You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
प्रयागराज में छात्रों को पीटने के मामले में छह पुलिस वाले सस्पेंड
रेलवे भर्ती बोर्ड की एनटीपीसी परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी से प्रयागराज में ग़ुस्साए छात्रों को उनके लॉज में घुसकर पीटने वाले पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है.
लाइव कवरेज
पंकज प्रियदर्शी, भूमिका राय and चंदन शर्मा
संविधान के मूल्यों की आवाज़ को बुलंद रखना हमारा कर्तव्य - प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने देशवासियों को 73वे गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए ट्वीट किया है.
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है, "आप सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ. संविधान ने देशवासियों के अधिकारों की आवाज दी, न्याय, समानता व एकता का जंतर दिया. इसे मज़बूत रखने की ज़िम्मेदारी हम सब की है. संविधान के मूल्यों की आवाज़ को बुलंद रखना हमारा कर्तव्य है. जय हिंद."
इससे पहले प्रियंका गांधी ने रेलवे छात्रों और पुलिस के बीच हुई झड़प का ज़िक्र करते हुए ट्वीट किया है.
उन्होंने ट्वीट किया था, "गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर अपने हक़ की बात कह रहे छात्र-छात्राओं के साथ डबल इंजन सरकार की पुलिस का व्यवहार देखिए. युवाओं के दमन के ख़िलाफ़ देश भर में इंक़लाब होगा और भाजपा का अहंकार चूर-चूर होगा. युवा रोज़गार का हक़ लेकर रहेंगे."
प्रियंका गांधी ने लिखा था कि प्रयागराज में पुलिस द्वारा छात्रों के लॉज में और हॉस्टलों में जाकर तोड़-फोड़ करना एवं उनको पीटना बेहद निंदनीय है. प्रशासन इस दमनकारी कार्रवाई पर तुरंत रोक लगाए. युवाओं को रोज़गार की बात कहने का पूरा हक़ है और मैं इस लड़ाई में पूरी तरह से उनके साथ हूं.
तस्वीरों में देखिए गणतंत्र दिवस की झलकियाँ
भारत आज अपना 73वाँ गणतंत्र दिवस समारोह मना रहा है. हर बार से अलग ये गणतंत्र दिवस कई मायनों में कुछ नए बदलावों के साथ राजपथ पर मनाया गया.
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले नेशनल वॉर मेमोरियल जाकर पुष्पांजलि अर्पित की.
उसके बाद उन्होंने देश की तीनों सेनाओं के अध्यक्षों समेत देश के रक्षा मंत्री से भेंट की. उनका अभिवादन किया.
इसके बाद देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का काफ़िला राजपथ पहुंचा. जहाँ पीएम मोदी ने राष्ट्रपति का अभिवादन किया.
आज़ादी के 75वें साल में हो रहे इस बार के गणतंत्र दिवस में कई नए बदलाव किए गए हैं.
केंद्र सरकार 'आज़ादी का अमृत महोत्सव' मना रही है, लिहाज़ा इस गणतंत्र दिवस को ख़ास बनाने की पूरी कोशिश की जा रही है.
सबसे बड़ा बदलाव तो ये हुआ है कि अब हर साल गणतंत्र दिवस का आयोजन आठ दिनों तक चलेगा.
साथ ही इस बार परेड 10 बजे की बजाय 10.30 बजे शुरू हुई. जिसमें देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित राज्यों के साथ 9 मंत्रालयों की झांकियों का प्रदर्शन किया गया.
गणतंत्र दिवस परेड की पहली टुकड़ी 61 कैवेलरी थी. यह दुनिया में एकमात्र सेवारत सक्रिय हॉर्स कैवेलरी रेजिमेंट है.
दिल्ली के राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड में सेंचुरियन टैंक, PT-76, MBT अर्जुन MK-I और APC पुखराज की टुकड़ी ने भी भाग लिया.
राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड में सिख लाइट इन्फैंट्री दस्ते ने भाग लिया.
परेड में मेघालय की झांकी दिखाई गई.
परेड में गुजरात की झांकी.
हरियाणा की झांकी.
पंजाब की झांकी.
सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने सैकड़ों फ़ीट की ूंचाई पर लहराया तिरंगा.
सीमा भवानी मोटर साइकिल टीम की सदस्यों ने शानदार कारनामे दिखाए.
बीएसएफ़ का ऊंट सवार बैंड.
भारतीय वायुसेना की टुकड़ी. रफ़ाएल लड़ाकू विमान की पहली महिला फ़ाइटर पायलट, फ़्लाइट लेफ़्टिनेंट शिवांगी सिंह.
कपिल सिब्बल के बाद आजाद के समर्थन में आए आनंद शर्मा और राज बब्बर
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ग़ुलाम नबी आज़ाद को पद्म भूषण दिए जाने को लेकर जयराम रमेश की टिप्पणी से पैदा हुए विवाद के बीच आनंद शर्मा उनके पक्ष में खुलकर सामने आए हैं.
जयराम रमेश ने अपने ट्वीट में बुद्धदेव भट्टाचार्य के पद्म भूषण लेने से इनकार की ख़बर को शेयर करते हुए इसे सही क़दम उठाया था और लिखा था कि वे आज़ाद रहना चाहते हैं, ग़ुलाम नहीं. इसके जवाब में कपिल सिब्बल ने ग़ुलाम नबी आज़ाद को पद्म भूषण दिए जाने का स्वागत किया था और कांग्रेस पर भी सवाल खड़े कर दिए थे.
अब कांग्रेस के एक और नेता आनंद शर्मा भी ग़ुलाम नबी आज़ाद के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं और उन्हें बधाई दी है. आनंद शर्मा ने ट्वीट कर ग़ुलाम नबी आज़ाद को बधाई दी है और कहा है कि संसदीय लोकतंत्र और जनसेवा के लिए उनके आजीवन योगदान को मान्यता मिली है.
आनंद शर्मा को भी कांग्रेस के उन असंतुष्ट नेताओं के गुट का माना जाता है, जिन्होंने कांग्रेस के सर्वोच्च नेतृत्व पर सवाल उठाए थे. एक समय कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी के क़रीबी रहे ग़ुलाम नबी आज़ाद वर्ष 2020 में उस समय चर्चा में आए, जब कुछ पार्टी नेताओं की चिट्ठी लीक हुई, जिसमें कांग्रेस में नेतृत्व के लिए चुनाव करने की मांग थी. चिट्ठी लिखने वालों में ग़ुलाम नबी आज़ाद का भी नाम था.
बाद में ग़ुलाम नबी आज़ाद खुलकर सामने आए और एक इंटरव्यू में कहा कि अगर कांग्रेस में अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं हुआ तो पार्टी अगले 50 सालों तक विपक्ष में ही रहेगी. बाद में ग़ुलाम नबी आज़ाद से कांग्रेस का महासचिव पद भी छीन लिया गया. कांग्रेस के एक और नेता राज बब्बर ने भी ग़ुलाम नबी आज़ाद को बधाई दी है. उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि आप बड़े भाई की तरह हैं और आपका बेदाग सार्वजनिक जीवन और गांधीवादी आदर्शों को लेकर प्रतिबद्धता हमेशा प्रेरणा रही है.
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में देसी शराब पीने से छह लोगों की मौत
....में - Author, अनंत झणाणे
- पदनाम, लखनऊ से, बीबीसी हिंदी के लिए
उत्तर प्रदेश के रायबरेली ज़िले में देसी शराब पीने से छह लोगों की मौत हो गई है.
यह घटना राबरेली के पहाड़पुर की है.
मंगलवार शाम को स्थानीय निवासी रामधीन ने अपने बच्चे के जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए दावत रखी थी, जिसमें लोगों को शराब भी पेश की गई थी.
शराब पीने के बाद कई लोगों की हालत बिगड़ने लगी और मंगलवार रात को ही चार लोगों की मौत हो गयी.
आईजी लक्ष्मी सिंह ने छह लोगों के मरने की पुष्टि की और कहा, "कुछ लोगों को एहतियातन उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है. डॉक्टरों की टीम रात से ही गाँव में मौजूद है और वो एक एक करके इसका सत्यापन कर रही है."
शराब एक लोकल सरकारी ठेके से ही ख़रीदी गई थी और उसके ठेकेदार और सेल्समैन के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज किया गया है.
इस बारे में और जानकारी देते हुए लक्ष्मी सिंह ने बताया, "एक कंपनी द्वारा बनाई गयी बोतलें वहाँ से बरामद हुई हैं. उनको फॉरेंसिक जाँच के लिए भी भेजा गया है. दबिश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं. कुछ चीज़ें मिली हैं, उनका हम सीज़र करवा रहे हैं लेकिन जिस ब्रांड की बोतलें हादसे की जगह मिली हैं वो ठेकेदार के यहाँ से नहीं मिलीं. ठेकेदार के घर के अन्य सदस्यों से पूछताछ भी की जा रही है. अभी शुरुआती तौर पर इसमें कुछ कहा नहीं जा सकता है, जब तक फ़ॉरेंसिक परीक्षण की रिपोर्ट न आ जाए."
अब तक 20 लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए डॉक्टरों के पास भेजा गया है. पुलिस के मुताबिक़ इन सबकी हालत स्थिर है.
उम्मीदवारों की लिस्ट को लेकर योगी आदित्यनाथ के सवाल पर आया सपा का जवाब
समाजवादी पार्टी ने पिछले दिनों उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी. इसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सवाल खड़े किए थे. योगी आदित्यनाथ ने तो इसे 'तमंचावाद' तक कह दिया था.
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सपा की लिस्ट को लेकर कई ट्वीट किए और सवाल उठाए
अब समाजवादी पार्टी ने योगी आदित्यनाथ के ख़िलाफ़ मामलों को लेकर ट्वीट किया है. पार्टी ने कहा है कि 2017 में जब अदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, तब उनका आपराधिक इतिहास था.
सपा का आरोप है कि मुख्यमंत्री बनकर सत्ता की ताक़त से उन्होंने अपने मुक़दमे ख़ुद ख़त्म कर लिए. सपा का कहना है कि देश में शायद ये पहला ऐसा मामला होगा, जिसमें किसी मुख्यमंत्री ने अपने आपराधिक मामले ख़ुद ख़त्म कर लिए हों!
ग़ुलाम नबी आज़ाद पर जयराम रमेश के तंज़ का जवाब कपिल सिब्बल ने ऐसे दिया
ग़ुलाम नबी आज़ाद को पद्म भूषण दिए जाने को लेकर कांग्रेस के नेता एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं. शुरुआत कांग्रेस के नेता जयराम रमेश के ट्वीट से हुई.
इस ट्वीट में उन्होंने ग़ुलाम नबी आज़ाद पर तंज़ कसा. जयराम रमेश ने पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य के पद्म भूषण को स्वीकार न करने की ख़बर शेयर करते हुए ट्विटर पर लिखा कि वे सही कर रहे हैं, क्योंकि वे आज़ाद रहना चाहते हैं ग़ुलाम नहीं.
जयराम रमेश के इस ट्वीट का इशारा ग़ुलाम नबी आज़ाद की ओर था, जिन्हें मोदी सरकार ने पद्म भूषण देने की घोषणा की है. ग़ुलाम नबी आज़ाद को कांग्रेस के उस गुट का सदस्य माना जाता है, जो पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से नाराज़ है और समय-समय पर अपना विरोध दर्ज कराता रहता है.
अब इसी गुट के नेता कपिल सिब्बल ने ग़ुलाम नबी आज़ाद को पद्म भूषण दिए जाने की तारीफ़ की है और उन्हें बधाई दी है. कपिल सिब्बल ने ट्वीट किया- बधाई भाई जान. ये विडंबना है कि जब देश सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को मान्यता दे रहा है, कांग्रेस को उनकी सेवाओं की ज़रूरत नहीं.
राज्यसभा सांसद रहे ग़ुलाम नबी आज़ाद एक समय सदन में विपक्ष के नेता थे. लेकिन पिछले साल कार्यकाल पूरा हो जाने के बाद कांग्रेस ने उन्हें फिर से राज्यसभा नहीं भेजा.
एक समय कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी के क़रीबी रहे ग़ुलाम नबी आज़ाद वर्ष 2020 में उस समय चर्चा में आए, जब कुछ पार्टी नेताओं की चिट्ठी लीक हुई, जिसमें कांग्रेस में नेतृत्व के लिए चुनाव करने की मांग थी. चिट्ठी लिखने वालों में ग़ुलाम नबी आज़ाद का भी नाम था.
बाद में ग़ुलाम नबी आज़ाद खुलकर सामने आए और एक इंटरव्यू में कहा कि अगर कांग्रेस में अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं हुआ तो पार्टी अगले 50 सालों तक विपक्ष में ही रहेगी. बाद में ग़ुलाम नबी आज़ाद से कांग्रेस का महासचिव पद भी छीन लिया गया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेशनल वॉर मेमोरियल पर पुष्पांजलि अर्पित की
73वें गणतंत्र दिवस के मौक़े पर प्रदानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे पहले नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचे और पुष्पांजलि अर्पित की.
उसके बाद वह राजपथ के लिए रवाना हो गए.
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राजपथ पहुंच चुके हैं.
इस बार गणतंत्र दिवस की परेड 10 बजे से शुरू ना होकर 10:30 बजे से शुरू हो रही है.
कोरोना अपडेट: बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 2 लाख 85 हज़ार से अधिक नए मामले
भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 2,85,914 नए मामले सामने आए हैं.
वहीं बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के कारण 665 लोगों की मौत भी हुई है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, देश में 2,99,073 लोग इलाज के बाद ठीक भी हुए हैं.
देश में कुल एक्टिव केस- 22,23,018
पॉज़िटिविटी रेट- 16.16%
कुल वैक्सीनेशन- 1,63,58,44,536
रेलवे भर्ती आंदोलन: जांच के लिए समिति गठित हुई
बिहार की राजधानी पटना और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रेलवे परीक्षार्थियों और पुलिस बल के बीच झड़प की ख़बर सामने आई हैं.
अभ्यार्थी परीक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं और इसे लेकर ही आंदोलन कर रहे हैं.
इस बीच रेलवे प्रवक्ता के हवाले से न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने ख़बर दी है कि रेलवे विभाग ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की शिकायत की जांच के लिए समिति का गठन किया है.
इसके साथ ही एनटीपीसी और लेवल वन की परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है.
रिपोर्टों के मुताबिक, मंगलवार को हुई झड़पों में कुछ लोग घायल भी हुए हैं. घायल होने वालों में पुलिसकर्मी शामिल हैं.
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि रेलवे भर्ती बोर्ड ने गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों की (आरआरबी एनटीपीसी) परीक्षा को दो स्तरीय करने का 'मनमाना फ़ैसला' लिया है.
उनका ये भी आरोप है कि परीक्षा के नतीजों में भारी गड़बड़ी की गई है.
इससे पूर्व रेलवे बोर्ड की ओर से जारी एक बयान में प्रदर्शनकारियों को आगाह किया था कि जो अभ्यार्थी हिंसा में शामिल पाए जाएंगे, उन्हें नौकरी नहीं मिलेगी. रेलवे ने ये भी कहा था कि रेल भर्ती बोर्ड (आरआरबी) 'सत्यनिष्ठा के उच्चतम मानकों को बनाए रखते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है.'
गणतंत्र दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी शुभकामनाएं
देश आज अपना 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है.
इस मौक़े पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी देश को गणतंत्र दिवस की शुभकामना देते हुए ट्वीट किया है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट करके सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई दी है.
उन्होंने ट्वीट किया है- “यह लोकतंत्र का जश्न मनाने और संविधान में निहित विचारों और मूल्यों को संजोने का अवसर है.”
वहीं दूसरी ओर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यालय में झंडा फहराया और सभी को 73वें गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं दीं.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी ट्वीट करके गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं.
उन्होंने ट्वीट किया है- “1950 में गणतंत्र दिवस पर हमारे देश ने विश्वास के साथ सही दिशा में पहला क़दम बढ़ाया था. सत्य और समानता के उस पहले क़दम को नमन. गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ.जय हिंद!”
बसपा सुप्रीमो मायावती ने गणतंत्र दिवस के मौक़े पर ट्वीट किया है.
“परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर ने न्याय, स्वतंत्रता व समता के जिस गरिमामय ’आइडिया ऑफ़ इण्डिया’ को अनुपम संविधान का मूल बनाया था वह मानवतावादी महान उद्देश्य भारतीय गणतंत्र के 72 वर्ष बाद भी काफी आधा-अधूरा, ऐसा क्यों? इसके लिए दोषारोपण के बजाय ईमानदार आत्म-चिन्तन जरूरी.”
73वां गणतंत्र दिवस: 10 की जगह 10.30 पर शुरू होगी परेड
इस बार के गणतंत्र दिवस कार्यक्रम को लेकर कई तरह के बदलाव किए गए हैं.
केंद्र सरकार 'आज़ादी का अमृत महोत्सव' मना रही है, लिहाज़ा इस गणतंत्र दिवस को ख़ास बनाने की पूरी कोशिश की जा रही है.
अब हर साल गणतंत्र दिवस का आयोजन आठ दिनों तक चलेगा. इसके तहत इसकी शुरुआत 24 जनवरी की बजाय सुभाष चंद्र बोस की जयंती के दिन 23 जनवरी से होगी और यह गांधी जी की पुण्यतिथि के दिन 30 जनवरी (शहीद दिवस) तक चलेगी.
परेड का समय भी अब 10 बजे की बजाय 10.30 बजे होगा.
ऐसा इसलिए किया गया है कि जाड़े का मौसम होने के चलते कोहरा या धुंध पहले से शायद कम रहे और लोगों को परेड देखने में सुविधा हो.
इस बार के परेड में केवल वही लोग शामिल हो सकेंगे जिन्होंने कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज़ ले रखी हैं.
15 साल से कम उम्र के बच्चों को यहां आने की अनुमति नहीं होगी.
इस बार के गणतंत्र दिवस के परेड में देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित राज्यों के साथ 9 मंत्रालयों की झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा.
मध्य एशिया में ब्लैक आउट से लाखों लोग हुए प्रभावित
मध्य एशिया के तीन देशों के कुछ शहरों में मंगलवार को घंटों तक पावर ब्लैक आउट रहा.
लाखों लोगों को घंटो बिना बिजली के रहना पड़ा. किर्गिस्तान, उज़्बेकिस्तान और क़ज़ाख़स्तान के कई इलाक़ों में घंटों तक बिजली की आपूर्ति बाधित रही.
दरअसल, एक साझा पावर लाइन के काट दिये जाने के कारण लोगों को इस समस्या का सामना करना पड़ा. घंटों तक पावर नहीं होने के कारण इन देशों में लंबे ट्रैफ़िक जाम लग गए, हवाई सेवाएं बाधित हुईं और सार्वजनिक परिवहन सेवा पर भी व्यापक असर पड़ा.
यह ब्लैक आउट देर सुबह हुआ था और इन इलाक़ों में तो देर शाम तक जाकर ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी.
दरअसल, इन तीनों देशों के पावर ग्रिड आपस में जुड़े हुए हैं और सोवियत निर्मित पावर लाइन के माध्यम से रूस के नेटवर्क से जुड़े हुए हैं. यह क़ज़ाख़स्तान के माध्यम से ही संचालित होती है.
अगर पावर सप्लाई में अप्रत्याशित तौर पर कमी हो जाए तो यह उन्हें रूस के ग्रिड से पावर लेने की अनुमति देता है. ग्रिड ऑपरेटर केईजीओसी ने बताया कि यह आपातकालीन असंतुलन की स्थिति थी और पावर काट दिया गया था.
क़ज़ाख़स्तान के सबसे बड़े शहर अल्माटी, किर्गिस्तान और उज़्बेकिस्तान के कई शहरों में बिजली गुल होने से लोगों को काफ़ी दिक़्क़तों का सामना करना पड़ा.
ख़बरों के मुताबिक़, ब्लैकआउट से इन तीनों देशों के आसपास के कई प्रांत भी प्रभावित हुए.
लोगों को पीने के पानी, हीटर, पेट्रोल पंप और इंटरनेट सेवा से जुड़ी कई रोज़मर्रा की समस्याओं से दो-चार होना पड़ा. अस्पतालों का काम जेनरेटर के भरोसे चलाया गया लेकिन कई जगहों पर ट्रेनें सुरंगों में फंसी रहीं.
यूक्रेन संकट: अगर रूस ने हमला किया तो पुतिन पर प्रतिबंध लगा सकता है अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि अगर रूस यूक्रेन पर हमला करता है तो अमेरिका रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर व्यक्तिगत प्रतिबंध लगाने पर विचार करेगा.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अगर रूस ने यूक्रेन पर हमला किया तो दुनिया के लिए इसके गंभीर परिणाम होंगे.
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब तमाम पश्चिमी देश लगातार चेतावनी दे रहे हैं कि अगर रूस ने यूक्रेन पर हमला किया तो उसे इसके गंभीर परिमाम भुगतने होंगे.
वहीं रूस ने बार-बार कहा है कि यूक्रेन पर हमला करने की उसकी कोई योजना नहीं है. रूस ने यूक्रेन मामले को लेकर अमेरिका और दूसरे पश्चिमी देशों पर तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया है.
हालांकि यूक्रेन से लगी रूस की सीमा पर क़रीब एक लाख रूसी सैनिक तैनात हैं.
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राष्ट्रपति बाइडन से सवाल किया गया कि क्या वह रूस के राष्ट्रपति पर व्यक्तिगत प्रतिबंध लगा सकते है?
इसके जवाब में बाइडन ने 'हां' में उत्तर देते हुए कहा कि अगर वह आक्रमण करते हैं तो वे ऐसा करने पर विचार कर सकते हैं.
उन्होंने कहा कि अगर यूक्रेन पर हमला होता है तो इसका परिणाम पूरी दुनिया पर होगा और यह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद का सबसे भयावह आक्रमण होगा.
हालांकि यूक्रेन में अमेरिकी सैनिकों को भेजने की योजना पर जो बाइडन ने कहा कि फ़िलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है.
नमस्कार!
बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.
पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.