You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तान ने कहा- भारत के गेंहूँ को अफ़ग़ानिस्तान पहुंचाने को तैयार, अब भारत का इंतज़ार

पाकिस्तान ने कहा है कि भारत से अफ़ग़ानिस्तान की मदद के लिए भेजे जाने वाले गेहूं की ढुलाई के इंतज़ामों का ब्यौरा उसने भारत को दे दिया है.

लाइव कवरेज

मोहम्मद शाहिद, विभुराज and चंदन शर्मा

  1. गोरखपुर शहर सीट से योगी को चंद्रशेखर से मदद मिलेगी या नुक़सान होगा?

    भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ के ख़िलाफ़ गोरखपुर शहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की है.

    गुरुवार को सहारनपुर में दलित युवा नेता चंद्रशेखर ने कहा था कि यह मंडल बनाम कमंडल की लड़ाई है. चंद्रशेखर ने योगी आदित्यनाथ को लोगों के लिए ख़तरनाक बताया था.

    चंद्रशेखर आज़ाद की इस घोषणा को कोलकाता से प्रकाशित होने वाले अंग्रेज़ी दैनिक टेलीग्राफ़ ने प्रमुखता से जगह दी है. टेलीग्राफ़ ने इस बात की पड़ताल की है कि योगी को चंद्रशेखर किस हद तक टक्कर दे पाएंगे.

    नीचे लिंक पर क्लिक करके पढ़ें पूरी ख़बर.

  2. घाना में एक बड़े धमाके में सैकड़ों इमारतें तबाह, अभी तक 17 शव मिले

    पश्चिमी घाना के एक शहर में भारी धमाके के बाद कई लोगों के मारे जाने की आशंका है और इस दौरान सैकड़ों इमारतें तबाह हो गई हैं. यह शहरसोने के खनन के लिए मशहूर है.

    एक स्थानीय अधिकारी ने बताया है कि एपिएट में हुए धमाके में 17 शव मिले हैं.

    पुलिस का कहना है कि बोगोसो और बावडी के बीच ‘भारी धमाका’ हुआ है जहां पर खनन के लिए विस्फोटक ले जा रहे वाहन के मोटरसाइकिल के टकराने से ये हादसा हुआ है.

    स्थानीय मीडिया द्वारा साझा की जा रही तस्वीरों में भारी धुआं उठते देखा जा सकता है जिसमें कई इमारतें तबाह हो गई हैं और मलबा फैला हुआ है और लोग मदद के लिए चिल्ला रहे हैं.

    पुलिस ने मारे गए लोगों की संख्या की पुष्टि नहीं की है लेकिन ग्राफ़िक वीडियोज़ में मारे गए लोगों के शव देखे जा सकते हैं. वहीं सड़क पर धमाके से बने एक बड़े गड्ढे को देखा जा सकता है.

    घाना के राष्ट्रपति नाना अकूफ़ो-अड्डो ने कहा है कि ‘स्थिति को नियंत्रित’ करने के लिए आपातकालीन मदद के लिए सेना आई है.

    उन्होंने ट्वीट करके इसे‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद घटना बताया है.’

    इलाक़े में बचाव अभियान जारी है और लोगों से इलाक़े से बाहर चले जाने को कहा है.

    पुलिस ने क़रीबी शहरों के प्रशासन कहा है कि वो ‘अपनी कक्षाओं, चर्चों आदि को पीड़ितों के लिए खोल दे ताकि वो वहां रह सकें.’

    पुलिस का कहना है, “हम लोगों से लगातार संयम बरतने की अपील कर रहे हैं ताकि स्थिति को संभाला जा सके.”

  3. टी-20 विश्व कप 2022 की हुई घोषणा, भारत का पहला मुक़ाबला पाकिस्तान से

    इस साल अक्तूबर में होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए आईसीसी ने अपने कार्यक्रम को जारी कर दिया है. 22 अक्तूबर से इसकी असली शुरुआत सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड के मैच से होगी.

    वहीं 23 अक्तूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी. ऐसा पहली बार होगा जब एमसीजी पर विश्व कप में एशिया की दो टीमें मुक़ाबले खेलेंगी.

    टी-20 विश्व कप का आठवां संस्करण वैसे तो 16 अक्तूबर को शुरू हो जाएगा लेकिन 21 अक्तूबर तक सिर्फ़ क्वालिफ़ायर मैच ही होंगे. ये विश्व कप ऑस्ट्रेलिया के सात क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा और 13 नवंबर को फ़ाइनल एमसीजी में होगा.

    ऑस्ट्रेलिया में पहली बार हो रहे पुरुष टी-20 विश्व कप के दौरान कुल 16 टीमें 45 मैच खेलेंगी.

    भारत को ग्रुप-2 में रखा गया है जहां पर वो पाकिस्तान के अलावा बांग्लादेश, दक्षिण अफ़्रीका, क्वालिफ़ायर ग्रुप बी के विजेता और क्वालिफ़ायर ग्रुप ए के रनर अप के साथ मैच खेलेगा.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.