RBI का एलान, बिना इंटरनेट के हो सकेगा 200 रुपये तक का डिजिटल भुगतान

ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाक़ों में डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए भारतीय रिज़र्व बैंक ने प्रति ट्रांजैक्शन 200 रुपये तक के ऑफ़लाइन भुगतान को मंज़ूरी दे दी है. इसके लिए आरबीआई ने एक फ्रेमवर्क जारी किया है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे, मोहम्मद शाहिद and कमलेश मठेनी

  1. भविष्य की जंग की तस्वीर क्या होगी और इसके लिए दुनिया कितनी तैयार?

  2. RBI का एलान, बिना इंटरनेट के हो सकेगा 200 रुपये तक का डिजिटल भुगतान

    रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाक़ों में डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) ने प्रति ट्रांजेक्शन 200 रुपये तक के ऑफ़लाइन भुगतान को मंज़ूरी दे दी है. इसके लिए आरबीआई ने एक फ्रेमवर्क जारी किया है.

    लेकिन, ऑफ़लाइन भुगतान की कुल सीमा 2000 रुपये तय की गई है.

    ऑफ़लाइन डिजिटल भुगतान का मतलब ऐसे लेनदेन से है जिसमें इंटरनेट या टेलिकॉम कनेक्टिविटी की ज़रूरत नहीं होती है.

    ऑफ़लाइन मोड के तहत कार्ड, वॉलेट और मोबाइल से आमने-सामने भुगतान किया जा सकता है.

    आरबीआई ने कहा कि इस तरह के भुगतान के लिए ऑथेंटिकेशन की ज़रूरत नहीं होगी. भुगतान के ऑफ़लाइन होने के कारण उपभोक्ता को अलर्ट कुछ समय के बाद मिलेगा.

    स्मॉल वैल्यू डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने वाले आरबीआई के इस फ्रेमवर्क के अनुसार, “200 रुपये तक का अधिकताम ऑफ़लाइन भुगतान किया जा सकेगा. ऑफलाइन भुगतान की कुल सीमा 2000 रुपये तय की गई है.”

    आरबीआई ने कहा, “ऑफ़लाइन लेनदेन से खराब या कमजोर इंटरनेट या दूरसंचार कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों में डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने की उम्मीद है, खासतौर पर अर्ध-शहरी और ग्रामीण इलाक़ों में. ये नया फ्रेमवर्क तुरंत प्रभाव से लागू होगा.”

  3. ब्रिटेन में बिना ड्राइवर वाली कार का ट्रायल

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    ब्रिटेन में बिना चालक वाली कार का ट्रायल किया जा रहा है.

    फेच सिस्टम लोगों को सुविधा देता है कि वो एक ऐप के जरिए कार मंगाएं और उन तक कार पहुंचती है.

    इस कार में ड्राइवर नहीं होता है लेकिन उसे दूर से ही रिमोट के जरिए ऑपरेट किया जाता है.

    ऐसा सड़क के 360 डिग्री कैमरा व्यू के जरिए किया जाता है, जो कार के ऊपर लगा होता है.

    कुछ महीने के लिए सुरक्षा की वजह से एक ड्राइवर कार में होगा.

  4. भारत-पाकिस्तान के बीच धार्मिक पर्यटन, क्या ये रिश्ते सुधारने की नई पहल है?

    कराची के एक मंदिर में हिंदू श्रद्धालु

    इमेज स्रोत, ASIF HASSAN/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, साल 2016 की इस तस्वीर में कराची के एक मंदिर में दर्शन करने पहुंची हिंदू श्रद्धालु [सांकेतिक तस्वीर]

    पाकिस्तान हिंदू काउंसिल दोनों मुल्कों के बीच की दूरी को कम करने के लिए हर महीने धार्मिक स्थलों की यात्रा की योजना पर काम कर रहा है. काउंसिल का दावा है कि दोनों मुल्कों की सरकारें भी इस काम में सहयोग कर रही हैं.

    पाकिस्तान में नए साल के मौक़े पर पुनर्निर्मित 100 साल पुराने श्री परमहंस जी महाराज मंदिर में भारत, अमेरिका और खाड़ी देशों से आए हिंदू श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की है.

    हिंदू श्रद्धालुओं के इस प्रतिनिधिमंडल में कुल 173 श्रद्धालु हैं जिनमें पांच-छह अमेरिकी, कुछ स्पेन से, कुछ दुबई से और क़रीब 160 लोग भारत से हैं. ये श्रद्धालु पाकिस्तान में मौजूद हिंदू और सिख धर्मस्थलों की यात्रा कर रहे हैं.

    पाकिस्तान हिंदू काउंसिल के चेयरमैन डॉक्टर रमेश कुमार वाकवानी कहते हैं कि ये एक नई पहल है और इसके ज़रिए 74 सालों के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते बेहतर करने की उम्मीद की जा सकती है. डॉक्टर रमेश संसद के सदस्य हैं और 2002 से सक्रिय राजनीति में हैं.

  5. चीन के गलवान में झंडा फहराने की रिपोर्ट, राहुल गांधी ने पीएम मोदी से माँगा जवाब

    ट्वीट की गई तस्वीर

    इमेज स्रोत, @shen_shiwei

    इमेज कैप्शन, ट्वीट की गई तस्वीर

    चीन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार घेरते रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को एक बार फिर उन्हें निशाने पर लिया.

    इस बार उन्होंने नए साल के मौक़े पर गलवान में चीनी झंडा फ़हराए जाने को लेकर पीएम मोदी पर हमला बोला है.

    राहुल गांधी ने एक ट्वीट में लिखा - "गलवान पर हमारा तिरंगा ही अच्छा लगता है. चीन को जवाब देना होगा. मोदी जी, चुप्पी तोड़ो!"

    राहुल गांधी ने साल के अंतिम दिन भी एक ट्वीट कर चीन के अरुणाचल प्रदेश में 15 जगहों के नए नाम रखने को लेकर प्रधानमंत्री को चुनौती दी थी.

    उस दिन राहुल ने एक अख़बार में छपी एक रिपोर्ट को शेयर करते हुए अपने ट्वीट में लिखा था - "अभी कुछ दिनों पहले हम 1971 में भारत की गौरवपूर्ण जीत को याद कर रहे थे. देश की सुरक्षा और विजय के लिए सूझ-बूझ व मज़बूत फ़ैसलों की ज़रूरत होती है. खोखले जुमलों से जीत नहीं मिलती!"

  6. ईरानी जनरल कासिम सुलेमानी की बरसी पर इसराइल की न्यूज़ वेबसाइट हैक

    ईरान की क़ुद्स फ़ोर्स के प्रमुख जनरल क़ासिम सुलेमानी

    इमेज स्रोत, FARS

    इसराइली अख़बार यरूशलम पोस्ट ने सोमवार को कहा कि उसकी वेबसाइट को हैक कर लिया गया है जो साफ़तौर पर देश के लिए ख़तरा है.

    वेबसाइट के पन्ने पर ख़बरों की बजाए ईरान की क़ुद्स फ़ोर्स के प्रमुख जनरल क़ासिम सुलेमानी को याद करता हुआ एक चित्र दिखाई देने लगा था.

    जनरल क़ासिम सुलेमानी की साल 2020 में इसी दिन अमेरिकी के एक ड्रोन हमले में हत्या कर दी गई थी. उनकी मौत की बरसी पर इसराइली वेबसाइट हैक होने की ख़बर आई है.

    वेबसाइट पर दिखे चित्र में ऊपर की तरफ़ मुठ्ठी बांधे हुए एक हाथ बना था जिसकी उंगली में पहनी हुई लाल रंग की अंगूठी से एक गोली निकलकर ज़मीन की तरफ़ जा रही थी. चित्र पर लिखा था, “हम वहां आपके करीब हैं जहां आप सोचते नहीं है.’’ ये उसी अंगूठी तरफ़ ईशारा था जो सुलेमानी पहना करते थे.

    इसे लेकर यरूशलम पोस्ट ने ट्वीट किया था, “हम हमारी वेबसाइट हैक होने की जानकारी है, साथ ही इसराइल को सीधे ख़तरे की.”

    हालांकि, अख़बार का मोबाइल ऐप प्रभावित नहीं हुआ था और दूसरी इसराइली न्यूज़ वेबसाइट भी ठीक से काम कर रही थीं.

  7. पाकिस्तान के गुलाब देवी अस्पताल और लाला लाजपत राय का क्या नाता है

    लाला लाजपत राय

    इमेज स्रोत, Social Media/ Public Domain

    इमेज कैप्शन, लाला लाजपत राय

    दो दिन पहले पाकिस्तान में लाहौर के मुख्य राजमार्ग फ़िरोज़पुर रोड पर एक अंडरपास का उद्घाटन हुआ तो सोशल नेटवर्किंग साइटों पर इसके पास स्थित गुलाब देवी अस्पताल और इसे बनाने वाले लाला लाजपत राय के बारे में ख़ूब चर्चा हुई.

    लेकिन गुलाब देवी थीं कौन? और कौन थे लाला लाजपत राय जिन्होंने उनके नाम पर अस्पताल बनवाया?

    लाला लाजपत राय का जन्म 28 जनवरी, 1865 को ब्रिटिश पंजाब के लुधियाना के धोदीके गाँव में हुआ था. उनके पिता मुंशी राधा कृष्ण अग्रवाल एक सरकारी स्कूल में उर्दू और फ़ारसी के शिक्षक थे. वो सर सैयद अहमद ख़ान के बहुत बड़े प्रशंसक थे. लाला लाजपत राय की माँ गुलाब देवी अपनी समाज सेवा के लिए जानी जाती थीं.

    लाला लाजपत राय गवर्नमेंट कॉलेज लाहौर से अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद वकील बन गए. उन्होंने अपने पिता लाला राधा कृष्ण की राजनीतिक गतिविधियों से प्रेरित होकर अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की.

  8. लखीमपुर हिंसा: 5,000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, क्या-क्या सबूत दिए गए

    केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र के बेटे आशीष मिश्र इस मामले के मुख्य अभियुक्त हैं

    इमेज स्रोत, PRASHANT PANDEY/BBC

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र के बेटे आशीष मिश्र इस मामले के मुख्य अभियुक्त हैं

    लखीमपुर खीरी के तिकुनियां में गाड़ियों से कुचल कर किसानों की हत्या करने के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस की एसआईटी ने सोमवार को अपनी चार्जशीट दाखिल की.

    पांच हज़ार पन्नों की चार्जशीट को स्टील के तालाबंद बक्सों में लखीमपुर के कचहरी परिसर में लाया गया और उसे सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया.

    वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी एसपी यादव ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा, "5000 पन्नों की चार्जशीट दाख़िल हुई है और इसमें एक और अभियुक्त वीरेंद्र शुक्ल का नाम भी शामिल किया गया है जिन पर साक्ष्य मिटाने का आरोप है."

    अब इस मामले में कुल अभियुक्तों की संख्या 14 हो गई है.

  9. वो भिखारी जो अब मेहनत की कमाई खा रहे हैं

    वीडियो कैप्शन, वो भिखारी जो अब मेहनत की कमाई खा रहे हैं

    दिल्ली सरकार का समाज कल्याण विभाग भिखारियों के पुनर्वास के लिए योजना लाया है.

    इस योजना के तहत भिखारियों को आत्मसक्ष्म बनाने के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है.

    इसके तहत उन्हें दीवारों की पुताई का काम सिखाया जा रहा है.

  10. ओमिक्रॉन वैरिएंट का इलाज भी कवर करेगी कोविड हेल्थ पॉलिसी

    ओमिक्रॉन

    इमेज स्रोत, YALCINSONAT1

    बीमा नियामक इरडा ने सोमवार को कहा कि कोविड-19 का इलाज़ कवर करने वालीं बीमा पॉलिसी में ओमिक्रॉन वेरिएंट के संक्रमण के इलाज का खर्च भी कवर किया जाएगा.

    भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा,“सभी सामान्य एवं स्वास्थ्य बीमा कंपनियों द्वारा जारी होने वालीं सभी स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी जो कोविड-19 के इलाज का खर्च कवर करती हैं वो पॉलिसी के नियम और शर्तों के अनुसार ओमिक्रॉन वेरिएंट का इलाज भी कवर करेंगी.”

    इरडा ने ओमिक्रॉन वेरिएंट के बढ़ते मामलों को देखते हुए बीमा कंपनियों को ये निर्देश जारी किया है.

    इरडा ने बीमा कंपनियों को उनके सेवा प्रदाता और अस्पतालों के बीच बेहतर समन्वय बनाने के लिए भी कहा है ताकि बीमाधारकों को अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में तेज़ कैशलैस सुविधा मिल सके.

    अप्रैल 2020 में इरडा ने ये स्पष्ट किया था कि अस्पताल में भर्ती होने के खर्च को कवर करने वालीं सभी बीमा पॉलिसी कोविड-19 संक्रमण में अस्पताल में भर्ती होने का खर्च भी कवर करेंगी.

    देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामलों में भी वृद्धि हो रही है. देश में सोमवार को ओमिक्रॉन वेरिएंट के 1700 मामले सामने आए.

  11. चीन अरुणाचल प्रदेश की जगहों के नाम क्यों बदल रहा?

    वीडियो कैप्शन, चीन अरुणाचल प्रदेश की जगहों के नाम क्यों बदल रहा?

    चीन के विदेश मंत्रालय ने बीते गुरुवार (30 दिसंबर) को भारतीय राज्य अरुणाचल प्रदेश की 15 जगहों के नाम बदलते हुए इसके 'मानकीकृत' नाम जारी किए थे.

    इन नामों को चीन अब अपने आधिकारिक दस्तावेज़ों और नक़्शों में इस्तेमाल करेगा क्योंकि चीन अरुणाचल प्रदेश को 'दक्षिणी तिब्बत' मानता है.

    भारत ने चीन के इस क़दम की निंदा की है और कहा है कि 'नाम ईजाद करके रख देने से' ज़मीन पर तथ्य नहीं बदलेंगे और 'अरुणाचल प्रदेश हमेशा से भारत का अभिन्न अंग रहा है और आगे भी हमेशा रहेगा.'

    चीन ने इन नामों की सूची अपने नए 'लैंड बॉर्डर क़ानून' के तहत जारी किया है. यह नया क़ानून एक जनवरी 2022 से प्रभाव में आ गया है, जिसको लेकर भारत ने चिंता जताई थी.

  12. यूएई के झंडे वाला कार्गो जहाज हूती विद्रोहियों ने कब्ज़े में लिया

    मालवाहक जहाज

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रतीकात्मक तस्वीर

    यमन के हूती विद्रोहियों ने संयुक्त अरब अमीरात के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज को समुद्र तट से रवाना होते हुए अपने कब्ज़े में ले लिया है.

    हूती प्रवक्ता याहिया सारी ने एक ट्वीट में कहा जहाज में “सैन्य उपकरण थे” और वो“बिना लाइसेंस के यमन में प्रवेश कर रहा था और विरोधी कार्य कर रहा था.”

    सारी ने कहा कि एक प्रेस कांफ्रेंस करके इस संबंध में पूरी जानकारी दी जाएगी.

    हूती विद्रोहियों का यमन के अधिकतर इलाक़ों पर कब्ज़ा है और सऊदी अरब के नेतृत्व वाले अंतरराष्ट्रीय गठबंधन की सेना यमन में उनसे मुक़ाबला कर रही है.

    इससे पहले सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने आरोप लगाया था कि हूती विद्रोहियों ने यमन में होदेदा गवर्नोरेट से रवाना होते हुए यूएई के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज का अपहरण कर लिया है.

    इसके बाद हूती विद्रोहियों ने जहाज को कब्ज़े में लेने की जानकारी दी है.

    हूथी विद्रोही

    इमेज स्रोत, REUTERS

    इमेज कैप्शन, प्रतीकात्मक तस्वीर

    सऊदी प्रेस एजंसी के मुताबिक गठबंधन के प्रवक्ता ब्रिगेडियर तुर्की अल मलिकी ने कहा कि वो मालवाहक जहाज सोकोट्रा द्वीप से जज़ान बंदरगाह की यात्रा के अभियान पर था और उसमें अस्पताल से जुड़े उपकरण थे.

    अल मलिकी ने इस घटना को हूती विद्रोहियों से नौपरिवहन और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की स्वतंत्रता को होने वाला “असल ख़तरा” माना है.

    उन्होंने हूती विद्रोहियों से जहाज को “तुरंत” छोड़ने के लिए कहा है. साथ ही चेतावन दी है कि गठबंधन की शक्तियां “इस उल्लंघन से निपटने के लिए सभी ज़रूरी उपाय अपनाएंगी जिसमें ताकत का इस्तेमाल भी शामिल है.”

    हूती विद्रोहियों के यमन की सरकार को सत्ता से हटाने के बाद सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन की सेना ने 2015 में यमन में हूथी विद्रोहियों से मुक़ाबला शुरू किया था.

    तब से हूती विद्रोहियों ने उत्तरी यमन से ड्रोन और मिसाइलों से सऊदी अरब पर हमले शुरू कर दिए.

  13. बच्चों को आज से दी जा रही है कोरोना वैक्सीन, क्या है माहौल?

    वीडियो कैप्शन, बच्चों को आज से दी जा रही है कोरोना वैक्सीन, क्या है माहौल?

    कोरोना की तीसरी लहर के ख़तरे के बीच देश में पहली बार बच्चों का कोरोना टीकाकरण सोमवार से शुरू हो रहा है.

    इस कड़ी में सबसे पहले 15 से 18 सा्ल तक की उम्र के बच्चों को कोरोना वैक्सीन दी जा रही है.

    दिल्ली के मंदिर मार्ग स्थित अटल स्कूल में टीकाकरण केंद्र का हाल बता रहे हैं बीबीसी संवाददाता सलमान रावी.

  14. आज का कार्टून: हद है...

    कार्टून

    चीन के गलवान में झंडा फहराने के मामले पर आज का कार्टून.

  15. दिल्ली में कोरोना का कहर, ऑमिक्रॉन के 84% मामले

    वीडियो कैप्शन, दिल्ली में कोरोना का कहर, ऑमिक्रॉन के 84% मामले

    दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना केस तेज़ी से बढ़ रहे हैं.

    दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं. इनमें ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामलों की संख्या भी बढ़ी है.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि पिछले दो दिनों में आए कोविड-19 संक्रमण के मामलों में 84 प्रतिशत ओमिक्रॉन वेरिएंट के हैं.

    उन्होंने बताया कि आज दिल्ली में कोरोना संक्रमण के चार हज़ार तक मामले आ सकते हैं और पॉज़िटिविटी दर 6.5 प्रतिशत बढ़ सकती है.

    दो जनवरी को ही दिल्ली में कोरोना संक्रमण के 3100 से ज़्यादा मामले सामने आए हैं.

    स्वास्थ्य मंत्री ने ये भी बताया कि इस समय दिल्ली में 202 कोरोना मरीज़ अस्पताल में भर्ती हैं.

    पूरे भारत में एक दिन में कोरोना संक्रमण के 33750 मामले सामने हैं और 123 लोगों की मौत हो गई है.

  16. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', 03 जनवरी 2022, सुनिए वात्सल्य राय से

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  17. केजरीवाल का उत्तराखंड में एलान- मृत सैनिकों के परिजनों को मिलेंगे एक करोड़ रुपये

    सीएम अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Twitter/@AamAadmiParty

    उत्तराखंड चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि किसी अभियान में जान गंवाने वाले सुरक्षाबलों और सेना के जवानों के परिवारों को एक करोड़ रुपये सहायता राशि दी जाएगी.

    उन्होंने कहा, “अगर उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो अगर कोई पुलिसकर्मी, सैनिक या अर्धसैनिक बलों का जवान किसी अभियान में मारा जाता है तो उनके परिवार को एक करोड़ की सहायता राशि दी जाएगी.”

    अरविंद केजरीवाल सोमवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में पार्टी की नव परिवर्तन यात्रा को संबोधित कर रहे थे.

    उन्होंने कहा कि पार्टी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार सेवानिवृत्त करनल अजय कोठियाल खुद मृतकों के परिजनों से मिलेंगे और उन्हें सहायता राशि देंगे.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    पूर्व सैनिकों को नौकरी का वादा

    अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के सत्ता में आने पर सभी पूर्वसैनिकों को सरकारी नौकरी देने का वादा भी किया.

    इससे पहले केजरीवाल ने उत्तराखंड में सत्ता में आने पर 300 यूनिट तक मुफ़्त बिजली देने का वादा किया था.

    अपनी रैली में उन्होंने सत्ताधारी पार्टी बीजेपी पर भी निशाना साधा और दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हर महीने पांच हज़ार यूनिट और मंत्रियों को चार हज़ार यूनिट बिजली मुफ़्त मिलती है.

    उन्होंने कहा,“अगर मैं उत्तराखंड के लोगों को 300 यूनिट बिजली देता हूं तो इन लोगों को परेशानी होती है.”

    इस साल उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और राजनीतिक पार्टियां अपना पूरा ज़ोर लगा रही हैं.

  18. ट्विटर पर कोरोना को लेकर ग़लत सूचना फैलाने पर अमेरिकी सांसद का अकाउंट हुआ बैन

    मार्जोरी टेलर ग्री

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ट्विटर ने कोरोनो वायरस को लेकर ग़लत सूचना फैलाने और अपने तय नियमों का बार-बार उल्लंघन करने के कारण अमेरिकी कांग्रेस की सदस्य मार्जोरी टेलर ग्रीन के पर्सनल अकाउंट को स्थायी रूप से निलंबित कर दिया है.

    रिपब्लिकन पार्टी की कांग्रेस सदस्या के ख़िलाफ़ ये कार्रवाई ट्विटर ने उन पोस्ट को लेकर की है जो कोरोना वायरस से जुड़ी थी और लोगों को नुकसान पहुंचा सकती थीं.

    कंपनी ने इससे पहले जॉर्जिया से सांसद ग्रीन का अकाउंट चार बार अस्थाई रूप से निलंबित किया था.

    मार्जोरी टेलर ग्रीन ने कहा है कि उनके अकाउंट पर प्रतिबंध ने साबित कर दिया है कि ट्विटर "अमेरिका विरोधी" है.

    टेलीग्राम पर पोस्ट किए गए एक लंबे बयान में ग्रीन ने कहा, "सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सच्चाई को दूर-दूर तक फ़ैलने से नहीं रोक सकते" और ट्विटर पर‘’कम्युनिस्ट क्रांति" के तहत अज्ञात दुश्मनों की मदद करने का आरोप लगाया.

    हालांकि उसका आधिकारिक अकाउंट एक्टिव है.

    बीबीसी को दिए गए एक बयान में,ट्विटर प्रवक्ता ने कहा कि ग्रीन के अकाउंट को ‘कोरोना वायरस मिसइंफ़ॉर्मेशन पॉलिसी’ का "बार-बार" उल्लंघन के कारण प्रतिबंधित किया गया है,ये स्थायी प्रतिबंध है, इससे पहले उनके अकाउंट को चार बार अस्थाई रुप से निलंबित किया गया था.

  19. मुंबई में बढ़ा कोरोना संक्रमण, 31 जनवरी तक इन कक्षाओं के लिए स्कूल बंद

    स्कूल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए पहली से नौवीं कक्षा और 11वीं कक्षा के लिए 31 जनवरी तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं. लेकिन, उनकी ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी.

    बृहन्मुंबई महानगर पालिका ने कहा कि 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद नहीं होंगे. वो स्कूल जाकर कक्षा ले सकते हैं.

    मुंबई में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. रविवार को मुंबई में आठ हज़ार से ज़्यादा कोरोना संक्रमण के मामले आए हैं. यहां ओमिक्रॉन वेरिएंट के 300 से ज़्यादा मामले हैं.

    पूरे महाराष्ट्र की बात करें तो एक दिन में कोरोना के 11 हज़ार से ज़्यादा मामले आए हैं जिनमें ओमिक्रॉन वेरिएंट के 510 मामले हैं.

    महाराष्ट्र में सबसे ज़्यादा कोरोना संक्रमण के मामले मुंबई से सामने आ रहे हैं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  20. 36 फ़ीसदी मुद्रास्फीति दर के साथ भयानक महँगाई की चपेट में तुर्की, क्या हैं कारण?

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन

    तुर्की में वार्षिक महंगाई दर दिसंबर 2002 के बाद से सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है. महंगाई दर में 36 प्रतिशत से ज़्यादा कि बढ़ोतरी हुई है जो दो दशकों में सबसे ज़्यादा है.

    परिवहन लागत में आधे से ज़्यादा की बढ़ोतरी हो गई है वहीं, खाने और घरेलू सामान की कीमतों में 40 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है.

    महंगाई दर में ये बढ़ोतरी राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन की अपरंपरागत आर्थिक नीतियों से पैदा हुए मुद्रा संकट के बाद हुई है.

    तुर्की के सांख्यिकी कार्यालय के मुताबिक दिसंबर में उपभोक्ता कीमतें 36.1 प्रतिशत हो गई हैं जो नवंबर में 21.3 प्रतिशत थीं.

    ये आंकड़ा अक्टूबर 2002 से सबसे ज़्यादा है जब महंगाई 33.45 प्रतिशत पर पहुंच गई थी. ये आंकड़ा सरकारी लक्ष्य से सात गुना ज़्यादा था.

    देश की मुद्रा लीरा के क़ीमत में आई गिरावट मंहगाई के बेलगाम होना का एक बड़ा कारण है. लेकिन अब भी देश का नेतृत्व इस महज़ 'परिवर्तन का दौर' बता रहा है.

    देश के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने इस्तांबुल में विदेशी व्यापार से जुड़े एक कार्यक्रम में कहा है कि तुर्की की अर्थव्यवस्था, परिवर्तन के दौर से गुजर रही है और वो अब अगले दौर की ओर अग्रसर है.

    उन्होंने कहा कि तुर्की "विशेष रूप से पिछले 20 वर्षों में हमारे द्वारा विदेशी व्यापार को बढ़ावा देने के लिए की गई कड़ी मेहनत से फ़ायदा उठाएगा."

    महंगाई

    इमेज स्रोत, EPA

    लेकिन ज़मीनी हक़ीक़त कुछ और ही बयान कर रही है.

    उपभोक्ता कीमतों में ये बढ़ोतरी क्रय शक्ति में लगातार गिरावट ला रही है. इसी वजह से अर्दोआन की गिरती अप्रूवल रेटिंग को और नुक़सान पहुंचा रहा है.

    अर्दोआन की राजनीतिक सफ़लता के पीछे 2001 के वित्तीय संकट के बाद उनकी सरकार के विकास कार्यों को कारण बताया जाता रहा है.

    अर्दोआन प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के तौर पर दो दशकों से तुर्की की राजनीति पर पकड़ बनाए हुए हैं.

    लेकिन, डॉलर के मुक़ाबले तुर्की की मुद्रा लीरा के कमज़ोर पड़ने और देश के बिगड़ते आर्थिक हालत के कारण उनकी लोकप्रियता पर असर पड़ रहा है.

    ताज़ा आर्थिक हालात वर्ष 2023 में अर्दोआन के एक बार फिर सत्ता में आने की योजना को खटाई में डाल सकते हैं.