You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में यति नरसिंहानंद गिरफ़्तार

हरिद्वार के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह रावत ने बीबीसी से यति नरसिंहानंद को गिरफ़्तार किए जाने की पुष्टि की है.

लाइव कवरेज

  1. नोवाक जोकोविच प्रत्यर्पण पर अपील से पहले हिरासत में लिए गए

    स्टार टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को ऑस्ट्रेलिया में हिरासत में ले लिया गया है. उनके ऑस्ट्रेलिया से प्रत्यर्पण को लेकर अदालत में होने वाली सुनवाई से पहले उन्हें हिरासत में लिया गया है.

    अदालत इस सुनवाई में ये फ़ैसला करने वाली थी कि क्या बिना वैक्सीन लिए नोवाक जोकोविच देश में रह सकते हैं या नहीं.

    सर्बिया के नागरिक नोवाक जोकोविच का दूसरी बार वीज़ा रद्द कर दिया गया है. सरकार ने इस ख़िलाड़ी को आम लोगों की सेहत पर ख़तरा बताया है और इस वजह से नोवाक जोकोविच पर ऑस्ट्रेलिया से प्रत्यर्पण का ख़तरा मंडरा रहा है.

    नोवाक जोकोविच के वकील वीज़ा रद्द किए जाने के फ़ैसले को बेतुका बता रहे हैं और अपील की तैयारी कर रहे हैं. रविवार को ऑस्ट्रेलिया में इस मामले पर सुनवाई होनी है.

    मेलबर्न में ऑस्ट्रेलियन ओपन के मुकाबले में नोवाक जोकोविच के खेलने का कार्यक्रम अभी तक रद्द नहीं किया गया है.

    अगर वे ये टूर्नामेंट जीतते हैं तो वे 21 टाइटल्स के साथ वे इतिहास के सबसे कामयाब टेनिस खिलाड़ी हो जाएंगे. इस लिहाज से रविवार की सुनवाई अहम है क्योंकि इसी के फ़ैसले पर निर्भर करेगा कि नोवाक जोकोविच मुकाबले में खेल पाएंगे या नहीं.

  2. पाकिस्तान के गृह मंत्री ने डूरंड रेखा पर तालिबान के साथ विवाद पर क्या कहा

    पाकिस्तान के गृह मंत्री शेख़ रशीद ने कहा है कि उनकी सरकार अफ़ग़ानिस्तान के साथ लगने वाली विवादित डूरंड लाइन पर कंटीले तारों की जो बाड़ बना रही है उसे तालिबान की सहमति के साथ पूरा कर लिया जाएगा.

    शेख़ रशीद ने बताया है कि इस सीमा के दोनों ओर रहने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 2600 किलोमीटर वाली डूरंड लाइन के शेष 21 किलोमीटर सीमा क्षेत्र में भी योजना के अनुसार बाड़ लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा.

    हालांकि, अफ़ग़ानिस्तान इस सीमा को लेकर विरोध दर्ज कराता रहा है क्योंकि ब्रिटिश राज के दौरान खींची गई इस सीमारेखा ने पश्तून कबीलों को बांट दिया है.

    पिछले कुछ हफ़्तों में सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो सामने आए हैं जिनमें कथित रूप से तालिबान लड़ाके कंटीले तारों की बाड़ उखाड़ते हुए देखे गए हैं.

    हाल ही में ट्विटर पर जारी किए गए एक वीडियो में अफ़ग़ान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इनायातुल्लाह ख़्वारज़मी को ये कहते सुना गया था कि पाकिस्तान को इस सीमा पर बाड़ लगाकर बंटवारा करने का कोई अधिकार नहीं है.

    उन्होंने पाकिस्तान सरकार के इस कदम को "अनुचित एवं ग़ैरक़ानूनी" करार दिया था.

    इसके साथ ही अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने बीती चार जनवरी को कहा है कि सीमा से जुड़े मसलों को डिप्लोमेटिक चैनल के ज़रिए सुलझाया जाएगा.

    इस विवाद को विस्तार से समझने के लिए यहां क्लिक करें

  3. न्यूज़ीलैंड, फिजी और टोंगा समेत कई देशों में विशालकाय ज्वालामुखी के विस्फोट के बाद सूनामी की चेतावनी

    न्यूज़ीलैंड, फिजी और टोंगा समेत कई देशों में विशालकाय ज्वालामुखी के विस्फोट के बाद सूनामी की चेतावनी जारी की गई है. इस ज्वालामुखी का विस्फोट पानी के भीतर हुआ है.

    टोंगा से सोशल मीडिया पर आ रही तस्वीरों में पानी की लहरें चर्च और कई घरों के ऊपर से गुजरती हुई दिखाई दे रही हैं. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टोंगा की राजधानी नुकुअलोफा पर ज्वालामुखी से निकला राख हर तरफ़ गिर रहा है.

    वहां रहने वाले लोगों से ऊंची जगहों पर जाने की अपील की गई है. हुंगा टोंगा-हुंगा हापाई ज्वालामुखी में हो रही हलचल के बाद ये सबसे ताज़ा विस्फोट है.

    उधर, फिजी की राजधानी सुवा में अधिकारियों ने बताया कि 8 मिनट तक हुए ज्वालामुखी विस्फोट का शोर इतना भीषण था कि इसकी आवाज़ 500 मील तक की दूरी पर फिजी में भी सुनाई दी.

    टोंगा के भूगर्भ विभाग ने बताया है कि ज्वालामुखी से निकल रही गैस, धुआं और बादल आसमान में 20 किलोमीटर की ऊंचाई तक पहुंच गए थे. टोंगा की राजधानी हुंगा टोंगा-हुंगा हापाई ज्वालामुखी से महज 65 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.

    ऑस्ट्रेलिया के मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 1.2 मीटर ऊंची सूनामी वहां दर्ज की गई है.

    हुंगा टोंगा-हुंगा हापाई ज्वालामुखी से 2300 किलोमीटर की दूरी पर स्थित न्यूज़ीलैंड में भी तूफ़ान की चेतावनी दी गई है.

  4. अखिलेश यादव ने किया पलटवार- 'मैंने चंद्रशेखर को दी थी दो सीटें'

    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा है कि उन्होंने भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद के लिए दो सीटें आवंटित की थीं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, अखिलेश यादव ने कहा है कि "मैंने उनके लिए दो सीटें आवंटित की थीं. लेकिन उन्हें कुछ फोन कॉल आए और उन्होंने गठबंधन का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया."

    इससे पहले शनिवार सुबह चंद्रशेखर रावण ने अखिलेश यादव पर बहुजन समाज का अपमान करने का आरोप लगाया था.

    भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद ने एलान किया था कि आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र वो समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेंगे.

    उन्होंने कहा कि "बीते छह महीनों में कई बार मेरी मुलाक़ात समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से हुई है. इस बीच हम लोगों के बीच कई सकारात्मक बातें हुई है लेकिन आख़िर में मुझे लगा कि उन्हें दलितों की ज़रूरत नहीं है."

    चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा, "वे चाहते हैं कि दलित उनको वोट करें लेकिन वे इस गठबंधन में दलित नेताओं को नहीं चाहते. मेरा डर था कि दलित उन्हें वोट करेंगे और फिर हम उनसे दलितों के मुद्दों पर बात न कर सकें."

    उन्होंने कहा कि, "मुझे निराशा हुई कि उन्होंने बहुजन समाज के लोगों का अपमान किया है."

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तर प्रदेश की गोरखपुर शहर सीट से चुनाव लड़ेंगे योगी आदित्यनाथ -बीजेपी

    बीजेपी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है.

    शनिवार को हुए एक संवाददाता सम्मेलन में नेता धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति ने फ़ैसला किया है कि मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर से चुनाव लड़ेंगे.

    वहीं पार्टी नेता अरुण सिंह ने कहा कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सिराथू से और सरधना से संगीत सोम मैदान में उतरेंगे.

    पार्टी ने पहले चरण के चुनाव के लिए 57 उम्मीदवारों और दूसरे चरण के लिए 48 प्रत्याशियों की सूची जारी की है.

    कैराना से मृगांका सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है. वहीं शामली से तेजेंन्द्र सिंह निर्वाल, बागपत से योगेश धामा, गाज़ियाबाद से अतुल गर्ग और मथुरा से श्रीकांत शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है.

  6. पंजाब सरकार में मंत्री रहे जोगिंदर सिंह मान आम आदमी पार्टी में हुए शामिल

    पंजाब में विधानसभा चुनावों से ठीक पहले उत्तर प्रदेश की तरह नेताओं के पार्टियां छोड़ने और विपक्षी दलों में शामिल होने का सिलसिला शुरू हो गया है.

    पंजाब सरकार में मंत्री रहे पूर्व कांग्रेस नेता जोगिंदर सिंह मान आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं.

    इससे पहले मान ने कांग्रेस पार्टी और पंजाब एग्रो इंडस्ट्रीज़ कॉरपोरेशन की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    कांग्रेस पार्टी से इस्तीफ़ा देते हुए फगवाड़ा से तीन बार विधायक रहे जोगिंदर सिंह मान ने काफ़ी भावनात्मक पत्र भी लिखा जिसमें उन्होंने पोस्ट मेट्रिक स्कॉलरशिप स्कैम का ज़िक्र किया.

  7. पीएम मोदी की घोषणा- 16 जनवरी को होगा नेशनल स्टार्टअप दिवस

    पीएम मोदी ने कहा है कि हर साल 16 जनवरी को नेशनल स्टार्टअप दिवस मनाया जाएगा.

    शविवार को स्टार्टअप से जुड़े युवाओं से बात करते हुए मोदी ने कहा कि स्टार्टअप देश की रीढ़ की हड्डी हैं.

    उन्होंने कहा, "पहले बेहतरीन समय में भी देश में एक या दो ही बड़ी कंपनी बन पाती थी लेकिन बीते साल में देश में 42 कंपनियां बनी हैं."

  8. पाकिस्तान की नई राष्ट्रीय सुरक्षा नीति जारी

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने शुक्रवार को देश की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति जारी की, जिसमें इस बार ज़ोर सैन्य ताक़त बढ़ाने पर नहीं है बल्कि पाकिस्तान की आर्थिक ताक़त बढ़ाने पर है.

    इस बारे में और जानकारी दे रही हैं पाकिस्तान से बीबीसी संवाददाता शुमाइला जाफ़री.

  9. सीडीएस जनरल बिपिन रावत का हेलिकॉप्टर ख़राब मौसम के कारण क्रैश हुआ- वायुसेना

    भारतीय वायुसेना ने बताया है कि जनरल बिपिन रावत की मौत जिस हेलिकॉप्टर हादसे में हुई थी, उसमें कोई 'साज़िश या लापरवाही नहीं हुई थी.'

    देश के पहले चीफ़ ऑफ़ डिफेंस स्टॉफ़ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की बीते महीने 8 दिसंबर को एक हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई थी.

    इस हादसे में कई अधिकारियों की भी मौत हुई थी. हेलिकॉप्टर में जनरल रावत की पत्नी भी सवार थीं और उनकी भी हादसे में जान चली गई थी.

    वायुसेना ने बताया है, "(जांच में) ये पाया गया है कि क्रैश किसी यांत्रिक विफलता, साज़िश या लापरवाही की वजह से नहीं हुआ था. "

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, भारतीय वायुसेना की तरफ से कहा गया है कि ट्राई-सर्विसेज कोर्ट ऑफ़ इन्क्वायरी ने अपनी प्रारंभिक जाँच में फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर का विश्लेषण किया है.

    हादसे की वजह ख़राब मौसम

    एयरफ़ोर्स की तरफ़ से बताया गया है कि मौसम में आए अचानक बदलाव की वजह से हेलिकॉप्टर हादसा हुआ.

    अपने निष्कर्ष के आधार पर कोर्ट ऑफ़ इंक्वायरी ने कुछ सिफ़ारिशें की हैं, जिनकी समीक्षा की जा रही है.

    बता दें कि आठ दिसंबर 2021 को हुए हेलिकॉप्टर हादसे में सीडीएस जनरल बिपिन रावत समेत 13 लोगों की मौत हो गई थी जबकि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

    15 दिसंबर को वरुण सिंह का निधन अस्पताल में हो गया था.

  10. अखिलेश यादव गठबंधन में दलित नेताओं को नहीं चाहते - भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद

    भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र वो समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेंगे.

    उन्होंने कहा कि "बीते छह महीनों में कई बार मेरी मुलाक़ात समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से हुई है. इस बीच हम लोगों के बीच कई सकारात्मक बातें हुई है लेकिन आख़िर में मुझे लगा कि उन्हें दलितों की ज़रूरत नहीं है."

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा, "वे चाहते हैं कि दलित उनको वोट करें लेकिन वे इस गठबंधन में दलित नेताओं को नहीं चाहते. मेरा डर था कि दलित उन्हें वोट करेंगे और फिर हम उनसे दलितों के मुद्दों पर बात न कर सकें."

    उन्होंने कहा, "मुझे निराशा हुई कि उन्होंने बहुजन समाज के लोगों का अपमान किया है."

  11. बसपा का दावा, अगली सरकार हमारी बनेगी

  12. ब्रिटेन में पकड़ा गया अपनी ही मौत का स्वांग रचाने वाला भगोड़ा

    ब्रिटेन के ग्लासगो स्थित अस्पताल में बीते महीने गिरफ़्तार किए गए एक अमेरिकी भगोड़े को वापस अमेरिका भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.

    बता दें कि अंतरराष्ट्रीय एजेंसी इंटरपोल अमेरिकी प्रांत यूटाह में लंबित बलात्कार के एक मामले में निकोलस रोसी नामक इस 34 वर्षीय शख़्स की तलाश कर रही थी.

    बीती दिसंबर में, इस शख़्स को कोविड – 19 संक्रमण के बाद ग्लासगो स्थित क्वीन एलिजाबेथ अस्पताल में ऑर्थर नाइट नाम से भर्ती कराया गया था.

    स्कॉटलैंड पुलिस का कहना है कि उसे एक अंतरराष्ट्रीय अरेस्ट वॉरंट पर हिरासत में लिया गया है.

    अमेरिकी एजेंसियों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि निकोलस रोसी रोड आइलैंड में निकोलस अलाहवर्डियन के नाम से भी जाने जाते हैं जहां वह स्थानीय राजनीति में शामिल रहे हैं और सरकार के बाल कल्याण कार्यक्रम के मुखर आलोचक रहे हैं.

    रोसी ने साल 2019 के दिसंबर महीने में अमेरिकी मीडिया को बताया था कि वह दीर्घकालिक नॉन-हॉज़किन लिम्फ़ोमा बीमारी से पीड़ित हैं और उनकी ज़िंदगी में अब सिर्फ़ कुछ हफ़्ते शेष हैं.

    इसके बाद, कई मीडिया संस्थानों ने फरवरी 2020 में उनकी मौत की ख़बरें चलाईं थीं.

    लेकिन ब्रिटेन के ग्लासगो में निकोलस रोसी के पकड़े जाने के बाद ये ख़बरें झूठ साबित हुईं.

    अमेरिकी अधिकारियों ने रोसी के प्रत्यर्पण के लिए प्रक्रिया को शुरू करने की सूचना दी है.

  13. 24 घंटों में कोरोना के 2 लाख 68 हज़ार से ज्यादा मामले

    देश में बीते 24 घंटों में कोरोना के 2 लाख 68 हज़ार से ज्यादा मामले सामने आए हैं.

  14. 'बीजेपी के राज में मुसलमान सबसे ज़्यादा सुरक्षित' - मुस्लिम राष्ट्रीय मंच

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की एक इकाई मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने मुसलमान समुदाय से पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनावों में बीजेपी को वोट देने की अपील की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने कहा है कि बीजेपी सरकार में मुसलमान सबसे ज़्यादा सुरक्षित और ख़ुश हैं जबकि सपा और कांग्रेस के राज में उन्हें सिर्फ एक वोटबैंक की तरह देखा जाता है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने केंद्र एवं राज्यों में बीजेपी सरकारों द्वारा शुरू की गई योजनाओं का ज़िक्र करते हुए कहा कि इस देश में बीजेपी मुसलमानों की सबसे बड़ी शुभचिंतक है.

    इस इकाई के अध्यक्ष इंद्रेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में एक निवेदन पत्र जारी किया गया है जिसे राज्यों में मुस्लिम बहुल इलाकों में वितरित किया जाएगा.

    इस पत्र में बताया गया है कि नरेंद्र मोदी सरकार ने अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण के लिए नयी रोशनी, नया सवेरा, सीखो और कमाओ और उस्ताद जैसी 36 योजनाएं शुरू की हैं.

  15. पंजाब में चुनाव के दौरान डेरों पर नेताओं का क्यों है डेरा?

    पंजाब में चुनाव आते ही राजनीतिक पार्टियों के नेता राज्य में स्थित दर्जनों डेरों के चक्कर लगाना शुरू कर देते हैं.

    ये माना गया है कि पंजाब में डेरों के फलने-फूलने की एक बड़ी वजह सामाजिक भेदभाव है और इसलिए इन डेरों के ज़्यादातर अनुयायी समाज के तथाकथित निचले तबकों से आते हैं.

    इन डेरों के हज़ारों अनुयायियों के वोटों को कोई भी राजनीतिक पार्टी खोना नहीं चाहती और इसलिए चुनावी मौसम में डेरों की अहमियत कई गुना बढ़ जाती है.

  16. अमेरिका ने जारी की चेतावनी, रूस यूक्रेन में घुसने के लिए तलाश रहा है मौक़ा

    पेंटागन के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने बीते शुक्रवार मीडिया को बताया है कि रूस के ऑपरेटिव्स यूक्रेन में एक 'फर्जी फ्लैग ऑपरेशन' की योजना बना रहे हैं ताकि रूस को यूक्रेन पर हमला करने का बहाना मिल सके.

    उनका कहना था कि यूक्रेन पर हमला करने के लिए रूस ऐसी योजना बना रहा है जिससे लगे कि यूक्रेन उसे हमले के लिए भड़का रहा है. हालांकि, रूस ने इन दावों को ख़ारिज किया है.

    पेंटागन प्रवक्ता जॉन किर्बी ने शुक्रवार को बताया है कि रूस ने “कुछ ऑपरेटिव्स के एक समूह को एक अभियान जिसे हम फर्जी फ्लैग ऑपरेशन कहते हैं, को अंजाम देने के लिए तैनात कर दिया है. इस अभियान को इस तरह बनाया गया है जिससे ऐसा लगे कि यह रूस या यूक्रेन में रूसी भाषा बोलने वालों पर हमला होगा ताकि (रूस को) अंदर घुसने का बहाना मिल सके.”

    अमेरिकी अधिकारियों ने बताया है कि ये ऑपरेटिव शहरी इलाकों में युद्ध करने एवं गोला-बारूद के इस्तेमाल में माहिर हैं जिससे ये रूसी समर्थक विद्रोहियों के ख़िलाफ़ किसी अभियान को अंजाम दे सकें.

    यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि मोलडोवा के ट्रांसडिनस्ट्रिया क्षेत्र में इसी तरह की गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिशें हो रही हैं.

    हालांकि, रूसी प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने इन ख़बरों को आधारहीन बताया है.

    यूक्रेन पर हुआ सायबर हमला

    इसी बीच यूक्रेन ने शुक्रवार को अपने यहां हुए एक सायबर हमले के लिए रूस को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    इस सायबर हमले में यूक्रेन की तमाम सरकारी वेबसाइटों को निशाना बनाया गया था.

    इन वेबसाइटों के ऑफ़लाइन होने से पहले उन पर यूक्रेनवासियों के लिए एक संदेश प्रसारित हुआ जिसमें लिखा गया था कि वे ‘बेहद बुरे हालातों के लिए तैयार रहें.’

    हालांकि, इस हमले के कुछ घंटों बाद ही सरकार की वेबसाइटों पर नियंत्रण हासिल कर लिया गया.

    अमेरिका और नेटो ने इस हमले की निंदा करते हुए यूक्रेन को मदद देने की पेशकश की है. वहीं, रूस ने अब तक इस हैक पर टिप्पणी नहीं की है.

  17. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.