You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

प्रयागराज में छात्रों को पीटने के मामले में छह पुलिस वाले सस्पेंड

रेलवे भर्ती बोर्ड की एनटीपीसी परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी से प्रयागराज में ग़ुस्साए छात्रों को उनके लॉज में घुसकर पीटने वाले पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है.

लाइव कवरेज

पंकज प्रियदर्शी, भूमिका राय and चंदन शर्मा

  1. उत्तर प्रदेश चुनाव: कांग्रेस ने जारी की 89 उम्मीदवारों की तीसरी सूची

    कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को तीसरी सूची का एलान कर दिया है. इस सूची में 89 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम हैं.

    इनमें से 37 महिलाओं के नाम हैं. कांग्रेस ने इस चुनाव में वादा किया था कि वह 40 फ़ीसदी सीटों पर महिलाओं को टिकट देगी.

    पार्टी ने इससे पहले पहली सूची में 125 सीटों और दूसरी सूची में 41 सीटों पर अपने प्रत्याशियों का एलान किया था. इस तरह पार्टी ने अब तक राज्य की 403 में से 245 सीटों पर अपने प्रत्याशी तय कर दिए हैं.

    राज्य में इस बार कमान प्रियंका गांधी के हाथ में है. कांग्रेस राज्य में इस बार अकेले चुनाव लड़ रही है.

    बीजेपी ने उत्तराखंड में 9 और गोवा में 6 असीटों पर प्रत्याशी तय किए

    बीजेपी ने बुधवार को उत्तराखंड में 9 और सीटों पर अपने प्रत्याशियों का एलान कर दिया है. पार्टी ने राज्य के पूर्व सीएम भुवन चंद्र खंडूरी की बेटी ऋतु भूषण को कोटद्वार से उतारा है. वहीं केदारनाथ सीट से शैलरा रानी रावत को प्रत्याशी बनाया गया है.

    उधर गोवा में बीजेपी ने 6 और प्रत्याशियों का एलान कर दिया है. इसके साथ ही पार्टी ने राज्य की सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी तय कर दिए हैं.

    पार्टी ने केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाईक के बेटे सिद्देश की दावेदारी ख़ारिज़ कर दी है.

  2. उत्तर प्रदेश: लॉज में घुसकर छात्रों को पीटने के मामले में छह पुलिस वाले सस्पेंड

    रेलवे भर्ती बोर्ड की एनटीपीसी परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी से प्रयागराज में ग़ुस्साए छात्रों को उनके लॉज में घुसकर पीटने वाले पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है.

    प्रयागराज के एसएसपी अजय कुमार ने एएनआई को यह जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि इस मामले में एक इंस्पेक्टर, दो सब इंस्पेक्टर और तीन कॉन्स्टेबलों को 'ग़ैर ज़रूरी ताक़त का इस्तेमाल करने' के कारण निलंबित कर ​दिया गया है.

    एसएसपी ने कहा, ''सोशल मीडिया पर एक वीडियो चल रहा है, जिसमें कुछ पुलिस वाले ग़ैर ज़रूरी ताक़त का इस्तेमाल कर रहे थे. उन सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है. उन सबके ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की जाएगी.''

    एसएसपी अजय कुमार के अनुसार, ''25 जनवरी को छात्रों जैसे दिखने वाले क़रीब 1,000 असामाजिक तत्व प्रयाग स्टेशन के पास जमा हो गए. आरोप है कि उन्होंने रेलवे ट्रैक पर आग लगा दी. उस मामले के तीन मुख्य आरोपियों में से दो को गिरफ़्तार कर लिया गया है और एक को जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा. इनके ख़िलाफ़ शहर के कर्नलगंज थाने में केस दर्ज किया गया है.''

    सोशल मीडिया पर यह मामला वायरल होने के बाद पुलिस की काफ़ी आलोचना हो रही है. नेताओं ने भी इस मामले को उठाया है. प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्विटर पर इस वीडियो को शेयर किया था.

    पिछले कई दिनों से बिहार और उत्तर प्रदेश में रेलवे की परीक्षा और उसके जारी किए गए नतीज़ों को लेकर छात्रों में काफ़ी नाराज़गी थी. लेकिन मंगलवार को दोनों राज्यों के कई ज़िलों में विरोध प्रदर्शन बेक़ाबू और हिंसक हो गया.

  3. केंद्र लेकर आयी ड्रोन सर्टिफ़िकेशन स्कीम, ड्रोन उड़ाने की प्रक्रिया आसान बनाने का दावा

    केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस के मौक़े पर ड्रोन सर्टिफ़िकेशन स्कीम की अधिसूचना जारी कर दी है. समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, बुधवार को भारत के गज़ट में यह अधिसूचना प्रकाशित की गई है.

    सरकार का दावा है कि ड्रोन के प्रमाणन की प्रक्रिया सहज, तेज़ और पारदर्शी बनाने के लिए यह सर्टिफ़िकेशन स्कीम लाई गई है.

    सरकार के अनुसार, "ड्रोन के आसान नियम, एयरस्पेस के नक़्शे, पीएलआई स्कीम और सिंगल विंडो डिजिटल स्काई प्लेटफ़ॉर्म के साथ, यह सर्टिफ़िकेशन स्कीम देश में ड्रोन बनाने के उद्योग को बढ़ाने में मदद करेगा."

    इस स्कीम की अधिसूचना के अनुसार, ड्रोन के पंजीकरण और संचालन के लिए एक डिजिटल स्काई प्लेटफ़ॉर्म बनाया है.

    ड्रोन का संचालन करने से पहले इसी प्लेटफॉर्म पर ड्रोन के मालिक और ड्रोन से जुड़ी तमाम जानकारियों को वहां दर्ज करना होगा.

    सरकार का दावा है कि इस स्कीम के लागू होने के बाद सभी ड्रोन देश के एयरस्पेस का पूरी सुरक्षा के साथ इस्तेमाल कर सकते हैं.

    नए ड्रोन नियम, 2021

    अभी से ठीक पांच महीने पहले 26 अगस्त, 2021 को सरकार ने आसान ड्रोन के नए नियमों का एलान किया था. सरकार का कहना है कि उस नियम से 2030 तक भारत ''वैश्विक ड्रोन हब'' बनकर उभरेगा.

    इसके तहत, अब माइक्रो ड्रोन (गैर-व्यावसायिक उपयोग वाले) और नैनो ड्रोन के लिए रिमोट पायलट लाइसेंस की आवश्यकता नहीं रह गई है.

    अब ड्रोन के आयात के लिए डीजीसीए की मंजूरी लेने की ज़रूरत नहीं है. इसकी बजाय विदेश व्यापार महानिदेशालय यानी डीजीएफ़टी के ज़रिए इसके आयात को मंज़ूरी मिलेगी.

    वहीं अब फ़ॉर्म की संख्या घटाकर 25 से 5 कर दी गई है. वहीं ड्रोन पर लगने वाले शुल्क को 72 की बजाय अब केवल 4 कर दिया गया है.

  4. बीजेपी के न्योते पर जयंत चौधरी का दो टूक बयान, क्या कहा?

    राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी को बीजेपी से जुड़ने का न्यौता मिलने के बाद उनका अहम बयान आया है. जयंत चौधरी ने कहा है कि न्यौता उन्हें नहीं, उन 700 से ज़्यादा किसान परवारों को दो, जिनके घर आपने उजाड़ दिए.

    चौधरी का इशारा केंद्र सरकार द्वारा 2020 में बनाए गए तीन कृषि क़ानूनों के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन में कथित रूप से मारे गए 700 से ज़्यादा किसानों के बारे में था.

    वैसे ये क़ानून तो अब वापस हो गए, लेकिन किसान और जाट नेताओं की मांग रही है कि उस आंदोलन में शामिल होने के दौरान मारे गए 700 से अधिक किसानों को केंद्र सरकार मुआवज़ा दे.

    क्या है पूरा मामला?

    इससे पहले बुधवार की दोपहर को बीजेपी नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी के सांसद परवेश वर्मा के घर पर दिल्ली में 100 से अधिक किसान नेताओं से मुलाक़ात की. उस बैठक के बाद सांसद परवेश वर्मा ने मीडिया से कहा कि बीजेपी का दरवाज़ा जयंत चौधरी के लिए हमेशा खुला है.

    उन्होंने कहा- राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मतदान के बाद भी कई संभावनाएँ हैं. फ़िलहाल उन्होंने एक पार्टी चुनी है. जाट समुदाय के लोग जयंत चौधरी से बातचीत करेंगे. बीजेपी का दरवाज़ा उनके लिए हमेशा खुला है.

    उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने जाट नेताओं को मनाने की कोशिशें तेज़ कर दी हैं. इसी क्रम में बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी सांसद परवेश वर्मा के घर जाकर 100 से अधिक जाट नेताओं से मुलाक़ात की.

  5. मुंबई में टीपू सुल्तान को लेकर छिड़ा विवाद, एक कॉम्प्लेक्स के नामकरण पर हंगामा

    मुंबई में गणतंत्र दिवस के मौक़े पर मलाड के एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नामकरण टीपू सुल्तान के नाम पर करने को लेकर बखेड़ा खड़ा हो गया है.

    राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी और विश्व हिंदू परिषद, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के इस फ़ैसले का जमकर विरोध कर रही है.

    विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकताओं ने बीएमसी के इस फ़ैसले के विरोध में बुधवार को प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे लोगों को मुंबई पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया.

    इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन मलाड के कांग्रेस के विधायक और राज्य के मंत्री असलम शेख़ ने किया.

    बीजेपी और वीएचपी का क्या कहना है?

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में बीजेपी के एक विधायक अतुल भटखलकर ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है, तो मलाड के इस मैदान का नाम फिर से बदलकर छत्रप​ति शिवाजी महाराज के नाम पर रख दिया जाएगा.

    उन्होंने दावा किया कि शिवसेना का हिंदुत्व बेकार है और मुंबई के लोगों ने शिवसेना का असली चेहरा देख लिया है. उन्होंने कहा कि असलम शेख़ वहीं इंसान है, जिन्होंने याक़ूब मेमन का समर्थन किया था.

    विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता श्रीराज नायर ने आरोप लगाया कि यह काम मुंबई की शांति को बर्बाद करने के इरादे से किया गया है, जबकि ऐसा करने से बचा जा सकता था. बर्बर और हिंदू विरोधी शासक के नाम पर इस प्रोजेक्ट का नाम रखना निंदा के योग्य है.

    असलम शेख़ ने क्या कहा?

    वहीं इस कॉम्पलेक्स का उद्घाटन करने वाले असलम शेख़ ने दावा किया है कि आज़ादी के पहले अंग्रेज़ों के साथ लड़ते हुए मरने वाले टीपू सुल्तान इकलौते योद्धा थे.

    समाचार एजेंसी के अनुसार उन्होंने कहा, ''आज इस परियोजना का उद्घाटन हो रहा है, लेकिन बीजेपी विकास पर बात करने की बजाय 'नाम' का मसला उठा रही है. पिछले 70 सालों में टीपू सुल्तान को लेकर कोई विवाद नहीं था. आज बीजेपी ने उनके नाम को बदनाम करने के लिए अपने गुंडे भेजे. वे नहीं चाहते कि देश का विकास हो. हालांकि हम नाम को लेकर विवादों में नहीं पड़ना चाहते.''

  6. दिल्ली: 24 घंटे में कोरोना के 7.5 हज़ार नए मामले, 29 की मौत

    दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के 7,498 नए मामले सामने आए हैं. इस दौरान 29 लोगों की मौत हुई है.

    बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में पॉज़िटिविटी रेट 10.59 फ़ीसदी है. बीते हफ़्ते के मुक़ाबले नए केस की संख्या और पॉज़िटिविटी रेट में तेज़ गिरावट हुई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने दिल्ली के रोज़ाना के हेल्थ बुलेटिन में बताया है कि राजधानी में अब सक्रिय मामलों की संख्या घअकर 38,315 रह गई है. पिछले 24 घंटों में 70 हज़ार से अधिक टेस्ट किए गए हैं.

    राज्य के अस्पतालों में 2,137 मरीज़ भर्ती हैं. वहीं पिछले 24 घंटों में दिल्ली में क़रीब 71 हज़ार लोगों का टीकाकरण हुआ है.

  7. पंजाब चुनाव: अमृतसर (पूर्वी) सीट पर सिद्धू और मजीठिया आमने-सामने

    पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के ख़िलाफ़ शिरोमणि अकाली दल ने अमृतसर पूर्व विधानसभा सीट पर पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को उतारने का एलान किया है.

    इन विधानसभा चुनावों में ये एक दिलचस्प मुक़ाबला होगा. नवजोत सिंह सिद्धू, मजीठिया पर हमेशा हमलावर रहते हैं. मजीठिया भी सिद्धू के बारे में सख़्त टिप्पणियां करते रहे हैं.

    इसके अलावा अकाली दल के संरक्षक और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल लांबी विधानसभा सीट से मैदान में होंगे.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने शिरोमणि अकाली दल के मुखिया सुखबीर सिंह बादल के हवाले से यह जानकारी दी है.

    बिक्रम सिंह मजीठिया 2007 से तीन बार के विधायक हैं और तीनों बार वे मजीठिया विधानसभा सीट से चुने गए थे. वे अपनी पार्टी की युवा इकाई के अध्यक्ष भी हैं.

    राज्य में ड्रग्स का सेवन और उसका अवैध कारोबार बड़ा मसला है, जबकि मजीठिया पर ड्रग्स डीलरों के साथ सांठगांठ करने के आरोप रहे हैं. ड्रग्स मामले में उन पर अभी मुक़दमा भी चल रहा है.

    बसपा के साथ लड़ रही है अकाली दल

    प्रकाश सिंह बादल अभी 94 साल के हैं और वे यदि यह चुनाव जीत जाते हैं तो देश के अब तक के सबसे बुज़ुर्ग विधायक बन जाएंगे.

    अकाली दल इस चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के साथ चुनाव मैदान में है. वहीं कांग्रेस अकेले यह चुनाव लड़ रही है.

    पंजाब विधानसभा की 117 सीटों के लिए राज्य में अगले महीने की 20 तारीख़ को एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे. इसके परिणाम 10 मार्च को आएंगे.

  8. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर'

    26 जनवरी 2022 का बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर' सुनिए फ़ैसल मोहम्मद अली से.

  9. बीजेपी ने कहा- जयंत चौधरी के लिए पार्टी का दरवाज़ा हमेशा है खुला

    उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने जाट नेताओं को मनाने की कोशिशें तेज़ कर दी हैं. इसी क्रम में बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी सांसद परवेश वर्मा के घर जाकर 100 से अधिक जाट नेताओं से मुलाक़ात की.

    इस बार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय लोकदल ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया है. बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में परवेश वर्मा ने कहा कि बीजेपी का दरवाज़ा जयंत चौधरी के लिए हमेशा खुला है.

    उन्होंने कहा- राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मतदान के बाद भी कई संभावनाएँ हैं. फ़िलहाल उन्होंने एक पार्टी चुनी है. जाट समुदाय के लोग जयंत चौधरी से बातचीत करेंगे. बीजेपी का दरवाज़ा उनके लिए हमेशा खुला है.

    बैठक में मौजूद लोगों के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने जानकारी दी है कि जाट नेताओं ने अमित शाह के सामने पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने, जाटों को आरक्षण देने के साथ-साथ केंद्र और यूपी सरकार में उन्हें बेहतर प्रतिनिधित्व देने की मांग भी की. इस बैठक में बीजेपी के प्रमुख जाट नेता केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, हरियाणा के कैप्टन अभिमन्यु, ख़ुद प्रवेश वर्मा इस बैठक में मौजूद थे.

    केंद्र सरकार द्वारा 2020 में बनाए गए तीन कृषि क़ानूनों से किसानों ख़ासकर जाट किसानों में काफ़ी नाराज़गी रही है. इसे लेकर एक साल तक दिल्ली और आसपास के इलाक़ों में जमकर धरना प्रदर्शन हुए. उसके बाद केंद्र सरकार को झुकना पड़ा और इन क़ानूनों को वापस ले लिया गया.

    माना जाता है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की क़रीब 135 सीटों में जाटों का प्रभाव लगभग 100 सीटों पर है. बीजेपी ने 2012 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 38 सीटों पर जीत दर्ज़ की थी, लेकिन जाटों का समर्थन मिलने पर 2017 में इस इलाक़े की 88 सीटों पर उसने जीत दर्ज़ की थी.

  10. मुंबई में सुंदर पिचाई और गूगल के पाँच अधिकारियों पर कॉपीराइट उल्लंघन का मामला दर्ज

    महाराष्ट्र की एक अदालत के निर्देश पर अल्फ़ाबेट और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और कंपनी के पाँच अन्य अधिकारियों के ख़िलाफ़ मुंबई पुलिस ने कॉपीराइट उल्लंघन का मामला दर्ज किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, जाने माने फ़िल्म निर्देशक सुनील दर्शन ने अपनी शिक़ायत में आरोप लगाया था कि गूगल ने बिना उनकी इजाज़त के एक ग़ैर अधिकृत शख़्स को उनकी फ़िल्म 'एक हसीना थी एक दीवाना था' को यूट्यूब पर डालने की मंज़ूरी दी.

    मालूम हो कि वीडियो होस्टिंग चैनल यूट्यूब, गूगल की कई कं​पनियों में से एक है. वहीं इसके सीईओ सुंदर पिचाई भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक हैं. उन्हें एक दिन पहले ही भारत का तीसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान पद्म भूषण देने का एलान किया गया है.

    वहीं सुनील दर्शन ने अजय, जानवर, एक रिश्ता, अंदाज़, बरसात जैसी कई फ़िल्में बनाई हैं.

  11. आज का कार्टून

  12. बिहार और यूपी के ग़ुस्साए छात्रों से राहुल गांधी ने की है अपील

    कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने रेलवे भर्ती की परीक्षा के नतीजे को लेकर नाराज़ छात्रों से अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता न अपनाएँ. बिहार और उत्तर प्रदेश के छात्र रेलवे भर्ती बोर्ड की नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (RRB-NTPC)परीक्षा के नतीज़े में ​कथित गड़बड़ी से बहुत नाराज़ हैं. इनका आरोप है कि इन भर्तियों में धांधली और लापरवाही हुई है और अयोग्य लोगों को भर्ती कराने के प्रयास हो रहे हैं. बिहार में कई रेलवे स्टेशनों पर छात्रों ने ट्रेन में आग लगा दी है.

    राहुल गांधी ने ट्वीट कर छात्रों से कहा है कि वे भाजपा सरकार की नीतियों के ख़िलाफ़ सत्य के पक्ष में उनके साथ हैं. लेकिन हिंसा का रास्ता हमारा रास्ता नहीं हैं. उन्होंने ट्विटर पर लिखा है- #Students, आप देश की व अपने परिवार की उम्मीद हैं. भाजपा सरकार की नीतियों के ख़िलाफ़, सत्य के पक्ष में मैं आपके साथ हूँ और रहूँगा लेकिन हिंसा हमारा रास्ता नहीं है. अहिंसक विरोध से स्वतंत्रता ले सकते हैं तो अपना अधिकार क्यों नहीं?

    रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस करके छात्रों से हिंसा का रास्ता न अपनाने की अपील की है. उन्होंने कहा है कि छात्रों की शिकायत उन तक पहुँच गई है और उनकी समस्याएँ जल्द ही सुलझा ली जाएँगी. रेलवे ने जाँच के लिए एक समिति भी बनाई है.

  13. ग़ुलाम नबी आज़ाद ने किस बात पर दिया है स्पष्टीकरण

    कांग्रेस नेता ग़ुलाम नबी आज़ाद सुर्ख़ियों में हैं. एक तो मोदी सरकार की ओर से पद्म भूषण दिए जाने को लेकर चर्चा है, तो दूसरी ओर मंगलवार को ऐसी ख़बरें आईं कि ग़ुलाम नबी आज़ाद ने ट्विटर पर अपना बायो चेंज कर लिया है.

    दरअसल मंगलवार को ही पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया. इसकी शुरुआत उनका ट्विटर बायो बदलने से हुई थी. पहले आरपीएन सिंह का ट्विटर बायो बदला, फिर इस्तीफ़ा आया और फिर वे औपचारिक रूप से बीजेपी में शामिल हो गए.

    मंगलवार को सोशल मीडिया पर ऐसी चर्चाएँ शुरू हुईं कि ग़ुलाम नबी आज़ाद ने भी ट्विटर पर अपना बायो बदल लिया है और इसके क्या संकेत हैं? शाम होते होते उन्हें पद्म भूषण देने की भी घोषणा हो गई. लेकिन बाद में ग़ुलाम नबी आज़ाद ने ख़ुद ट्विटर पर आकर अपना स्पष्टीकरण दिया.

    उन्होंने लिखा- कुछ लोग भ्रम फैलाने के लिए दुष्प्रचार कर रहे हैं. मेरे ट्विटर प्रोफ़ाइल पर न कुछ जोड़ा गया है और न कुछ हटाया गया है. मेरा प्रोफ़ाइल जैसा पहले था, वैसा ही अब है.

  14. RRB NTPC: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- छात्रों की समस्याएँ जल्द सुलझाई जाएँगी

    रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि छात्रों की ज़्यादातर शिक़ायतें और मांगें सरकार तक पहुंच गई हैं.

    उन्होंने कहा कि सभी पक्षों का ध्यान रखते हुए सरकार जल्द से जल्द इस मामले को सुलझाने की कोशिश करेगी.

    रेल मंत्री ने दावा किया कि रेलवे की परीक्षा में धांधली की शिक़ायत कहीं से नहीं आई है और अच्छे से परीक्षा का संचालन हुआ है.

    जहाँ तक तय सीमा से कम छात्रों को अगले स्तर की परीक्षा के लिए चुनने की बात है, उन्होंने कहा कि रेलवे ने परीक्षा के लिए निकाली गई ​अधिसूचना के अनुसार 20 गुना छात्रों को ही पास किया है.

    उन्होंने अपने तर्क के समर्थन में हर पदों के अनुसार से आंकड़े पत्रकारों के सामने रखे.

    रेल मंत्री ने कहा, ''सभी ज़ोनों के रेलवे भर्ती बोर्ड के चेयरमैन से कहा गया है कि वे छात्रों की शिक़ायतें सुनें, उसे एकत्रित करें और समिति के सामने पेश करें. इस बारे में अपनी शिक़ायतें रेलवे तक पहुंचाने के लिए एक ईमेल पता भी जारी किया जा रहा है. यह समिति देश के विभिन्न भागों में जाएगी और परीक्षा देने वालों का पक्ष सुनेगी.''

    उन्होंने ये भी कहा, ''छात्र इस समिति के सामने अगले तीन हफ़्तों यानी 16 फ़रवरी तक अपना पक्ष रख सकते हैं. उसके बाद जांच समिति सभी बातों का मूल्यांकन करके अपनी सिफ़ारिशें 4 मार्च से पहले मंत्रालय को दे देगी.''

    जाँच होने में परीक्षा में और देरी होने का मामला उठाया गया तो रेल मंत्री ने कहा कि हम इसे चार मार्च के पहले भी सुलझा सकते हैं.

    रेल संपत्ति को नुक़सान न पहुँचाने की अपील

    उन्होंने छात्रों से रेलवे की संपत्ति को नुक़सान न पहुंचाने की अपील करते हुए कहा है कि रेलवे हम सबकी संपत्ति है. उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा देने वाले हमारे ही भाई बहन हैं, हम जल्द ही इस मसले को सुलझाने में कामयाब रहेंगे.

    मंगलवार को सरकार ने बताया था कि जांच समिति 4 मार्च तक अपनी रिपोर्ट देगी और अगले स्तर की परीक्षा को तब तक ​के लिए निलंबित कर दिया था. हालांकि छात्रों की मांग है कि इस मसले को सुलझाने में इतना वक़्त लेना इतना सही नहीं है.

    इससे पहले मंगलवार और बुधवार को भी नाराज़ छात्रों ने बिहार के कई जगहों पर ट्रेनों में आग लगा दी और पथराव भी किए.

  15. विंटर ओलंपिक 2022: चीन ने कोविड टेस्टिंग नियमों में दी ढील

    राजधानी में बढ़ते कोरोना के मामलों के बीच बीजिंग विंटर ओलंपिक के आयोजकों ने प्रतिभागियों के लिए कोविड19 टेस्ट के नियमों में ढील देने का फ़ैसला लिया है.

    विंटर ओलंपिक्स को लेकर किए गए इस अहम फ़ैसले के बाद प्रतिभागियों के लिए खेलों में हिस्सा लेना आसान हो जाएगा.

    चार जनवरी से अभी तक विंटर ओलंपिक के लिए आए 3000 से अधिक लोगों में से 78 लोगों का टेस्ट पॉज़िटिव आया है.

    वहीं दूसरी ओर टूर्नामेंट के बंद परिसर के बाहर, स्थानीय लोगों को कोरोना के सख़्त नियमों का पालन करना पड़ रहा है.

    बीजिंग के फ़ेंगताई ज़िले में क़रीब बीस लाख लोगों को कोविड टेस्ट कराने के लिए कहा गया है. दरअसल, इस सप्ताह की शुरुआत में यहां कोरोना संक्रमण के फैलने के कुछ मामले सामने आए थे.

    बुख़ार या खांसी जैसे के लक्षणों के लिए दवा ख़रीदने वालों को भी तीन दिनों के भीतर कोविड टेस्ट करान के लिए कहा गया है.

  16. पंजाब में आप की सरकार आई, तो पुलिस को फ़्री हैंड- भगवंत मान

    पंजाब में आम आदमी पार्टी के सीएम पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने कहा है कि अगर राज्य में उनकी सरकार आती है को पंजाब पुलिस को फ़्री हैंड दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि ड्रग-मुक्त पंजाब के लिए एक ड्रग टास्क फ़ोर्स गठित किया जाएगा.

    भगवंत मान ने कहा कि इस टास्क फ़ोर्स में कोई राजनीतिक दखल नहीं होगा. पिछले दिनों आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान को राज्य में पार्टी का सीएम चेहरा घोषित किया था.

    भगवंत मान ने ये भी कहा कि चूँकि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है, इसलिए हम इसकी आंतरिक सुरक्षा की गारंटी लेंगे. उन्होंने कहा कि आंतरिक सुरक्षा को लेकर उनका रोडमैप तैयार है. भगवंत मान ने कहा है कि कांग्रेस में अंदरूनी लड़ाई है और वे इस पर ध्यान नहीं देते हैं.

  17. यूपी चुनाव के ठीक पहले अमित शाह की जाट नेताओं से दिल्ली में मुलाक़ात

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश के क़रीब 250 जाट नेताओं से बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा के घर पर आज मुलाक़ात कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि जाट बिरादरी की नाराज़गी दूर करने के लिए यह बैठक बुलाई गई है. यह बैठक फ़िलहाल जारी है.

    इस बैठक में बीजेपी के प्रमुख जाट नेता केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, हरियाणा के कैप्टन अभिमन्यु, ख़ुद प्रवेश वर्मा इस बैठक में मौजूद हैं.

    अमित शाह के साथ इस मुलाक़ात में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, सहारनपुर, मुज़फ़्फ़रनगर सहित कई ज़िलों और ब्रज क्षेत्र के जाट नेता पहुंचे हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दूसरी बिरादरी के विधायक भी इस बैठक में शामिल हो रहे हैं.

    इस बैठक में जाट महासभा के अध्यक्ष सुभाष चौधरी भी पहुंचे हैं. ख़बर है कि वहां पहुंचे जाट नेताओं ने अपनी एकता बनाए रखने के पक्ष में नारे भी लगाए हैं.

    क्यों नाराज़ हैं जाट?

    केंद्र सरकार द्वारा 2020 में बनाए गए तीन कृषि क़ानूनों से किसानों ख़ासकर जाट किसानों में काफ़ी नाराज़गी रही है. इसे लेकर एक साल तक दिल्ली और आसपास के इलाक़ों में जमकर धरना प्रदर्शन हुए. उसके बाद केंद्र सरकार को झुकना पड़ा और इन क़ानूनों को वापस ले लिया गया.

    लेकिन जाट नेता मांग कर रहे हैं कि धान और गेहूं जैसे कई फ़सलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य अनिवार्य करने का क़ानून बनाया जाए. उनकी और भी कई मांगें हैं. लेकिन केंद्र सरकार ने इन मांगों पर अभी तक कोई ठोस पहल नहीं की है.

    जाटों का महत्व

    बीजेपी को लगता है कि विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश ख़ासकर राज्य के पश्चिमी इलाक़े में पार्टी के अच्छे प्रदर्शन के लिए जाटों की नाराज़गी दूर करना ज़रूरी है. नहीं तो पार्टी के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2014, 2017 और 2019 जैसा प्रदर्शन कर पाना नामुमकिन होगा.

    माना जाता है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की क़रीब 135 सीटों में जाटों का प्रभाव लगभग 100 सीटों पर है. बीजेपी ने 2012 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 38 सीटों पर जीत दर्ज़ की थी, लेकिन जाटों का समर्थन मिलने पर 2017 में इस इलाक़े की 88 सीटों पर उसने जीत दर्ज़ की थी.

  18. केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- छात्रों के साथ हुई घटना के दोषी पुलिसकर्मियों पर होगी कार्रवाई

    उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि प्रयागराज में छात्रों के साथ हुई घटना के मामले में दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी. उन्होंने छात्रों से संयम बरतने की अपील भी की है.

    केशव प्रसाद मौर्य ने ये भी कहा है कि विपक्ष इस मामले में राजनीति न करे. उन्होंने ट्विटर पर लिखा है- प्रयागराज में छात्रों के साथ घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई होगी, छात्रों से संयम की अपील है, विपक्ष छात्रों के मामले में राजनीति न करे, जिन लोगों ने छात्रों की आड़ लेकर उपद्रव किया है जाँच कर उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी, प्रत्येक छात्र हमारा परिवार है.

    उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्टेशन पर नाराज़ छात्रों से निपटने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया था और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कड़ी आलोचना की थी. प्रियंका गांधी ने कहा है कि रेलवे एनटीपीसी व ग्रुप डी परीक्षा से जुड़े युवाओं पर दमन की जितनी निंदा की जाए, कम है. सरकार तुरंत दोनों परीक्षाओं से जुड़े युवाओं से बात करके उनकी समस्याओं का हल निकाले. उन्होंने ये भी मांग की कि सरकार छात्रों के हॉस्टलों में घुसकर तोड़-फोड़ और सर्च की कार्रवाई पर रोक लगाए.

    उत्तर प्रदेश और बिहार के छात्र रेलवे भर्ती बोर्ड की नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (RRB-NTPC)परीक्षा के नतीज़े में ​कथित गड़बड़ी से बहुत नाराज़ हैं. इनका आरोप है कि इन भर्तियों में धांधली और लापरवाही हुई है और अयोग्य लोगों को भर्ती कराने के प्रयास हो रहे हैं. रेलवे ने हिसंक विरोध-प्रदर्शन के बाद एनटीपीसी और लेवन वन परीक्षाओं को निलंबित कर दिया है. रेलवे ने प्रदर्शनकारी छात्रों की शिकायत की जाँच के लिए एक समिति भी बनाई है.

  19. Live: रेलवे बोर्ड की भर्तियों को लेकर क्यों नाराज़ हैं युवा

    ज़्यादा जानकारी के साथ पटना से बीबीसी के लिए विष्णु नारायण.

  20. RRB NTPC: बिहार के गया जंक्शन पर छात्र हुए उग्र, ट्रेनों में लगाई आग, नीरज सहाय, पटना से, बीबीसी हिंदी के लिए

    आरआरबी-एनटीपीसी के परीक्षा परिणाम से नाराज़ अभ्यर्थियों के आंदोलन ने बुधवार को गया में उग्र रूप धारण कर लिया है. अभ्यर्थियों ने गया जंक्शन पर जमकर हंगामा किया.

    बताया जा रहा है कि इस दौरान नाराज़ अभ्यर्थियों ने दो मालगाड़ियों के इंजन और एक पैसेंजर ट्रेन में आग लगा दी. इसके साथ ही, 20 बोगियों की खिड़की के शीशों को चकनाचूर कर दिया.

    छात्रों के भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के क़रीब 20 गोले दागे हैं. विरोध करने वाले छात्रों की संख्या करीब 10 हज़ार बताई जा रही है.

    इस बारे में गया के सीनियर एसपी आदित्य कुमार ने नाराज़ छात्रों से किसी के बहकावे में न आने की अपील की है. उन्होंने कहा, "रेलवे ने एक समिति का गठन किया है, जो जांच करेगी. छात्र सरकारी संपत्तियों को नुक़सान न पहुंचाएं. कुछ छात्रों की पहचान की गई है और कार्रवाई जारी है."

    क्या है मामला

    रेलवे भर्ती बोर्ड की नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (RRB-NTPC) परीक्षा के नतीज़े में ​कथित गड़बड़ी से छात्रों में बहुत नाराज़गी है.

    इनका आरोप है कि इन भर्तियों में धांधली और लापरवाही हुई है और अयोग्य लोगों को भर्ती कराने के प्रयास हो रहे हैं. ये लोग निकाले गए नतीज़ों और नियमों में बाद में हुए बदलाव को लेकर ग़ुस्से में हैं.

    बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में रेलवे की नौकरियों की तैयारी करने वाले छात्रों की संख्या लाखों में होती है. कई महीने पहले रेलवे में RRB-NTPC के तहत अलग-अलग पदों की हज़ारों वैकेंसी निकली थी.

    मंगलवार को बिहार के पटना, भोजपुर, नवादा, सीतामढ़ी, नालंदा सहित और कभी कई ज़िलों में भारी प्रदर्शन होने, ट्रेनों में आग लगाने, पथराव करने, सरकारी संपत्तियों को नुक़सान पहुंचाने और पुलिस के साथ भिड़ंत होने की कई ख़बरें आई थीं.

    उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद और प्रयागराज स्टेशन पर भी छात्रों के हंगामे की ख़बरें आई थीं. नाराज़ छात्रों से निपटने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग भी किया था और इस कोशिश की कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कड़ी आलोचना की थी.

    रेलवे ने बनाई जांच समिति

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, रेलवे ने हिसंक विरोध-प्रदर्शन के बाद एनटीपीसी और लेवन वन परीक्षाओं को निलंबित कर दिया है. रेलवे ने प्रदर्शनकारी छात्रों की शिकायत की जाँच के लिए एक समिति भी बनाई है.

    ख़बर है कि आज दोपहर बाद 3.30 बजे रेल मंत्री दिल्ली के रेल भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं.