You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पंजाब: कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की आख़िरी सूची, सीएम चन्नी दो सीटों से लड़ेंगे चुनाव

पंजाब चुनाव के लिए रविवार को प्रत्याशियों की जारी अंतिम सूची में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चमकौर साहिब के बाद अब भदौर सीट से भी उम्मीदवार बनाया है.

लाइव कवरेज

मोहम्मद शाहिद and प्रियंका झा

  1. पेगासस मामले में फिर घिरी केंद्र सरकार, सुप्रीम कोर्ट में एक नई याचिका दायर

    इसराइली स्पाइवेयर पेगासस के कथित इस्तेमाल को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक नई याचिका दायर की गई है. इस याचिका में अदालत से न्यूयॉर्क टाइम्स में छपी रिपोर्ट का संज्ञान लेने और साल 2017 में इसराइल के साथ हुए रक्षा सौदे की जांच का आदेश देने की मांग की गई है.

    न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत ने इसराइल के साथ साल 2017 में 2 अरब डॉलर का रक्षा सौदा किया था और पेगासस स्पाइवेयर भी इसी डील के तहत खरीदा गया था. पेगासस स्पाइवेयर के मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार को बीते साल भी घेरा था. विपक्षा का आरोप था कि सरकार ने अवैध तरीके से जासूसी की जो "देशद्रोह" के बराबर है.

    सुप्रीम कोर्ट में वकील एमएल शर्मा ने नई याचिका दायर की है. शर्मा सुप्रीम कोर्ट में पेगासस मामले की चल रही सुनवाई में भी याचिकाकर्ताओं में शामिल हैं. याचिका में कहा गया है कि इस सौदे के लिए संसद से मंज़ूरी नहीं ली गई थी, इसलिए इसे रद्द कर के पैसे वापस लिए जाएं.

    याचिकाकर्ता ने शीर्ष न्यायालय से मांग की है कि इस मामले में आपराधिक केस दर्ज करने के निर्देश दिए जाएं और साथ में विवादित पेगासस स्पाइवेयर सौदे की जांच कराई जाए. मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत और इसराइल के बीच साल 2017 में हथियार और खुफ़िया उपकरणों को लेकर हुए 2 अरब डॉलर के सौदे में पेगासस और एक मिसाइल सिस्टम सबसे अहम हिस्सा थे.

    भारत में कुछ लोगों की पेगासस स्पाइवेयर के ज़रिए जासूसी के आरोपों के बाद बीते साल 27 अक्टूबर को शीर्ष न्यायालय ने साइबर विशेषज्ञों के 3 सदस्यीय पैनल को इस मामले की जांच के लिए नियुक्त किया था. उस समय सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए यह कहा था कि केंद्र सरकार राष्ट्र सुरक्षा के नाम पर हमेशा मनमानी नहीं कर सकती.

  2. न्यूज़ीलैंड की एक गर्भवती पत्रकार को तालिबान ने दी शरण

    न्यूज़ीलैंड की एक गर्भवती पत्रकार शार्लेट बैलिस ने बताया है कि अपने देश में प्रवेश ना मिलने के बाद उन्हें अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान शासन में शरण दी गई है.

    न्यूज़ीलैंड की रहने वालीं शार्लेट बैलिस को कतर में रहते हुए पता चला था कि वो गर्भवती हैं. लेकिन, कतर में गैर शादीशुदा महिला का गर्भवती होना गैरक़ानूनी है.

    लेकिन, कोरोना महामारी में सख़्त नियमों के कारण उन्हें अपने देश न्यूजीलैंड में आने की अनुमति नहीं दी गई.

    शार्लेट बैलिस पहले अफ़ग़ानिस्तान में काम करती थीं और उनके पास अफ़ग़ान वीज़ा भी है. उन्होंने बताया कि उन्हें वरिष्ठ तालिबान संपर्कों से आश्वासन मिला है कि वो यहां बच्चे को सुरक्षित जन्म दे सकती हैं.

    शार्लेट बैलिस ने बातया कि उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार से पूछा था कि क्या वो देश में वापस सुरक्षित लौट सकती हैं. इस पर तालिबान ने कहा कि उनके वापस आने से उन्हें खुशी होगी.

    शार्लेट बैलिस ने पिछले साल तालिबान के नेताओं से महिलाओं और लड़िकयों के साथ व्यवहार को लेकर सवाल पूछा था.

    द न्यूज़ीलैंड हेराल्ड में एक कॉलम में वो लिखती हैं कि अब वो यही सवाल अपनी सरकार से पूछ रही हैं. जब तालिबान एक गर्भवती, गैर शादीशुदा महिला को सुरक्षा दे सकता है तो आप समझ सकते हैं कि आपके यहां सब ठीक नहीं है.

    न्यूज़ीलैंड के कोविड-19 रिस्पॉन्स मंत्री क्रिस हिपकिंस का कहना है कि उन्होंने अधिकारियों से ये जांचने के लिए कहा है कि शार्लेट बैलिस के मामले में प्रक्रिया का ठीक से पालन किया गया है या नहीं.

  3. कश्मीर: जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर को मारने का सेना का दावा

    जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना के मेजर जनरल प्रशांत श्रीवास्तव ने कहा, पुलवामा में शनिवार रात को चलाए गए अभियान में ज़ाहिद मंसूर वानी को मार दिया गया है.

    उन्होंने बताया, ‘‘ज़ाहिद वानी जैश-ए-मोहम्मद का कमांडर था. 2017 के बाद से हुए कई आईईडी हमलों के पीछ ज़ाहिद वानी मास्टरमाइंड था. वह नौजवानों लड़कों को संगठन में शामिल करने में भी सक्रिया रहा है.’’

    इससे पहले कश्मीर ज़ोन पुलिस ने ट्वीट किया था कि शनिवार और रविवार देर रात 12 घंटों तक चले एनकाउंटर में पांच चरमपंथियों को मार दिया गया है. इसमें चार पुलवामा और एक बडगाम में मारे गये हैं.

    आईजीपी कश्मीर विजय कुमार के हवाले से किए गए ट्वीट में लिखा है, “पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के पांच आतंकी बीते 12 घंटों के दौरान हुए दो एनकाउंटरों में मारे गए हैं.”

    ये एनकाउंटर पुलवामा के नायरा इलाक़े और बडगाम के चरार-ए-शरीफ़ में चल रहे थे.

    आईजीपी कश्मीर ने इसे जम्मू-कश्मीर पुलिस के लिए बड़ी सफलता बताया है.

  4. UP Election 2022 : Ayodhya की जनता का क्या है मूड, बीबीसी संवाददाता नितिन श्रिवास्तव कर रहे हैं वहां के कुछ नेताओं और लोगों से बातचीत. कैमराः नेहा शर्मा

  5. पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में ‘अमर जवान ज्योति’ पर क्या कहा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को साल 2022 के अपने पहले ‘मन की बात’ रेडियो कार्यक्रम के दौरान ‘अमर जवान ज्योति’ का भी ज़िक्र किया.

    इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जहां पर कर्तव्य सर्वोपरि होता है वहां पर भ्रष्टाचार घुसने की भी नहीं सोच सकता है.

    उन्होंने कहा कि ‘आज़ादी के अमृत महोत्सव में देश अपने राष्ट्रीय प्रतीकों को पुनः प्रतिष्ठित कर रहा है. हमने देखा कि इंडिया गेट पर अमर जवान ज्योति और पास में ही नेशनल वॉर मेमोरियल पर प्रज्जवलित ज्योति को एक किया गया. इस भावुक अवसर पर कितने ही देशवासियों और शहीद परिवारों की आंखों में आंसू थे.’

    “नेशनल वॉर मेमोरियल में आज़ादी के बाद से शहीद हुए देश के सभी जांबाज़ों के नाम अंकित किए गए हैं.”

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि आज़ादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत उनके पास एक करोड़ से अधिक बच्चों ने अपनी ‘मन की बात’ पोस्टकार्ड के ज़रिए लिखकर भेजी है.

  6. उत्तर कोरिया ने 2017 के बाद अपना सबसे बड़ा मिसाइल परीक्षण किया

    उत्तर कोरिया ने 2017 के बाद से अपना सबसे बड़ा मिसाइल परीक्षण किया है.

    दक्षिण कोरिया ने कहा है कि रविवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 7.52 बजे उत्तर कोरिया के पूर्वी तट से यह परीक्षण किया गया.

    जापान, दक्षिण कोरिया और अमेरिका ने इस परीक्षण की आलोचना की है. इस महीने में यह सातवां परीक्षण है.

    संयुक्त राष्ट्र ने उत्तर कोरिया को बैलिस्टिक और परमाणु हथियारों के परीक्षण से रोकने के लिए उस पर कई कड़े प्रतिबंध लगाए हुए हैं.

    हालांकि, पूर्वी एशिया का यह देश लगातार प्रतिबंधों का उल्लंघन करता रहा है. देश के शीर्ष नेता किम जॉन्ग उन का कहना है कि वो देश की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध हैं.

    दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने कहा है कि रविवार को एक इंटरमीडिएट-रेंज की बैलिस्टिक मिसाइल (IRBM) का परीक्षण किया गया जो कि नवंबर 2017 के बाद से सबसे बड़ा मिसाइल टेस्ट है.

    जापान और दक्षिण कोरिया के अधिकारियों का अनुमान है कि मिसाइल ने 2,000 किलोमीटर की दूरी तय की और 30 मिनट में यह 800 किलोमीटर की दूरी तक गई. यह जापान सागर में जाकर गिरी.

    अमेरिका ने कहा है कि उत्तर कोरिया को क्षेत्र को अस्थिर करने की किसी भी हरकत से बाज़ आना चाहिए.

  7. गोडसे हिंदुत्ववादी होता तो जिन्ना को गोली मारता: राहुल गांधी के ट्वीट पर संजय राउत

    महात्मा गांधी को ‘हिंदुत्ववादियों द्वारा गोली मारने’ के कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्वीट पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा है कि अगर नाथूराम गोडसे हिंदुत्ववादी होते तो वो मोहम्मद अली जिन्ना को गोली मारते.

    राउत ने कहा, “अगर असली हिंदुत्ववादी होता तो जिन्ना को गोली मारता, गांधी को क्यों गोली मारता. पाकिस्तान की जो मांग थी वो जिन्ना की मांग थी. आप मर्द थे तो मैं मानता हूं कि पाकिस्तान की मांग करने के बाद उनको (जिन्ना) जाकर गोली मारते, वो देशभक्ति का काम होता. गांधी जी जैसे फ़कीर को, निःशस्त्र को गोली मारना ठीक नहीं था. इसका दुख पूरे विश्व को है.”

    वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया था, “एक हिंदुत्ववादी ने गांधी जी को गोली मारी थी.सब हिंदुत्ववादियों को लगता है कि गांधी जी नहीं रहे. जहां सत्य है, वहां आज भी बापू ज़िंदा हैं.”

    रविवार को महात्मा गांधी की 74वीं पुण्यतिथि के मौक़े पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली में राजघाट पर उनकी समाधि पर भी गए.

    राहुल गांधी ने उनकी समाधि पर फूल चढ़ाते हुए तस्वीरों को ट्वीट भी किया और महात्मा गांधी के एक वक्तव्य को भी लिखा.

    वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत की 75% वयस्क आबादी को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज़ लगीं

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया है कि देश की 75% वयस्क आबादी को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज़ लगाने का लक्ष्य हासिल कर लिया है.

    स्वास्थ्य मंत्री ने ट्वीट करके बताया है, “कोरोना से लड़ाई में हम निरंतर मज़बूत हो रहें हैं. हमें सभी नियमों का पालन करते रहना है और जल्द से जल्द वैक्सीन लगवानी है.”

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वास्थ्य मंत्री के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा है कि ‘इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हमारे देशवासियों को बधाई.’

    “उन सभी पर गर्व है जो हमारे टीकाकरण अभियान को सफल बना रहे हैं.”

    भारत में अब तक लोगों को कोरोना वायरस के टीके की 1,65,70,60,692 ख़ुराक दी जा चुकी हैं.

  9. कश्मीर पर पश्चिमी देश चुप रहते हैं और चीन के वीगर पर बोलते हैं: इमरान ख़ान

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने शनिवार को कहा कि पश्चिमी देशों की भारत प्रशासित कश्मीर में कथित मानवाधिकार उल्लंघनों पर चुप्पीऔर चीन के वीगर मुसलमानों के साथ कथित दुर्व्यवहार पर बोलना उनके दोहरे मापदंडको दिखाता है.

    राजधानी इस्लामाबाद में चीनी पत्रकारों से बात करते हुए इमरान ख़ान ने यह बात कही.

    उन्होंने कहा, “वो जब वीगर की बात करते हैं तो पाकिस्तान को यह बात समझ नहीं आती है. भारत के क़ब्ज़े वाले कश्मीर को लेकर पश्चिम बात नहीं करता है और वहां पर भारत सबसे बुरे मानवाधिकार उल्लंघन कर रहा है.”

    “भारत के क़ब्ज़े वाले कश्मीर में किसी तरह की एक चयनात्मक चुप्पी बनी हुई जहां पर 90 लाख लोग बुरी परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं, जो कि एक खुली जेल है. जहां पर 8 लाख भारतीय जवान हैं. एक तरफ़ वो शिंजियांग की बात करते हैं लेकिन दूसरी ओर कश्मीर पर चुप रहते हैं.”

    प्रधानमंत्री ने कहा कि शिंजियांग में वीगर मुसलमानों के साथ व्यवहार की पश्चिम काफ़ी आलोचना करता रहा है, चीन में पाकिस्तान के राजदूत उस क्षेत्र में गए थे और उन्होंने ‘ज़मीन पर वो सच्चाई नहीं पाई.’

    इमरान ख़ान के चीन के दौरे से पहले उन्होंने चीनी मीडिया के साथ इंटरव्यू किया है. इमरान ख़ान शीतकालीन ओलंपिक के उद्घाटन सत्र केलिए चीन जा रहे हैं.

    अमेरिका ने बीजिंग में हो रहे शीतकालीन ओलंपिक का बहिष्कार किया हुआ है.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: एक दिन में 2.34 लाख से अधिक मामले, 893 मौतें

    भारत में रविवार को बीते 24 घंटों के दौरान 2.34 लाख से अधिक कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों का पता चला है जबकि इसी समय के दौरान 893 लोगों की मौत इस वायरस के कारण हुई है.

    केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने जो आंकड़े जारी किए हैं उसमें बताया गया है कि बीते 24 घंटों में इस बीमारी से 3.52 लाख से अधिक लोग ठीक भी हुए हैं.

    वहीं इस वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या 18,84,937 हो गई है और रोज़ाना का पॉज़िटिविटी रेट 14.50% है.

    देश में अब तक कोरोना वायरस की वैक्सीन की 1.65 करोड़ से अधिक ख़ुराक लोगों को दी भी जा चुकी हैं.

  11. छत्तीसगढ़ में बनेगी ‘अमर जवान ज्योति’, राहुल गांधी करेंगे शिलान्यास

    छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घोषणा की है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को राजधानी रायपुर में ‘अमर जवान ज्योति’ का शिलान्यास करेंगे.

    आधिकारिक बयान में कहा गया है कि रायपुर में छत्तीसगढ़ आर्म्ड फ़ोर्सेज़ की चौथी बटालियन के परिसर में इसका निर्माण किया जाएगा जो कि मारे गए ‘शहीदों’ की याद में जलती रहेगी.

    मुख्यमंत्री बघेल ने कहा, “कांग्रेस पार्टी का बलिदान का इतिहास रहा है और उसके कई महान नेता रहे हैं जिन्होंने देश के लिए अपना सबकुछ बलिदान कर दिया. पार्टी जानती है कि बलिदानों का सम्मान कैसे किया जाता है. हमारा इतिहास इस बात का गवाह है कि जो भी समाज अपने शहीदों का सम्मान नहीं करता है, अपने बलिदानों की यादों को सहेजकर नहीं रखता है वो बर्बाद हो जाता है.”

    “1972 में देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने नई दिल्ली में देश केशहीदों के सम्मान में अमर जवान ज्योति जलाई थी. हालांकि केंद्र सरकार ने अमर जवान ज्योति की आग को राष्ट्रीय समर स्मारक के साथ जोड़ दिया.”

    केंद्र के क़दम पर बघेल ने असहमति जताते हुए कहा कि इसने उनकी भावनाओं को आहत किया है लेकिन अब ‘शहीदों’ के सम्मान में छत्तीसगढ़ में भी अमर जवान ज्योति जलेगी.

  12. पश्चिमी यूपी में बीजेपी उम्मीदवारों का विरोध, उन पर फेंके गए पत्थर

    पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गांवों में बीजेपी उम्मीदवारों को काले झंडे दिखाने, उन पर पत्थर फेंकने और कीचड़ फेंकने के एक दर्जन से ज़्यादा मामले सामने आए हैं.

    उत्तर प्रदेश के इस इलाक़े में 10 और 14 फरवरी को मतदान होना है. इसके लिए सभी पार्टियां चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं.

    अंग्रेज़ी अख़बार द इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक ख़बर के मुताबिक एक मामले में 24 जनवरी को चुर गांव में बीजेपी के सिवलखास से उम्मीदवार मनिंदरपाल सिंह पर हमला किया गया. इस मामले में 20 लोगों के नाम के साथ और 65 अज्ञात के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    नीचे लिंक पर क्लिक करके पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

  13. कश्मीर में रात भर चले एनकाउंटर में पांच चरमपंथी मारे गए

    कश्मीर ज़ोन पुलिस ने ट्वीट किया है कि शनिवार और रविवार देर रात 12 घंटों तक चले एनकाउंटर में पांच चरमपंथियों को मार दिया गया है.

    आईजीपी कश्मीर के हवाले से किए गए ट्वीट में लिखा है, “पाकिस्तान प्रायोजिक आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मुहम्मद के पांच आतंकी बीते 12 घंटों के दौरान हुए दो एनकाउंटरों में मारे गए हैं.”

    इसमें बताया गया है कि मारे गए चरमपंथियों में जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर ज़ाहिद वानी और अन्य पाकिस्तानी चरमपंथी शामिल हैं. ये एनकाउंटर पुलवामा के नायरा इलाक़े और बडगाम के चरार-ए-शरीफ़ में चल रहे थे.

    आईजीपी कश्मीर ने इसे जम्मू-कश्मीर पुलिस के लिए बड़ी सफलता बताया है.

  14. उत्तर प्रदेश चुनाव: कैराना में 'पलायन' पर बीजेपी Vs सपा, किसे नफ़ा- ग्राउंड रिपोर्ट

    केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के नेता अमित शाह ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत कैराना से की और कहा कि पलायन कराने वाले यहां से पलायन कर गए.

    अमित शाह अपने चुनाव प्रचार के दौरान कैराना के साधु स्वीट्स भी पहुंचे थे. इस दुकान के मालिक राकेश गर्ग के बेटे हर्ष गर्ग पलायन के सवाल पर कहते हैं, "कौन कहता है कि पलायन नहीं हुआ? शहर में आओ, पता करो."

    "एक बंदा भी ना नहीं करेगा, आपको."

    "जो छोड़कर गए हैं तीन सौ परिवार, उनसे पूछो कि वो गए थे या नहीं गए थे."

    नीचे लिंक पर क्लिक करके पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

  15. रूस-यूक्रेन संकट: पूर्वी यूरोप में अपने और जवान भेजने जा रहा ब्रिटेन

    ब्रिटेन ने घोषणा की है कि रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते तनाव के बीच वो अगले सप्ताह यूरोप में कुछ कूटनीतिक और सैन्य क़दम उठाने की तैयारी कर रहा है.

    प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने एक बयान जारी किया है जिसमें बताया गया है कि ब्रिटेन नेटो के तहत बाल्टिक राज्यों और पूर्वी यूरोप में तैनात अपने सैन्य दल को दोगुना करेगा. इसके बाद उसके जवानों की संख्या 1150 हो जाएगी.

    इसके साथ ही ब्रिटेन ने कहा है कि वो एस्टोनिया में हथियार भेजेगा.

    ब्रिटेन के इस प्रस्ताव को ब्रजल्ज़ में सोमवार को होने वाली नेटो मंत्रियों की बैठक में पेश किया जाएगा.

    वहीं दूसरी ओर ब्रिटेन के रक्षा और विदेश मंत्री मॉस्को में बातचीत के लिए जाने की तैयारी कर रहे हैं. साथ ही प्रधानमंत्री जॉनसन भी अगले सप्ताह पूर्वी यूरोप जाएंगे.

    रूस ने यूक्रेन की सीमा पर एक लाख जवानों के साथ टैंक, हथियार और मिसाइलों की तैनाती की हुई है. हालांकि उसने इस बात को ख़ारिज किया है कि उसका यूक्रेन पर हमला करने का कोई इरादा है. दूसरी ओर नेटो के सहयोगी देश यूक्रेन को हथियार दे रहे हैं और उनकी सैन्य मदद कर रहे हैं.

  16. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

    पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.