विधानसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी के बड़े नेता लगातार रैलियों को संबोधित कर रहे हैं. ऐसी ही एक रैली को प्रधानमंत्री मोदी ने कन्नौज में संबोधित किया.
इस दौरान मोदी विपक्ष पर जमकर निशाना साधते नज़र आए. परिवारवाद के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस समेत विपक्ष को घेरा.
वहीं उत्तराखंड के कोटद्वार में एक रैली को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ सीधा राहुल गांधी और कांग्रेस पर ''हिंदुत्व'' को लेकर निशाना साधते दिखे.
कन्नौज की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि घोर परिवारवादी पार्टियों ने लोकतंत्र की भावना को बदल दिया है.
उन्होंने कहा, ''लोकतंत्र की व्याख्या करते हुए पूरी दुनिया में कहा जाता है कि जनता का, जनता के लिए और जनता द्वारा शासन. हमारे देश की घोर परिवारवादी पार्टियों ने लोकतंत्र की भावना को ही बदल दिया है. उनका मंत्र है परिवार का, परिवार के लिए और परिवार द्वारा शासन.''
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद ''परिवारवादी'' पार्टियों की नींद उड़ गई है.
उन्होंने कहा, ''पहले चरण के मतदान से एक बात साबित है कि परिवारवादियों को सपने दिखना बंद हो गए हैं. उनकी नींद उड़ गई है. वह लोग जातिवाद, संप्रदायवाद फैलाकर वोटों को बांटना चाह रहे थे लेकिन उत्तर प्रदेश के लोग माफियावादियों, दंगावादियों के ख़िलाफ़ एक जुट होकर वोट कर रहे हैं.''
प्रधानमंत्री मोदी ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी पर कन्नौज के इत्र कारोबार को बदनाम करने का आरोप लगाया. साथ ही कहा कि बीजेपी कन्नौज के इत्र को ग्लोबल ब्रांड बनाने में जुटी हुई है.
उन्होंने कहा, ''घोर परिवारवादियों की कुनीति का एक गवाह कन्नौज का इत्र उद्योग भी है. इन्होंने अपने भ्रष्टाचार से, अपने काले कारनामों से यहां के इत्र कारोबार को बदनाम किया. इन्होंने इत्र को करप्शन से जोड़ा.''
उत्तराखंड की पहचान के सामने संकट खड़ा करेगी कांग्रेस- योगी आदित्यनाथ
उत्तराखंड के कोटद्वार में जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी पर सवाल खड़ा किया है. योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान ये भी कहा कि राहुल गांधी के परनाना ख़ुद को ''एक्सीडेंटल हिंदू'' कहते थे.
उन्होंने कहा, ''जिसकी स्वयं की पहचान संदिग्ध है, वो व्यक्ति हिंदू की परिभाषा करने लगा है. उनको बताया जाना चाहिए कि उनके तो परनाना अपने को ''एक्सीडेंटल हिंदू'' कहते हैं. जिसके पूर्वजों को ही अपने हिंदू होने पर गर्व की अनुभूति न हो वो व्यक्ति हिंदू की परिभाषा हमें बताए ये स्वाभाविक नहीं लगता है. उत्तराखंड की पहचान के सामने ये वही संकट खड़ा करेंगे जो इन्होंने स्वयं के सामने खड़ी की है.''
योगी आदित्यनाथ का आरोप है कि जब राहुल गांधी केरल से सांसद बने तो उन्होंने यूपी को नीचा दिखाया और जब वो विदेश जाते हैं तो देश पर सवाल खड़े करते हैं.