स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफ़े पर क्या बोले केशव प्रसाद मौर्य
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफ़े पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने ट्विटर पर लिखा है- आदरणीय स्वामी प्रसाद मौर्य जी ने किन कारणों से इस्तीफ़ा दिया है, मैं नहीं जानता हूँ. उनसे अपील है कि बैठकर बात करें जल्दबाज़ी में लिए हुए फ़ैसले अक्सर ग़लत साबित होते हैं.
बीजेपी की योगी सरकार को उस समय झटका लगा, जब स्वामी प्रसाद मौर्य ने इस्तीफ़ा दे दिया. ये राजनीतिक उठापटक ऐसे समय में हुई, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केपी मौर्य दोनों दिल्ली में थे, जहाँ यूपी चुनाव में बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक हो रही है.
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी कि स्वामी प्रसाद मौर्य सपा में शामिल हो गए हैं.राज्यपाल को भेजे अपने पत्र में स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा है कि दलितों, किसानों, पिछड़ों, बेरोज़गारों के साथ-साथ लघु और मध्यम श्रेणी के व्यापारियों के साथ उपेक्षात्मक रवैए के कारण वे सरकार से इस्तीफ़ा दे रहे हैं. स्वामी प्रसाद मौर्य पाँच बार विधायक रह चुके हैं. भाजपा से पहले वे बहुजन समाज पार्टी में थे. वर्ष 2016 में वे भाजपा में शामिल हुए थे. उनकी बेटी संघमित्रा मौर्या बदायूँ से बीजेपी की सांसद हैं.