यूक्रेन और रूस के बीच वार्ता कामयाबी के क़रीबः तुर्की

यूक्रेन और रूस के बीच मध्यस्थता की कोशश कर रहे तुर्की का कहना है कि दोनों देश संघर्ष विराम के क़रीब पहुंच सकते हैं.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and दीपक मंडल

  1. राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से मिलकर रो पड़ी घायल यूक्रेनी महिला

    वीडियो कैप्शन, राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से मिलकर रो पड़ी घायल यूक्रेनी महिला

    यूक्रेन की राजधानी कीएव में रूस के हमले जारी हैं. राजधानी कीएव में रूस ने रिहायशी इमारतों पर हवाई हमले किए हैं.

    इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कीएव के वोरज़ेल कस्बे में एक अस्पताल का दौरा किया.

    ज़ेलेंस्की ने अस्पताल में भर्ती घायल नागरिकों से मुलाक़ात की. उन्होंने कीएव के निवासियों और इरपिन में मारे गए जर्नलिस्ट ब्रेंट रेनो के ड्राइवर से भी बात की.

  2. जुहू के बंगले में "अवैध निर्माण" गिराने के लिए केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को फिर मिला बीएमसी का नोटिस

    नारायण राणे

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नारायण राणे (फ़ाइल तस्वीर)

    बृहन्मुंबई नगरपालिका (बीएमसी) ने केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के परिवार को जुहू वाले बंगले में हुए "अवैध निर्माण" को हटाने के लिए एक बार फिर से नोटिस जारी किया है. नए नोटिस में 15 दिनों के अंदर अवैध निर्माण को हटाने के लिए कहा गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, 16 मार्च को बीजेपी नेता राणे की पत्नी और बेटे को बीएमसी ने नोटिस जारी किया है. बीएमसी के नोटिस में लिखा है कि अगर इस अवैध निर्माण को हटाया नहीं गया तो नगरपालिका इसे गिरा देगी.

    21 फ़रवरी को बीएमसी की टीम राणे के जुहू स्थित बंगले "अधीश" पहुंची थी. बीएमसी के मुताबिक, इस बंगले को बनाने में सीआरज़ेड (कोस्टल रेग्युलेशन ज़ोन) नियमों का उल्लंघन किया गया है.

    बीएमसी के पुराने नोटिस पर 11 मार्च को दिए जवाब में राणे के परिवार ने आरोप को खारिज करते हुए शिवसेना पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाया था.

  3. शिक्षा के भगवाकरण के आरोप पर बोले उपराष्ट्रपति नायडू- इसमें गलत क्या है?

    वेंकैया नायडू

    इमेज स्रोत, ANI

    उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने शनिवार को कहा कि सरकार पर शिक्षा के भगवाकरण का आरोप लगता है लेकिन "शिक्षा के भगवाकरण में गलत क्या है?"

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक वेंकैया नायडू ने कहा, "हम पर शिक्षा के भगवाकरण का आरोप लगता है, लेकिन भगवा में गलत क्या है? सर्वे भवन्तु सुखिनः (सभी सुखी रहें) और वसुधैव कुटुम्बकम (दुनिया एक परिवार है), जो हमारे प्राचीन ग्रंथों में निहित दर्शन हैं, आज भी भारत की विदेश नीति के मार्गदर्शक सिद्धांत हैं."

    हरिद्वार में साउथ एशिया इंस्टीट्यूट ऑफ़ पीस ऐंड रिकंसिलिएशन (एसएआईपीआर) के उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में उपराष्ट्रपति नायडू भारतीयों को अपनी औपनिवेशिक मानसिकता छोड़ देनी चाहिए.

    उन्होंने कहा, "औपनिवेशिक शासन ने महिलाओं सहित समाज के एक बड़े हिस्से को शिक्षा से वंचित रखा और सिर्फ छोटे से अमीर परिवारों तक ही शिक्षा सीमित रही. ये ज़रूर है कि सबको एक समान अच्छी शिक्षा मिले. केवल इसी तरह से हमारी शिक्षा का फ़ायदा सभी को मिलेगा और उसे लोकतांत्रिक बनाया जा सकेगा."

    अपनी जड़ों से फिर से जुड़ने पर ज़ोर देते हुए उप राष्ट्रपति ने कहा कि परिवार के बड़े लोगों को बच्चों और युवाओं के साथ अधिक समय बिताना चाहिए ताकि घर के बच्चे हमारे समृद्ध संस्कृति को समझ सकें, उसे आत्मसात कर सकें.

    मातृभाषा का हमारी ज़िंदगियों में महत्व पर ज़ोर देते हुए उपराष्ट्रपति ने युवाओं से उनकी मातृभाषा में बोलने उसे बढ़ावा देने का आह्वान भी किया.

    उन्होंने कहा, "मैं उस दिन खुश हो जाऊंगा जब एक भारतीय अपने देशवासी से मातृभाषा में बात करे, प्रशासनिक काम मातृभाषा में हों और सारे सरकारी आदेश लोगों की भाषा में जारी हों."

  4. शशि कपूर को खूबसूरत होने का नुकसान हुआ था- विवेचना

    वीडियो कैप्शन, शशि कपूर को खूबसूरत होने का नुकसान हुआ था Vivechana

    शशि कपूर के बारे में कहा जाता था कि वो अपने ज़माने में भारतीय फ़िल्म जगत के सबसे हैंडसम फ़िल्म अभिनेता थे. शशि कपूर ने 1953 से 1960 तक अपने पिता पृथ्वीराज कपूर के साथ पृथ्वी थियेटर में काम किया.

    इसी दौरान उनकी मुलाक़ात जेनिफ़र केंडल से हुई. वो उनसे चार साल बड़ी थीं. जेनिफ़र के पिता ज्योफ़्री को ये रिश्ता पसंद नहीं था. शशि के जेनिफ़र से विवाह में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई शशि कपूर की भाभी और शम्मी कपूर की पत्नी गीता बाली ने.

    शशि कपूर का बहुत नाम हुआ जब उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ दीवार फ़िल्म की. विवेचना में रेहान फ़ज़ल बता रहे हैं शशि कपूर के किस्से.

  5. कानून के राज से ही बढ़ेगा दुनिया में भरोसा: जस्टिस एनवी रमन्ना

    जस्टिस एनवी रमन्ना

    इमेज स्रोत, ANI

    मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एनवी रमन्ना ने शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि वैश्वीकृत दुनिया में भरोसा सिर्फ कानून के शासन पर चलने वाली संस्थाओं के निर्माण से ही बनाया जा सकता है.

    जस्टिस रमन्ना "आर्बिट्रेशन इन द एरा ऑफ़ ग्लोबलाइज़ेशन" के चौथे संस्करण में उद्घाटन भाषण दे रहे थे.

    इस दौरान उन्होंने कहा, "वैश्वीकरण को वास्तविक अर्थ में पाने की शर्त यह है कि सार्वभौमिक तौर पर कानून का सम्मान हो. वैश्वीकृत दुनिया में भरोसा तभी पैदा किया जा सकता है जब कानून के शासन पर ज़ोर देने वाली संस्थाएं बने."

    उन्होंने कहा, "मैं जब भी कहीं जाता हूं, मुझसे अक्सर ये पूछा जाता है कि भारतीय न्यायिक व्यवस्था निवेशकों के लिए कितनी अनुकूल है. मेरा जवाब हमेशा एक होता है: आप भारतीय न्यायपालिका पर उसकी पूर्ण स्वतंत्रता और सभी पक्षों के साथ एक सा व्यवहार करने की उसकी अंतर्निहित संवैधानिक ताकत के लिए भरोसा कर सकते हैं."

    आर्बिट्रेशन (मध्यस्थता) और कानून का शासन एक-दूसरे से अलग नहीं है. उन्होंने कहा कि भारत में न्यायपालिकाएं उनके मध्यस्थता को बढ़ावा देने वाले रुख के लिए जानी जाती हैं.

  6. COVER STORY: रूस में कौन चुका रहा है यूक्रेन पर हमले की क़ीमत

    वीडियो कैप्शन, COVER STORY:रूस में कौन चुका रहा है यूक्रेन पर हमले की क़ीमत

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जोर देकर कहा है कि यूक्रेन पर हमला योजना के हिसाब से चल रहा है, लेकिन इस बात को भी माना है कि प्रतिबंधों से रूस की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा है.

    हालांकि लोगों को भी इसकी कीमत चुकानी पड़ी है, जहां राष्ट्रपति पुतिन की जंग को लड़ने के लिए हज़ारों सैनिकों को यूक्रेन भेजा जा रहा है. हमारे रूसी एडिटर स्टीव रोज़नबर्ग ने एक सैनिक के अंतिम संस्कार को देखा.

  7. सऊदी में हूती विद्रोहियों ने किए चार ड्रोन हमले, तेल और गैस स्टेशन बने निशाना

    सऊदी-यमन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़ाइल फ़ोटो

    हूती विद्रोहियों ने शनिवार को दक्षिणी सऊदी अरब में कई हमले किए. इनमें से एक हमले में तेल कंपनी अरामको की इकाई भी निशाना बनी.

    समाचार एजेंसी एफ़पी के अनुसार, यमन में विद्रोहियों से लड़ रहे सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने एक बयान जारी कर इस हमले की जानकारी दी है. हालांकि, इस हमले में किसी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है.

    सऊदी प्रेस एजेंसी (एसपीए) के मुताबिक, गठबंधन ने बताया है कि विद्रोहियों ने चार ड्रोन हमले किए हैं. हालांकि, इस इलाके में लगातार हूती विद्रोही ड्रोन और मिसाइल हमले करते रहते हैं.

    अरामको की इकाई के अलावा विद्रोहियों ने अल-शकीक में डिसेलिनेशन प्लांट, अल-जनाब के पावर स्टेशन पर भी हमला किया है. एसपीए ने कुछ वीडियो और फ़ोटो पोस्ट किए हैं, जिसमें दमकल कर्मी आग बुझाते दिख रहे हैं.

    चौथा निशाना खमीस मुशैत का गैस स्टेशन था. हालांकि, इन ड्रोन को इंटरसेप्ट करके हमले के बाद यमन के पास ही गिरा दिया गया.

    इससे पहले सऊदी की राजधानी रियाद में एक तेल रिफ़ाइनरी पर भी 10 मार्च को ड्रोन से हूती विद्रोहियों ने हमला किया था.

    इस सप्ताह ही, हूती विद्रोहियों ने छह खाड़ी देशों की ओर से यमन संकट पर पेश किया गया वार्ता का प्रस्ताव ठुकरा दिया था.

  8. मणिपुर में अस्तित्व के संकट से जूझती एक जनजाति

    वीडियो कैप्शन, विलुप्त होने के कगार पर मणिपुर की जनजाति

    पूर्वोत्तर भारत के राज्य मणिपुर की एक जनजाति है तराओ, जिसे दुनिया की सबसे छोटी जनजातियों में से एक माना जाता है.

    माना ये भी जाता है कि तराओ जनजाति के कई लोग, दूसरी बड़ी जातियों के समूहों में मिल गए हैं.

    इन लोगों का कहना है कि उनकी भाषा और संस्कृति अब विलुप्त होने के कगार पर है.

    बीबीसी संवाददाता रॉक्सी गागेडकर छारा की रिपोर्ट देखिए.

  9. धोखाधड़ी के केस में फंसे राजस्थान सीएम अशोक गहलोत के बेटे, नासिक में एफ़आईआर दर्ज

    वैभव गहलोत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, वैभव गहलोत (फ़ाइल तस्वीर)

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत पर नासिक में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है.

    गंगापुर पुलिस थाने के पुलिस अधिकारी रियाज़ शेख ने बताया, "राजस्थान और गुजरात के 16 लोगों के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज की गई है. एफ़आईआर सुशील पाटिल नाम के शख्स ने दर्ज कराई है, जिसने आरोप लगाया है कि उसके साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी हुई है."

    सुशील पाटिल ने कहा है कि गुजरात कांग्रेस के कार्यकर्ता सचिन वालरे ने उन्हें साल 2018 में ये आश्वासन दिया था कि वो अशोक गहलोत के करीबी हैं और राज्य सरकार द्वारा दिए गए ठेकों का काम संभालते हैं.

    पाटिल का आरोप है कि सचिन वालरे ने उन्हें सरकारी कॉन्ट्रैक्ट संभालने वाली एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में पार्टनर बनने का प्रस्ताव दिया. वालरे ने कहा, "मैंने उस कंपनी के ज़रिए 6.80 करोड़ रुपये निवेश किए. जब मेरे निवेश पर रिटर्न मिलना बंद हुआ तो मैंने उनसे पूछताछ शुरू की."

    "मेरी और वैभव गहलोत की वीडियो कॉल पर बात कराई गई, जहां गहलोत ने मुझे मेरे निवेश का रिटर्न दिलवाने का आश्वासन दिया."

    पाटिल ने एफ़आईआर दर्ज करवाने के बाद पुलिस सुरक्षा की भी मांग की है. उन्होंने कहा, "मैंने ताकतवर लोगों के ख़िलाफ़ शिकायत की है. मुझे जान का ख़तरा है."

  10. सभी राज्य सरकारें स्कूल में भगवद्गीता पढ़ाने पर करें विचार: प्रल्हाद जोशी

    प्रह्लाद जोशी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रह्लाद जोशी

    केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सुझाव दिया है कि को गुजरात की तरह ही हर राज्य की सरकार को स्कूलों में भगवद् गीता पढ़ाना शुरू करने के बारे में सोचना चाहिए.

    समाचार एजेंसी एएनआई से केंद्रीय मंत्री ने कहा, "भगवद् गीता हमें नैतिकता सिखाती है. ये हमें समाज के कल्याण के प्रति हमारी ज़िम्मेदारी दिखाती है. इसमें कई नैतिक कहानियां है जो हमारे छात्रों को प्रेरित कर सकती है. हर राज्य की सरकार इस बारे में सोच सकती है."

    इससे पहले गुरुवार को, गुजरात के शिक्षा मंत्री जीतू वघानी ने कहा कि राज्य के स्कूलों में इसी सत्र से कक्षा 6 से 12 तक भगवद् गीता पढ़ाई जाएगी.

  11. ऑस्ट्रेलिया ने दिखाई रूस पर सख्ती, एल्यूमीनियम और एल्यूमीना अयस्क का निर्यात रोका

    व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, व्लादिमीर पुतिन

    ऑस्ट्रेलिया ने रूस को बॉक्साइट सहित एल्यूमीनियम और एल्यूमिना अयस्क का निर्यात रोक दिया है. यूक्रेन पर आक्रमण के बाद रूस पर लगे नए प्रतिबंध लागू होने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने ये कदम उठाया है.

    ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने कहा है, "रूस में एल्यूमिना अयस्क की ज़रूरत का 20 फ़ीसदी हिस्सा ऑस्ट्रेलिया से निर्यात किया जाता है."

    ऑस्ट्रेलिया ने कहा है कि ये कदम रूस की एल्यूमिनियम उत्पादन क्षमता को सीमित करेगा, जिसे रूस बड़ी मात्रा में निर्यात करता है.

    ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक रूस के 443 लोगों पर कुल 476 प्रतिबंध लगाए हैं. इनमें व्लादिमीर पुतिन के करीबी कारोबारी सहित 33 कंपनियां भी शामिल हैं.

  12. पहली बार भारत दौरे पर आ रहे हैं इसराइल के पीएम बेनेट नफ़्ताली

    भारत-इसराइल

    इमेज स्रोत, Getty

    इसराइल के प्रधानमंत्री नफ़्ताली बेनेट 2 अप्रैल 2022 को पहली बार भारत दौरे पर आ रहे हैं. इसराइल सरकार की ओर से बयान जारी कर इसकी पुष्टि की गई है कि बेनेट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्योते पर भारत आ रहे हैं.

    बेनेट बीते साल अक्टूबर में ग्लासगो में पर्यावरण बदलावों को लेकर हुए सम्मेलन कॉप26 से इतर पीएम मोदी से मिले थे. इसी दौरान मोदी ने उन्हें भारत आने का न्योता दिया था.

    बेनेट का ये दौरान भारत और इसराइल के बीच संबंधों की तीसवीं वर्षगांठ के मौके पर हो रहा है.

    इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक गठबंधन को आगे बढ़ाना और मज़बूत करने के साथ ही द्विपक्षीय संबंधों का विस्तार करना है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    इस दौरे पर इसराइली पीएम बेनेट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से मिलेंगे. बेनेट भारत में रहने वाले यहूदी समुदाय से भी मुलाकात करेंगे.

    पीएम बेनेट ने इस यात्रा को लेकर जारी बयान में कहा, "मुझे अपने दोस्त, प्रधानमंत्री मोदी के न्योते पर भारत की पहली आधिकारिक यात्रा करने में बहुत खुशी हो रही है. मोदी ने भारत और इसराइल के बीच संबंधों को फिर से शुरू किया है और इसका ऐतिहासिक महत्व है."

  13. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 19 मार्च के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.