You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

INDvsWI: तीसरे टी20 मैच में भारत की 17 रन से जीत, सिरीज़ पर 3-0 से क़ब्ज़ा

भारत ने तीसरे और आख़िरी टी20 मैच में वेस्टइंडीज़ को रनों से हरा दिया है. इसी के साथ वनडे के बाद टी20 सिरीज़ भी टीम इंडिया ने क्लीन स्विप कर अपने नाम कर लिया है.

लाइव कवरेज

  1. पंजाब चुनाव: मोगा में सोनू सूद की गाड़ी ज़ब्त, घर में रहने के निर्देश

    पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मतदान चल रहे हैं. इस बीच अभिनेता सोनू सूद की कार ज़ब्त किए जाने की ख़बर है.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई से मोगा ज़िले के प्रवक्ता प्रभदीप सिंह का कहना है कि सोनू सूद एक पोलिंग बूथ के अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे. इस दौरान उन्हें रोका गया, उनकी गाड़ी ज़ब्त की गई और उन्हें घर भेज दिया गया.

    प्रभदीप सिंह ने कहा, ''अगर सोनू सूद घर से बाहर निकलेंगे तो उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी.

    सोनू सूद ने क्या कहा?

    इस मामले में एएनआई ने सोनू सूद से भी प्रतिक्रिया ली है. सूद का आरोप है कि उन्हें ऐसी जानकारी मिली थी कि बूथ पर पैसे बांटे जा रहे हैं और विपक्षी दल के कार्यकर्ता धमका रहे हैं.

    उन्होंने कहा, ''बहुत से लोग विशेष रूप से अकाली दल के लोग डरा रहे हैं, बहुत सारे बूथ में पैसे बांटे जा रहे हैं. जब चुनाव होते हैं तो पारदर्शी चुनाव होना चाहिए. मैंने SSP साहब को शिकायत की है.''

    सोनू सूद ने मोगा विधानसभा के दूसरे उम्मीदवारों पर वोट ख़रीदने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से तुरंत कार्रवाई की मांग भी की है.

    मोगा से चुनाव लड़ रही हैं मालविका सूद

    बता दें कि इसी साल सोनू सूद की बहन मालविका सूद कांग्रेस में शामिल हुईं हैं. पार्टी ने उन्हें मोगा से उम्मीदवार बनाया है. मालविका के कांग्रेस में शामिल होने को पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने 'गेम चेंजर' बताया था.

  2. आज़म, अतीक़ और मुख़्तार जेल में गुल्ली डंडा खेल रहे: जेपी नड्डा

    उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि सपा सरकार के समय कारसेवकों पर गोलियां चलाई गई थीं लेकिन आजकल अखिलेश जी मंदिर जाकर घंटी बजा रहे हैं.

    नड्डा ने कहा, ''अब मैं उनसे कहता हूँ कि जितनी घंटी बजानी है बजा लो, अब पछताए क्या होत है, जब चिड़िया चुग गई खेत. जिस आज़म ख़ान को अखिलेश जी साहब कहकर बुलाते हैं, ये दन-दनाता था. मुख़्तार अंसारी और अतीक़ अहमद भी उत्तर प्रदेश में दन-दनाते थे. लेकिन पिछले पाँच साल से ये आज जेल में गुल्ली डंडा खेल रहे हैं.''

    बीजेपी प्रमुख नड्डा ने कहा, ''क़ानून भी वही था, आदमी भी वही था और अपराध भी वही था. लेकिन पहले ये दन-दनाते रहे थे, आज जेल में बंद हैं. क्योंकि उस समय अखिलेश जी ने आंखों पर पट्टी बांध रखी थी, तुष्टीकरण की राजनीति चला रखी थी. लेकिन योगी जी के आने के बाद दूध का दूध पानी का पानी हुआ और अपराधी जेल में गए.''

    नड्डा ने कहा, ''सुप्रीम कोर्ट ने तीन तलाक़ को ख़त्म करने को कहा था. ये 13वीं सदी का काला क़ानून है. मुस्लिम महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा था. किसी रीढ़ की हड्डी में ताक़त नहीं थी क्योंकि वे तुष्टीकरण की राजनीति से डरते थे. मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक़ के दंश से आज़ाद कर दिए. ये जितने लोग आजकल मुस्लिम भाइयों के प्रेमी बनते हैं उन्हें मालूम हो कि पाकिस्तान, ईरान, बांग्लादेश, ईरान और इंडोनेशिया में तीन तलाक़ नहीं था. हमारे ही सेक्युलर देश में यह चल रहा था और इसे मोदी जी ने ख़त्म कर दिया.''

  3. यूपी चुनाव Live: बुंदेलखंड के हमीरपुर में कैसी है मतदान की रफ्तार और क्या हैं चुनावी मुद्दे. लोगों से बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा

  4. पंजाब चुनाव Live: आप के सीएम कैंडिडेट भगवंत मान के लिए धुरी में कैसी है चुनाव की राह? लोगों से बात कर रहे हैं बीबीसी के सरबजीत धालीवाल

  5. बुल्डोज़र वाले बयान के लिए बीजेपी विधायक के ख़िलाफ़ FIR

      • Author, सुरेखा अब्बूरी
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, तेलुगू सेवा

    हैदराबाद पुलिस ने तेलंगाना के बीजेपी विधायक टी राजा सिंह के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की है. चुनाव आयोग ने उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था.

    बीजेपी विधायक राजा सिंह ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में रहना है तो योगी-योगी कहना होगा, नहीं तो यूपी छोड़कर भागना पड़ेगा.

    राजा सिंह के विवादित बयान पर चुनाव आयोग ने राज्य के चुनाव को उनके ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज करने की आदेश दिया है. साथ ही 72 घंटे तक किसी भी जनसभा, रैली, रोड शो, इंटरव्यू में उनके हिस्सा लेने के लिए रोक लगाई है.

    इस दौरान बीजेपी विधायक सोशल मीडिया सहित किसी भी सार्वजनिक स्थान पर चुनाव से संबंधित कोई बयान नहीं दे सकते.

    अपने विवादित बयानों के लिए जाने जाने वाले हैदराबाद के गोशामहल विधानसभा से भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने वोटरों के लिए धमकी भरे लहजे का प्रयोग किया था. उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा था, यूपी में दूसरे चरण का मतदान हुआ है और कुछ इलाक़ों में बहुत ज्यादा वोटिंग हुई.

    टी राजा सिंह ने कहा था, "जो लोग बीजेपी को वोट नहीं करते, उनसे कहूंगा कि योगी जी ने हज़ारों जेसीबी और बुलडोज़र मंगवा लिए हैं. ये सभी उत्तर प्रदेश की तरफ़ निकल चुके हैं. चुनाव के बाद ऐसे इलाक़ों को चिह्नित किया जाएगा, जिन लोगों ने योगी जो सपोर्ट नहीं किया है."

    इस बीच बुधवार को दिए इस बयान को लेकर चुनाव आयोग ने टी राजा सिंह को नोटिस भी जारी किया था. चुनाव आयोग ने सिंह से कहा था कि इस मामले में वो 24 घंटे में अपना जवाब दाख़िल करें.

    शनिवार को चुनाव आयोग ने कहा कि अधिक समय देने के बावजूद सिंह अपना जवाब नहीं दाखिल कर पाए.

  6. मतदान के बाद क्या बोले अखिलेश यादव

    समाजवादी पार्टी प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मतदान के बाद कहा कि जितना ज़्यादा वोट पड़ेगा, लोकतंत्र उतना ही मज़बूत होगा. अखिलेश यादव ने कहा कि यह मतदान ख़ुशहाली, किसानों की तरक्की और रोज़गार के लिए है.

  7. पंजाब में 11 बजे तक 18% और उत्तर प्रदेश में 21.18 फ़ीसदी मतदान

    पंजाब में 11 बजे तक 18% मतदान हुए हैं जबकि उत्तर प्रदेश में 21.18 फ़ीसदी. उत्तर फ़ीसदी में आज तीसरे चरण का मतदान है. कुल 59 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है. वहीं पंजाब में सभी 117 सीटों पर मतदान हो रहा है.

  8. यूपी चुनाव Live: करहल में कैसी है मतदान की रफ्तार

    उत्तर प्रदेश के करहल में कैसी मतदान की रफ्तार और क्या हैं चुनावी मुद्दे. लोगों से बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता मयूरेश कोण्णूर.

    करहल से समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव मैदान में हैं.

  9. राजस्थान: चंबल नदी में गिरी कार, दूल्हा समेत 9 की मौत

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    कोटा ज़िले के नयापुरा के पास चंबल नदी में कार गिरने से दूल्हे समेत 9 बारातियों की मौत हो गई.

    सूचना मिलने पर मौक़े पर पहुँची पुलिस ने निगम के गोताखोरों की मदद से सभी शवों को बाहर निकाल लिया है.

    बारात सवाई माधोपुर ज़िले के चौथ का बरवाड़ा से उज्जैन जा रही थी. एक ही कार में 9 लोग सवार थे, नदी में डूबने से सभी की मौत हो गई.

    नयापुरा थानाधिकारी भूपेंद्र ने बीबीसी को बताया, "बरात सुबह तीन बजे चौथ का बरवाड़ा से उज्जैन के लिए निकली थी. नयापुरा के पास डिवाइडर तोड़ कर कार चंबल नदी में गिरी. कार में सवार दूल्हे अविनाश वाल्मीकि समेत सभी 9 बरातियों की मौत हो गई है."

    मृतकों के शवों को कोटा के एमबीएस अस्पताल की शवगृह में रखवाया गया है.

    मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कोटा सांसद व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और राज्यपाल कलराज मिश्र ने घटना पर दुख जताया है.

  10. मतदान केंद्र पर फ़ोटो और वीडियो बनाने पर कानपुर की मेयर पर FIR

    कानपुर की मेयर प्रमिला पांडे रविवार को मतदान केंद्र पर फ़ोटो क्लिक कर और वीडियो बनाकर विवादों में घिर गई हैं. प्रमिला पांडे ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की तस्वीर शेयर की थी.

    इस तस्वीर में वह मतदान करती दिख रही हैं. पांडे ने हडसन स्कूल के मतदान केंद्र पर वोट डाला था और वोट देते हुए उन्होंने अपना वीडियो भी बनाया था. यह वीडियो कई वॉट्सऐप ग्रुप पर शेयर किया गया था.

    इस मामले में कानपुर की डीएम नेहा शर्मा ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए ट्वीट कर कहा, "कानपुर में महापौर श्रीमती प्रमिला पांडे के हडसन स्कूल मतदान केंद्र में मतदान की गोपनीयता भंग करने के कारण उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में FIR कराई जा रही है."

    यह ट्वीट कानपुर नगर डीएम के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से किया गया है.

    एक और ट्वीट में कहा गया है, "भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष नवाब सिंह के मतदान केंद्र में मतदान की गोपनीयता भंग करने के कारण उनके ख़िलाफ़ अलग-अलग धाराओं में FIR कराई जा रही है."

    उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान है और तीसरे चरण का मतदान आज हो रहा है. तीसरे चरण में कुल 627 उम्मीदवार हैं जिनकी किस्मत का फ़ैसला दो करोड़ मतदाता करेंगे.

    जिन ज़िलों में आज मतदान हो रहा है, वे हैं- हाथरस, फ़िरोज़ाबाद, एटा, कासगंज, फ़रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा.

  11. यूपी में सुबह 9 बजे तक 8.15% और पंजाब में 4.80% मतदान

    निर्वाचन आयोग के अनुसार उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण के मतदान में सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच कुल 8.15 फीसदी मतदान हुआ है.

    वहीं सुबह 9 बजे तक पंजाब विधानसभा चुनाव में 4.80 फ़ीसदी मतदान दर्ज किया गया है.

  12. पंजाब के लोगों के लिए अरविंद केजरीवाल की यह अपील

    दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के लोगों के लिए एक अपील जारी की है.

    अरविंद केजरीवाल ने अपनी अपील में कहा है, ''पंजाब के भविष्य के लिए वोट डालने ज़रूर जाएं. ऐसा भविष्य, जिसमें अच्छे स्कूल हों, आपके बच्चों को अच्छा रोज़गार मिले, अच्छे सरकारी अस्पताल हों, जिनमें आपका मुफ़्त इलाज हो, नशा ख़त्म हो, सभी पंजाबी सुरक्षित महसूस करें, देश की सुरक्षा सर्वोपरि हो. ये सब होगा, जब आप वोट डालने जाएँगे.''

    कहा जा रहा है कि आम आदमी पार्टी पंजाब में अहम ताक़त के रूप में उभरी है. 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को 20 सीटों पर जीत मिली थी और मुख्य विपक्ष के रूप में उभरी थी. इस बार अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान को मुख्यमंत्री का उम्मीदवार बनाया है.

  13. राहुल गांधी बोले- वोट यूपी में पड़ेगा और बदलाव देश भर में आएगा

    लोकसभा सांसद और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि वोट उत्तर प्रदेश में पड़ेगा और बदलाव देश भर में आएगा.

    राहुल गांधी ने लोगों से शांति और प्रगति के लिए वोट देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि नई सरकार बनेगी तो नया भविष्य बनेगा.

    आज उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण के लिए 59 सीटों पर मतदान हो रहा है. कांग्रेस को 2017 में इन 59 में से महज़ एक सीट पर जीत मिली थी.

    2022 का चुनाव भी कांग्रेस के लिए आसान नहीं है. यूपी की कमान पूरी तरह से राहुल गांधी की बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने संभाल रखी है. लेकिन इसके बावजूद यूपी में चुनाव के दौरान ही कई कांग्रेस नेताओं ने दूसरी पार्टियों का दामन थाम लिया.

    राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में 2024 के आम चुनाव की ओर इशारा किया है. वह कह रहे हैं कि अभी अगर उत्तर प्रदेश में परिवर्तन होगा तो इसका असर 2024 के आम चुनाव पर भी पड़ेगा. हालांकि इस बार कहा जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के चुनावी मैदान में बीजेपी और समाजवादी पार्टी अहम खिलाड़ी हैं.

  14. ईवीएम में ख़राबी की शिकायत

    समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर ईवीएम में ख़राबी की शिकायत की है. समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर कहा है, ''मैनपुरी की करहल विधानसभा 110 के बूथ संख्या 243 पर ईवीएम ख़राब होने से मतदान बाधित है. संज्ञान ले चुनाव आयोग. सुचारु एवं निष्पक्ष मतदान करे सुनिश्चित करे.''

  15. यूपी चुनाव Live: कानपुर में मतदान और चुनावी मुद्दे

    उत्तर प्रदेश के कानपुर से ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता विनीत खऱे

    कैमरा- शाहनवाज़

  16. एक शरीर से जुड़े दो बच्चों का मतदान

    पंजाब में एक शरीर से जुड़े दो बच्चों सोना और मोना ने मनवाल के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया.

    उन्होंने कहा, “पहली बार मतदान करके बहुत अच्छा लग रहा है. नागरिकों को अपने मत का इस्तेमाल ज़रूर करना चाहिए.”

  17. राहुल गांधी की ये अपील

  18. रामगोपाल यादव बोले- चौथे चरण में ही मिल जाएगा बहुमत

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव ने सैफई में कहा कि चौथे चरण के चुनाव में ही उनकी पार्टी बहुमत हासिल कर लेगी. रामगोपाल यादव ने कहा कि बाक़ी के तीन चरणों में पार्टी जिन सीटों पर जीत दर्ज करेगी, वे अतिरिक्त होंगी.

  19. उत्तर प्रदेश और पंजाब में मतदान - तस्वीरें

    सैफई के एक मतदान केंद्र में मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई अभय राम यादव मोटरसाइकल पर मतदान करने पहुँचे.

    उत्तर प्रदेश के सैफ़ई में मतदान करने पहुंचे अतर सिंह, खुद को 100 साल का बताते हैं. वो पैदल चल कर वोट देने आए हैं.

    उत्तर प्रदेश के सैफई के अभिनव विद्यालय मतदान केंद्र पर यादव परिवार के सदस्य वोट डालेंगे. इटावा के जसवंतनगर से अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव मैदान में हैं.

    बरनाला के संधु पट्टी से एक आदर्श मतदान केंद्र में मतदाता

    कानपुर के एक मतदान केंद्र में वोटिंग करने पहुंची महिलाएं.

  20. पंजाब और यूपी में मतदान, पीएम मोदी से लेकर सीएम चन्नी तक की ये अपील

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब और उत्तर प्रदेश के मतदाताओं से अपील करते हुए ट्वीट किया है, ''पंजाब में विधानसभा चुनाव और यूपी में तीसरे चरण का मतदान आज शुरू हो चुका है. सभी लोग बड़ी संख्या में मतदान करें. ख़ास कर युवा और पहली बार वोट करने वाले मतदान ज़रूर करें.''

    वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण के मतदान को अपील करते हुए ट्विटर पर लिखा है, ''भयमुक्त, दंगामुक्त, अपराधमुक्त प्रदेश के लिए, राष्ट्रवाद की विजय के लिए, 'आत्मनिर्भर एवं नए उत्तर प्रदेश' के निर्माण के लिए और जन-जन के उत्थान के लिए, आप सभी मतदान अवश्य करें. पहले मतदान, फिर जलपान.''

    पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी ट्वीट कर लोगों से मतदान करने की अपील की है. चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने ट्वीट में लिखा है, ''पंजाब आज मतदान हो रहा है. आप सभी प्रगतिशील बदलाव के लिए मतदान के ज़रिए अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल करें. आप अपने दोस्तों और परिवार को भी मतदान कराने ले जाएं क्योंकि हर एक वोट अहम है.''