You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

वाइब्रेंट गुजरात समिट टलने के चलते नेपाली पीएम देउबा की भारत यात्रा रद्द

नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा की भारत यात्रा 'वाइब्रेंट गुजरात समिट' के टलने के चलते रद्द हो गई है.

लाइव कवरेज

पंकज प्रियदर्शी, कमलेश मठेनी and विभुराज

  1. बिहार में एक व्यक्ति ने कैसे ले ली वैक्सीन की 11 डोज़

    बिहार के मधेपुरा ज़िले में एक व्यक्ति ने दावा किया है कि उन्होंने कोरोना वैक्सीन की 11 डोज़ ली है. पुरैनी के रहने वाले 84 वर्षीय ब्रह्मदेव मंडल का दावा है कि जब से उन्होंने वैक्सीन लेनी शुरू की है, वे कभी बीमार नहीं पड़े हैं और उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ है. दूसरी ओर मधेपुरा के सिविल सर्जन डॉक्टर अमरेंद्र प्रताप शाही ने कहा कि उनका दावा सच है या ग़लत- ये जाँच का विषय है.

    उन्होंने कहा कि अस्पताल के रिकॉर्ड की जाँच होगी और उनका दावा सच पाया गया तो ज़िम्मेदार व्यक्ति के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी. इस समय भारत में कोरोना की तीसरी लहर चल रही है और बुधवार को देश में 90 हज़ार से भी ज़्यादा संक्रमण के नए मामले दर्ज हुए हैं. पिछले महीने नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि 60 वर्ष से ज़्यादा आयु के लोगों को 10 जनवरी से तीसरी डोज़ दी जाएगी. अभी तक भारत में दो ही डोज़ की अनुमति है. तीन जनवरी से 15-18 आयुवर्ग के बच्चों को भी वैक्सीन दी जा रही है.

  2. दिल्ली में आज कोविड के 14 हज़ार नए मामले आ सकते हैं: स्वास्थ्य मंत्री

    दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का कहना है कि गुरुवार को दिल्ली में कोविड संक्रमण के 14 हज़ार नए मामले आ सकते हैं. हालाँकि उन्होंने दिल्ली में लॉकडाउन की संभावना से इनकार किया. सत्येंद्र जैन ने कहा है कि पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में कोविड संक्रमण के मामलों में तेज़ी आई है. लेकिन पिछली लहर के मुक़ाबले स्थिति बेहतर है.

    उन्होंने कहा कि अस्पताल में बेड्स के मामले में इस बार दिल्ली बेहतर स्थिति में है. सत्येंद्र जैन ने कहा- कल हमारे पास 9000 बेड्स उपलब्ध थे और आज ये संख्या बढ़कर 12 हज़ार हो गई है. उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में प्रतिदिन 90,000 तक टेस्ट हो रहे हैं.

  3. पीएम मोदी का काफ़िला रुकने के मामले की जाँच के लिए पंजाब सरकार ने बनाई उच्च स्तरीय समिति

    पंजाब में प्रधानमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदी का काफ़िला रोके जाने के मामले की जाँच के लिए पंजाब सरकार ने एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है.

    इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा है कि जाँच के लिए पंजाब सरकार ने उच्च स्तरीय समिति बनाई है.

    एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि इस समिति में सेवानिवृत्त न्यायाधीश मेहताब सिंह और गृह मंत्रालय के प्रमुख सचिव और न्यायाधीश अनुराग वर्मा शामिल होंगे. समिति अपनी रिपोर्ट तीन दिनों में सौंपेगी.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को पंजाब में सड़क मार्ग से फ़िरोज़पुर में एक रैली के लिए जा रहे थे. रास्ते में सड़क पर विरोध प्रदर्शन होने के कारण उनके काफ़िले को करीब 20 मिनट तक पुल पर ही रुकना पड़ा.

    इसके बाद वो वापस एयरपोर्ट लौट गए. गृह मंत्रालय ने इसे सुरक्षा में चूक बताया था.

    पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने इस मामले पर कहा, "प्रधानमंत्री के वापस लौटने पर मुझे खेद है. कुछ लोग वहां अचानक से विरोध-प्रदर्शन करने चले गए थे. इसमें कोई साज़िश जैसी बात है तो पूरे मामले की जाँच कराएंगे."

  4. पीएम मोदी की सुरक्षा चूक मामले पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक के मामले पर दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार को सुनवाई कर सकता है. बुधवार को पंजाब के फ़िरोज़पुर में एक रैली करने गए पीएम मोदी के काफ़िले को 10-15 मिनट तक रास्ते में रुकना पड़ा था.

    गृह मंत्रालय का कहना है कि सुरक्षा में भारी चूक के कारण प्रधानमंत्री रैली में नहीं जा सके. हालाँकि पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी का कहना था कि पीएम की सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई थी और जो समस्या आई, वो आख़िरी मिनट में उनके कार्यक्रम में बदलाव के कारण आई.

    सीनियर एडवोकेट मनिंदर सिंह ने मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट इस याचिका पर तत्काल सुनवाई करे. उन्होंने मांग की है कि इस मामले की जाँच होनी चाहिए ताकि ऐसा दोबारा न हो.

  5. कोरोना: भारत में एक दिन में आए 90 हज़ार मामले, 325 की मौत

    भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों में एक दिन के अंदर 30 हज़ार से ज़्यादा का इजाफ़ा हुआ है. पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 90,928 मामले सामने आए हैं और 325 लोगों की मौत हुई है.

    जबकि इससे पहले मंगलवार को देश में कोरोना संक्रमण के 58097 मामले सामने आए थे.

    हालांकि, एक दिन में 19206 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं.

    देश में पॉज़िटिविटी दर 6.43 प्रतिशत हो गई है और सक्रिय मामलों की संख्या दो लाख 85 हज़ार से ज़्यादा बनी हुई है.

    कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या देश में तीन करोड़ 50 लाख से ज़्यादा हो गई है.

    वैक्सीनेशन की बात करें तो एक दिन में 91 लाख लोगों को वैक्सीन दी गई है और अब तक कुल 148 लाख लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है.

  6. कज़ाख़स्तान में अशांति के बीच रूसी सेना होगी तैनात, राष्ट्रपति ने कहा विदेशी आतंकी गिरोहों का काम

    सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच कज़ाख़स्तान में हालात को काबू करने में रूसी सेना को तैनात किया जा रहा है.

    कज़ाक राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट तोकायेव ने बिगड़ती स्थिति के बीच सामूहिक सुरक्षा संधि संगठन (सीएसटीओ) से समर्थन मांगा है. सीएसटीओ रूस और छह पूर्व सोवियत संघ के राज्यों का एक मिलिट्री एलायंस है.

    मध्य एशियाई देश में प्रदर्शन पहले तेल की क़ीमतों में बढ़ोतरी के ख़िलाफ़ शुरू हुए थे लेकिन बाद में प्रदर्शनकारियों ने कई राजनीतिक मुद्दे भी इसमें शामिल कर लिए थे.

    राष्ट्रपति तोकायेव ने दावा किया कि उनके देश में अशांति विदेश में प्रशिक्षित "आतंकवादी गिरोहों" का काम है.

    लेकिन लंदन में विदेशी मामलों के थिंक टैंक चैटम हाउस में मध्य एशिया की एक विशेषज्ञ केट मॉलिंसन ने कहा कि विरोध "कज़ाक सरकार के आधुनिकीकरण और राजनीतिक सुधार में विफलता के ख़िलाफ़ व्याप्त आक्रोश का संकेत हैं.”

    राष्ट्रपति तोकायेव ने देश में इमरजेंसी लागू कर दी है जिसमें रात के समय कर्फ़्यू और भीड़ के एकत्र होने पर सख्त पाबंदी है.

    गुरुवार तड़के प्रसारित एक टीवी संदेश में राष्ट्रपति तोकायेव ने सीएसटीओ से मदद मांगी है.

    उधर अमेरिका ने कहा है कि वो कज़ाख़्स्तान के हालात पर नज़र रख रहा है और वो सरकार ने प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ बलप्रयोग ने करने की अपील करता है.

  7. ऑस्ट्रेलियन ओपन में हिस्सा लेने पहुंच नोवाक जोकोविच का वीज़ा रद्द

    दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच का ऑस्ट्रेलिया में प्रवेश का वीज़ा रद्द कर दिया गया है.

    सर्बिया के खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को कई घंटों तक मेलबर्न हवाई अड्डे पर रोका गया और उसके बाद उन्हें जानकारी मिली कि वो ऑस्ट्रेलिया में प्रवेश के नियमों को पूरा नहीं करते हैं.

    नोवाक जोकोविच के मेलबर्न पहुंचने पर अधिकारियों ने पाया कि उनकी टीम ने वैक्सीन ना लगाने को लेकर चिकित्सकीय छूट देने वाले वीज़ा के लिए अनुरोध नहीं किया था.

    ऑस्ट्रेलियाई सीमा बल ने कहा कि जोकोविच ऑस्ट्रेलिया में प्रवेश संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं दे पाए और उनका वीज़ा बाद में रद्द कर दिया गया.

    बताया जा रहा है कि उन्हें सरकार के डिटेंशन होटल में ले जाया गया है और वो वापस जाने वाली फ्लाइट का इंतज़ार कर रहे हैं.

    वैक्सीन से छूट

    नोवाक जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन में हिस्सा लेने के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे.

    दरअसल, उन्हें ऑस्ट्रेलियन ओपन में खेलने के लिए वैक्सीन से छूट दी गई थी जिसका पहले ही ऑस्ट्रेलिया में काफ़ी विरोध हुआ था.

    ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कहा था कि अगर खिलाड़ी के पास पर्याप्त प्रमाण नहीं होते हैं तो उन्हें अगली फ्लाइट से वापस भेज दिया जाएगा.

    नोवाक जोकोविच ने अपने वैक्सीन स्टेटस की जानकारी नहीं दी है लेकिन पिछले साल उन्होंने कहा था कि वो “वैक्सीनेशन का विरोध” करते हैं.

    स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक अब जोकोविच क़ानूनी अपील कर सकते हैं या नए वीज़ा के लिए आवेदन कर सकते हैं ताकि वो देश में प्रवेश कर सकें.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहाँ क्लिककरें.