तुर्की में मिलेंगे यूक्रेन और रूस के विदेश मंत्री

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और उनके यूक्रेनी समकक्ष दिमित्रो कुलेबा के बीच तुर्की में मुलाक़ात होने वाली है. रूस के विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and दीपक मंडल

  1. राजस्थान के बाद छत्तीसगढ़ में भी लागू होगी पुरानी पेंशन योजना, बजट में हुआ एलान

    भूपेश बघेल

    इमेज स्रोत, ALOK PUTUL/BBC

    छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए न्यू पेंशन स्कीम के बजाय पुरानी पेंशन योजना लागू करने का एलान किया है.

    छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने बुधवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2022-23 का बजट पेश करने के दौरान इसकी घोषणा की.

    इससे पहले एक और कांग्रेस शासित राज्य राजस्थान ने भी अपने कर्मचारियों के लिए न्यू पेंशन स्कीम के बदले पुरानी पेंशन योजना लागू करने का एलान किया था.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने 23 फरवरी को राज्य का चौथा बजट पेश करते हुए पुरानी पेंशन योजना लागू करने का एलान किया था.

    छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार के कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने के एलान के बाद बीजेपी शासित राज्यों में भी इसे लागू करने का दबाव बढ़ गया है.

  2. लोकनीति-सीएसडीएस सर्वे: यूपी में किस पार्टी को कितने वोट शेयर का अनुमान

    अखिलेश यादव और योगी आदित्यनाथ

    इमेज स्रोत, GETTY IMAGES

    लोकनीति-सीएसडीएस के उत्तर प्रदेश के लिए जारी पोस्ट पोल सर्वे में अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों को मिले वोट शेयर का अनुमान लगाया गया है.

    सर्वे के मुताबिक सबसे ज़्यादा वोट शेयर बीजेपी के हिस्से में आया है. बीजेपी को विधानसभा चुनाव में 43 प्रतिशत वोट शेयर मिलने का अनुमान है.

    सर्वे के अनुसार समाजवादी पार्टी को 35 प्रतिशत, बहुजन समाज पार्टी को 15 प्रतिशत, कांग्रेस को तीन प्रतिशत और अन्य को चार प्रतिशत वोट मिला है.

    इस अनुमान में तीन प्रतिशत का बदलाव हो सकता है. सर्वे के लिए सैंपल साइज करीब सात हज़ार लिया गया था.

    इससे पहले उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड समेत पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों को लेकर अलग-अलग एजेंसियों ने एक्ज़िट पोल किए हैं.

    इन एक्ज़िट पोल के मुताबिक उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के दोबारा पूर्ण बहुमत हासिल करने का अनुमान जाहिर किया गया है.

    वहीं, पंजाब में आम आदमी पार्टी बहुमत का आंकड़ा पार कर सकती है. उत्तराखंड में कांटे का मुक़ाबला बताया जा रहा है. गोवा में भी कड़ी टक्कर का अनुमान हैं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  3. यूक्रेन में फंसी पाकिस्तानी छात्रा ने पीएम मोदी का क्यों किया धन्यवाद

    पाकिस्तानी छात्रा आसमा शफ़ीक़

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तानी छात्रा आसमा शफ़ीक़

    भारत सरकार यूक्रेन में फंसे भारतीयों को लगातार देश वापस ला रही है. इस बीच एक पाकिस्तानी छात्रा की भी भारतीय अधिकारियों ने यूक्रेन से निकलने में मदद की है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक पाकिस्तान की आसमा शफ़ीक़ अब पश्चिमी यूक्रेन की तरफ़ जा रही हैं ताकि उन्हें यूक्रेन से बाहर निकाला जा सके.

    आसमा शफ़ीक़ ने इसके लिए भारतीय अधिकारियों को धन्यवाद किया है.

    एक वीडियो संदेश के ज़रिए उन्होंने कहा, ‘‘मैं यहां हर कदम पर मदद करने के लिए कीएव में भारतीय दूतावास को धन्यवाद करना चाहती हूं. हम यहां बहुत बुरी स्थिति में फंसे थे. मैं सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी धन्यवाद कहना चाहती हूं. भारतीय दूतावास की वजह से उम्मीद है कि हम सुरक्षित घर पहुंच जाएं.’’

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    यह पहली बार नहीं है जब भारत ने विदेशी नागरिकों को यूक्रेन से बाहर निकाला है. भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक भारत ने एक बांग्लादेशी नागरिक की यूक्रेन से सुरक्षित वापसी कराई थी. उन्होंने बताया कि एक नेपाली नागरिक भी ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन से आएंगे.

    रोशन झा पहले नेपाली नागरिक हैं जिन्हें यूक्रेन से सुरक्षित लाया गया है. काठमांडू पोस्ट के मुताबिक उन्होंने भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है.

    बाद में काठमांडू में भारतीय दूतावास ने बताया कि सात और नेपाली नागरिकों को भारत सरकार पोलैंड से लेकर आई है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि यूक्रेन के सूमी से सभी भारतीय छात्र निकाले जा चुके हैं.

    ऑपरेशन गंगा के तहत लगभग 18 हज़ार भारतीय छात्र देश वापस लाए जा चुके हैं.

  4. मतगणना से पहले यूपी के उप मुख्यमंत्री ने कहा लौट रही है भाजपा, बताई ये वजह

    दिनेश शर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा है कि भाजपा राज्य में पूरे बहुमत के साथ सत्ता में वापसी कर रही है.

    यूपी और चार अन्य राज्यों में हुई वोटिंग के बाद कल मतों की गिनती होगी.

    एग्ज़िट पोल में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के दोबारा पूर्ण बहुमत हासिल करने का अनुमान जाहिर किया गया है.

    वहीं, पंजाब में आम आदमी पार्टी बहुमत का आंकड़ा पार कर सकती है. उत्तराखंड में कांटे का मुक़ाबला बताया जा रहा है. गोवा में भी कड़ी टक्कर का अनुमान है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    दिनेश शर्मा ने अपने ट्वीट में लिखा, "यूपी में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ वापस आ रही है, यह सब डबल इंजन की सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन से ही संभव हो पाया है, यूपी में विकास का जो दौर शुरु हुआ है वह अब रुकने वाला नहीं है, इस बार यूपी की जनता चुनाव लड़ रही थी. लोगों के घर-घर तक सरकारी योजनाएं पहुंची हैं."

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, सूमी में आज भी खुला रहेगा मानवीय कॉरिडोर, लविव ले जाए जा रहे हैं वहां निकले भारतीय छात्र

    सूमी

    इमेज स्रोत, Getty Images/Ukrainian Presidency

    यूक्रेन के पूर्वोत्तरी शहर सूमी के गवर्नर ने कहा है कि मंगलवार को शहर में फंसे लोगों के लिए खोला गया मानवीय कॉरिडोर आज भी खुला रहेगा.

    रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद इस शहर पर रूस लगातार हमले कर रहा है. मंगलवार को इस कॉरिडोर के ज़रिए क़रीब 5000 लोगों ने शहर छोड़ा था.

    इस शहर में कई दिनों से रूसी बमबारी हो रही है.

    इनमें 694 भारतीय छात्र भी थे जो सूमी में पढ़ाई कर रहे थे. ये भारतीय बच्चे अब लविव शहर की ओर ले जाए जा रहे हैं.

    इन्हीं में से एक आशिक सरकार ने बीबीसी संवाददाता अभिनव गोयल को बताया, "हम सब अभी ट्रेन में हैं, हम सब बस से पहले पोल्तोवा आए थे, फिर उतर कर ट्रेन में चढ़ गए. ट्रेन लविव जा रही है. लविव से फिर हम पोलैंड बार्डर की तरफ जाएंगे."

    सूमी

    इमेज स्रोत, Getty Images/Ukrainian Presidency

    यूक्रेन के स्थानीय अधिकारियों ने बताया है कि अकेले सोमवार को शहर में तीन बच्चों समेत 22 लोग मारे गए थे. सूमी से मंगलवार को हज़ारों शरणार्थियों को बसों में भरकर पोल्तोवा ले जाया गया था.

    इन्हीं लोगों में भारतीय छात्र भी शामिल थे. इनमें से कुछ लोग करीब एक हज़ार निजी वाहनों में भी शहर से निकले थे.

    रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद ये पहली बार है जब इतने सारे लोग किसी शहर से निकल कर सुरक्षित स्थान तक पहुँचे हैं.

    सूमी

    इमेज स्रोत, Ukrainian Presidency

    चर्नीहीव शहर में की गई ऐसी ही कोशिश विफल रही थी क्योंकि रूस ने वादे से उलट शहर पर बमबारी जारी रखी थी.

    संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि 24 फ़रवरी को यूक्रेन पर हुए रूसी हमले के बाद, क़रीब 20 लाख लोगों को अपना घरबार छोड़ना पड़ा है.

  6. यूक्रेन पर UN में भारत के रवैये पर बोला फ़्रांस, क्या कहा?

    भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लीनेन

    इमेज स्रोत, PRAKASH SINGH/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लीनेन

    भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लीनेन ने कहा कि फ्रांस चाहता है कि भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रूस पर और दबाव बनाने में भूमिका निभाए.

    यूक्रेन में मानवीय स्थिति और नागरिकों की रक्षा को लेकर फ्रांस के मसौदा प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र परिषद में चर्चा होनी वाली है.

    इमैनुएल लीनेन ने मंगलवार को कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि भारत इसमें हिस्सा ले और उसके शब्द और वोट आपस में मेल खाएं.’’

    उन्होंने कहा कि फ्रांस भारत की स्वायतत्ता का सम्मान करता है लेकिन रूस ने यूक्रेन पर बिना उकसावे के हमला किया है और इसलिए फ्रांस भारत से यूएनएससी की बैठक के अगले चरणों में ज़्यादा दबाव बनाने की उम्मीद करता है.

    उन्होंने कहा कि परिषद में एक मजबूत आवाज़ होने के नाते ये बेहद महत्वपूर्ण है कि भारत के शब्द और उसका वोट मेल खाएं.

    भारत ने अब तक संयुक्त राष्ट्र के विभिन्न निकायों में छह बार हुई यूक्रेन से जुड़ी वोटिंग में ग़ैर-हाज़िर रहा है.

    भारत ने यूएन चार्टर, अंतरराष्ट्रीय क़ानून, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने की बात कही है लेकिन रूस के ‘विशेष सैन्य अभियान’ की निंदा करने से बचा है.

  7. अमेरिका में तेल की बढ़ती क़ीमतों के लिए कौन ज़िम्मेदार?

    अमेरिका में तेल कीमतें

    इमेज स्रोत, Getty Images

    रूस-यूक्रेन युद्ध तेज़ होने के साथ-साथ अमेरिका में तेल के दाम बढ़ते जा रहे हैं. पिछले हफ़्ते पेट्रोल की क़ीमतों में 11 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है.

    यूक्रेन संकट से पहले भी कोरोना महामारी के कारण अमेरिका में तेल की क़ीमतें बढ़ रही थीं. लेकिन, अब ये मार और बढ़ गई है.

    ऐसे में अमेरिकी रेडियो और टीवी चैनल पर रिपब्लिकन पार्टी के नेता ऊर्जा नीतियों को लेकर राष्ट्रपति बाइडन को घेरने के लिए तैयार हैं.

    अमेरिकी तेल उत्पादन में रुकावट के लिए वो प्रशासन को ज़िम्मेदार ठहरा रहे हैं. उनका कहना है कि और पट्टे जारी ना करने और ड्रिल की अनुमति ना देने के कारण उत्पादन रुक गया है.

    राष्ट्रपति बाइडन

    इमेज स्रोत, GETTY IMAGES/UNIVERSAL HISTORY ARCHIVE

    लेकिन, मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जो बाइडन ने ज़ोर देकर कहा कि ज़मीन और पानी पर ड्रिल के कई पट्टे इस्तेमाल नहीं हो रहे हैं. क़ीमतें बढ़ने के बावजूद कंपनियों ने तेल के लिए नई खुदाई कम कर दी है.

    इसके अलावा जो बाइडन ने अपने कार्यकाल के पहले ही दिन कीस्टोन एक्सएल पाइपलाइन के निर्माण के एक विवादित फ़ैसले को ख़ारिज कर दिया था.

    वहीं, ये अभी साफ़ नहीं है कि कनाडा और अमेरिका के बीच पाइपलाइन कैसे उत्पादन बढ़ाएगी.

    इसके बारे में पूछे जाने पर व्हाइट हाउस सेक्रेटरी जेन साकी ने कहा था, ‘‘कीस्टोन तेल क्षेत्र नहीं है. ये एक पाइपलाइन है. तेल दूसरे तरीक़ों से देश में पहुँचता रहेगा.’’

    अब ये उम्मीद भी धूमिल होती जा रही है कि अमेरिका के प्राकृतिक गैस उत्पादक यूरोप की ऊर्जा समस्याओं को हल करने में मदद कर सकते हैं.

    गैस के निर्यात के लिए उसे तरल प्राकृतिक गैस में बदलने की ज़रूरत होती है. लेकिन, इसकी मात्रा में बढ़ोतरी के लिए पर्याप्त एक्सपोर्ट टर्मिनल्स नहीं हैं.

    इसके बावजूद भी रिपब्लिकन पार्टी के नेता बढ़ते हुए तेल दामों के लिए राष्ट्रपति बाइडन को ज़िम्मेदार ठहराने के लिए तैयार हैं.

  8. यूक्रेन पर रूस के हमले का 14वां दिन, ताज़ा हालात

    यूक्रेन

    इमेज स्रोत, Anadolu Agency via Getty Images

    यूक्रेन और रूस के बीच 14वें दिन भी युद्ध जारी है. यूक्रेन की राजधानी कीएव पर रूस का नियंत्रण नहीं हो पाया है. रूस और यूक्रेन की सेना के बीच लड़ाई जारी है. वहीं, अमेरिका ने रूस से तेल और गैस आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है. रूस-यूक्रेन युद्ध में अब तक क्या-क्या हुआ.

    - अमेरिका ने रूस से तेल और गैस के आयात पर तुरंत प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है. वहीं, ब्रिटेन ने साल 2022 तक चरणबद्ध तरीक़े से प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई है.

    - इसके जवाब में रूस ने भी पश्चिमी देशों के कुछ उत्पादों के आयात पर रोक लगा दी है. रूस ने यूरोप को गैस आपूर्ति रोकने की भी चेतावनी दी है. यूरोप रूस से मिलने वाली गैस आपूर्ति पर बहुत ज़्यादा निर्भर है.

    - पोलैंड ने कहा कि वो जर्मनी में अमेरिकी एयरबेस पर अपने लड़ाकू विमान भेजने के लिए तैयार है. लेकिन, अमेरिका ने कहा कि इस प्रस्ताव को लेकर उनसे संपर्क नहीं किया गया था और ये मुनासिब ना होने के कारण इसे ख़ारिज कर दिया गया है.

    - कई बड़ी कंपनियां अमेरिका में अपना कारोबार बंद कर चुकी हैं. अब मैकडोनल्ड, स्टारबक्स, कोका-कोला और पैप्सी ने भी रूस में कारोबार बंद करने की घोषणा की है.

    - यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने ब्रिटेन की संसद को वर्चुअली संबोधित किया.

    - संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि यूक्रेन पर हमले के बाद से 20 लाख से ज़्यादा लोग देश छोड़कर जा चुके हैं.

  9. क्या भारत में भी बढ़ेगी तेल की क़ीमत पर बोले पेट्रोलियम मंत्री

    भारत के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारत के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी

    यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल के दाम बढ़ गए हैं. आशंका है कि इसका असर भारत पर भई पड़ेगा.

    भारत के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से इसके प्रभाव को लेकर पूछे जाने पर कहा कि तेल कंपनियां क़ीमतें निर्धारित करेंगी.

    उन्होंने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सरकार ये सुनिश्चित करेगी कि तेल की कोई कमी ना हो और जनता के सर्वोच्च हित में फ़ैसले हों.

    उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के तेल के दाम बढ़ने वाले ट्वीट को लेकर कहा कि एक ‘युवा नेता’ हैं जो लोगों से अपील कर रहे हैं कि पाँच विधानसभा चुनावों के नतीजे आने वाले हैं तो अपनी गाड़ियों की टंकी भर लो.

    उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन, देखें की दुनिया और रूस-यूक्रेन के बीच क्या हो रहा है... तेल कंपनियां कोई फ़ैसला लेंगी.’’ उन्होंने कहा की तेल की क़ीमतों का चुनाव से कोई संबंध नहीं है और उन कंपनियों को भी ‘जीवित रहना है.’

    हरदीप पुरी ने कहा, ‘‘मैं इस बात का आश्वासन देना चाहता हूं कि हम तेल की कमी नहीं होने देंगे. हम सुनिश्चिन करेंगे कि हमारी ऊर्जा ज़रूरतें पूरी हों.’’

  10. सऊदी अरब और यूएई ने क्या राष्ट्रपति बाइडन की अनदेखी की?

    राष्ट्रपति जो बाइडन

    इमेज स्रोत, Reuters

    अमेरिकी अख़बार वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक़ राष्ट्रपति जो बाइडन की सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के प्रमुखों से फ़ोन पर बातचीत की व्हाइट हाउस की कोशिश नाकाम हो गई.

    अमेरिका यूक्रेन के मामले पर दुनिया भर में समर्थन जुटाने और तेल की बढ़ती क़ीमतों को नियंत्रित करने के लिए अरब देशों से बातचीत की कोशिश कर रहा है.

    अमेरिका के रूस से तेल आयात पर प्रतिबंध लगाने के बाद तेल के दामों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो सकती है.

    मध्य-पूर्वी देशों और अमेरिका के अधिकारियों ने अख़बार से कहा कि सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और यूएई के शेख़ मोहम्मद बिन ज़ायेद अल-नहयान ने हाल के हफ़्तों में अमेरिका से बातचीत से इनकार किया है.

    सऊदी अधिकारियों ने अख़बार को बताया कि सऊदी यमन के गृह युद्ध में समर्थन, अपने नागरिक परमाणु कार्यक्रम में मदद और क्राउन प्रिंस के लिए अमेरिका में क़ानूनी प्रतिरक्षा चाहता है.

    साल 2018 में पत्रकार जमाल ख़ाशोज्जी की हत्या के मामले अमेरिका में क्राउन प्रिंस पर मुक़दमा चल रहा है.

    जो बाइडन ने अपने राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान कहा था कि सऊदी अरब को मानवाधिकार उल्लंघन की क़ीमत चुकानी पड़ेगी.

    वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक यूएई और सऊदी ने यमन में उनके ख़िलाफ़ ईरान समर्थित हूथी विद्रोहियों के मिसाइल हमले पर अमेरिका की नपी-तुली प्रतिक्रिया को लेकर भी चिंता जताई.

    सऊदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

  11. यूक्रेन के राष्ट्रपति का यह बयान क्या पुतिन के सामने नरम पड़ना है?

  12. यूक्रेन से बचकर पोलैंड आए भारतीय किस हाल में हैं?- ग्राउंड रिपोर्ट

  13. अमेरिका और ब्रिटेन ने रूस के ख़िलाफ़ उठाया एक और बड़ा क़दम

    राष्ट्रपति जो बाइडन

    इमेज स्रोत, GETTY IMAGES

    यूक्रेन पर रूसी हमले के विरोध में अमेरिका और ब्रिटेन ने रूस से तेल ख़रीदने पर प्रतिबंध लगा दिया है. वहीं, यूरोपीय संघ रूसी तेल पर अपनी निर्भरता कम कर रहा है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि इस क़दम से ‘रूस की अर्थव्यवस्था के बेहद अहम हिस्से’ को चोट पहुँचेगी.

    तेल और गैस निर्यात रूस की अर्थव्यवस्था के लिए राजस्व का अहम स्रोत है. लेकिन, रूस के साथ-साथ इस क़दम का प्रभाव पश्चिमी देशों पर भी पड़ने वाला है.

    बड़े ब्रैंड पहले ही रूस में अपना कामकाज़ बंद कर चुके हैं. मैकडोनल्ड और कोका-कोला ने हाल ही में रूस छोड़ दिया है.

    रूस की अर्थव्यवस्था ऊर्जा निर्यात पर बहुत ज़्यादा निर्भर करती है. वह दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल उत्पादक है. उससे पहले सऊदी अरब और अमेरिका आते हैं.

    रूस से तेल ख़रीद पर रोक से पहले रूस ने चेतावनी दी थी कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए इसके भयावह परिणाम हो सकते हैं. वह जर्मनी की मुख्य गैस पाइपलाइन को आपूर्ति रोक देगा.

    अमेरिका और ब्रिटेन के इस फ़ैसले के बाद दोनों देशों में तेल की क़ीमतें रिकॉर्ड स्तर पर बढ़ गई हैं.

    प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन

    इमेज स्रोत, REUTERS

    ब्रिटेन 2022 तक लगाएगा प्रतिबंध

    अमेरिका राष्ट्रपति जो बाइडन पर इस फ़ैसले के लिए दोनों पार्टियों की तरफ़ से दबाव था. रूस के ख़िलाफ़ और सख़्त क़दम उठाने की मांग हो रही थी.

    राष्ट्रपति बाइडन ने कहा, ‘‘हम रूस से तेल, गैस और ऊर्जा का पूरा आयात बंद कर रहे हैं.’’

    हालांकि, उन्होंने ये भी माना का इस क़दम का अमेरिका पर भी असर पड़ेगा. इसके लिए उन्होंने सहयोगियों से बात कर ली है.

    इसी तरह ब्रिटेन भी साल 2022 के अंत तक रूस से तेल आयात पर चरणबद्ध तरीक़े से प्रतिबंध लगा देगा.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने माना कि इस क़दम से रूस पर तुरंत कोई असर नहीं पड़ेगा लेकिन उस पर और दबाव ज़रूर बनेगा. जो आर्थिक प्रतिबंध लगाए गए हैं उनसे रूस की अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होगी.

    अमेरिका में तेल और परिष्कृत उत्पादों का 8 प्रतिशत आयात रूस से होता है वहीं, ब्रिटेन में तेल का करीब 6 प्रतिशत आयात रूस से होता है.

    अमेरिका और ब्रिटेन से अलग यूरोपीय संघ ने प्रतिबंध लगाने की बजाए ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत अपनाने का फ़ैसला किया है. उसका मक़सद साल 2030 तक यूरोप को रूस से मिलने वाले ऊर्जा उत्पादों पर निर्भरता कम करना है.

    वहीं, यूक्रेन और रूस के बीच अब भी संघर्ष जारी है. रूस यूक्रेन के कुछ इलाक़ों पर नियंत्रण कर चुका है लेकिन राजधानी कीएव पर कब्ज़े के लिए लड़ाई चल रही है.

  14. नमस्कार

    बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज पर आप सबका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर देश और दुनिया की ताज़ा ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. बीते 24 घंटों की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.