You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर में बीजेपी को भारी बहुमत, पंजाब में आप की सरकार

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की तस्वीर तकरीबन साफ हो गई है. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर में बीजेपी को भारी बहुमत हासिल होता दिख रहा है. वहीं गोवा में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है.

लाइव कवरेज

रजनीश कुमार, मोहम्मद शाहिद, प्रियंका झा and अभय कुमार सिंह

  1. यूपी विधानसभा चुनावों की सुबह 8 बजे शुरू होगी मतगणना, पहले पोस्टल बैलेट की गिनती

    यूपी विधानसभा चुनावों की मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी. वाराणसी में भी मतगणना की तैयारी पूरी है.

    वाराणसी के डीएम राज शर्मा ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया है कि ‘मतगणना केंद्रों पर विभिन्न दलों के पोलिंग एजेंट पहुंच रहे हैं.पोस्टल बैलेट सुबह 8 बजे खोले जाएंगे, इसके बाद EVM के मतों की गिनती होगी.’

    “शाम तक मतगणना प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है. वाराणसी कमिश्नर क्षेत्र में धारा 144 लागू की गई है.”

  2. मणिपुर विधानसभा की 60 सीटों पर 8 बजे से शुरू होगी वोटों की गिनती, सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, इम्फ़ाल से

    मणिपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच 60 विधानसभा सीटों पर सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी.ऐसी उम्मीद की जा रही है कि पहला परिणाम दोपहर 12 बजे तक घोषित हो सकता है.

    मणिपुर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश अग्रवाल ने बताया कि वोटों की गिनती के लिए 12 मतगणना केंद्रों में कुल 41 मतगणना हॉल बनाए गए हैं.

    उन्होंने कहा कि ज़िला अधिकारियों को मतगणना के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है, जिसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और राज्य पुलिस की कम से कम तीन स्तरीय सुरक्षा शामिल है.

    12वीं मणिपुर विधानसभा के लिए 28 फरवरी और 5 मार्च को दो चरणों में मतदान हुए थे जिसमे 89.3 फीसदी रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया. इस बार यहां 2012 और 2017 के चुनावों के मुकाबले ज्यादा मतदान हुआ है.

    सत्तारूढ़ बीजेपी के नेता दावा कर रहे है कि इस बार सरकार बनाने के लिए उनकी पार्टी 40 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी. जबकि कांग्रेस का कहना है कि उनकी पार्टी राज्य में समान विचारधारा वाली पार्टियों के साथ मिलकर सरकार बनाएगी.

    2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 28 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी लेकिन 21 सीट जीतने वाली बीजेपी ने नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) और नागा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) और लोक जनशक्ति पार्टी के समर्थन से सरकार बना ली थी.

    हालांकि मणिपुर की राजनीति पर नज़र रख रहे जानकारों का कहना है कि इस बार एनपीपी और एनपीएफ अच्छा प्रदर्शन करेगी और इन क्षेत्रीय दलों की मदद के बिना कोई भी पार्टी मणिपुर में सरकार नहीं बना सकती.

    इस बीच 38 सीटों पर चुनाव लड़ रही जनता दल (यूनाइटेड) की भी काफ़ी चर्चा हो रही है. इस चर्चा का कारण है कि पार्टी ने कुछ जाने पहचाने अच्छे उम्मीदवार मैदान में उतारा है.

  3. पंजाब में चुनावी नतीजों से पहले सीएम चन्नी पहुंचे गुरुद्वारे

    पंजाब विधानसभा के चुनावी नतीजों से पहले राज्य के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी रोपड़ के गुरुद्वारा श्री कतलगढ़ साहिब पहुंचे.

    सीएम चन्नी ने सुबह-सुबह गुरुद्वारा में माथा टेका.

  4. पंजाब में आम आदमी पार्टी के सीएम उम्मीदवार के घर छनने लगी जलेबी

    पंजाब विधानसभा चुनावों की 117 सीटों के चुनावी नतीजे आज आएंगे. उससे पहले ही संगरूर में आम आदमी पार्टी के सांसद और सीएम पद के उम्मीदवार भगवंत मान के घर पर जलेबी बननी शुरू हो गई है.

  5. पांच राज्यों की 690 विधानसभा सीटों के आज आएंगे नतीजे, 8 बजे से शुरू होगी मतगणना

    फ़रवरी और मार्च महीने में देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे. सुबह 8 बजे से मतों की गठना शुरू होगी.

    आज सबकी नज़रें देश की सबसे अधिक आबादी वाले सूबे उत्तर प्रदेश पर होंगी. जहां की 403 विधानसभा सीटों पर सात चरणों में मतदान हुआ है और सभी एग्ज़िट पोल्स ने सत्तारुढ़ बीजेपी के वापस लौटने की भविष्यवाणी की है.

    वहीं 117 सीटों वाली पंजाब विधानसभा के चुनावी नतीजों को देखना भी दिलचस्प होगा जहां पर कहा जा रहा है कि आम आदमी पार्टी सबसे बड़ा दल बनकर उभर सकता है.

    उत्तराखंड की 70 सीटों के परिणाम आएंगे जहां पर कई एग्ज़िट पोल में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर दिखाई दे रही है.

    गोवा की 40 और मणिपुर की 60 विधानसभा सीटों के परिणाम भी आज आएंगे.

  6. नमस्कार!

    नमस्कार, मोहम्मद शाहिद का अभिवादन स्वीकार करें. बीबीसी हिंदी के इस लाइव में आपका स्वागत है. आज इस पन्ने पर आप पांच राज्यों में हुए चुनावों के नतीजों के बारे में ताज़ा अपडेट पढ़ेंगे.

    आप तक ये जानकारी पहुँचेगी इनराज्यों में मौजूद बीबीसी संवाददाताओं के ज़रिए.

    यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 9 मार्च के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.