You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूक्रेन हमला 19वां दिन : कीएव पर बमबारी, शांतिवार्ता का फ़ोकस संघर्ष विराम

रूस और यूक्रेन के बीच वार्ता में सैन्य टुकड़ियों की वापसी और यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी बहाल करने पर भी चर्चा होगी.

लाइव कवरेज

मोहम्मद शाहिद, दीपक मंडल and अभिनव गोयल

  1. पंजाब विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद बोले प्रकाश सिंह बादल

    पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद पहली बार बोले हैं.

    उन्होंने कहा है कि वो ‘जनता के आदेश के आगे सिर झुकाते हैं. आपातकाल के बाद हमने सभी सीटें जीती थीं. तो ऐसी चीज़ें राजनीति में होती हैं.’

    “हम पंजाब और देश के लिए लड़ना जारी रखेंगे.”

  2. यूक्रेन बॉर्डर पर कैसे मदद कर रहे भारतीय?

    यूक्रेन में युद्ध से बचकर निकल रहे आम नागरिकों की मदद के लिए दुनियाभर से हाथ बढ़े हैं.

    ऐसे ही मदद करने वालों में कई भारतीय भी हैं. यूक्रेन-पोलैंड में बड़ी संख्या में पहुंच रहे यूक्रेनी लोगों की मदद के लिए हरदयाल सिंह जैसे कई भारतीय लोग कड़कती ठंड में मदद के लिए खड़े हैं.

    वो खाना, गर्म कपड़े और ज़रूरत की दूसरी चीज़ें उन्हें दे रहे हैं. देखिए बीबीसी की ये ग्राउंड रिपोर्ट...

    वीडियो: दिव्या आर्य और नेहा शर्मा

  3. स्वामी प्रसाद मौर्य बोले- सपा बैलेट पेपर वोटिंग में 304 सीटों पर जीती

    उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया है कि समाजवादी पार्टी बैलेट पेपर की वोटिंग में 304 सीटों पर जीती है.

    उन्होंने आगे अपने ट्वीट में लिखा है कि बीजेपी सिर्फ़ ‘99 सीटों पर बैलेट पेपर वोटिंग में जीती है जबकि ईवीएम की गिनती में बीजेपी चुनाव जीती, इसका मतलब है कोई न कोई बड़ा खेल हुआ है.’

    यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य चुनाव हार गए थे.

  4. चीन ने कहा- रूस ने हमसे कोई सैन्य मदद नहीं मांगी, अमेरिकी दावा 'दुष्प्रचार'

    चीन ने कहा है कि रूस की ओर से उससे सैन्य मदद मांगे जाने का अमेरिकी दावा ग़लत है.

    चीन ने कहा है कि अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया है रूस ने यूक्रेन की लड़ाई में उससे सैन्य मदद मांगी है. लेकिन यह 'दुष्प्रचार' है.

    कुछ अनाम अधिकारियों ने कई अमेरिकी न्यूज आउटलेट्स को कहा था कि रूस ने यूक्रेन पर हमले के दौरान चीन से सैन्य सहायता मांगी थी. इसके बाद अमेरिका ने चीन को चेतावनी दी थी कि अगर उसने रूस की मदद की तो उसे इसका खमियाजा भुगतना होगा.

    लेकिन बीजिंग में चीनी विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि अमेरिका यू्क्रेन युद्ध में चीन की भूमिका को लेकर शरारतपूर्ण तरीके से झूठ फैला रहा है.

    प्रवक्ता ने इस बात पर जोर दिया कि चीन ने शांति के लिए सकारात्मक भूमिका अदा की है. उसने बातचीत से मसला सुलझाने की अपील की है.

  5. चीन के दो बड़े शहरों में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों से हालात चिंताजनक

    चीन के दो बड़े शहरों में कोरोना वायरस के तेज़ी से बढ़ते मामलों के बीच फिर से प्रतिबंध लगा दिए हैं. इन दोनों शहरों में महामारी की शुरुआत के बाद से अब तक सबसे ज़्यादा मामले सामने आ रहे हैं.

    चीन के टेक्नोलॉजी हब माने जाने वाले शेनझेन के निवासियों को घरों में रहने के लिए कहा गया है. इस दौरान शहर में बड़े पैमाने पर लोगों की कोरोना जांच जारी है.

    इसके अलावा शंघाई में केस तेज़ी से बढ़ रहे हैं.

    इसके आसपास के कुछ इलाकों को भी सील कर दिया गया है.

    इस बीच टेक्नोलॉजी शेयरों की बिकवाली की वजह से हांग-कांग का शेयर बाज़ार पांच प्रतिशत गिरकर साल 2016 के बाद से अपने सबसे निचले स्तर पर आ गया.

    निवेशक कोरोना की वजह से चीन की बिगड़ती स्थिति और तकनीकी क्षेत्र के नियमन के लिए कठोर नियमों को लेकर चिंतित हैं.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, 16 मार्च से 12-14 आयु वर्ग के बच्चों का शुरू होगा कोविड टीकाकरण

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी है कि आगामी 16 मार्च से 12-14 साल के बच्चों का कोविड टीकाकरण शुरू होगा.

    साथ ही उन्होंने बताया है कि 60 साल से अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों को कोरोना की वैक्सीन की ‘प्रीकॉशन डोज़’ दी जा सकेगी.

  7. यूक्रेन से लौटे छात्रों की आगे की पढ़ाई पर संसद में बोली मोदी सरकार

    केंद्र सरकार ने सोमवार को लोकसभा में बताया कि ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत जो छात्र यूक्रेन से भारत लौटे हैं उनके भविष्य को लेकर सरकार जल्द फ़ैसला लेगी.

    केंद्र की मोदी सरकार ने बताया कि भारतीय छात्रों की शिक्षा पूरी कैसे होगी या देखा जाएगा.

    केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के सवाल का जवाब देते हुए यह बात कही है. गोगोई ने पूछा था कि सरकार भारतीय छात्रों की पढ़ाई पूरी करने को लेकर क्या सोच रही है?

    केंद्रीय मंत्री ने जवाब में कहा, “जब हम उन्हें वापस लेकर आए तब आपको इस बात को लेकर सुनिश्चित रहना होगा कि सरकार व्यवस्थाएं करने पर विचार कर रही होगी. भविष्य में उन्हें डॉक्टर बनाने को लेकर जो ज़रूरी होगा वो किया जाएगा.”

    “फ़िलहाल उन्हें लगे गहरे सदमे से बाहर लाना अहम है. हम सब उसी में लगे हुए हैं.”

  8. यूक्रेन में रूस के मिसाइल हमले, भीषण तबाही

    यूक्रेन में रूस के हवाई हमले अब भी जारी हैं. चर्नहीव शहर में रूस ने मिसाइल से हमले किए.

    हमलों में रिहायशी इमारतों, लाइब्रेरी और फैक्ट्रियों को निशाना बनाया गया. स्टेट इमरजेंसी सर्विस की टीम मलबे को साफ करने में जुटी है. एक इमारत में फंसी मिसाइल को क्रेन की मदद निकाला गया.

    हमले में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. वहीं, एक अन्य हमले में लाइब्रेरी पूरी तरह तबाह हो गई है. चर्नहीव के मेयर व्लादीस्लाव एत्रोशेंको ने एक वीडियो जारी किया है.

  9. 17 लाख से अधिक लोग यूक्रेन से भागकर पोलैंड पहुंचे

    पोलिश बॉर्डर गार्ड एजेंसी ने सोमवार को कहा है कि जब से लड़ाई शुरू हुई है तब से अब तक यूक्रेन से भागकर 17.5 लाख लोग पोलैंड पहुंचे हैं.

    ऐसा माना जा रहा है कि सभी शरणार्थी पोलैंड में रुके हुए हैं. वॉरसॉ यूनिवर्सिटी में वाइस रेक्टर फ़ॉर रिसर्च माचिक दुश्चिक का अनुमान है कि 10 लाख शरणार्थी पोलैंड में हैं और बाक़ी अन्य देशों में चले गए हैं.

    बॉर्डर गार्ड एजेंसी ने ट्वीट किया है कि रविवार को सीमा पार करके 82,100 लोग आए जबकि शनिवार को 79,800 लोग आए थे.

  10. कॉलेज के बच्चे रूस से इस तरह से लड़ रहे हैं

    जैसे-जैसे रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीएव की ओर बढ़ रही है, शहर की रक्षा के लिए हज़ारों लोग आगे आ रहे हैं. इनमें कई किशोर छात्र भी शामिल हैं, जिन्होंने फिलहाल अपनी पढ़ाई को रोककर हथियार उठा लिए हैं. बीबीसी संवाददाता जेरेमी बोवेन की ये ख़ास रिपोर्ट देखिए…

  11. कश्मीरी पंडितों के मुद्दे पर केरल कांग्रेस के ट्वीट पर बोले बीजेपी सांसद

    कश्मीरी पंडितों के विस्थापन को लेकर सोमवार को केरल में कांग्रेस की इकाई ने जो ट्वीट किए थे उस पर बीजेपी सांसद के.जे. अलफ़ोंस ने कहा है कि कांग्रेस इतिहास को नहीं समझती है उनके पास इसका टूटा-फूटा संस्करण है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि ‘हर कोई जानता है कि सांप्रदायिक आधार पर सत्ता पक्ष की शह पर डेढ़ लाख कश्मीरी पंडितों को भगाया गया जो कि उस समय कांग्रेस या उसकी समर्थन वाली सरकार थी.’

    अलफ़ोंस ने कहा कि ‘कांग्रेस और उसकी सहयोगियों ने ऐसी स्थिति पैदा की जिसमें पंडित जी नहीं सकते थे, उनकी हत्याएं हुईं, उनकी ज़िंदगियों पर वास्तविक ख़तरा था इसलिए वो निकल आए. अनुच्छेद 370 हटने के बाद नाटकीय रूप से चीज़ें बेहतर हुई हैं.’

    केरल कांग्रेस ने क्या कहा था

    केरल की कांग्रेस इकाई के ट्विटर हैंडल से कश्मीरी पंडितों के विस्थापन के मुद्दे पर सोमवार को कई ट्वीट किए गए.

    एक ट्वीट में लिखा था, “कश्मीरी पंडितों के मुद्दे पर तथ्य: सामूहिक रूप से पंडितों ने गवर्नर जगमोहन के निर्देश पर घाटी को छोड़ा जो कि आरएसएस के आदमी थे. बीजेपी समर्थित वीपी सिंह सरकार के तहत पलायन शुरू हुआ था.”

    “आतंकी हमलों के बाद पंडितों को सुरक्षा देने की जगह बीजेपी के अपने गवर्नर जगमोहन ने उन्हें जम्मू पुनर्स्थापित करने को कहा. पंडितों के परिवार की एक बड़ी संख्या सुरक्षित महसूस नहीं कर रही थी तो उसने डर में घाटी छोड़ दी.”

    एक दूसरे ट्वीट में कांग्रेस केरल ने लिखा, “विस्थापन के दौरान अयोध्या के राम मंदिर के मु्द्दे पर बीजेपी देश में हिंदू-मुसलमानों के बीच विभाजन पैदा कर रही थी. पंडितों के मुद्दे पर बीजेपी चुनावी लाभ के लिए एक नकली आक्रोश पैदा करती है.”

    इसके बाद आज ट्वीट करके केरल कांग्रेस ने कहा है कि कल के ट्वीट के सभी तथ्यों पर वो आज भी डटी हुई है ‘बीजेपी की हेट फ़ैक्ट्री’ ग़लत संदर्भों के साथ ट्वीट को सांप्रदायिक प्रोपेगैंडा के लिए इस्तेमाल कर रही है.

    अगले ट्वीट में केरल की कांग्रेस इकाई ने लिखा, “बीजेपी के लिए कश्मीर हिंदू-मुस्लिम समस्या है. कांग्रेस के लिए यह अलगाववादियों और भारत के साथ खड़े लोगों के बीच एक लंबी लड़ाई है. इसलिए उन सभी कश्मीरियों का सम्मान करें जिन्होंने इस जंग में बलिदान दिया. कांग्रेस शांति लाई और पीड़ितों को पुनर्स्थापित किया. बीजेपी ने राजनीति के लिए इसे बर्बाद किया.”

  12. ऑस्ट्रेलिया ने रूस के 33 अरबपति कारोबारियों पर लगाए प्रतिबंध

    ऑस्ट्रेलिया ने रूस के 33 अरबपति कारोबारियों और उनके परिवार पर नए प्रतिबंध लगाए हैं. इनमें मशहूर कारोबारी रोमन एब्रामोविच भी शामिल हैं.

    एब्रमोविच अरबपतियों की सूची में आते हैं और वो चेलसी फुटबॉल क्लब के मालिक हैं.

    उनके अलावा कोरोबारी एलेक्से मिलर, दिमित्री लेबेदेव, सर्गेई चेमेज़ोव, निकोलाय टोकारेव, इगोर शुवालोव और किरील दिमित्रिव पर प्रतिबंध लगाया गया है.

    ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि आज लगाए गए प्रतिबंध देश की "उस प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं जिसमें विशाल व्यक्तिगत संपत्ति रखने वालों और रूस के लिए आर्थिक और रणनीतिक महत्व रखने वालों को प्रतिबंधित किया जाएगा."

    ऑस्ट्रेलिया ने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलियाई सरकार यूक्रेन की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और यूक्रेन के लोगों के लिए अपने दृढ़ समर्थन को दोहराती है.’’

    ऑस्ट्रेलिया से पहले अमेरिका और ब्रिटेन भी रूस के कारोबारियों पर प्रतिबंध लगा चुके हैं.

  13. कनाडा में पांच भारतीय छात्रों की मौत, विदेश मंत्री ने जताया शोक

    कनाडा के ओन्टारियो प्रांत में पांच भारतीय छात्रों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है. कनाडा पुलिस ने इसकी जानकारी दी है.

    स्थानीय मीडिया के मुताबिक ओन्टारियो में क्विंटे वेस्ट सिटी में हाईवे 401 पर शनिवार को एक वैन और ट्रैक्टर के बीच टक्कर हो गई.

    रिपोर्ट के मुताबिक इस दुर्घटना में हरप्रीत सिंह, जसपिंदर सिंह, मोहित चौहान और पवन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.

    मृतकों की उम्र 21 और 24 साल के बीच बताई जा रही है. पुलिस ने बताया कि पांचों छात्र ग्रेटर टोरंटो और मॉन्ट्रियल इलाक़ों में रहते थे.

    कनाडा में भारत के राजदूत अजय बिसारिया ने इस घटना को बेहद दिल दुखाने वाला बताया है. उन्होंने कहा, ‘‘कनाडा में दिल दुखाने वाली घटना: टोरंटो के पास शनिवार को एक ऑटो दुर्घटना में पांच भारतीय छात्रों की मौत हो गई. टोरंटो में भारतीय टीम पीड़ितों की मदद के लिए उनके दोस्तों के संपर्क में है.’’

    वहीं, इस मामले पर भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी शोक जताया है.

    उन्होंने सोमवार को ट्वीट किया, ‘‘कनाडा में पांच छात्रों की मौत पर गहरा दुख है. घायलों के स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना. टोरंटो में भारतीय टीम सभी सहयोग और मदद देती रहेगी.’’

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, दिल्ली दंगा मामले में उमर ख़ालिद की ज़मानत पर अब फ़ैसला 21 मार्च को

    उत्तर-पूर्वी दिल्ली में फ़रवरी 2020 में हुए सांप्रदायिक दंगा मामले में सोमवार को कोर्ट ने जेएनयू के पूर्व छात्र उमर ख़ालिद की ज़मानत याचिका पर सुनवाई को 21 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया.

    दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट सोमवार को उमर ख़ालिद की ज़मानत पर फ़ैसला दे सकती थी लेकिन वो अब इस पर अपना फ़ैसला 21 मार्च को देगी.

    3 मार्च को कड़कड़डूमा कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एएसजे) अमिताभ रावत ने अपना फ़ैसला सुरक्षित रख लिया था.

    कड़कड़डूमा कोर्ट में बहस के दौरान उमर ख़ालिद की तरफ़ से कोर्ट में कहा गया था कि अभियोजन पक्ष के पास उनके ख़िलाफ़ अपना केस साबित करने के लिए सबूतों की कमी है.

    दिल्ली दंगों के मामले में आपराधिक साज़िश रचने का उमर ख़ालिद पर आरोप है.

  15. रूस को सैन्य मदद देने के सवाल पर चीन ने दिया जवाब

    चीन से रूस को सैन्य मदद मिलने की रिपोर्ट्स पर अमेरिका में चीनी दूतावास के एक प्रवक्ता ने कहा कि चीन का मकसद यूक्रेन में युद्ध को ‘बेकाबू होने से रोकना है.’

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने प्रवक्ता लियू पेंग्यू के वाले से लिखा है कि ‘यूक्रेन की स्थिति वाकई चिंताजनक है.’

    उन्होंने कहा, ‘‘अभी सबसे बड़ी प्राथमिकता तनावपूर्ण स्थिति को और बिगड़ने से रोकना या अनियंत्रित होने से रोकना है.’’

    इससे पहले कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि अमेरिकी अधिकारियों ने बताया है कि रूस चीन से सैन्य और आर्थिक मदद मांग रहा है.

    इन रिपोर्ट्स के बारे में पूछे जाने पर प्रवक्ता ने कहा कि ‘‘उन्होंने कभी इस बारे में नहीं सुना.’’

    अमेरिका ने चीन को चेतावनी दी है कि अगर उसने प्रतिबंधों से बचने में रूस की मदद की तो उसे परिणाम भुगतने होंगे.

    चीन ने अब तक रूस-यूक्रेन युद्ध में निष्पक्ष दिखने की कोशिश की है और रूस के हमले की निंदा करने से इनकार किया है.

  16. यूक्रेन-रूस युद्ध: अब तक क्या-क्या हुआ

    रूस-यूक्रेन युद्ध का आज 19वां दिन है. जंग सिर्फ़ हथियारों की ही नहीं है बल्कि देशों के बीच ज़ुबानी जंग और चेतावनियों का दौर भी जारी है. पढ़ें, अब तक क्या-क्या हुआ?

    कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस ने चीन से सैन्य और आर्थिक मदद मांगी है. लेकिन, अमेरिका ने प्रतिबंधों से बचने में रूस की मदद करने को लेकर चीन को चेतावनी दी है.

    ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूस ने ब्लैक सी के तट को नियंत्रित करके यूक्रेन को अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार से अलग-थलग कर दिया है.

    एक टीवी संबोधन में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने नेटो से यूक्रेन को नो फ़्लाई ज़ोन घोषित करने की एक बार फिर अपील की है. उन्होंने कहा कि अगर वो ऐसा नहीं करते तो कभी नेटो क्षेत्र में भी रूस के बम गिर सकते हैं.

    रूस और यूक्रेन ने कहा है कि दोनों के बीच सोमवार से बातचीत फिर से शुरू हो जाएगी. ये बातचीत वीडियो पर होगी.

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से फ़ोन पर बात की. दोनों नेताओं ने यूक्रेन को लेकर और हमले के लिए रूस को ज़िम्मेदार ठहराने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.

    अमेरिका के एक पत्रकार ब्रेंट रिनोड की कीएव के बाहर इरपिन में गोली लगने से मौत हो गई. यूक्रेन युद्ध को कवर कर रहे किसी विदेशी पत्रकार की मौत का यह पहला मामला है.

    यूक्रेन की मानवाधिकार ओम्बुड्सवुमन लियूडमिला डेनिसोवा ने रविवार को रूस पर यूक्रेन के पूर्वी लुहान्सक क्षेत्र में प्रतिबंधित फॉस्फोरस का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. लेकिन उन्होंने ये नहीं बताया कि यूक्रेन के पास इस बात के ठोस सबूत हैं या नहीं.

    रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक रूसी सैन्य टुकड़ियों ने कई शहरों और गाँवों पर कब्ज़ा कर लिया है. इन इलाक़ों में फंसे लोग मदद की गुहार लगा रहे हैं.

    बीबीसी यूक्रेनी सेवा को कई लोगों ने बताया कि उन्हें देश के पश्चिम में बसे लवीव शहर में भीषण धमाकों की आवाज़ें सुनाई दी हैं.

    यूक्रेनी सेना के अधिकारियों ने आरोप लगाया कि रूस ने लवीव में सैन्य ट्रेनिंग ग्राउंड पर हमला किया है. वहीं, यूक्रेन के पश्चिमी शहर इवानो-फ्रैंकीएस्क के मेयर ने बताया कि शहर के हवाई अड्डे पर हमला किया गया है.

    ऑनलाइन खरीद-बिक्री से जुड़ी वेबसाइट ईबे ने रूस के पते से जुड़े सभी तरह के लेन-देन ब्लॉक करने की घोषणा की है.

  17. संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से, इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगा विपक्ष

    संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार से शुरू हो रह है. कोरोना वायरस के घटते मामलों के बीच राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही सामान्य समय पर चलेगी.

    समझा जा रहा है कि विपक्ष इस सत्र में बेरोज़गारी, पीएफ़ की ब्याज़ दरों में कटौती और यूक्रेन में भारतीयों के फँसने जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने का प्रयास करेगा.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज 2022-23 के लिए जम्मू-कश्मीर का बजट सदन में पेश करेंगी.

    सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, "वित्त मंत्री आज केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के लिए 2022-23 की अवधि में खर्च और आमदनी का ब्यौरा पेश करेंगी."

    कोरोना के ख़तरे को देखते हुए सदन में सभी नियमों का पालन पहले की तरह ही किया जाएगा. सांसदों के बैठने का प्रबंध भी सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखकर किया गया है.

    संसद का बजट सत्र 29 जनवरी को शुरू हुआ था जब राष्ट्रपति ने दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित किया था.

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक फ़रवरी को बजट पेश किया था.

    बजट सत्र का पहला चरण 11 फ़रवरी को समाप्त हुआ था. बजट सत्र का दूसरा और आख़िरी चरण आठ अप्रैल को समाप्त होगा.

  18. बराक ओबामा हुए कोरोना संक्रमित, पीएम मोदी ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा कोरोना संक्रमित हो गए हैं. उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है.

    ओबामा ने ट्वीट किया, ‘‘मेरा कोविड टेस्ट पॉज़िटिव आया है. कुछ दिनों से मेरे गले में खराश थी लेकिन मैं ठीक महसूस कर रहा हूं. मिशेल और मैं वैक्सीनेशन और बूस्टर के लिए आभारी हैं और मिशेल का टेस्ट नेगेटिव आया है. अगर आपने वैक्सीन नहीं लगाई है तो लगवा लें, भले ही मामले कम क्यों ना हो रहे हों.’’

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बराक ओबामा के जल्दी स्वस्थ होने की कामना की है.

    पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘कोविड-19 से ज़ल्दी ठीक होने और आपके परिवार के अच्छे स्वास्थ्य और भलाई के लिए मेरी शुभकामनाएं.’’

  19. रूस और यूक्रेन के बीच आज नई उम्मीदों के बीच फिर होगी बातचीत

    रूस और यूक्रेन के बीच आज फिर से नई उम्मीदों के बीच वार्ता होगी.

    रूस की तरफ़ से दिमित्री पेसकोव और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रेस सचिव ने कहा कि ये वार्ता वीडियो कॉन्फ़्रेंस के ज़रिए होगी.

    यूक्रेन की ओर से वार्ताकार और राष्ट्रपति वोलोदोमीर ज़ेलेंस्की के सलाहकार मिख़ाइलो पोदोलयाक ने भी क्रेमलिन के बयान की पुष्टि की है. सोशल मीडिया पर पोदोलयाक ने कहा कि रूस रचनात्मक तौर पर दोबारा जुड़ रहा है.

    उन्होंने कहा, "रूस अब उसे लेकर दुनिया भर में जो हो रहा है उसे पहले से अधिक समझ रहा है. वो यूक्रेन की स्थिति को लेकर पहले से कहीं अधिक संवेदशनशील है, जो युद्धक्षेत्र में, और यूक्रेन के अपने हितों की रक्षा के लिए उठाए गए क़दमों से साबित हुई है."

    रविवार को ज़ेलेंस्की ने कहा था कि उनका प्रतिनिधिमंडल अपने रूसी समकक्षों के साथ रोज़ाना बात कर रहा है.

  20. यूक्रेन-रूस युद्ध: रूस को चीन से चाहिए सैन्य मदद, रिपोर्ट का दावा

    फाइनेंशियल टाइम्स और न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक रूस ने चीन से सैन्य और आर्थिक मदद की मांग की है.

    रूस चाहता है कि चीन उसे यूक्रेन में सैन्य सामान की आपूर्ति करे.

    फाइनेंशियल टाइम्स ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से लिखा है कि रूस हमले की शुरुआत से ही चीन के उपकरणों के लिए अनुरोध कर रहा था.

    हालांकि, अधिकारी ने ये नहीं बताया कि रूस किस तरह के उपकरणों की मांग कर रहा था.

    रिपोर्ट के मुताबिक इस बात के संकेत हैं कि चीन इस मामले में रूस की मदद कर सकता है.

    न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से लिखा है कि रूस उस पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों के प्रभाव को कम करने के लिए आर्थिक सहायता की मांग कर रहा है.

    यूक्रेन पर रूस के हमले में चीन ने अब तक खुद को तटस्थ दिखाने की कोशिश की है और हमले की निंदा नहीं की है.

    सोमवार को अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन शीर्ष चीनी विदेश नीति अधिकारीयांग जीएशे के साथ रोम में मुलाक़ात कर सकते हैं.

    एनबीसी से रविवार को बात करते हुए सुलिवन ने कहा कि अमेरिका ये सुनिश्चित करेगा कि रूस के आर्थिक नुक़सानों की भरपाई चीन या कोई और देश ना करे.