हेमा मालिनी ने कहा- जयंत चौधरी का हेमा मालिनी बनना मुश्किल
बीजेपी सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने कहा है कि राष्ट्रीय लोकदल के नेता जयंत चौधरी का हेमा मालिनी बनना बहुत मुश्किल है. न्यूज़ चैनल एनडीटीवी के साथ बातचीत में उन्होंने कहा- वो वो हेमा मालिनी कैसे बन सकते हैं. हेमा मालिनी बनना मुश्किल है. हेमा मालिनी ने कहा- हेमा मालिनी बनने के लिए मैंने कड़ी मेहनत की है. आपको क्या लगता है कि जयंत चौधरी हेमा मालिनी बन सकते हैं. उन्होंने सही कहा है कि वे हेमा मालिनी नहीं बन सकते.
पिछले दिनों राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा था कि वे हेमा मालिनी नहीं बनना चाहते हैं. मथुरा में एक चुनावी सभा के दौरान जयंत चौधरी ने कहा मथुरा से उम्मीदवार का ज़िक्र करते हुए कहा- योगेश अभी कह रहा था कि अमित शाह ने उससे कहा है कि आ जा तेरे को हेमा मालिनी बना दूँगा. ना जानें कैसी-कैसी बातें कर रहे हैं? कोई प्यार नहीं है, कोई लगाव नहीं है हमारे लिए. और मैं कह रहा हूँ कि मुझे क्या मिल जाएगा? मुझे तो हेमा मालिनी नहीं बनना है. जनता के लिए आप क्या करोगे? उन सातों किसानों के परिवारों के लिए आपने क्या किया? टेनी क्यों मंत्री बने बैठे हैं? सुबह उठते ही वो नफरत घोलने का काम शुरू कर देते हैं. इनके पास कोई काम नहीं है.
पिछले दिनों जाट नेताओं से अमित शाह की मुलाक़ात हुई थी. उसके बाद बीजेपी सांसद परवेश वर्मा ने कहा था कि जयंत चौधरी के लिए बीजेपी के दरवाज़े हमेशा खुले हैं. हालाँकि जयंत चौधरी ने इस पेशकश को ठुकरा दिया था. हेमा मालिनी ने इंटरव्यू के दौरान कहा कि मथुरा में मंदिर भी होगा लेकिन राज्य में विकास भी हुआ है. सुरक्षा भी दी गई है. गुंडागर्दी पर रोक लगी है. उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में क़ानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर हुई है.