You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूपी चुनाव: नोएडा में छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल के ख़िलाफ़ एफ़आईआर

उत्तर प्रदेश पुलिस ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ख़िलाफ़ कोविड से जुड़े दिशानिर्देशों के कथित तौर पर उल्लंघन के आरोप में रविवार को प्राथमिकी दर्ज की है.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, नोवाक जोकोविच केस हारे, ऑस्ट्रेलिया से किया जाएगा डिपोर्ट

    जानेमाने टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ऑस्ट्रेलिया में रहने की अपनी अपील का केस हार गए हैं, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया उन्हें डिपोर्ट करेगा.

    कोरोना वैक्सीन न लगवाने के कारण सार्वजनिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ऑस्ट्रेलिया ने जोकोविच का वीज़ा आवेदन रिजेक्ट कर दिया था. इस पर जोकोविच ने कोर्ट में अपील की थी.

    अब जजों की बेंच ने इस पर जोकोविच की अपील की गुज़ारिश को मानने से इनकार कर दिया है.

    कोर्ट के इस फ़ैसले ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस में खेलने और अपना रिकॉर्ड 21वां ग्रैंड स्लैम टाइटल जीतने का उनका सपना तोड़ दिया है.

    फ़ैसले के बारे में जोकोविच ने कहा कि इससे उन्हें बेहद निराशा हुई है लेकिन वो कोर्ट के फ़ैसले का सम्मान करते हैं.

    एक बयान जारी कर उन्होंने कहा कि देश से डिपोर्ट किए जाने के संबंध में वो संबंधित अधिकारियों से सहयोग करेंगे.

  2. असीम अरुण बीजेपी में हुए शामिल, कहा- योगी सरकार में रहा क़ानून का राज

    कानपुर के पुलिस कमिश्नर रहे असीम अरुण रविवार को बीजेपी में शामिल हो गए.

    उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की मौजूदगी में उन्हें पार्टी की सदस्यता की शपथ दिलाई.

    पार्टी के सदस्यता स्वीकारते हुए उन्होंने कहा कि "बीजेपी के शासन में पूरी तरह क़ानून का राज रहा है. मैंने अपने कार्यकाल के दौरान देखा कि पार्टी की तरफ़ से एक भी फ़ोन अपराधियों को छुड़ाने के लिए नहीं किया गया."

    असीम अरुण ने ये भी कहा कि बीजेपी एक ऐसी पार्टी है जो नेतृत्व का विकास करती है.

    स्वतंत्रण देव सिंह ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि एक ईमानदार अधिकारी के पार्टी में आने से पार्टी का कद बढ़ेगा, समाज में सम्मान बढ़ेगा और दलित समाज में अच्छा संदेश जाएगा.

    बताया जा रहा है कि असीम अरुण बीजेपी के टिकट पर कन्नौज से चुनाव लड़ सकते हैं. उनके पिता स्वर्गीय श्रीराम अरुण दो बार उत्तर प्रदेश के डीजीपी रह चुके हैं.

    असीम अरुण को पार्टी के लिए युवा और दलित चेहरा माना जा रहा है. हाल ही में उन्होंने वीआरएस लिया था जिसे मंजूरी मिल गई है.

  3. राजस्थान: कथित रेप पीड़िता की मां का दावा, “बच्ची के साथ ग़लत काम हुआ है”

    अलवर ज़िले में 11 जनवरी की देर शाम तिजारा पुलिया पर लहूलुहान हालत में मिली मूक बधिर नाबालिग़ लड़की के साथ बलात्कार होने का शक़ जताया जा रहा था.

    लेकिन कथित रेप पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट और अभी तक मिले तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस का कहना है कि 'सेक्सुअल पेनिट्रेशन', 'वजाइनल और इनर पेनिट्रेशन' की पुष्टि नहीं हुई है.

    हालांकि, जयपुर के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती पीड़िता की मां ने बीबीसी हिंदी से हुई बातचीत में कई सवाल उठाए हैं और दावा किया है कि उनकी बच्ची के साथ ग़लत काम तो हुआ है.

  4. 'ज्वालामुखी फटने के बाद पैदा हुआ सूनामी का ख़तरा अब टला'

    एक मॉनिटरिंग ग्रुप ने कहा है कि शनिवार को प्रशांत सागर में टोंगा के पास समंदर में एक विशाल ज्वालामुखी के फटने के बाद पैदा हुआ सूनामी का ख़तरा अब टल गया है.

    रविवार को पेसिफ़िक सूनामी वॉर्निंग सेंटर ने कहा कि ख़तरा अब कम हो गया है लेकिन समुद्र तटीय इलाक़ों के लिए अब भी ख़तरा बना हुआ है. यहां ऊँची लहरें उठ सकती हैं और कुछ जगहों पर पानी भर सकता है.

    इससे पहले जापान और अमेरिका ने अपने नागरिकों को समुद्र तटीय इलाक़ों से दूर जाने की सलाह दी थी.

    सूनामी वॉर्निंग सेंटर का कहना है कि ज्वालामुखी फटने से टोंगा में बड़े पैमाने में नुक़सान की आशंका है.

    रविवार को न्यूज़ीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डर्न ने कहा कि टोंगा की राजधानी नुकुअलोफा में समंदर की तेज़ लहरों ने नाव और बड़े पत्थर समुद्र के किनारे की तरफ फेंक दिये हैं.

    उन्होंने कहा, "नुकुअलोफा में समुद्र के किनारे ज्वालामुखी से निकली धूल की एक मोटी परत जम गई है, लेकिन स्थिति शांतिपूर्ण है और नियंत्रण में है."

    नुकुअलोफा हुंगा टोंगा-हुंगा हापाई ज्वालामुखी से क़रीब 65 किलोमीटर की दूरी पर है.

    ऑस्ट्रेलिया के मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 1.2 मीटर ऊंची सूनामी वहां दर्ज की गई है.

    अब तक टोंगा में किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.

    टोंगा के भूगर्भ विभाग ने बताया है कि ज्वालामुखी से निकल रही गैस, धुआं और बादल आसमान में 20 किलोमीटर की ऊंचाई तक पहुंच गए थे.

  5. जेएमएम प्रमुख शिबू सोरेन दूसरी बार कोरोना संक्रमित, हालत स्थिर

      • Author, रवि प्रकाश, बीबीसी हिंदी के लिए

    झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन दूसरी बार कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं.

    उन्हें उनके राँची स्थित घर पर ही आइसोलेशन में रखा गया है और डॉक्टर उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं.

    बताया गया है कि फ़िलहाल उनमें कोरोना के कोई गंभीर लक्षण नहीं हैं.

    उनके आवास में रह रहे छह दूसरे लोगों में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है. सभी को आइसोलेशन में रखा गया है.

    बीते 11 जनवरी को अपना 78वां जन्मदिन मना चुके शिबू सोरेन पिछले साल अगस्त में भी कोरोना संक्रमित हुए थे. तब हालत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए दिल्ली ले ज़ाया गया था.

    उनके बेटे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तब रेलमंत्री से बात कर शिबू सोरेन को ले जाने के लिए राजधानी एक्सप्रेस में एक विशेष बोगी जुड़वायी थी.

    इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन और उनके दोनों बेटे भी कोरोना संक्रमित हो गए थे.

  6. 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 271,202 नए मामले दर्ज

    देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 271,202 नए मामले आए हैं और 314 लोगों की मौत कोरोना से हुई है.

    इसके साथ ही देश में कुल सक्रीय मामलों की संख्या 15,50,377 हो गई है, जबकि मौतों का आंकड़ा 4,86,066 पहुंच गया है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में ओमिक्रॉन वैरिएंट के संक्रमण के 7,743 मामले दर्ज किए गए हैं.

  7. पाकिस्तान की नई राष्ट्रीय सुरक्षा नीति जारी

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने शुक्रवार को देश की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति जारी की, जिसमें इस बार ज़ोर सैन्य ताक़त बढ़ाने पर नहीं है बल्कि पाकिस्तान की आर्थिक ताक़त बढ़ाने पर है.

    इस बारे में और जानकारी दे रही हैं पाकिस्तान से बीबीसी संवाददाता शुमाइला जाफ़री.

  8. अमेरिका: यहूदी पूजा स्थल में लोगों को बंधक बनाने वाले से पुलिस कर रही बातचीत

    अमेरिकी राज्य टेक्सस की पुलिस का कहना है कि वो उस व्यक्ति से बात कर रहे हैं जिसने चार लोगों को बंधक बना कर रखा है.

    कोलिविल शहर में यहूदियों के एक पूजास्थल में प्रार्थना के समय एक व्यक्ति ने चार लोगों को बंधक बना लिया था. इस बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है कि इस व्यक्ति के पास हथियार हैं या नहीं.

    जिस दौरान ये घटना हुई उस वक़्त रविवार सवेरे हो रही प्रार्थना का लाइव टेलिकास्ट चल रहा था. बाद में इस वीडियो को इंटरनेट से हटा दिया गया है. हालांकि, वीडियो में ये कहते सुना गया कि एक व्यक्ति चिल्ला-चिल्ला कर कह रहे हैं कि वो किसी को नुक़सान नहीं पहुंचाना चाहते.

    उन्होंने कहा, "मेरी बहन को फ़ोन पर बुलाओ मैं मरने वाला हूं, अमेरिका के साथ कुछ तो ग़लत है."

    पुलिस ने इलाक़े को घेर लिया है और स्पेशल वीपन्स टीम को तैनात कर दिया है. आम लोगों को इलाक़े से हटा दिया गया है.

    नाम ज़ाहिर न करने की शर्त पर लॉ एन्फोर्समेंट विभाग के दो अधिकारियों ने समाचार एजेंसी एसोसिएडेट प्रेस को बताया कि जिन चार लोगों को बंधक बनाया गया है उनमें एक पुजारी शामिल हैं.

    व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन को घटना के बरे में पूरी जानकारी दी गई है.

    कोलिविल के पुलिस विभाग ने ट्विटर पर जानकारी दी है कि सवेरे 11.30 बजे घटनास्थल पर स्वाट टीमें भी मौजूद हैं.

  9. पंजाब: चन्नी चमकौर साहिब से और सिद्धू अमृतसर ईस्ट में लड़ेंगे चुनाव

    पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए पंजाब कांग्रेस ने 86 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है.

    पार्टी ने मौजूदा मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चमकौर साहिब सीट से मैदान में उतारने का फ़ैसला किया है, जबकि नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर ईस्ट में चुनाव लड़ेंगे.

    प्रदेश के मौजूदा उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा डेरा बाबा नानक सीट से मैदान में उतरेंगे. वहीं हाल में पार्टी में शामिल हुई सोनू सूद की बहन मालविका सूद को पार्टी ने मोगा से चुनाव लड़ाने का फ़ैसला किया है.

    पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में 14 फरवरी को वोटिंग होनी है. वहीं वोटों की गिनती 10 मार्च को होनी है.

    इधर विधानसभा चुनाव से पहले, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने चुनाव आयोग को पत्र लिख कर मतदान की तारीख को कम से छह दिन आगे बढ़ाने की गुज़ारिश की है.

    अपने पत्र में उन्होंने लिखा है कि 16 फरवरी को गुरु रविदास जयंती है, इस दिन बड़ी संख्या में दलित बनारस में मौजूद गुरु रविदास जन्मस्थान मंदिर जाते हैं.

    मुख्यमंत्री ने लिखा है कि 10 से 16 फरवरी के बीच राज्य के 20 लाख से अधिक दलित मतदाता बनारस जा सकते हैं और ऐसे में वो अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सकेंगे, इसलिए मतदान की तारीख को कुछ दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया जाए.

  10. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.