प्रधानमंत्री मोदी ने कल लोकसभा में और आज राज्यसभा में संबोधित किया. इस दौरान वो कांग्रेस पर जमकर बरसते नज़र आए. अब राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री का पूरा भाषण कांग्रेस के ऊपर इसलिए था क्योंकि वो कांग्रेस से डरते हैं.
साथ ही राहुल गांधी का कहना है कि प्रधानमंत्री ने उनके किसी सवाल का जवाब नहीं दिया. उन्होंने कहा, ''मैंने सदन में 3 बातें कहीं थी लेकिन प्रधानमंत्री ने किसी भी बात पर जवाब नहीं दिया. मैंने पहले कोविड को लेकर भी कहा थी कि कोविड से खतरा है और किसी ने मेरी बात नहीं मानी. मैंने सदन में बोला है कि पाकिस्तान और चीन से खतरा है और इसको गंभीरता से लेना चाहिए.''
राहुल गांधी ने चीन-पाकिस्तान पर क्या कहा था?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पिछले हफ़्ते लोकसभा में कहा था कि मोदी सरकार ने चीन और पाकिस्तान को साथ लाकर सबसे बड़ा अपराध किया है.
राहुल गांधी ने कहा था, ''भारत की विदेश नीति में एक सबसे बड़ा लक्ष्य रहता था कि पाकिस्तान और चीन को क़रीब आने से रोकना है, लेकिन इस सरकार ने दोनों को साथ ला दिया है. भारत के लोगों के ख़िलाफ़ इस सरकार ने ऐसा कर सबसे बड़ा अपराध किया है.'
राहुल गांधी की इस टिप्पणी का जवाब भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने तत्काल ट्विटर पर दिया था.
मेरे परदादा को किसी के सर्टिफ़िकेट की जरूरत नहीं- राहुल गांधी
संसद को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कई बार जवाहरलाल नेहरू का ज़िक्र किया था. मोदी ने ये भी कहा कि ऐसे आरोप लगते हैं कि जवाहरलाल नेहरू का नाम नहीं लिया जाता तो वो आज पंडित नेहरू का ज़िक्र ख़ूब करेंगे.
महंगाई के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने जवाहरलाल नेहरू के भाषण का ज़िक्र किया और कहा, "महंगाई पर नेहरू जी ने लाल किले से क्या कहा वो मैं बता रहा हूं- 'कभी-कभी कोरिया में लड़ाई भी हमें प्रभावित करती है, इसके चलते वस्तुओं की कीमत बढ़ जाती है और यह हमारे नियंत्रण से भी बाहर हो रजाती हैं.' देश के सामने देश का पहला प्रधानमंत्री हाथ ऊपर कर देता है."
अब राहुल गांधी ने कहा है कि उन्हें अपने परदादा (जवाहरलाल नेहरू) के लिए किसी सर्टिफ़िकेट की जरूरत नहीं है.
राहुल गांधी ने कहा, ''मेरे परदादा ने देश की सेवा की, उन्होंने अपना पूरा जीवन इस देश को दिया. मुझे अपने परदादा के लिए किसी के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है. वह डरते हैं कांग्रेस से क्योंकि कांग्रेस सच्च बोलती है. पूरा भाषण कांग्रेस के ऊपर. कांग्रेस ने क्या किया, क्या नहीं किया.''
बता दें कि सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा में और मंगलवार को राज्यसभा में संबोधित किया था.