यूक्रेन में युद्ध की आशंकाओं के बीच कैसे रह रहे हैं आम लोग?

इमेज स्रोत, NATALYA SAD
यूक्रेन और रूस के बीच पिछले कई हफ़्तों से तनाव अपने चरम पर है. अमेरिका से लेकर ब्रिटेन और तमाम दूसरे पश्चिमी देशों का मानना है कि रूस यूक्रेन पर हमले की योजना बना रहा है.
इस दिशा में सैनिकों की तैनाती बढ़ने से लेकर युद्ध के पहले की जाने वाली तैयारियों की ख़बरें आ रही हैं.
हालांकि, रूस लगातार इन ख़बरों का खंडन करते हुए ये कह रहा है कि वह यूक्रेन पर किसी तरह के हमले की योजना नहीं बना रहा है.
लेकिन सवाल ये उठता है कि तनाव से लेकर युद्ध की ख़बरों के बीच आम यूक्रेनवासियों की ज़िंदगी पर क्या असर पड़ रहा है.
बीबीसी यूक्रेन सेवा ने ऐसे मौके पर कुछ यूक्रेनवासियों से बात करके उनके मन की बात समझने की कोशिश की है.

इमेज स्रोत, YANA GRYNIV
डांस करके तनाव कम करने की कोशिश
36 वर्षीय वलिंटीना कोवाक एक पेशेवर कोरियोग्राफ़र हैं जोकि यूक्रेन की राजधानी कीव में वलिनडांस नाम से एक डांस स्टूडियो चलाती हैं.
सामान्य दिनों में सर्दियां कम होने पर उनके स्टूडियों में डांस सीखने वालों की संख्या अच्छी – ख़ासी रहा करती थी.
लेकिन रूस के साथ युद्ध की आशंकाओं के बीच लोग डांस करके अपने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर करने की जगह पैसे बचाने को तरजीह देते दिख रहे हैं.
डांस स्टूडियों में आने वाले नए ग्राहकों की संख्या पहले से कम हो गयी है. वहीं, कुछ लोगों ने अपने नियमित सब्सक्रिप्शन पैकेज़ को रोक दिया है.
क्योंकि इस समय तनाव जिस स्तर पर है, उसमें आने वाले कुछ हफ़्तों से आगे की योजना बनाना असंभव सा लगता है.
हालांकि, अगर हालात बद से बदतर होते हैं तो वलिंटीना के पास एक विकल्प है. अगर यूक्रेन की राजधानी पर हमला होता है तो वह रूस से हज़ारों किलोमीटर दूर अपने माँ – बाप के घर जाकर रह सकती हैं.
लेकिन फिलहाल वह मौजूदा हालातों में सकारात्मक रहने की कोशिश कर रही हैं.

इमेज स्रोत, RUSLAN BELIAIEV
बदलते हालातों में ढलने की कोशिश
वलिंटीना की तरह एक अन्य यूक्रेनवासी 45 वर्षीय रसलान बदलती परिस्थितियों में खुद को ढालने की कोशिश कर रहे हैं.
कीव में ड्रोन की मदद से हवा में विज्ञापन सेवाएं देने वाले रसलान आने वाले दिनों को देखते हुए अपने व्यापार को ख़ुफिया जानकारी जुटाने की दिशा में मोड़ने पर विचार कर रहे हैं.
रसलान के साथ काम करने वाले दो लोग इससे पहले पूर्वी यूरोप में हुए संघर्ष में हिस्सा ले चुके हैं. और रसलान इन लोगों के साथ ही अपने ड्रोन में कैमरे लगाकर उनसे ख़ुफिया जानकारी जुटाने के लिए तैयार कर रहे हैं.
इसके लिए वह सरकार के साथ काम करने की दिशा में बढ़ रहे हैं.
हालांकि, उन्होंने अपने सात और 11 साल के बच्चे और पत्नी को कीव से बाहर भेज दिया है.
वह कहते हैं, “मुझे लगता है कि फिलहाल कीव में रहना असुरक्षित है क्योंकि यह रूसी मिसाइलों की जद में आ सकता है. इसी वजह से मैं अपनी पत्नी और बच्चों को रिश्तेदारों के साथ रहने के लिए विदेश भेज रहा हूं.”

इमेज स्रोत, NATALYA SAD
संयम बरतने की कोशिश
अंतरराष्ट्रीय संबंध विषय में पढ़ाई करने वाली 35 वर्षीय नटालिया साद इन हालातों में घबराने की जगह संयम बरतने की कोशिश कर रही हैं.
राष्ट्रीय हथियार निर्माता संस्थान के साथ एक कम्युनिकेशन ऑफिसर के रूप में काम करने वालीं नटालिया मानती हैं कि पिछले दिनों तनाव बढ़ने के बाद से वह रक्षा क्षेत्र से जुड़े अपने काम पर और ज़्यादा ध्यान केंद्रित करना चाहती हैं.
वह कहती हैं, “मैं एक मशीन गन नहीं उठा सकती. मुझे नहीं लगता कि मैं इससे ज़्यादा फायदा पहुंचा पाऊंगी.”
लेकिन वह मानती हैं कि उनकी पढ़ाई और अनुभव उन्हें एक अच्छा रक्षा रणनीतिकार बनने में मदद करेगा. इसके लिए वह आगे की पढ़ाई करने के लिए भी तैयारी कर रही हैं.
लेकिन अन्य यूक्रेनवासियों की तरह वह भी इन हालातों में घबराहट से बचे रहने पर जोर देती हैं.
वह कहती हैं, “इस ख़तरे के साथ जीते हुए, मुझे ये अहसास हुआ कि ये काफ़ी अहम है कि हम अपनी ज़िंदगी में एक – एक दिन काटते हुए आगे बढ़ते रहें.”

















