You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना वायरस: आधा यूरोप हो सकता है संक्रमित, WHO ने किया आगाह

साल 2022 के पहले हफ़्ते में यूरोप में सामने आए क़रीब 70 लाख मामलों पर आधारित है अनुमान

लाइव कवरेज

पंकज प्रियदर्शी, मोहम्मद शाहिद and भूमिका राय

  1. उत्तर प्रदेश चुनाव: यूपी की राजनीति में छोटे दलों की क्या भूमिका है?

  2. अग़वा भारतीय नाविकों को वापस लाने की हर कोशिश कर रही है सरकार- विदेश मंत्रालय

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि भारत सरकार रवाबी जहाज़ पर सवार सभी भारतीयों की जल्द से जल्द रिहाई के लिए हर संभव प्रयास कर रही है.

    इस जहाज़ को यमन के हूती विद्रोहियों ने अपने कब्ज़े में ले लिया था.

    विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि रवाबी जहाज़ पर सवार भारतीय नाविक सुरक्षित हैं. भारत उनकी जल्द से जल्द रिहाई के लिए प्रयासरत है.

    विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत सरकार इस पूरे घटनाक्रम पर नज़र बनाए हुई है.11 क्रू सदस्यों में से सात भारतीय हैं.

    विदेश मंत्रालय ने बताया कि हूतियों से चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनकी रिहाई का आग्रह किया गया है.

  3. छत्तीसगढ़: भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ़्तार भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पूर्व प्रमुख गुरजिंदर सिंह

      • Author, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुरजिंदर पाल सिंह को गुरुग्राम से गिरफ़्तार किया गया है. वो राज्य में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के प्रमुख रह चुके हैं.

    गुरजिंदर पाल सिंह पर भ्रष्टाचार,आय से अधिक संपत्ति रखने और राजद्रोह के आरोप हैं और वो निलंबित हैं.

    पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि बीते एक सप्ताह से भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो और आर्थिक अपराध ब्यूरो की टीम गुरजिंदर पाल सिंह की गिरफ़्तारी की कोशिश कर रही थी.

    इस टीम को मंगलवार देर शाम उन्हें गिरफ़्तार करने में सफलता मिली.

    इससे पहले हाईकोर्ट ने गिरफ़्तारी पर रोक से जुड़ी गुरजिंदर पाल सिंह की याचिका खारिज़ कर दी थी. पिछले सप्ताह सुप्रीम कोर्ट ने भी उनकी जमानत याचिका खारिज़ कर दी थी.

    1994 बैच के आईपीएस अधिकारी गुरजिंदर पाल सिंह निलंबित होने से पहले राज्य पुलिस अकादमी के निदेशक के पद पर कार्यरत थे. इस पद पर आने से पहले वे राज्य में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो और आर्थिक अपराध ब्यूरो के प्रमुख भी थे.

    उन्हें राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी बताया जाता था.

    पिछले साल जुलाई में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो और आर्थिक अपराध ब्यूरो ने उनके रायपुर स्थित घर समेत, पंद्रह से भी अधिक अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की थी.

    छापेमारी तीन दिन तक चली थी. उसके बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने दावा किया था कि इस छापेमारी में दर्जनों प्लॉट, गाड़ियां, बीमा के काग़ज़ात, उद्योगों में निवेश, नक़दी और सोना बरामद किया गया है.

    पांच दिन बाद पुलिस ने, गुरजिंदर पाल सिंह के घर के पीछे से बरामद डायरी और फटे हुए कुछ पन्नों को आधार बना कर उनके ख़िलाफ़ राजद्रोह का मामला दर्ज़ किया था. जिसमें कहा गया कि गुरजिंदर पाल सिंह द्वारा नेताओं के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणियां लिखी गई हैं और कथित रूप से साज़िश की योजनाओं के बारे में लिखा गया है.

  4. यूक्रेन संकट: अमेरिका के साथ वार्ता को लेकर बहुत आशावान नहीं

    रूस ने मंगलवार को कहा है कि यूक्रेन संकट पर अमेरिका के साथ पहले दौर की बातचीत के बाद वो बहुत अधिक आशावान नहीं है.

    रूस ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह पश्चिम देशों से सुरक्षा की गारंटी की अपनी मांग को इन पेचीदा वार्ताओं में खोने या फंसने नहीं देगा.

    क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव के हवाले से न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स ने लिखा है कि यह बहुत सकारात्मक था कि सोमवार को जिनेवा में जब वार्ता शुरू हुई थी तो वह स्वतंत्र तौर पर और स्पष्ट रूप से हुई थी लेकिन रूस सिर्फ़ और सिर्फ़ परिणाम में रूचि रखता है.

    उन्होंने आगे कहा कि यहां कोई स्पष्ट समय सीमा नहीं है. कोई भी समय सीमा को तय करता नहीं दिख रहा है. लेकिन हम इस अंतहीन प्रक्रिया से संतुष्ट नहीं होंगे.

    अमेरिका और यूरोप के देश यूक्रेन संकट में नेटो के मंच तले रूस के ख़िलाफ़ एक साथ हैं. यूक्रेन से लगी सीमा पर हज़ारों की संख्या में रूसी सैनिक तैनात हैं. हालांकि रूस का कहना है कि उसका हमला करने का कोई इरादा नहीं है.

    अमेरिकी अधिकारियों ने रूस के साथ सोमवार को हुई वार्ता को लेकर कहा है कि वार्ता रणनीतिक सुरक्षा संवाद का हिस्सा है और यह आगे भी जारी रहेगी. इसकी शुरुआत पिछले साल अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और रुसी राष्ट्रपति पुतिन के बीच हुई थी. अब इस वार्ता में यूक्रेन सबसे अहम मुद्दा हो गया है.

    सोमवार की वार्ता के बाद अमेरिका की उप-विदेश मंत्री वेंडी शर्मन ने कहा था, ''एक देश दूसरे देश की सीमा और उसकी विदेश नीति बल का इस्तेमाल कर नहीं बदल सकता है. एक देश अपने बल से किसी देश को मजबूर नहीं कर सकता है कि वो किस अंतरराष्ट्रीय गठबंधन में रहे. हम किसी को भी नेटो की 'ओपन डोर पॉलिसी' को बाधित करने की अनुमति नहीं दे सकते. हमारी यह नीति नेटो के केंद्र में रही है.''

    दूसरी तरफ़ रूसी उप-विदेश मंत्री सेर्गेई रिबकोव न कहा था, ''हम इस चीज़ को सुनिश्चित करेंगे कि यूक्रेन नेटो में कभी नहीं शामिल हो पाए.''

  5. भारत से बातचीत के पहले क्या बोला चीन?

    चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत के साथ कोर कमांडर स्तर की बातचीत का 14वां दौर बुधवार (12 जनवरी) को होगा.

    चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने बताया, “दोनों पक्षों में बनी सहमति के मुताबिक चीन और भारत के कोर कमांडरों की बैठक 12 जनवरी को चीनी पक्ष की ओर मोल्डो मीटिंग प्वाइंट पर होगी.”

    उन्होंने ये भी कहा कि चीन और भारत की ‘सीमा पर स्थिति फिलहाल सामान्य तौर पर स्थिर है.’

    इसके पहले समाचार एजेंसी पीटीआई ने भारतीय सैन्य सूत्रों के हवाले से बताया था कि 12 जनवरी को दोनों पक्षों के बीच बैठक होगी.

    चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, “ दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर बातचीत और संवाद हो रहाहै. हम उम्मीद करते हैं कि चीन के साथ मिलकर काम कर सकता है.”

    दोनों देशों के बीच बीते साल 10 अक्टूबर को सैन्य स्तर की 13वें दौर की बातचीत हुई थी लेकिन ये बेनतीजा रही थी.

  6. ताइवान: उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद ग़ायब हो गया लड़ाकू विमान, खोज अभियान जारी

    मंगलवार को ताइवान का एक एफ़-16 फ़ाइटर जेट अपने प्रशिक्षण उड़ान के दौरान ग़ायब हो गया. जिस समय यह फ़ाइटर जेट ग़ायब हुआ वह समुद्र के ऊपर उड़ान भर रहा था.

    सराकर के मुताबिक़, इस फ़ाइटर जेट के पायलट को खोजने की हर संभव कोशिश की जा रही है.

    ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि एफ़ 16 फ़ाइटर जेट ताइवान के लड़ाकू हवाई बेड़े का सबसे एडवांस विमान है.

    इस लड़ाकू विमान ने दक्षिणी ताइवान के चियायी एयर बेस से उड़ान भरी थी और उड़ान भरने के कुछ समय के बाद ही यह रडार स्क्रीन्स से गायब हो गया.

    ताइवान के राष्ट्रपति तसाई इंग-वेन ने इस फ़ाइटर जेट को तलाशने में और बचाव में कोई कसर नहीं छोड़ने का आदेश जारी किया है

    राष्ट्रपति के प्रवक्ता के हवाले से अरब न्यूज़ ने लिखा है कि राष्ट्रपति ने खोज और बचाव कार्य में हर संभव कोशिश करने का आदेश दिया है और उसके साथ ही दुर्घटना के कारण भी स्पष्ट करने के निर्देश दिये हैं.

    सरकारी रेस्क्यू कमांड सेंटर का कहना है कि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने विमान को समुद्र में क्रैश होते देखा था.

    इससे पहले साल 2020 में भी एक एफ़16 विमान हुएलियन एयर बेस से उड़ान भरने के कुछ ही देक बाद ग़ायब हो गया था.

  7. कोरोना वायरस: आठ सप्ताह में आधा यूरोप हो सकता है संक्रमित, WHO ने किया आगाह

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चेतावनी दी है कि आने वाले छह से आठ हफ़्ते में लगभग आधा यूरोप कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन की चपेट में आ जाएगा.

    ये अनुमान साल 2022 के पहले सप्ताह में पूरे यूरोप में सामने आए क़रीब 70 लाख मामलों पर आधारित है.

    महज़ दो सप्ताह के अंतराल में कोरोना संक्रमण के मामले दोगुने से अधिक हो चुके हैं.

    स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. हेंस क्लज का कहना है कि उस क्षेत्र में कोरोना का डेल्टा वेरिएंट पहले से ही मौजूद था और इसी दौरान देखते ही देखते ओमिक्रॉन का 'कहर शुरू हो गया'.

    तेज़ी से फैल रहा है वायरस

    डॉ. क्लज मे एक न्यूज़ कॉन्फ्रेंस में कहा, "आज ओमिक्रॉन पश्चिम से लेकर पूर्व तक फैले कहर का प्रतीक बन चुका है. अब ये उन देशों में कहर बनकर बरपा है जो साल 2021 के अंत तक कोरोना के डेल्टा वेरिएंट से निपटने का प्रयास कर रहे थे."

    उन्होंने कहा कि यूरोप और मध्य एशिया के देश अभी भी बहुत दबाव में है क्योंकि यह वायरस बहुत तेज़ी से फैल रहा है.

    कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि कोरोना का नया वेरिएंट ओमिक्रॉन इतना ख़तरनाक नहीं है जितना की डेल्टा वेरिएंट था.

    कुछ अध्ययनों में दावा किया गया है कि इससे पीड़ित मरीज़ों के गंभीर रूप से बीमार पड़ने की आशंका कम है.

    लेकिन साथ ही कई ऐसे मामले सामने भी आए हैं जिनमें पूरी तरह से वेक्सीनेटेड होने के बावजूद लोग संक्रमित हुए हैं. ओमिक्रॉन को अत्यधिक संक्रामक भी बताया गया है.

  8. वीवो आईपीएल की जगह, अब होगा टाटा आईपीएल

    इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2022 का टाइटल स्पॉन्सर अब वीवो नहीं बल्कि टाटा होगा.

    यानी अब वीवो आईपीएल नहीं, टाटा आईपीएल कहा जाएगा.

    यह फ़ैसला मंगलवार को आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में लिया गया. इस बात की जानकारी आईपीएल अध्यक्ष बृजेश पटेल ने दी.

  9. लिंपियाधुरा-लिपुलेख-कालापानी में भारत के निर्माण पर नेपाल की विपक्षी पार्टी ने की आपत्ति

    नेपाल की विपक्षी पार्टी सीपीएन (यूएमएल) ने लिंपियाधुरा-लिपुलेक-कालापानी इलाक़े में भारत सरकार के सड़क निर्माण के ख़िलाफ़ विरोध दर्ज किया है.

    नेपाल कम्यनिस्ट पार्टी (यूएमएल) ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है.

    इस प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक़, "लिंपियाधुरा-लिपुलेख-कालापानी नेपाल के अभिन्न भाग हैं. नेपाल-भारत संयुक्त बैठक में जो भी मुद्दे हैं वे कूटनीतिक पहल से दूर किये जाने चाहिए. इस समय सहमति के विपरीत भारत सड़क बना रही है. इस गतिविधि से नेपाल की सार्वभौमिकता, अखंडता और स्वाभिमान पर आंच आती है. इस गतिविधि को तुरंत रोका जाना चाहिए."

  10. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर'

  11. साइना नेहवाल के पिता ने कहा, सामने आकर माफ़ी मांगें सिद्धार्थ

    ओलंपिक में कांस्य पदक जीत चुकीं भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल के पिता ने अभिनेता सिद्धार्थ को सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगने के लिए कहा है.

    साइना नेहवाल साल 2020 की जनवरी में भारतीय जनता पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल हो गई थीं.

    साइना के पिता हरवीर सिंह नेहवाल ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात की.

    उन्होंने कहा, “सिनेमा जगत के एक शख़्स (अभिनेता सिद्धार्थ) ने ट्विटर पर साइना नेहवाल के ख़िलाफ़ कुछ भद्दी टिप्पणी की थी. मैं उनकी टिप्पणियों की निंदा करता हूं. उन्हें सबके सामने आना चाहिए और सार्वजनिक तौर पर माफ़ी मांगनी चाहिए. हमारा परिवार इस वाकये से काफ़ी आहत हुआ है. साइना भी दुखी हैं.”

    सिद्धार्थ ने साइना नेहवाल के एक ट्वीट पर कमेंट पर किया था.

    दरअसल, साइना नेहवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पंजाब में हुई सुरक्षा चूक को लेकर चिंता ज़ाहिर की थी और एक्टर सिद्धार्थ ने उस पर जो कहा, उसे लेकर सोशल मीडिया पर बवाल मच गया.

    साइना नेहवाल ने ट्विटर पर कहा था, "कोई भी देश अपने सुरक्षित होने का दावा नहीं कर सकता है अगर उसके अपने प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक हो जाए. अराजकतावादियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कायराना हमले की मैं कड़े से कड़े शब्दों में इसकी निंदा करती हूं."

    साइना नेहवाल के ट्वीट पर सिद्धार्थ के कमेंट को लेकर विवाद खड़ा हो गया था.

    सिद्धार्थ के इस ट्वीट पर विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने अपनी सफ़ाई में कहा कि उनके कहने का वो मतलब नहीं है जो निकाला जा रहा है.

  12. मोदी सरकार ने अमेरिका से पोर्क आयात को दी मंज़ूरी

    आने वाले समय में अमेरिका भारत को पोर्क और उससे बनी चीज़ों का निर्यात करेगा.

    इस बात की जानकारी ऑफ़िस ऑफ़ द यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेज़ेन्टेटिव ने दी है.

    अमेरिकी कृषि मंत्री टॉम विल्सैक और अमेरिकी ट्रेड रिप्रेज़ेन्टेटिव कैथरीन टाई ने बयान जारी कर यह जानकारी दी.

    उन्होंने बताया कि भारत सरकार अमेरिकी पोर्क के आयात के लिए तैयार हो गई है और साथ ही भारत सरकार ने अमेरिकी पोर्क से बनी चीज़ों के आयात को भी मंज़ूरी दे दी है.

    भारत सरकार ने एक लंबे समय से कुछ अमेरिकी कृषि उत्पादों पर पाबंदी लगा रखी थी, जिसे अब हटा लिया है और इसी के फलस्वरूप अमेरिका अब अपने पोर्क और पोर्क से बनी चीज़ों का निर्यात कर सकेगा.

    इस ख़बर को नवंबर साल 2021 में दिल्ली में हुई यूएस-इंडिया ट्रेड पॉलिसी फ़ोरम की सफलता के रूप में देखा जा रहा, जिसमें कैथरीन ने अमेरिकी पोर्क के निर्यात पर काफ़ी ज़ोर देते हुए अपनी बात रखी थी. इस फ़ोरम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शिरकत की थी.

    अब जब भारत ने अमेरिकी पोर्क के आयात को मंज़ूरी दे दी है तो इस मुद्दे पर अपनी खुशी जताते हुए कैथरीन ने कहा, “भारत नें पहली बार अमेरिकी पोर्क के आयात को मंज़ूरी दी है. यह अपने आप में एक बेहद महत्पूर्ण ख़बर है और ख़ुशी की बात है. यह अमेरिकी उत्पादकों और भारतीय उपभोक्ताओं के लिए खुशख़बरी है.”

    अपने बयान में उन्होंने आगे कहा कि भारत और अमेरिका आगे भी अपने व्यापारिक संबंधों को मज़बूत बनाने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे.

    उन्होंने इस मंज़ूरी के लिए पीयूष गोयल को धन्यवाद कहा है.

  13. दिल्ली में बीते 24 घंटों में कोरोना के 21 हज़ार से अधिक मामले

    दिल्ली सरकार की ओर से जारी कोरोना बुलेटिन के मुताबिक़, बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 21 हज़ार 259 मामले सामने आए हैं.

    बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के कारण 23 लोगों की मौत भी हो गयी है.

    राजधानी में कुल एक्टिव केस 74,881 हैं और पॉज़िटिविटी रेट बढ़कर 25.65% हो गया है.

    भारत की स्थिति

    भारत में मंगलवार को बीते 24 घंटों के दौरान 1.68 लाख कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों का पता चला.

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जो आँकड़े जारी किए हैं उसके मुताबिक़ मंगलवार के आँकड़े सोमवार के मुक़ाबले 6.4 फ़ीसदी कम हैं. सोमवार को भारत में 1.79 लाख नए मामले पाए गए थे.

    बीते 24 घंटों के दौरान इस वायरस के कारण देश में 277 लोगों की मौत भी हुई है. भारत में इस वायरस के कारण कुल मौतों का आंकड़ा 4.84 लाख के पार जा चुका है.

  14. आयकर रिटर्न भरने की तारीख़ बढ़ी, जानिए क्या है नई तारीख़

    भारतीय आयकर विभाग की ओर से एक ट्वीट करके उन आयकर दाताओं को राहत दी गई है, जो अभी तक अपना आयकर रिटर्न फ़ाइल नहीं कर सके थे.

    इससे पहले आयकर रिटर्न भरने की आख़िरी तारीख 31 दिसंबर थी लेकिन अब इसे आगे बढ़ा दिया गया है.

    भारतीय आयकर विभाग की ओर से एक ट्वीट में इसकी पुष्टि की गई है.

    इस ट्वीट के मुताबिक़, आयकर दाताओं और स्टेक होल्डर्स द्वारा कोरोना महामारी के कारण और ऑनलाइन ऑडिट फ़ाइल करने में होने वाली मुश्किल पर ग़ौर करते हुए वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए ऑडिट रिपोर्ट फ़ाइल करने की और आयकर रिटर्न फ़ाइल करने की तारीख़ आगे बढ़ा दी है.

    जिन लोगों ने अभी तक आयकर नहीं भरा है उनके लिए राहत की बात यह है कि अब वे 15 मार्च तक अपना आईटीआर भर सकते हैं.

  15. स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफ़ा देने पर समाजवादी पार्टी ने ऐसे ली चुटकी

    उत्तर प्रदेश में स्वामी प्रसाद मौर्य और कई अन्य विधायकों के बीजेपी छोड़ने पर समाजवादी पार्टी ने चुटकी ली है. समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आईपी सिंह ने ट्वीट कर बताया है कि उन्होंने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को ताला गिफ़्ट में भेजा है. उन्होंने ट्विटर पर लिखा है- ओमप्रकाश राजभर जी,जयंत चौधरी जी, राजमाता कृष्णा पटेल जी,संजय चौहान जी और अब स्वामीप्रसाद मौर्य जी समाजवादी पार्टी के साथ हैं. मैंने BJP मुख्यालय पर @swatantrabjpजी को एक ताला तोहफ़े के रूप में भेज दिया है, 10 मार्च के बाद लगा घर लौट जाइएगा.

    उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश में लहर नहीं, अब सपा की आँधी चल रही है. उत्तर प्रदेश में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी को कई झटके लगे. योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य ने इस्तीफ़ा दे दिया था.

    उनके बाद बीजेपी के तीन विधायकों रोशन लाल वर्मा, बृजेश प्रजापति और भगवती सागर ने भी पार्टी छोड़ने की घोषणा की है. स्वामी प्रसाद मौर्य का कहना है कि आने वाले दिनों में भाजपा के कई और विधायक पार्टी छोड़ेंगे. अखिलेश यादव ने ट्वीट पर स्वामी प्रसाद मौर्य का समाजवादी पार्टी में स्वागत किया है.

    दूसरी ओर बीजेपी के नेता दिल्ली में यूपी चुनाव को लेकर कोर कमेटी की बैठक कर रहे हैं. इस बैठक में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी हिस्सा ले रहे हैं. केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट पर स्वामी प्रसाद मौर्य से अपील की है कि वे जल्दबाज़ी में कोई फ़ैसला न लें.

  16. स्वामी प्रसाद मौर्य के बाद बीजेपी के तीन और विधायकों ने पार्टी छोड़ी

    स्वामी प्रसाद मौर्य के बाद बीजेपी के तीन और विधायकों ने पार्टी छोड़ दी है. पार्टी से इस्तीफ़ा देने वाले विधायक हैं रोशन लाल वर्मा, बृजेश प्रजापति और भगवती सागर.

    स्वामी प्रसाद मौर्य का इस्तीफ़ा लेकर राजभवन पहुँचे विधायक रोशन लाल वर्मा ने भी पार्टी छोड़ने की घोषणा की है. रोशन लाल वर्मा शाहजहाँपुर के तिलहर से बीजेपी विधायक थे.

    उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे भी समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि पाँच साल तक पार्टी में उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई.

    दूसरी ओर बांदा से बीजेपी विधायक बृजेश प्रजापति ने भी पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी है. पार्टी को भेजे अपने पत्र में बृजेश प्रजापति ने कहा है कि स्वामी प्रसाद मौर्य उनके नेता हैं.

    अपने पत्र में उन्होंने लिखा है- भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पाँच वर्षों के अपने कार्यकाल में दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को कोई प्राथमिकता नहीं दी है.

    कानपुर के बिल्हौर से बीजेपी विधायक भगवती सागर ने भी अपने त्यागपत्र की घोषणा की है. मीडिया से बातचीत में उन्होंने योगी सरकार को लेकर अपनी नाराज़गी जताई.

    इससे पहले योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने इस्तीफ़ा दे दिया था. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उनके साथ अपनी फोटो ट्वीट पर पार्टी में उनका स्वागत किया है. दूसरी ओर स्वामी प्रसाद मौर्य का दावा है कि अभी कई और बीजेपी विधायक पार्टी छोड़ेंगे.

    दूसरी ओर एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने घोषणा की है कि वे यूपी में चुनाव प्रचार करेंगे. उन्होंने कहा कि सपा और अन्य पार्टियों के साथ बातचीत के बाद वे वहाँ कुछ उम्मीदवार भी उतार सकते हैं.

    शरद पवार ने दावा किया कि बीजेपी के 13 विधायक समाजवादी पार्टी में शामिल होने वाले हैं.

  17. योगी आदित्यनाथ के 80 बनाम 20 वाले बयान पर आई प्रतिक्रिया

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 80 बनाम 20 वाले बयान का जवाब दिया है. उन्होंने कहा है कि योगी जी ने ये कहा कि जो लोग राम मंदिर का विरोध करते हैं, उनका मुक़ाबला 80 फ़ीसदी लोगों से है. उन्होंने सीधे मुसलमानों के ख़िलाफ़ ये बयान दिया है.

    नवाब मलिक ने कहा- योगी जी आप इतिहास उठा कर देख लें, राम मंदिर-बाबरी मस्जिद विवाद के समय से ही सभी मुस्लिम संगठन हों, मुसलमान हों, एक ही बात करते थे कि जो भी कोर्ट का फ़ैसला आएगा, हम उसे मानेंगे.

    उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और संघ परिवार के लोग हमेशा कहते हैं कि हम कोर्ट का फ़ैसला नहीं मानेंगे. सुप्रीम कोर्ट ने फ़ैसला कर दिया, देश ने स्वीकार कर लिया. कोई उसका विरोध नहीं कर रहा है. मंदिर निर्माण का काम जारी है. फिर भी आप मंदिर को लेकर विवादित बयान देते हैं.

    नवाब मलिक ने कहा कि जिस तरह का बयान योगी जी दे रहे हैं, उससे ये स्पष्ट हो रहा है कि भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में हार रही है. धर्म की आड़ में आप जितना भी छिप लेंगे, इस बार हारेंगे.

    पिछले दिनों एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि ये चुनाव 80 बनाम 20 का होगा. एक न्यूज़ चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने कहा था, "80 फ़ीसदी समर्थन एक तरफ़ होगा और 20 फ़ीसदी समर्थन दूसरी तरफ़ होगा. मुझे लगता है कि 80 प्रतिशत सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेंगे. 20 फ़ीसदी हमेशा विरोध किए हैं, विरोध करेंगे. लेकिन सत्ता बीजेपी की आएगी."

    योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग किसान विरोधी हैं, विकास विरोधी है, गुंडों, माफियाओं का साथ देते हैं वो 20 फ़ीसदी विपक्ष के साथ हैं.

  18. सिद्धू ने कहा- जनता तय करेगी पंजाब का अगला मुख्यमंत्री, हाई कमान नहीं

    पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा है कि पंजाब का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, ये पंजाब के लोग तय करेंगे. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा- आपसे किसने कहा कि हाई कमान सीएम बनाएगा, पंजाब के लोग तय करेंगे कि कौन सीएम होगा. पंजाब में 14 फ़रवरी को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है. 10 मार्च को नतीजे आएँगे.

    इस समय पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी हैं. उन्हें कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफ़े के बाद मुख्यमंत्री बनाया गया है. कैप्टन अमरिंदर सिंह अब कांग्रेस पार्टी छोड़कर नई पार्टी बना चुके हैं और भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन की घोषणा कर चुके हैं.

  19. शरद पवार ने कहा- गोवा में गठबंधन के लिए कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस से बातचीत

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार ने कहा है कि गोवा विधानसभा चुनाव के लिए वे कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन के लिए बात कर रहे हैं. पत्रकारों के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि जल्द ही इस पर कोई न कोई फ़ैसला हो जाएगा.

    गोवा में भी 14 फरवरी को मतदान होना है और मतगणना अन्य राज्यों के साथ 10 मार्च को होगी. इस समय गोवा में बीजेपी की सरकार है. लेकिन हाल के दिनों में तृणमूल कांग्रेस के साथ-साथ आम आदमी पार्टी ने भी वहाँ चुनाव लड़ने की घोषणा की है. गोवा में विधानसभा की 40 सीटें हैं.

    शरद पवार ने कहा कि उन्होंने सीटों को लेकर अपनी पार्टी की पसंद बता दी है. उन्होंने ये भी जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश में भी उनकी पार्टी कुछ सीटों पर चुनाव लड़ेगी, लेकिन इसके लिए वे समाजवादी पार्टी और अन्य छोटी पार्टियों से विचार विमर्श करेंगे.

  20. स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा- कई बीजेपी विधायक पार्टी छोड़ेंगे

    योगी सरकार से इस्तीफ़ा दे चुके स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा है कि आने वाले दिनों में कई बीजेपी विधायक पार्टी छोड़ेंगे.

    मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि दलितों, पिछड़ों, किसानों, बेरोजगार नौजवानों एवं छोटे-लघु एवं मध्यम श्रेणी के व्यापारियों की घोर उपेक्षात्मक रवैए के कारण उन्होंने योगी सरकार से इस्तीफ़ा दिया है.

    स्वामी प्रसाद मौर्य 2016 में बीजेपी में शामिल हुए थे. उससे पहले वे बहुजन समाज पार्टी में थे. वे बसपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके थे.

    स्वामी प्रसाद मौर्य का इस्तीफ़ा लेकर राजभवन पहुँचने वाले विधायक भी बीजेपी के ही थे. बीजेपी विधायक रोशन लाल वर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य उनके नेता हैं.

    रोशन लाल वर्मा ने भी दावा किया कि बीजेपी के कई विधायक त्यागपत्र देने वाले हैं और वे भी सलाह-मशविरा करने के बाद कोई फ़ैसला करेंगे. उत्तर प्रदेश में 10 फ़रवरी से सात चरणों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू हो रहा है. मतगणना 10 मार्च को होगी.