You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

नेस्ले ने भगवान जगन्नाथ की तस्वीर वाले किटकैट वापस लिए, जताया अफ़सोस

नेस्ले इंडिया ने गुरुवार को बताया है कि उसने बाज़ार से किटकैट चॉकलेट की वह खेप पहले ही वापस ले ली है, जिसके रैपर पर भगवान जगन्नाथ की तस्वीर छपी थी.

लाइव कवरेज

मोहम्मद शाहिद, चंदन शर्मा and भूमिका राय

  1. ब्रह्मोस मिसाइल के नए वर्ज़न का सफल परीक्षण, क्या है ख़ास

    भारत ने गुरुवार को ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज़ मिसाइल के नए वर्ज़न का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, ओडिशा के बालासोर के तट से यह परीक्षण किया गया है. इस मिसाइल के बारे में बताया गया है कि इसमें नई प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया गया. इसका परीक्षण सफल रहा है.

    ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल ख़ास क्यों?

    ब्रह्मोस मिसाइल को दुनिया की सबसे तेज़ सुपरसोनिक मिसाइलों में गिना जाता है. भारत के लिए इसका सौदा रणनीतिक और रक्षा क्षेत्र में निर्यात के हिसाब से काफी अहम है.

    इस मिसाइल में कई खूबियां हैं और इन्हें लेकर ही रक्षा विशेषज्ञ इसे सबसे उम्दा मिसाइलों में गिनते हैं

    इस मिसाइल को भारत और रूस के संयुक्त उपक्रम में तैयार किया गया है. इसे जल, थल और वायु से छोड़ा जा सकता है. इस क्षमता को ट्रायड कहा जाता है.

    ट्रायड की विश्वसनीय क्षमता भारत से पहले सिर्फ़ अमेरिका, रूस और सीमित रूप से फ्रांस के पास मौजूद है.

    रक्षा क्षेत्र के एक्सपर्ट ब्रह्मोस को दुनिया की सबसे तेज़ सुपरसोनिक मिसाइलों में गिनते हैं, जिसकी रफ़्तार 2.8 मैक (ध्वनि की रफ़्तार के बराबर) है. इस मिसाइल की रेंज 290 किलोमीटर है और ये 300 किलोग्राम भारी युद्धक सामग्री ले जा सकती है.

    क्रूज़ मिसाइल सतह पर मौजूद किसी लक्ष्य पर प्रहार करने वाली एक गाइडेड मिसाइल होती है. लक्ष्य पर मार करने के ​दौरान यह समान गति से अपना रास्ता तय करती है.

  2. नेपाल ने लिपुलेख को लेकर भारत को दो टूक जवाब दिया

    नेपाल सरकार ने कहा है कि भारत के साथ उसके सीमा विवादों का समाधान ऐतिहासिक तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर होना चाहिए जिनमें लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और कालापानी के विवाद शामिल हैं.

  3. गोवा में मनोहर पर्रिकर के बेटे के चुनाव लड़ने पर क्या चल रही है सियासत

    गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर को पणजी से टिकट न देने पर गोवा के बीजेपी प्रभारी देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि उन्हें अन्य सीटों के प्रस्ताव दिए गए थे लेकिन उन्होंने मना कर दिया.

    गुरुवार को गोवा विधानसभा चुनाव में 34 उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए फडणवीस ने कहा, “पणजी में सिटिंग एमएलए को ही टिकट दिया गया है. उत्पल पर्रिकर या मनोहर पर्रिकर का परिवार हमारा परिवार है. उत्पल पर्रिकर को दो और विकल्प दिए गए थेउसमें से एक के बारे में उन्होंने मना कर दिया था और एक के बारे में चर्चा चल रही है.”

    “हम सबको लगता है कि उन्हें मानना चाहिए. वैसे भी बीजेपी में पर्रिकर परिवार को सम्मान दिया गया है.”

    बीजेपी की सूची में उत्पल पर्रिकर का नाम शामिल नहीं है और कहा जा रहा है कि वो पणजी से ही टिकट चाहते थे क्योंकि उनके पिता मनोहर पर्रिकर इसी सीट से चुनाव लड़ते थे.

    गोवा विधानसभा चुनाव में ज़ोर-शोर से उतर रही आम आदमी पार्टी ने उत्पल को चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है.

    दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके उत्पल पर्रिकर को आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है.

    वहीं शिवसेना नेता संजय राउत ने पर्रिकर को निर्दलीय लड़ने को कहा है और विपक्षी पार्टियों से निवेदन किया है कि वो अपने उम्मीदावर न उतारें.

  4. महाराष्ट्र में सोमवार से खुलेंगे सभी स्कूल

    महाराष्ट्र की स्कूल शिक्ष मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने घोषणा की है महाराष्ट्र में सोमवार 24 जनवरी से स्कूल खोले जाएंगे.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा है कि पहली से 12वीं क्लास तक स्कूल कोविड प्रोटोकॉल के साथ 24 जनवरी से खुलेंगे और मुख्यमंत्री इस प्रस्ताव पर सहमत हैं.

    गायकवाड़ ने बताया है कि 24 जनवरी से प्री-प्राइमरी स्कूल भी खोले जाएंगे.

    इस महीने की शुरुआत में ओमिक्रॉन वैरिएंट के चलते बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों के मद्देनज़र महाराष्ट्र सरकार ने घोषणा की थी कि राज्य में 15 फ़रवरी तक स्कूल बंद रहेंगे

  5. पंजाब में AAP को सीएम चेहरे की ज़रूरत क्यों पड़ी, भगवंत मान ने बताया

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, दिल्ली दंगा मामले में पहले दोषी ठहराए गए शख़्स को पांच साल की जेल

    दिल्ली की कड़कड़डूमा अदालत ने गुरुवार को साल 2020, फरवरी में देश की राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाक़ों में हुए दंगों के मामले में दोषी ठहराए गए पहले व्यक्ति को पांच साल जेल की सज़ा सुनायी है.

    इस शख़्स का नाम दिनेश यादव है. दिनेश यादव की वकील शिखा गर्ग ने बीबीसी को बताया, "दिनेश यादव को 12 हज़ार रुपये का जुर्माना भी भरना होगा."

    दिनेश यादव को पिछले महीने दंगे में सक्रिय रूप से शामिल होने और मनोरी नाम की एक महिला के घर को लूटने और जलाने में शामिल होने के लिए दोषी ठहराया गया था.

    लाइव लॉ के मुताबिक, दिनेश यादव को पीनल कोड की धारा 143, 147, 148, 457, 392, 436 और सेक्शन 149 के तहत सज़ा सुनायी गयी है.

    दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके में 23 फ़रवरी से 26 फ़रवरी 2020 के बीच हुए दंगों में 53 लोगों की मौत हुई थी.

    बीते साल 13 जुलाई को हाई कोर्ट में दायर दिल्ली पुलिस के हलफ़नामे के मुताबिक, मारे गए लोगों में से 40 मुसलमान और 13 हिंदू थे.

  7. राजस्थान में किसानों की ज़मीन की नीलामी का आदेश रद्द

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कृषि भूमि की नीलामी को रोकने के आदेश जारी किये हैं.

    इन निर्देशों में कहा गया है, “राज्य सरकार ने अधिकारियों को आदेश दिया है कि अगर कोई किसान अपने ऋण का भुगतान नहीं कर पा रहा है या वो असमर्थ्य है तो रोडा एक्ट के तहत उनकी ज़मीन की नीलामी की कार्रवाही को रोक दिया जाए.”

    राजस्थान सरकार का यह फ़ैसला ऐसे समय में आया है जब एक दिन पहले ही कुछ किसानों की ज़मीन नीलाम होने के बाद किसान नेता राकेश टिकैत राजस्थान के दौसा पहुंचे थे.

    इससे पूर्व काफी संख्या में जमा होकर किसानों ने मुख्यमंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन भी किया था.

    दौसा के रामगढ़ पचवाड़ा गांव के एक युवा किसान ने बताया कि मंगलवार को उनकी ज़मीन नीलाम कर दी गयी.

    पप्पू लाल नाम के इस शख़्स ने बताया कि उनके पिता ने कर्ज़ लिया था और अब वो ज़िंदा नहीं हैं.

    “पिता जी ने कर्ज़ लिया था और अब हम वह चुकाने में असमर्थ थे तो बैंक से निवेदन भी कर लिया था लेकिन बैंक ने कोई भी रियायत देने से इनकार कर दिया था.”

    एसडीएम मिथिलेश मीणा ने बताया कि किसान ने राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक से कर्ज़ लिया था लेकिन उसे चुका नहीं सका. बैंक ने उन्हें सेटलमेंट के लिए भी बुलाया था लेकिन वे आए नहीं इसलिए क़ानून का पालन करते हुए उनकी ज़मीन नीलाम कर दी गई.

  8. गोवा: बीजेपी ने 34 उम्मीदवारों की सूची जारी की, संकुएलिम सीट से सीएम लड़ेंगे चुनाव

    बीजेपी ने गुरुवार को गोवा विधानसभा चुनाव के लिए अपने 34 उम्मीदवारों की सूची जारी की.

    गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत संकुएलिम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे. वहीं उप-मुख्ममंत्री मनोहर अजगांवकर मरगांव सीट से चुनाव लड़ेंगे.

    गोवा में बीजेपी के प्रभारी देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पणजी के वर्तमान विधायक को टिकट दिया गया है जबकि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर को अन्य सीट के विकल्प दिए थे हमने उनसे बात की थी.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, योगी आदित्यनाथ के ख़िलाफ़ गोरखपुर से चुनाव लड़ेंगे चंद्रशेखर आज़ाद

    भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेख़र आज़ाद ने घोषणा की है कि वो अपनी पार्टी आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) से गोरखपुर सदर सीट से यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे.

    ग़ौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर सदर से चुनाव लड़ने की घोषणा की है.

    चंद्रशेखर आज़ाद और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बीच गठबंधन को लेकर मनमुटाव के बाद चंद्रशेखर आज़ाद ने यूपी में अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा की थी.

    उनकी पार्टी ने हाल ही में 33 उम्मीदवारों की घोषणा भी की थी और अब आज़ाद ने कहा है कि वो गोरखपुर सदर से चुनाव लड़ेंगे.

  10. भारत की छवि को धूमिल करने के अलग-अलग प्रयास चलते रहते हैं: पीएम मोदी

    ब्रह्मकुमारी संस्था के ‘आज़ादी के अमृत महोत्सव से स्वर्णिम भारत की ओर’ कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज हम एक ऐसी व्यवस्था बना रहे हैं जिसमें भेदभाव की कोई जगह न हो.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम एक ऐसा समाज बना रहे हैं, जो समानता और सामाजिक न्याय की बुनियाद पर मज़बूती से खड़ा हो.

    अपने संबोधन में उन्होंने ब्रह्मकुमारियों के प्रयासों का भी उल्लेख किया.

    प्रधानमंत्री ने कहा, “आप सभी इस बात के साक्षी रहे हैं कि भारत की छवि को धूमिल करने के लिए किस तरह अलग-अलग प्रयास चलते रहते हैं. इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बहुत कुछ चलता रहता है. इससे हम ये कहकर पल्ला नहीं झाड़ सकते कि ये सिर्फ़ राजनीति है. ये राजनीति नहीं है, ये हमारे देश का सवाल है.”

    पीएम ने कहा, "जब हम आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं तो ये हमारा दायित्व है कि दुनिया भारत को सही रूप में जानें."

    पीएम मोदी ने कहा, "अमृतकाल का ये समय, सोते हुए सपने देखने का नहीं बल्कि जागृत होकर अपने संकल्प पूरे करने का है. आने वाले 25 साल, परिश्रम की पराकाष्ठा, त्याग, तप-तपस्या के 25 वर्ष हैं. सैकड़ों वर्षों की गुलामी में हमारे समाज ने जो गंवाया है, ये 25 वर्ष का कालखंड, उसे दोबारा प्राप्त करने का है."

  11. यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस ने 41 उम्मीदवारों की घोषणा की

    आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने गुरुवार को अपने 41 उम्मीदवारों की सूची जारी की.

    यूपी में पहले और दूसरे चरण की सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए ये उम्मीदवार घोषित किए गए हैं.

  12. पाकिस्तान: व्हाट्सऐप पर ईशनिंदा के संदेश भेजने पर मुस्लिम महिला को फांसी की सज़ा

    पाकिस्तान के रावलपिंडी में एक सेशन कोर्ट ने बुधवार को ईशनिंदा के मामले में एक मुस्लिम महिला को मौत की सज़ा सुनाई. इसके साथ ही महिला को 20 साल जेल की सज़ा और इसके साथ-साथ डेढ़ लाख रुपये पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना भी लगाया.

    कोर्ट ने फ़ैसला सुनाते हुए कहा कि यह साबित हुआ है कि अनीक़ा अतीक़ नामक दोषी महिला ने पैग़बर मोहम्मद और उनकी पत्नी आएशा को लेकर व्हाट्सऐप पर ऐसे संदेश भेजे जो आपत्तिजनक थे.

    कोर्ट ने कहा कि अनीक़ा अतीक़ अपनी बेगुनाही में सबूत पेश नहीं कर पाईं इसलिए उन्हें फांसी की सज़ा दी जाती है.

    पुलिस स्टेशन एफ़आईए (साइबर क्राइम सर्कल) रावलपिंडी ने 13 मई 2020 को हसनात फ़ारूक़ नामक शख़्स की शिकायत पर एक एफ़आईआर दर्ज की थी जिसमें उन्होंने अनीक़ा के ऊपर ईशनिंदा का आरोप लगाया था.

    अनीक़ा के वकील ने सुनवाई के दौरान कहा था कि घटना के समय अभियुक्त की मानसिक हालत ठीक नहीं थी. इसके बाद मैजिस्ट्रेट ने मानसिक जांच के आदेश दिए थे जो कि अभी तक लंबित है.

  13. केशव प्रसाद मौर्य बीजेपी के लिए इतने अहम क्यों हैं?

    अंग्रेज़ी अख़बार द हिन्दू ने आज उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की बीजेपी में अहमियत को लेकर एक रिपोर्ट प्रकाशित की है. आज की प्रेस रिव्यू की लीड में द हिन्दू की यह रिपोर्ट पढ़िए.

    केशव प्रसाद मौर्य सिराथू विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मौदान में हैं. यह विधानसभा क्षेत्र कौशांबी में है. कौशांबी इलाहाबाद के पास में ही है और इसे एक पिछड़ा ज़िला माना जाता है.

    2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी गठबंधन ने जिन 325 सीटों पर जीत दर्ज की थी, उनमें से सिराथू भी एक है. 2017 में इस सीट से बीजेपी के शीतला प्रसाद उर्फ़ पप्पू पटेल चुनाव जीते थे.

    नीचे लिंक पर क्लिक करके पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

  14. चीनी सेना के भारतीय युवक के 'अपहरण' पर राहुल ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

    चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी पर भारत के अरुणाचल प्रदेश में घुसकर एक भारतीय युवक के अपहरण का आरोप है.

    अरुणाचल प्रदेश से बीजेपी के सांसद तापिर गाओ ने 19 जनवरी को एक ट्वीट करके यह आरोप लगाया था कि चीन ने भारत में घुसकर युवक का अपहरण किया है.

    उन्होंने ट्वीट किया, “अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सियांग ज़िले के लुंगटा जोर इलाक़े के ज़िडो गांव से पीएलए ने मीराम तारोन नाम के 17 वर्षीय युवक का अपहरण कर लिया है. यह वो इलाक़ा है जहां चीन ने 2018 में भारत के अंदर 3-4 किलोमीटर सड़क बनाई है.”

    अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घटना का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा है.

    राहुल गांधी ने एक ट्वीट किया है, “गणतंत्र दिवस से कुछ दिन पहले भारत के एक भाग्य विधाता का चीन ने अपहरण किया है- हम मीराम तारौन के परिवार के साथ हैं और उम्मीद नहीं छोड़ेंगे, हार नहीं मानेंगे. PM की बुज़दिल चुप्पी ही उनका बयान है- उन्हें फ़र्क़ नहीं पड़ता!”

    इस बीच अरुणाचल प्रदेश से कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग के हवाले से न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने लिखा है- “हमें पता चला कि अरुणाचल प्रदेश के ज़िदो क्षेत्र, ऊपरी सियांग ज़िले, लुंगटा जोर क्षेत्र में आकर चीन की PLA द्वारा 17 वर्षीय मिराम तारोन का अपहरण किया गया. यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अरुणाचल प्रदेश में अभी भी चीन के लोग घुसपैठ कर रहे हैं."

  15. कोरोना अपडेट- भारत में एक दिन में कोरोना संक्रमण के तीन लाख से अधिक मामले

    भारत में कोरोना संक्रमण के मामले हर रोज़ बड़ी संख्या में बढ़ रहे हैं.

    बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 3,17,532 नए मामले सामने आए हैं.

    वहीं बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के कारण 491 लोगों की मौत हो गयी है. इसके अलावा 2,23,990 लोग इलाज के बाद ठीक भी हुए हैं.

    देश में कुल एक्टिव केसों की संख्या 19,24,051 है. वहीं कोरोना पॉज़ीटिविटी रेट 16.41% है.

    देश में कोरोना के नए वेरिएंट के मामले भी तेज़ी से बढ़ रहे हैं.

    अभी तक देश में कोरोना के कुल 9,287 मामले सामने आए हैं. कोरोना संक्रमण के मामले बीते एक दिन की तुलना में 3.63 फ़ीसद बढ़ गए हैं.

  16. पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए संयुक्त संघर्ष पार्टी और संयुक्त समाज मोर्चा के बीच समझौता

    संयुक्त संघर्ष पार्टी और बलबीर सिंह राजेवाल के नेतृत्व वाली संयुक्त समाज मोर्चा के बीच समझौता हो गया है.

    पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के लिए हुए इस समझौते के तहत अब संयुक्त संघर्ष पार्टी 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

    एएनआई न्यूज़ एजेंसी ने संयुक्त संघर्ष पार्टी के प्रमुख गुरनाम सिंह चढूनी के हवाले से लिखा है कि लोगों की भावनाओं को देखते हुए दोनों पार्टियों ने साथ आने का फ़ैसला किया है.

    उन्होंने कहा, “लोगों की भावनाओं को देखते हुए कि हमें इकट्ठा लड़ना चाहिए, हम दोनों (संयुक्त संघर्ष पार्टी और संयुक्त समाज मोर्चा) के बीच समझौता हो गया है. हम 10 और वो बाकी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे.”

    पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मतदान20 फ़रवरी को होंगे.

    ये चुनाव, 16वीं पंजाब विधानसभा के लिए 117 सीटों पर होंगे.

    जहां एक तरफ सत्तारूढ़ कांग्रेस चुनावों से कुछ ही महीने पहले एक नया मुख्यमंत्री बना कर सत्ता में लौटने की कोशिश कर रही है. वहीं अभी तक उसने मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है.

    दूसरी तरफ अकाली दल को उम्मीद है कि बहुजन समाज पार्टी के साथ हाल ही में हुआ गठबंधन उसके लिए सत्ता हासिल करने का एक नया रास्ता बना देगा.

    पिछले विधान सभा चुनावों में मुख्य विपक्षी पार्टी के तौर पर उभरी आम आदमी पार्टी इस बार भगवंत मान के चेहरे के साथ सत्ता तक का सफर तय करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है.

    इसी सब के बीच निगाहें कैप्टन अमरिंदर सिंह की नई राजनीतिक पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस पर भी है जो भारतीय जनता पार्टी और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींढसा की शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ मिल कर चुनावी मैदान में उतर रही है.

  17. ICC टी-20 टीम में छाया पाकिस्तान, बाबर बने कप्तान

    पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने पिछले साल टी-20 विश्व कप नहीं जीता था, लेकिन पाकिस्तान टीम के खिलाड़ियों को पूरे साल उनके शानदार प्रदर्शन के लिए दुनियाभर में सराहना मिली.

    अब आईसीसी ने जिस टी-20 टीम की घोषणा की है उसमें तीन पाकिस्तानी खिलाड़ी शामिल हैं.

    पिछले साल के प्रदर्शन के आधार पर इस प्रतीकात्मक टीम के ग्यारह खिलाड़ियों का चयन किया गया है और पाकिस्तान के लिए गर्व की बात यह है कि इस टीम का कप्तान बाबर आज़म को बनाया गया है. हालांकि उनके प्रदर्शन की तारीफ़ तो आईसीसी पहले भी कर चुकी है.

    बाबर आज़म ने पिछले साल 29 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में एक शतकीय पारी खेली थी और नौ अर्ध-शतकीय. इन धुंआधार पारियों की बदौलत उन्होंने कुल 939 रन बनाए थे.

    पाकिस्तान के लिए दोहरी ख़ुशी की बात यह है कि पाकिस्तान टीम के मोहम्मद रिज़वान को विकेटकीपर-ओपनर के तौर पर आईसीसी की टीम में शामिल किया गया है.

    साल 2021 मोहम्मद रिज़वान के लिए एक यादगार साल साबित हुआ. बीते साल उन्होंने 29 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैचों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया और एक शतक और 12 अर्धशतकों की मदद से 1326 रन बनाए. जोकि पिछले साल किसी भी बल्लेबाज़ के बनाए गए सर्वाधिक रन थे.

    पाकिस्तान की ओर से शाहीन आफ़रीदी को भी इस प्रतीकात्मक टीम में जगह दी गई है. शाहीन ने पिछले साल 21 मैचों में 23 विकेट लिए. इस टीम में एक भी भारतीय खिलाड़ी शामिल नहीं है.

  18. यूक्रेन तनाव: बाइडन ने कहा, 'आगे बढ़ सकता है रूस'

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का मानना है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन मामले पर निश्चित तौर पर आगे बढ़ेंगे, लेकिन वो शायद एक पूर्ण युद्ध नहीं चाहते हैं.

    एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति से रूसी हमले के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि ''मुझे लगता है कि वे आगे बढ़ेंगे, उन्हें कुछ तो करना है.'' लेकिन उन्होंने एक सवाल के जवाब में चेतावनी देते हुए कहा कि पश्चिमी देशें को आज़माने की उन्हें भारी क़ीमत चुकानी होगी.

    एक ओर जहां अमेरिका लगातार रूस को चेतावनी दे रहा है, वहीं रूस का कहना है कि वो किसी भी तरह के आक्रमण की योजना नहीं बना रहा है. हालांकि यह ज़रूर कहा है कि रूस ने अपनी सेना आगे बढ़ाई है.

    यूक्रेन की सीमाओं पर लगभग एक लाख सैनिकों के मौजूद होने का अनुमान लगाया गया है. इसके बाद व्हाइट हाउस की ओर से एक आधिकारिक बयान जारी करके अमेरिका की स्थिति को स्पष्ट किया गया है.

    दरअसल, जिस प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बाइडन बोल रहे थे वहां पत्रकारों ने बाइडन से इस पूरे मामले पर अमेरिका की स्थिति को स्पष्ट करने से जुड़े सवाल पूछे थे. रूस पर बाइडन की टिप्पणी के बाद पत्रकारों ने उनसे पूछा था कि ''क्या अमेरिका यूक्रेन में घुसपैठ की अनुमति देगा.''

    प्रेस कॉन्फ़्रेंस के बाद जारी आधिकारिक बयान में प्रेस सचिव जेन साकी के हवाले से कहा गया है कि अगर कोई रूसी सेना यूक्रेन के बॉर्डर को पार कर जाती है तो इसे एक नए आक्रमण के रूप में देखा जाएगा और फिर इसका जवाब तीव्र और गंभीर होगा और वो अमेरिका और उसके सहयोगियों की एकजुट प्रतिक्रिया होगी.

    पुतिन नहीं चाहते हैं कि सोवियत यूनियन का हिस्सा रहे देशों में अमेरिका और नेटो का प्रभाव बढ़े. अमेरिका भी इस बार झुकने को तैयार नहीं है.

    अमेरिका आधिकारिक रूप से कह रहा है कि वो यूक्रेन में मिसाइल और सैन्य तैनाती करेगा.

    अमेरिका का कहना है कि यूक्रेन के मामले में यूरोप को भी मुखर होना होगा. यूक्रेन नेटो का सदस्य नहीं है, लेकिन नेटो देशों से उसका सहयोग काफ़ी है.

    यूक्रेन ने नेटो में शामिल होने की भी इच्छा जताई है.

    दूसरी तरफ़ पुतिन कह रहे हैं कि वे नेटो का और विस्तार नहीं चाहते हैं. पुतिन ये भी चाहते हैं कि यूक्रेन से नेटो और ईयू के सैनिक वापस जाएं.

    बीते सप्ताह पश्चिम देशों और रूस के बीच हुई वार्ता किसी सुनिश्चित परिणाम तक पहुंचने में कामयाब नहीं हो सकी थी. रूस की कुछ मांगों को शुरुआत में ही ख़ारिज कर दिया गया था.

  19. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.