कि साल 2017 के बाद पहली बार उत्तर कोरिया ने प्रतिबंधित इंटरकॉन्टिनेंटल मिसाइल (ICBM) का परीक्षण किया है.
ये मिसाइल जापान के दक्षिण में उसके जलक्षेत्र में गिरी है. इसने एक घंटे लंबी उड़ान भरी.
जापानी अधिकारियों का अनुमान है कि इसकी कुल मारक क्षमता 1,100 किलोमीटर तक है. इसका मतलब है कि यह सैद्धांतिक रूप से अमेरिका तक पहुंच सकती है.
उत्तर कोरिया ने हालिया हफ़्तों में कई परीक्षण किए हैं. अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने कहा था कि इनमें ICBM सिस्टम का भी परीक्षण हुआ था.
2017 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत के दौरान उत्तर कोरिया ने लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों का टेस्ट और परमाणु परीक्षण करना बंद कर दिया था.
लेकिन 2020 में उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जॉन्ग उन ने घोषणा की थी कि वो अब वादे से बंधे हुए नहीं हैं.
संयुक्त राष्ट्र ने उत्तर कोरिया पर बैलिस्टिक मिसाइल और परमाणु हथियारों के परीक्षण करने पर रोक लगा रखी है और पिछले टेस्ट के बाद उस पर कड़े प्रतिबंध भी लगाए गए हैं.