अरविंद केजरीवाल के ख़िलाफ़ मानहानि का मुक़दमा दायर करूंगा: चरणजीत सिंह चन्नी

इमेज स्रोत, ANI
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शुक्रवार को कहा है कि वो आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल के ख़िलाफ़ मानहानि का मुक़दमा दायर करेंगे.
दरअसल, चरणजीत सिंह चन्नी के भतीजे से जुड़ी कई जगहों पर प्रवर्तन निदेशालय के छापे पड़ने के बाद अरविंद केजरीवाल ने उन्हें 'बेईमान व्यक्ति' करार दिया था.
चन्नी ने आरोप लगाया कि केजरीवाल को दूसरे लोगों की छवि ख़राब करने के लिए ऐसे आरोप लगाने की आदत है और अतीत में ये देखा गया है कि उन्होंने किस तरह से बाद में बीजेपी नेताओं नितिन गडकरी और मरहूम अरुण जेटली और शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया से माफी मांग ली थी.
अपने विधानसभा क्षेत्र चमकौर साहिब में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने दावा किया अरविंद केजरीवाल अब अपनी सारी हदें पार कर चुके हैं और उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेता के ख़िलाफ़ मानहानि का मुक़दमा दायर करने के लिए कांग्रेस से इजाजत मांगी है.

इमेज स्रोत, ANI
चरणजीत सिंह चन्नी ने बताया, "मैं अरविंद केजरीवाल के ख़िलाफ़ मानहानि का मुक़दमा दायर करूंगा और ऐसा करने के लिए पार्टी से इजाजत मांगी है. मेरे पास ये करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है.... उन्होंने मुझे बेईमान कहा है और ये बात उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर लिख दी है."
प्रवर्तन निदेशालय के छापों के बाद विपक्षी पार्टियों ख़ासकर आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस और चन्नी के ख़िलाफ़ कई आरोप लगाए हैं. शुक्रवार को ही केजरीवाल ने कहा कि चन्नी के भतीजे के घर से करोड़ों रुपये की बरामदगी देखकर लोग सकते में हैं. चन्नी अगले महीने वाले होने वाले विधानसभा चुनाव में चमकौर साहिब सीट से हार जाएंगे.
केजरीवाल के इस आरोप पर जवाब देते हुए चन्नी ने कहा, "पैसा कहीं और से आया, छापे किसी और के यहां पड़े लेकिन वो (केजरीवाल) नोटों के बंडल के साथ मेरी फोटो सोशल मीडिया पर डालकर मुझे बेईमान करार दे रहे हैं. वो मुझे बेईमान कह रहे हैं.... क्या उन्होंने खुद को बेईमान कहा था जब उनका भतीजा पकड़ा गया था...."
















