You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

संयुक्त राष्ट्र ने अफ़ग़ानिस्तान में मिशन को दी मंज़ूरी

गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र की सुरक्षा परिषद ने अफ़ग़ानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र की मौजूदगी का रास्ता साफ़ करने वाले प्रस्ताव को पारित कर दिया है.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल, प्रियंका झा and विभुराज

  1. कांग्रेस में हलचल जारी, जी-23 में शामिल होने के बाद राहुल गांधी से मिले भूपिंदर हुड्डा

    पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में करारी हार के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को पार्टी ने वरिष्ठ नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा से मुलाक़ात की है.

    ख़ास बात ये है कि हुड्डा एक दिन पहले ही कांग्रेस नेता ग़ुलाम नबी आज़ाद के घर पर हुई जी-23 नेताओं की बैठक में शामिल हुए थे. जी-23 कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं का समूह है, जो पार्टी में लंबे समय से बदलाव की मांग कर रहे हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, हुड्डा के साथ राहुल गांधी ने पार्टी में सुधार और चुनाव में हार के बाद आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की.

    इस बैठक के बाद हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा जी-23 के सदस्य ग़ुलाम नबी आज़ाद के घर उनसे मिलने पहुंचे. सूत्रों के मुताबिक़, राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता आनंद शर्मा भी हुड्डा के साथ आज़ाद के घर पर मौजूद थे.

    मंगलवार को हुई जी-23 नेताओं की बैठक के बाद ये बयान आया कि इस समूह का लक्ष्य कांग्रेस को मज़बूत बनाना है न कि उसे कमज़ोर करना.

    राहुल गांधी की हुड्डा से हुई मुलाकात को अहम माना जा रहा है. ये मुलाक़ात ग़ुलाम नबी आज़ाद और सोनिया गांधी के बीच फ़ोन पर हुई बातचीत के बाद हुई है.

    सूत्रों के अनुसार, आज़ाद पार्टी के भविष्य पर प्रस्ताव को लेकर जल्द ही सोनिया गांधी से मिलकर चर्चा करेंगे.

  2. कर्नाटक: अल्पसंख्यक विकास निगम के अध्यक्ष की नियुक्ति पर सवाल, सुप्रीम कोर्ट ने मांगा जवाब

    सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कर्नाटक सरकार से राज्य के अल्पसंख्यक विकास निगम के अध्यक्ष पद पर केवल मुस्लिम समुदाय के अध्यक्ष की नियुक्ति को चुनौती देने वाली याचिका पर जवाब मांगा है.

    सुप्रीम कोर्ट में ये याचिका कर्नाटक के अनिल एंटनी ने दायर की थी. ये याचिका पहले हाई कोर्ट में भी दायर की गई थी लेकिन 18 जनवरी 2021 को हाई कोर्ट ने इस याचिका को खारिज कर दिया था.

    जस्टिस विनीत सरन और जस्टिस अनिरुद्ध बोस की पीठ ने कर्नाटक सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग हज और वक़्फ़, कर्नाटक के अल्पसंख्यक निगम के अध्यक्ष और अल्पसंख्यक विकास निगम के प्रबंध निदेशक को नोटिस जारी किया है. शीर्ष अदालत ने जवाब दाख़िल करने के लिए 6 सप्ताह का समय दिया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अनिल एंटनी की तरफ़ से ऐडवोकेट जीएस मणि ने अदालत में दलील दी कि उनके मुवक्क़िल कर्नाटक अल्पसंख्यक विकास निगम के अध्यक्ष पद की नियुक्ति में दूसरे अल्पसंख्यक समुदायों का भी प्रतिनिधित्व चाहते हैं.

    याचिका के अनुसार, याचिकाकर्ता ने साल 1986 से लेकर आज तक अल्पसंख्यक विकास निगम के अध्यक्ष पद पर सिर्फ़ मुस्लिम समुदाय से आईएएस अधिकारियों की होने वाली नियुक्ति को चुनौती दी है. याचिका में ये भी कहा गया कि ईसाई, सिख, पारसी, जैन या बौद्ध जैसे अन्य अल्पसंख्यक समुदाय को समान भागीदारी और प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया.

    हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ दर्ज की गई याचिका में कहा गया, "हाई कोर्ट इस बात पर विचार करने में विफल रही कि अल्पसंख्यक विकास निगम के अध्यक्ष की नियुक्ति में राज्य के द्वारा ईसाई, सिख, पारसी, जैन या बौद्ध जैसे अन्य अल्पसंख्यक धर्मों के लोगों के खिलाफ भेदभाव हुआ है."

    अनिल एंटनी ने अपनी याचिका में ईसाई, सिख, पारसी, जैन और बौद्ध धर्मों से बारी-बारी रोटेशन के आधार पर अदालत द्वारा तय किए गए समय सीमा में अध्यक्ष की नियुक्ति की मांग की थी. अदालत ने इस याचिका को खारिज कर दिया था.

  3. 'कश्मीर फ़ाइल्स' पर अखिलेश यादव ने क्यों किया 'लखीमपुर' का ज़िक्र

    बीजेपी पर निशाना साधते हुए समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि अगर घाटी पर "कश्मीर फ़ाइल्स" बन सकती है तो "लखीमपुर फ़ाइल्स" भी बनाई जानी चाहिए.

    बीते साल 3 अक्टूबर को लखीमपुर खीरी में तीन कृषि कानूनों के ख़िलाफ़ किसानों के प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क गई थी. उस समय एक जीप ने कथित तौर पर चार किसानों को कुचल दिया था. किसानों का दावा है कि ये जीप केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे की थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, चर्चा का विषय बनी कश्मीर फ़ाइल्स फ़िल्म पर अखिलेश यादव से उनकी राय पूछी गई थी.

    सीतापुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, "अगर कश्मीर फ़ाइल्स फ़िल्म बनती है तो कम से कम लखीमपुर फ़ाइल्स फ़िल्म भी बननी चाहिए, जहां किसानों को जीप से कुचल दिया गया था."

    विवेक अग्निहोत्री ने इस फ़िल्म को लिखा और निर्देशित किया है. फ़िल्म 1990 के दशक में घाटी से कश्मीरी पंडितों के पलायन पर आधारित है.

    सबसे पहले उत्तर प्रदेश ने इस फ़िल्म को टैक्स फ़्री किया था. इसके बाद मध्य प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, हरियाणा, गोवा, त्रिपुरा और उत्तराखंड ने भी फिल्म को टैक्स फ्ऱी कर दिया.

  4. यूपी में बीजेपी की जीत से मुस्लिमों को क्या डर है?

    भारत में पांच राज्यों के चुनावी नतीजे आ चुके हैं. उत्तर प्रदेश समेत चार राज्यों में बीजेपी के जीत मिली है.

    जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की. बीबीसी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में लोगों से बात की.

    उत्तर प्रदेश में बीजेपी की जीत पर क्या कह रहे हैं लोग?

    वीडियोः तपस मलिक, बीबीसी उर्दू

  5. यूक्रेन का दावा- रूस ने थिएटर पर जानबूझकर बरसाए बम, 1000-1200 लोग फंसे

    यूक्रेन ने दावा किया है कि रूसी सैन्य बलों ने मारियुपोल के एक थिएटर पर बमबारी की है. यूक्रेन के मुताबिक, इस थिएटर को नागरिकों के लिए सुरक्षित आश्रय स्थल बनाया गया था.

    डिप्टी मेयर सर्गेई ओरलोव ने बीबीसी को बताया कि क़रीब 1000 से 1,200 लोग इस इमारत में शरण लिए हुए थे. हालाँकि, हमले में हताहत होने वाले लोगों की संख्या का अभी तक पता नहीं लग सका है.

    हमले के बाद की तस्वीरों में भीषण नुकसान देखा जा सकता है.

    मारियुपोल के प्रशासन ने एक बयान में बताया है कि रूसी बलों ने "जानबूझकर और द्वेषपूर्ण" तरीके से थिएटर को बर्बाद किया है. उन्होंने बताया कि एक विमान ने इमारत पर बम गिराया. इस इमारत में मारियुपोल के निवासी छिपे हुए थे.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने इस हमले की निंदा की है और कहा है कि रूस ने जानबूझकर थिएटर को निशाना बनाया.

    बीबीसी को बताया गया है कि इस थिएटर में बहुत से बच्चे और बुज़ुर्ग रह रहे थे और स्थिति तेज़ी से बिगड़ती जा रही है.

    समाचार एजेंसी आरआईए के मुताबिक़, हमले की खबर आने के कुछ ही घंटों के अंदर रूस के विदेश मंत्रालय ने साफ कहा है कि उनकी ओर से थिएटर पर कोई हमला नहीं किया गया है.

    यूक्रेन का एक मैटरनिटी अस्पताल, एक चर्च और एक अपार्टमेंट की इमारत भी रूस के हवाई हमलों का निशाना बन चुका है.

  6. महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर होने की वजह जानिए

    अगर किसी महिला के एक से अधिक यौन संबंध हैं तो सर्वाइकल कैंसर का ख़तरा बढ़ जाता है.

    क्या हैं इसके लक्षण और कैसे रख सकती हैं आप अपना ख़्याल जानिए डॉ अनुराधा कपूर से.

    वीडियो: सुशीला सिंह और रुबाइयत बिस्वास

  7. 'द कश्मीर फाइल्स' के निर्देशक से मुलाकात के बाद क्या बोले आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत

    सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक में 'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म की चर्चा तेज है.

    बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने 'द कश्मीर फाइल्स' के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री और अभिनेत्री पल्लवी जोशी से नई दिल्ली में मुलाकात की.

    न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक मोहन भागवत ने कहा ‘’सच की खोज करने वाले सभी लोगों को 'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म देखनी चाहिए ’’

    फिल्म की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि फिल्म की पटकथा शानदार ढंग से लिखी गई है और इसे बनाने में गहन शोध का इस्तेमाल किया गया है.

    इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी फिल्म की तारीफ कर चुके हैं.

    'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म में अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, दर्शन कुमार और अन्य सितारे हैं. फिल्म 11 मार्च को रिलीज़ हुई थी. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, त्रिपुरा, कर्नाटक, गोवा, हरियाणा, गुजरात और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों ने फिल्म को 'टैक्स फ्री' किया गया है

  8. COVER STORY: रूस के 'भाड़े के सैनिक'

    रूसी रक्षा मंत्री ने कहा है कि मध्य पूर्व के सोलह हज़ार लड़ाकों ने यूक्रेन में रूस के लिए लड़ने की पेशकश की है.

    अगर ये लड़ाके यूक्रेन में लड़ने के लिए हथियार उठाते हैं, तो ऐसा पहली बार नहीं होगा.

    रूस पहले भी इस तरह लड़ाकों की भर्ती करता रहा है, जिसे कुछ लोग भाड़े के सैनिक भी कहते हैं.

  9. अमेरिका-रूस संबंधों में बढ़ा तनाव, बाइडन ने पुतिन को 'युद्ध अपराधी' करार दिया

    अमेरिका और रूस के संबंधों में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और कूटनीतिक सुलह की संभावनाएं कमज़ोर पड़ती दिख रही हैं. दोनों देशों के संबंधों में बढ़ रहे तनाव का अंदाज़ा राष्ट्रपति जो बाइ़डन के ताज़ा बयान से लगाया जा सकता है.

    राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को ''युद्ध अपराधी'' करार दिया है. बाइडन ने ये बयान व्हाइट हाउस में एक रिपोर्टर को जवाब देते हुए दिया.

    ये पहला मौका है जब बाइडन ने पुतिन के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया है. इसके बाद व्हाइट हाउस ने एक बयान में कहा, ''वो दिल से बोल रहे थे.''

    रूस ने इस बयान को ''अक्षम्य बयानबाज़ी'' बताया है. रूसी न्यूज़ एजेंसी तास को दिए गए बयान में रूसी प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने कहा है, ''हमें लगता है कि ऐसी बयानबाज़ी अस्वीकार्य और अक्षम्य है, वो भी ऐसे राष्ट्राध्यक्ष की तरफ़ से जिनके बमों ने दुनिया भर में लाखों को मार डाला है.''

    दरअसल, बाइडेन की पुतिन पर टिप्पणी उस वक्त सामने आई जब वॉशिंटन में एक पत्रकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति से पूछा, ''राष्ट्रपति, हमने जो कुछ भी देखा है उसके बाद क्या आप पुतिन को युद्ध अपराधी कहने के लिए तैयार हैं?''

    बाइडेन ने जवाब दिया ''नहीं'' लेकिन बाद में उन्होंने अपने जवाब को बदलते हुए कहा: ''क्या आपने मुझसे पूछा कि क्या मैं कहूंगा या नहीं....? मुझे लगता है कि वो एक युद्ध अपराधी हैं.''

    व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रटरी जेन साकी ने बाद में कहा कि राष्ट्रपति कोई आधिकारिक घोषणा नहीं कर रहे थे बल्कि यूक्रेन में ''बर्बरता'' की तस्वीरों को देखकर अपने दिल से बोल रहे थे. साकी ने कहा कि युद्ध अपराध को तय करने के लिए विदेश मंत्रालय अलग से कानूनी प्रक्रिया चलाता है और वो चल रही है.

  10. उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की वापसी के साथ ही फिर चला बुल्डोज़र

    उत्तर प्रदेश मेरठ में प्रशासन ने इनामी गैंगस्टर के अवैध कब्ज़े पर बुलडोज़र चलाया.

    ढाई लाख के इनामी गैंस्टर बदन सिंह बद्दो ने सरकारी पार्क की ज़मीन पर कब्ज़ा करके अवैध फ़ैक्ट्री और मकान बनाया था.

    मेरठ विकास प्राधिकरण के आदेश पर प्रशासन ने यहां बुलडोज़र चलाया. कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या पुलिसबल की तैनाती थी.

  11. सिविल सेवा अधिकारियों से बोले पीएम मोदी, आपको फाइलों और फील्ड का फर्क समझना होगा...

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लाल बहादुर शास्त्री प्रशासन अकादमी के एक कार्यक्रम को संबोधित किया.

    इस अवसर पर उन्होंने कहा, "बीते वर्षों में मैंने अनेकों बैच के सिविल सेवा अधिकारियों से बात की है, मुलाकात की है, उनके साथ लंबा समय गुजारा है. लेकिन आपका बैच बहुत स्पेशल है. आप भारत की आजादी के 75वें वर्ष में अपना काम शुरू कर रहे हैं."

    "हम में से बहुत से लोग उस समय नहीं होंगे जब भारत अपनी आजादी के 100वें वर्ष में प्रवेश करेगा. लेकिन आपका ये बैच, उस समय भी रहेगा, आप भी रहेंगे. आजादी के इस अमृतकाल में, अगले 25 साल में देश जितना विकास करेगा, उसमें बहुत बड़ी भूमिका आपकी होगी. 21वीं सदी के जिस मुकाम पर आज भारत है, पूरी दुनिया की नजरें हम पर टिकी हुई हैं."

    "कोरोना ने जो परिस्थितियां पैदा की हैं, उसमें एक नया वर्ल्ड ऑर्डर उभर रहा है. इस नए वर्ल्ड ऑर्डर में भारत को अपनी भूमिका बढ़ानी है और तेज गति से अपना विकास भी करना है. आपको एक चीज का हमेशा ध्यान रखना है और वो है 21वीं सदी के भारत का सबसे बड़ा लक्ष्य. ये लक्ष्य है- आत्मनिर्भर भारत का, आधुनिक भारत का. इस समय को हमें खोना नहीं है."

    "ट्रेनिंग के दौरान आपको सरदार पटेल जी के विजन, उनके विचारों से अवगत कराया गया है. सेवा भाव और कर्तव्य भाव का महत्व, आपकी ट्रेनिंग का अभिन्न हिस्सा रहा है. आप जितने वर्ष भी इस सेवा में रहेंगे, आपकी व्यक्तिगत और प्रोफेशनल सफलता का पैमाना यही फैक्टर रहना चाहिए."

    "जब हम सेंस ऑफ़ ड्यूटी और सेंस ऑफ़ पर्पस के साथ काम करते हैं, तो हमें कोई काम बोझ नहीं लगता. आप भी यहां एक सेंस ऑफ़ पर्पस के साथ आए हैं. आप समाज के लिए, देश के लिए, एक सकारात्मक परिवर्तन का हिस्सा बनने आए हैं. आपको फाइलों और फील्ड का फर्क समझते हुए ही काम करना होगा. फाइलों में आपको असली फील नहीं मिलेगी."

    "फील के लिए आपको फील्ड से जुड़े रहना होगा. मेरी ये बात आप जीवन भर याद रखिएगा कि फाइलों में जो आंकड़े होते हैं, वो सिर्फ नंबर्स नहीं होते. हर एक आंकड़ा, हर एक नंबर, एक जीवन होता है. आपको नंबर के लिए नहीं, हर एक जीवन के लिए काम करना है. आप इस बात की तह तक जाइएगा कि जब वो नियम बनाया गया था, तो उसके पीछे की वजह क्या थी."

    "जब आप अध्ययन करेंगे, किसी समस्या की तह तक जाएंगे, तो फिर आप उसका स्थायी समाधान भी दे पाएंगे. आजादी के इस अमृतकाल में हमें रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म को नेक्स्ट लेवल पर ले जाना है. इसलिए ही आज का भारत सबका प्रयास की भावना से आगे बढ़ रहा है. आपको भी अपने प्रयासों के बीच ये समझना होगा कि सबका प्रयास, सबकी भागीदारी की ताकत क्या होती है."

  12. द कश्मीर फ़ाइल्स फ़िल्म पर जम्मू के कश्मीरी पंडित क्या बोले?

    बीते सप्ताह रिलीज़ हुई फ़िल्म 'द कश्मीर फ़ाइल्स' काफ़ी चर्चा में है. यह फ़िल्म कश्मीरी पंडितों के पलायन पर बनी है.

    बीबीसी ने जम्मू की जगती टाउनशिप में रहने वाले कश्मीरी पंडितों से बात की. यहां करीब 4000 विस्थापित परिवार रहते हैं.

    कश्मीरी पंडित परिवारों का मानना है कि सिर्फ एक फ़िल्म बनने से उनकी घर वापसी नहीं हो सकती.

  13. यूपी में 'भर' और 'राजभर' समुदाय को लेकर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दिया राज्य सरकार को निर्देश

    इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार को राज्य के 'भर' और 'राजभर' समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) में शामिल करने को लेकर दो महीने के अंदर फैसला लेने का निर्देश दिया है.

    अभी तक इन समुदायों को राज्य में ओबीसी का दर्जा मिला हुआ है.

    'जागो राजभर जागो समिति' और एक अन्य ने कोर्ट में रिट याचिका दाखिल की थी. 11 मार्च को जस्टिस सिद्धार्थ वर्मा और दिनेश पाठक की पीठ ने सरकार को ये आदेश दिया है.

    याचिकाकर्ताओं ने तर्क दिया था कि पुराने रिकॉर्ड को ध्यान में रखते हुए 'भर' और 'राजभर' समुदाय को अनुसूचित जनजाति के रूप में माना जाना चाहिए, लेकिन राज्य सरकार ने इन समुदायों को ओबीसी का दर्जा दिया है.

    याचिकाकर्ताओं के अनुसार, उन्होंने एक मौजूदा विधायक की मदद से समुदाय को अनुसूचित जनजाति(एसटी) में शामिल करने के लिए आवेदन किया था.

    ये मामला केंद्र सरकार तक पहुंचा. केंद्र सरकार ने 11 अक्टूबर 2021 को उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव और समाज कल्याण विभाग को लिखा कि जब तक राज्य सरकार इस मामले को आगे नहीं बढ़ाएगी तब तक इस प्रस्ताव पर वह कार्रवाई नहीं कर पाएगी.

  14. यूक्रेन: बम शेल्टर में अपने गीत से जीता सबका मन

    7 साल की एमीलिया एनिसोविच ने डिज़्नी की फिल्म 'फ्रोज़ेन' का गीत 'लेट इट गो' गाते हुए अपने वीडियो से दुनियाभर के लोगों का दिल जीत लिया है.

    यह गाना उन्होंने कीएव के एक बम शेल्टर में गाया था. जिसे बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया. एमीलिया अब पोलैंड में अपनी दादी के पास सुरक्षित हैं. बीबीसी संवाददाता ग्राहम सैचल उनके पास पहुंचे.

  15. अफ़ग़ानिस्तान और सीरिया से भी ज़्यादा रूसी सैनिक यूक्रेन में मारे गए: ज़ेलेंस्की

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने अपने संबोधन में दावा किया है कि यूक्रेन में रूसी सैनिकों को सीरिया, चेचन्या और अफ़ग़ानिस्तान में हुए युद्धों से भी अधिक नुकसान हुआ है.

    रूसी भाषा में संबोधित करते हुए ज़ेलेंस्की ने कहा, "रूसी सैनिकों को यूक्रेन में इतना नुकसान हुआ है जितना ना सीरिया में हुआ, ना चेचन्या में हुआ. सोवियत के सैनिकों को इतना नुकसान अफ़ग़ानिस्तान तक में नहीं हुआ."

    हो सकता है कि ये संदेश रूस में ज़्यादा लोगों तक पहुंचा भी ना हो क्योंकि रूस में युद्ध से जुड़ी जानकारी पर कड़ा नियंत्रण है. ये भी पता नहीं लग पा रहा है कि राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की इस निष्कर्ष पर कैसे पहुंचे है.

    अमेरिकी इंटेलिजेंस के अनुमान के मुताबिक यूक्रेन पर रूस के हमले के दौरान 7000 से भी अधिक रूसी सैनिकों की मौत हो चुकी है.

    अन्य आकड़ों के मुताबिक, करीब 15000 सोवियत सैनिक अफ़गान युद्ध (1979-89) में मारे गए थे और कम से कम 13000 रूसी सैनिक चेचन्या युद्ध में मारे गए थे. सीरिया में ये संख्या सैंकड़ों में है.

  16. Facebook Live: कश्मीरी पंडितों के पलायन की ज़मीनी सच्चाई और सरकारों का रुख़

  17. रेटिंग एजेंसी मूडीज़ ने क्यों कम किया भारत की ग्रोथ रेट का अनुमान

    मूडीज़ ने साल 2022 के लिए भारत के विकास अनुमान को 9.5 प्रतिशत से घटाकर 9.1 प्रतिशत कर दिया है. मूडीज़ का कहना है कि ज्यादा मात्रा में ईंधन और फर्टिलाइजर आयात सरकार के पूंजीगत व्यय को सीमित कर सकता है.

    पूंजीगत व्यय सरकारी खर्च का वो हिस्सा होता है जिसे सरकार सड़क, स्कूल, राजमार्ग, डैम, रेल जैसे फिक्स्ड एसेट्स पर खर्च करती है

    मूडीज़ के मुताबिक यूक्रेन पर रूस के हमले से आर्थिक विकास को नुकसान होगा जिसका असर भारत पर पड़ेगा. रेटिंग एजेंसी ने कहा कि 2023 में भारत की वृद्धि 5.4 प्रतिशत होने की संभावना है.

    मूडीज़ का कहना है कि भारत तेल की बढ़ती कीमतों के प्रति संवेदनशील है क्योंकि भारत कच्चे तेल का बड़ा आयातक है हालांकि अनाज का जरूरत से ज्यादा उत्पादन होता है जिससे बढ़ती कीमतों के बीच कुछ समय के लिए कृषि निर्यात को फायदा होगा.

    तेल के बढ़ते दाम और फर्टिलाइजर पर होने वाला खर्च सरकार की जेब पर सीधा भार डालती है जिससे नियोजित पूंजीगत व्यय सीमित होता है.

    मूडीज़ इन्वेस्टर्स सर्विस ने कहा, "इन सभी कारणों से, हमने 2022 के लिए भारत के विकास अनुमान को 0.4 प्रतिशत कम कर दिया है. अब हमें उम्मीद है कि इस साल अर्थव्यवस्था 9.1 प्रतिशत बढ़ेगी."

  18. यमन: आठ साल से जारी जंग

    जहां पूरी दुनिया की नज़र इस वक्त यूक्रेन पर रूस के हमले और उससे जुड़े घटनाक्रम पर है. यमन में हुई हालिया हिंसा वहां लंबे समय से जारी युद्ध की सबसे भयावह तस्वीरों में से एक है. इस महीने यमन के संघर्ष को आठ साल पूरे हो गए हैं.

    पर्यवेक्षकों का कहना है कि पिछले 4 महीनों में यमन में 800 से ज्यादा हवाई हमले हुए हैं और राहत एजेंसियां चेतावनी दे रही हैं कि यमन के लाखों लोग भुखमरी की कगार पर हैं. देखिए बीबीसी संवाददाता नवल अल मग़ाफ़ी की ये रिपोर्ट.

  19. तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी और उनकी पत्नी को कोयला घोटाला मामले में ईडी ने किया तलब

    प्रवर्तन निदेशालय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी और उनकी पत्नी को कथित कोयला घोटाला मामले से जुड़े एक मनी लॉन्ड्रिंग केस में समन किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने ईडी के अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट दी है कि तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी और उनकी पत्नी रुजिरा बनर्जी को मामले के जांच अधिकारी के समक्ष अगले हफ़्ते पूछताछ के लिए बुलाया गया है.

    प्रवर्तन निदेशालय के समन को खारिज किए जाने के लिए अभिषेक बनर्जी और रुजिरा बनर्जी ने दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी थी जिसे अदालत ने 11 मार्च को खारिज कर दिया था.

    इससे पहले ईडी बनर्जी दंपति को पिछले साल 10 सितंबर को समन किया था.

    बनर्जी दंपति ने दिल्ली हाई कोर्ट में इस समन को ये कहते हुए चुनौती दी थी कि वे पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं तो उन्हें दिल्ली में समन नहीं किया जाना चाहिए.

    पिछले साल ही अभिषेक बनर्जी से ईडी के ऑफ़िस में सितंबर में दिल्ली में पूछताछ की गई थी.

  20. यूक्रेन में टूटते आशियाने और बिखरती ज़िंदगियां

    धमाकों की गूंज, धराशायी होती इमारतें और जान गंवाते आम लोग, यूक्रेन की राजधानी कीएव की अब यही पहचान है, जहां कहीं सैनिकों की अंतिम विदाई हो ही है, तो कहीं बांहों में दम तोड़ रहे हैं आम लोग.

    यूक्रेन में टूटते आशियाने और बिखरती ज़िंदगियां, दोबारा संवरने की राह देख रही हैं, लेकिन रूसी हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं.