महाराष्ट्र: फोन टैपिंग मामले में फडणवीस को पुलिस ने किया तलब, संजय राउत बोले- कोई भी कानून से ऊपर नहीं

इमेज स्रोत, ANI
महाराष्ट्र में मुंबई पुलिस के समक्ष कथित गैरकानूनी फोन टैपिंग मामले में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बयान दर्ज कराने के खिलाफ भाजपा के प्रदर्शन को शिव सेना नेता संजय राउत ने 'नाटक' करार दिया है.
उन्होंने रविवार को कहा कि क्यों कुछ लोग और कुछ राजनीतिक दल खुद को कानून-व्यवस्था से ऊपर मानते हैं और पता नहीं क्यों इस तरह का 'नाटक' किया जा रहा है.
राउत ने एक ट्वीट में यह भी दावा किया कि महाराष्ट्र के कई मंत्रियों और प्रतिनिधियों को 'राजनीतिक प्रतिशोध' की भावना से पहले केंद्रीय एजेंसियां तलब कर चुकी हैं.
राज्य सभा सदस्य और शिव सेना के प्रमुख प्रवक्ता ने कहा कि लोकतंत्र में किसी को विशेष अधिकार नहीं मिला हुआ है और कानून के सामने सभी बराबर हैं.
शिव सेना महाराष्ट्र में एनसीपी और कांग्रेस के साथ सत्ता में है. रविवार को बीकेसी साइबर पुलिस की एक टीम फोन टैपिंग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस का बयान दर्ज कराने के लिए उनके घर पहुंची थी.
पुलिस ने इस संबंध में फडणवीस को नोटिस जारी किया था. वहीं महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को इसके खिलाफ प्रदर्शन किया और नोटिस की प्रतियां जलाईं.
भाजपा के विधायक नितेश राणे, विधान पार्षद प्रसाद लाड़ और प्रवीण दरेकर समेत कई नेता फडणवीस के दक्षिणी मुंबई स्थित आवास के बाहर जमा हुए थे.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
राउत ने मराठी में एक ट्वीट में कहा, '' क्यों कुछ लोग और राजनीतिक दल खुद को कानून से ऊपर समझते हैं? केंद्रीय एजेंसियों ने महाराष्ट्र के कई मंत्रियों और जनता के प्रतिनिधियों को राजनीतिक प्रतिशोध की वजह से तलब किया और वे लोग एजेंसियों के समक्ष पेश भी हुए..लोकतंत्र में किसी के पास भी विशेष अधिकार नहीं है. कानून के समक्ष सभी बराबर हैं. तो फिर यह नाटक क्यों हो रहा है?''

इमेज स्रोत, ANI
पत्रकारों से बातचीत में महराष्ट्र के मंत्री और शिव सेना नेता आदित्य ठाकरे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि महा विकास अघाडी ( शिव सेना, एनसीपी और कांग्रेस की गठबंधन की सरकार) सरकार केंद्र की तरह अपने विरोधियों के खिलाफ एजेंसियों का इस्तेमाल नहीं करती है.
महाराष्ट्र में सत्ता और विपक्ष द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराने की घटनाओं के बारे में पूछे जाने पर ठाकरे ने कहा, ''हम सिर्फ कानूनी प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाते हैं. मैं इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं.''
उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा हताश हो चुकी है इसलिए वह अलग-अलग मुद्दों पर प्रदर्शन कर रही है.















