You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोहली से किसी ने टी20 की कप्तानी छोड़ने के लिए नहीं कहा: चेतन शर्मा

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा ने शुक्रवार शाम टीम इंडिया के कप्तानी विवाद पर चुप्पी तोड़ी है.

लाइव कवरेज

पंकज प्रियदर्शी, कमलेश मठेनी and अनंत प्रकाश

  1. ओमिक्रॉन पर डब्लूएचओ की सौम्या स्वामीनाथन की ये चेतावनी

    विश्व स्वास्थ्य संगठन की प्रमुख वैज्ञानिक डॉक्टर सौम्या स्वामीनाथन ने ओमिक्रॉन वेरिएंट के ख़तरे के प्रति दुनिया को आगाह किया है. उन्होंने अमेरिका में लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों के मद्देनज़र एक ट्वीट में ओमिक्रॉन को लेकर कहा है भले ही ओमिक्रॉन से कम गंभीर बीमारियाँ हो रही हैं, लेकिन इसके ख़तरे और भी हैं. उन्होंने बताया है कि एक बड़ी संख्या का कम प्रतिशत भी बहुत बड़ा होता है और इससे वहाँ की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा सकती है. कुछ दिनों पहले डब्लूएचओ के प्रमुख टेड्रोस एडहनॉम गिब्रयेसॉस ने भी कहा था कि ओमिक्रॉन के कारण कोरोना मामलों की सुनामी आ सकती है, जिसका स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ेगा.

    इस समय अमेरिका में हर दिन क़रीब पाँच लाख कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं, जबकि यूरोप के कई देशों में एक लाख से ज़्यादा संक्रमण के मामले प्रतिदिन आ रहे हैं. इनमें से ज़्यादातर ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित बताए जाते हैं.

    डॉक्टर सौम्या स्वामीनाथन ने इस बात पर भी ज़ोर दिया है कि कोरोना का कोई भी वेरिएंट हो, वैक्सीनेशन सुरक्षा प्रदान करता है. इससे अस्पताल जाने की संभावना कम होती है और मौत का ख़तरा भी कम रहता है. भारत में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रहा है. जानकारों का कहना है कि भले ही ओमिक्रॉन वेरिएंट डेल्टा के मुक़ाबले कम ख़तरनाक हो, लेकिन ये अधिक लोगों को संक्रमित करता है. ये भी माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भारत में संक्रमितों की संख्या काफ़ी बढ़ सकती है.

  2. वीरेंदर सहवाग की बहन अंजू सहवाग आम आदमी पार्टी में शामिल

    पूर्व क्रिकेटर वीरेंदर सहवाग की बहन अंजू सहवाग आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई हैं. दिल्ली में पार्टी कार्यालय में उन्हें सदस्यता दी गई.

    इस मौक़े पर अंजू सहवाग ने कहा कि आम आदमी पार्टी जैसी पार्टी ने राजनीति में प्रोटोकॉल तोड़े हैं. उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया कि उन्हें इस परिवार में जगह मिली. अंजू सहवाग ने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी ज़िम्मेदारी देगी, उसे वो पूरी शिद्दत के साथ निभाएँगी.

    वीरेंदर सहवाग दो भाई और दो बहन हैं. दोनों बहनें मंजू और अंजू उनसे बड़ी हैं. सहवाग का परिवार मूल रूप से हरियाणा का है. लेकिन ये लोग दिल्ली में बस गए हैं.

  3. ओमिक्रॉन: महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई में 15 जनवरी तक धारा 144 लागू की

    महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना वायरस के बढ़ते हुए मामलों को ध्यान में रखते हुए मुंबई में 15 जनवरी तक धारा 144 लागू करने का फ़ैसला किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, मुंबई पुलिस ने शाम पांच बजे से सुबह पांच बजे के बीच कुछ सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के जाने पर पाबंदी लगाई है.

    इन जगहों में समुद्र तट (बीच), खुले मैदान, समुद्र तट के क़रीबी इलाके, प्रॉमिनाड, गार्डन और पार्क जैसे सार्वजनिक स्थान शामिल हैं.

  4. पाकिस्तान में सैन्य और ख़ुफ़िया प्रमुखों की ज़िंदगी पर क्यों छिड़ी है बहस

    जुलाई 2009 में ब्रिटेन में उस समय हंगामा मच गया जब लेडी शेले सेवर्स ने अपने पति और बच्चों के साथ बीच पर मस्ती करने की तस्वीरें फ़ेसबुक पर साझा कीं और उन तस्वीरों पर उनके दोस्तों और रिश्तेदारों ने कॉमेंट करने शुरू कर दिए. एक रिश्तेदार ने उनके पति की तस्वीर पर कॉमेंट किया, 'आपको बधाई हो अंकल सी.'

    इस फ़ेसबुक पोस्ट के कुछ ही देर बाद ब्रिटिश ख़ुफ़िया एजेंसी ने न केवल सोशल मीडिया साइट से ये तस्वीरें हटवा दीं, बल्कि उस प्रोफ़ाइल को ही डिलीट करा दिया जिससे ये तस्वीरें पोस्ट की गई थीं.

    ये तस्वीरें असल में सर जॉन सेवर्स और उनके परिवार की थीं.

    इन तस्वीरों के पोस्ट किए जाने से कुछ ही दिन पहले, सर जॉन सीवर्स को MI6 का प्रमुख नामित किया गया था और कुछ महीने बाद उन्हें ये पद संभालना था.

    ब्रिटेन की ख़ुफ़िया इंटेलिजेंस सर्विस MI6 के प्रमुख को आमतौर पर उनके असल नाम के बजाय उनके कोड नाम "सी" से पुकारा और लिखा जाता है.

  5. पुष्पराज जैन: कौन हैं समाजवादी पार्टी के नेता जिनके यहां इनकम टैक्स का छापा पड़ा

    वर्ष 2021 के आख़िरी दिन की शुरुआत उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी एमएलसी और इत्र कारोबारी पुष्पराज जैन पर इनकम टैक्स के छापे की खबरों से हुईं. सुबह-सुबह आयकर विभाग की टीमें कन्नौज की छिपट्टी में उनके निवास पर पहुँची.

    ये दिलचस्प है कि पुष्पराज जैन उर्फ़ पम्पी जैन का घर उन्हीं के जैसे इत्र व्यवसायी पीयूष जैन के घर से महज़ थोड़ी दूर है जो पिछले कुछ दिनों से छापेमारी को लेकर चर्चा में हैं.

    पुष्पराज जैन के यहाँ छापे की जानकारी सबसे पहले खुद समाजवादी पार्टी के ट्वीट से मिली जिसमें लिखा गया, "पिछली बार की अपार विफलता के बाद इस बार BJP के परम सहयोगी I.T. ने सपा MLC श्री पुष्प राज जैन और कन्नौज के अन्य इत्र व्यापारियों के यहां पर आखिर छापे मार ही दिए हैं. डरी BJP द्वारा केंद्रीय एजेंसियों का खुलेआम दुरुपयोग, यूपी चुनावों में आम है. जनता सब देख रही है, वोट से देगी जवाब."

    पुष्पराज जैन के जिन ठिकानों पर छापे मारे गए हैं उनमें कन्नौज के अलावा हाथरस की फैक्ट्री, दो कोल्ड स्टोरेज और एक पेट्रोल पंप पर भी आयकर विभाग की छापेमारी हो रही है. इनके अलावा कन्नौज के एक और इत्र कारोबारी और एक्सपोर्टर फ़ौज़ान मलिक के यहाँ भी आयकर विभाग छापेमारी कर रहा है.

  6. अयोध्या में बोले अमित शाह- समाजवादी इत्र की दुर्गंध पूरे उत्तर प्रदेश में फैल गई है

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को अयोध्या में बीजेपी की जन विश्वास यात्रा के दौरान समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है.

    उन्होंने कहा, “समाजवादी इत्र की दुर्गंध आज पूरे प्रदेश में फैल गई है. आज जब इत्र वाले मित्र के काले धन पर रेड पर रही है तो इनके पेट में उबाल हो रहा है.”

    हाल ही में कानपुर में एक व्यवसायी के घर पर जीएसटी की छापामारी में करोड़ों रुपए की नकदी बरामद हुई है. बीजेपी पीयूष जैन को समाजवादी पार्टी का क़रीबी बताकर अखिलेश यादव पर निशाना साध रही है.

    वहीं, अखिलेश यादव ने पीयूष जैन को भाजपाई बताया है.

    इसी बीच आयकर विभाग की ओर से समाजवादी पार्टी के नेता पुष्पराज जैन के घर पर भी छापा मारा गया है.

    अमित शाह ने अयोध्या में राम जन्मभूमि आंदोलन के मुद्दे पर भी सपा को निशाना बनाया है.

    उन्होंने कहा, “इस भूमि ने वर्षों तक प्रभु श्रीरामलला के जन्मस्थान के लिए संघर्ष किया है, यहाँ अनेक बार विनाश भी हुआ, निर्माण भी हुआ. मगर हर बार विनाश पर निर्माण ने विजय प्राप्त की.

    कार सेवकों पर किसने गोलियां चलवाईं? राम नवमी के उत्सव को किसने बंद किया था? दीपोत्सव को किसने बंद किया था? राम भक्तों पर डंडा किसने चलाया था? ये हमको याद रखना चाहिए.

    जब देश के जनता ने पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनाई, नरेंद्र मोदी जी देश के प्रधानमंत्री बनें और आज मैं देख कर आया हूँ कि रामलला का मंदिर उसी स्थान पर आज बन रहा.”

    इसके साथ ही अमित शाह ने कहा, “समाजवादी पार्टी के लोग जिन्होंने कारसेवकों पर डंडे बरसाएं, गोलियां चलवाई, ये लोग ताना मारते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे, तिथि नहीं बताएंगे.अरे अखिलेश बाबू दम हो तो मंदिर निर्माण रोक लो.”

  7. अखिलेश ने कहा, पहले ढूँढने गए थे पुष्पराज को, लेकिन ढूँढ़ निकाला पीयूष को

    समाजवादी पार्टी के विधायक पुष्पराज जैन पर आयकर विभाग के छापे के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर बीजेपी पर हमला बोला है.

    कुछ दिनों पहले कानपुर के इत्र कारोबारी पीयूष जैन के घर पर भी आयकर का छापा पड़ा था और उनके पास करोड़ों की नगदी मिली थी.

    इसके बाद बीजेपी लगातार पीयूष जैन के समाजवादी पार्टी से संबंध होने की बात कह रही है और भ्रष्टाचार को लेकर सपा पर निशाना साध रही है.

    अब सपा प्रमुख ने प्रेस कांफ्रेंस कर बीजेपी पर सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग करने और समाजवादी पार्टी को बदनाम करने का आरोप लगाया है.

    अखिलेश यादवा ने कहा, “वो समाजवादी पार्टी को तो बदनाम करना ही चाहते हैं लेकिन कन्नौज जिसके इत्र की पहचान पूरी दुनिया में है, उसे भी बदनाम करने में लगे हैं. नफ़रत की दुर्गंध फ़ैलाने वाले सौहार्द की सुगंध कैसे पसंद करेंगे.”

    “पहले जहाँ छापा मारा है उसका समाजवादी पार्टी से कोई संबंध नहीं है. उससे बीजेपी के लोगों का संबंध है.वो ढूंढने गए थे पुष्पराज जैन को और ढूंढ निकाला बीजेपी के सहयोगी पीयूष जैन को. इनके चलते कई और लपेटे में आ गए हैं क्योंकि इन्हें दिखाना है कि हम निष्पक्ष हैं.”

    उन्होंने कहा कि बीजेपी बताए कि इतने बड़े पैमाने पर पैसा कैसे निकला. बीजेपी ने तो कहा था कि नोटबंदी के बाद काला धन जमा नहीं होगा.

    अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी आने वाली हार से डरी हुई है. उनकी रैली में जनता भी बेमन से आ रही है.

    उन्होंने कहा, “समाजवादी विजय रथ में जो जनता का समर्थन मिल रहा है उससे बीजेपी घबरा गई है. जब से डर बढ़ा है दिल्ली से ना जाने कितने नेता यहाँ आ गए हैं. आने वाले दिनों में भी केवल नेता नहीं दिखाई देंगे उनके सहयोगी संगठन इनकम टैक्स, सीबीआई और ईडी भी नज़र आएँगे.”

    “जिस समय बंगाल में चुनाव हुआ था तो दिल्ली की सभी संस्थाएं बंगाल में पहुंच गई थी. लेकिन बंगाल की जनता ने वहां से बीजेपी का सफाया कर दिया.”

    सपा प्रमुख ने कहा,“भारतीय जनता पार्टी की रैली में रोडवेज़, कॉलेज और स्कूल की बसें इकट्ठा की जाती हैं. शहर के बढ़े लोगों को धमकाया जाता है. जनता इनकी रैलियों में बेमन से जा रही है. डबल इंजन की सरकार झूठ फैला रही है. झूठ के फूल लखनऊ से दिल्ली तक जाते हैं और फिर यहाँ आ जाते हैं.”

    “हिटलर के जमाने में प्रोपोगैंडा का मंत्री हुआ कराता था लेकिन यहां तो भारतीय जनता पार्टी पूरी ही प्रोपोगैंडा सरकार है.”

  8. सौरभ गांगुली अस्पताल से डिस्चार्ज, कोरोना के कारण हुए थे भर्ती

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई के प्रमुख और पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. कोरोना संक्रमित होने के कारण उन्हें कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    अस्पताल ने पहले ही कह दिया था कि गांगुली की स्थिति स्थिर है और उनका ऑक्सीजन लेवल भी 99% है. गांगुली को 27 दिसंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वे कोविड पॉज़िटिव थे. सौरभ गांगुली को मोनोक्लोनल एंटी-बॉडी कॉकटेल थेरेपी दी गई थी. मोनोक्लोनल एंटी बॉडी थेरेपी कोरोना के उन मरीज़ों को दी जाती है, जो हाई रिस्क कैटेगरी में होते हैं.

    इस साल जनवरी में गांगुली को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बाद में डॉक्टरों ने इसकी पुष्टि की थी कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था. उस समय उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी. कुछ सप्ताह बाद गांगुली को फिर परेशानी हुई और दोबारा एंजियोप्लास्टी हुई. एक दिन पहले ही भारतीय क्रिकेट टीम ने सेंचुरियन में दक्षिण अफ़्रीका को पहले टेस्ट में हराया था. गांगुली ने ट्वीट करके भारतीय टीम को इसके लिए बधाई दी

  9. रिलायंस ब्रिटेन की इस कंपनी को 10 करोड़ पाउंड में ख़रीदेगी

    भारतीय कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड ने शुक्रवार को कहा कि उसकी सोलर यूनिट रिलायंस न्यू एनर्जी सोलर लिमिटेड ब्रितानी कंपनी फैराडियन लिमिटेड को 10 करोड़ पाउंड में खरीदने वाली है.

    फैराडियन लिमिटेड सोडियम आयन बैट्री टेक्नोलॉजी प्रदान करने वाली कंपनी है.

    रिलायंस न्यू एनर्जी सोलर लिमिटेड, रिलायंस कंपनी के पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कपंनी है.

    रिलायंस इंडस्ट्रीज़ ने इस संबंध में प्रेस रिलीज़ जारी कर जानकारी दी है.इसमें कहा गया है कि ऑक्सफोर्ड और शैफ़ील्ड शहर में स्थित फेरेडियन लिमिटेड एक अग्रणी ग्लोबल बैट्री टेक्नोलॉजी कंपनी है. इसका प्रतिस्पर्धात्मक रूप से बेहतर, रणनीतिक, व्यापक और व्यापक आईपी पोर्टफोलियो है.

    प्रेस रिलीज़ में कहा गया है कि फैराडियन की सोडियम-आयन तकनीक वैकल्पिक बैट्री प्रौद्योगिकियों, विशेष रूप से लिथियम-आयन और लेड एसिड की तुलना में महत्वपूर्ण फायदा देता है.

    रिलायंस कंपनी फैराडियन की अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल धीरूभाई अंबानी ग्रीन एनर्जी गीगा कॉम्प्लेक्स परियोजना के हिस्से के तौर पर अपने प्रस्तावित पूरी तरह से एकीकृत ऊर्जा भंडारण गीगा-कारखाने में करेगी.

  10. कालीचरण नहीं ये गालीचरण है: भूपेश बघेल

    छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि कालीचरण नहीं, ये गालीचरण हैं. कुछ दिनों पहले रायपुर में आयोजित धर्म संसद में कालीचरण महाराज ने महात्मा गांधी को अपशब्द कहे थे. छत्तीसगढ़ पुलिस ने गुरुवार को मध्य प्रदेश से कालीचरण महाराज को गिरफ़्तार किया था. इसे लेकर मध्य प्रदेश सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार में ठन गई थी.

    मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र का कहना था कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया, लेकिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने इससे इनकार किया. उन्होंने कालीचरण महाराज की गिरफ़्तारी को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा और पूछा कि मध्य प्रदेश के गृह मंत्री समेत बीजेपी के नेता ये बताएँ कि वे कालीचरण की गिरफ़्तारी से ख़ुश हैं या दुखी.

    शुक्रवार को भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कालीचरण पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पुलिस बधाई की पात्र है कि ऐसे व्यक्ति को पकड़कर कोर्ट में खड़ा कर दिया.

    उन्होंने कहा- नफ़रत फैलाने वालों से सावधान रहने की जरूरत है, ऐसे लोग समाज के लिए कोढ़ हैं. हम नेहरू और गांधी के समाज को खंडित नहीं होने देंगे. हमारी सरकार गांधी के रास्ते पर चल रही है और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने वाले, गोडसे और सावरकर की राह पर चल रहे हैं. देश विभाजन के लिए गांधी नहीं जिन्ना और सावरकर जिम्मेदार हैं.

  11. बांग्लादेश का महिलाओं पर एक फ़ैसला कैसे बन गया गले की फाँस

    बांग्लादेश में अधिकारियों ने सिर्फ़ महिलाओं के लिए बीच खोलने का फ़ैसला वापस ले लिया है. सोशल मीडिया पर लोग आरोप लगा रहे थे कि बांग्लादेश की सरकार कट्टपंथियों के दबाव में ऐसा कर रही है. गुरुवार को ही अधिकारियों ने कॉक्स बाज़ार में सिर्फ़ महिलाओं और बच्चों के लिए 150 मीटर का बीच खोला था. लेकिन कुछ घंटों बाद ही उन्होंने ये फ़ैसला वापस ले लिया.

    अधिकारियों का कहना है कि कुछ महिलाओं के अनुरोध पर बीच को महिलाओं के लिए अलग करने का फ़ैसला किया गया था. एक वरिष्ठ अधिकारी अबू सूफ़ियान ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया, "महिलाओं ने अनुरोध किया था कि उनके लिए एक अलग बीच होना चाहिए, क्योंकि भीड़ भाड़ इलाक़े में वे असुरक्षित महसूस करती हैं और शर्मिंदगी भी होती है."

    महिलाओं के बीच को अलग करने का फ़ैसला पिछले सप्ताह कॉक्स बाज़ार में एक महिला के साथ हुए गैंगरेप के बाद आया था. इसके बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे. लेकिन सरकार के इस फ़ैसले के कारण सोशल मीडिया पर उनकी काफ़ी आलोचना हुई. लोगों का आरोप था कि सरकार कट्टरपंथियों के दबाव में आ गई है. हाल ही में कट्टरपंथियों ने बांग्लादेश में एक भारी रैली की थी. उन्होंने मांग की थी कि कार्यस्थल और फ़ैक्टरियों में महिलाओं और पुरुष को अलग-अलग रखना चाहिए. सोशल मीडिया पर बांग्लादेश के इस फ़ैसले को तालिबानीकरण कहा जा रहा था. कॉक्स बाज़ार दुनिया का सबसे लंबा प्राकृतिक समुद्री बीच है. ये पर्यटकों में काफ़ी लोकप्रिय है.

  12. दिल्ली में रेजिडेंट डॉक्टर्स ने वापस ली हड़ताल, काउंसलिंग में देरी से थे नाराज़

    दिल्ली में 14 दिनों से चल रही रेजिडेंट डॉक्टर्स की हड़ताल को ख़त्म कर दिया गया है. कोरोना के बढ़ते ख़तरे और प्रशासन से आश्वासन के बाद हड़ताल वापस लेने का फ़ैसला लिया गया है.

    इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व फ़ेडरेशन ऑफ़ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया कर रहा था.

    एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉक्टर सुनील दुचानिया ने बीबीसी को बताया कि नीट-पीजी की काउंसलिंग में देरी के कारण दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे रेजिडेंट डॉक्टर्स ने हड़ताल को वापस लेना का फ़ैसला किया है.

    इस संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि 30 दिसंबर को एसोसिएशन की दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के साथ कई बैठकें हुईं. दिल्ली पुलिस ने बताया कि वो डॉक्टर्स का बहुत सम्मान करते हैं और उनकी मुश्किलों से वाकिफ़ हैं.

    वहीं, स्वास्थ्य मंत्री ने इस बात पर सहमति जताई कि मंत्रालय 6 जनवरी से पहले समिति की रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में सौंप देगा और कोर्ट की सुनवाई के बाद नीट-पीजी 2021 का काउंसलिंग शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा.

    नीट पीजी काउंसलिंग में देरी होने से पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में रेजिडेंट डॉक्टर्स हड़ताल पर थे.

    दिल्ली के सफ़दरजंग अस्पताल के बाहर प्रदर्शन कर रहे रेजिडेंट डॉक्टरों और दिल्ली पुलिस के बीच टकराव हो भी गया था.

  13. भारत से हारने के बाद दक्षिण अफ़्रीका के इस क्रिकेटर ने अचानक लिया टेस्ट से संन्यास

    सेंचुरियन में हुए पहले टेस्ट में भारत से मिली हार के बाद दक्षिण अफ़्रीका के चर्चित खिलाड़ी ने अचानक संन्यास की घोषणा कर दी. टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज़ 29 वर्षीय क्विंटन डी कॉक ने तत्काल प्रभाव से टेस्ट क्रिकेट छोड़ने की घोषणा की है. दक्षिण अफ़्रीकी क्रिकेट बोर्ड ने यह जानकारी दी है. सेंचुरियन टेस्ट में भारत ने मेज़बान दक्षिण अफ़्रीका को 113 रनों से मात दी. इस टेस्ट में क्विंटन डी कॉक ने पहली पारी में 34 और दूसरी पारी में 21 रन बनाए थे.

    दक्षिण अफ़्रीका की ओर से क्विंटन डी कॉक ने 54 टेस्ट मैच खेले और 3300 रन बनाए. उन्होंने छह शतक लगाए और टेस्ट में उनका औसत रहा 38.82. क्विंटन डी कॉक ने कहा- मेरे लिए ये आसान फ़ैसला नहीं था. मैं लंबे समय तक इसके बारे में सोचा. मैं अपने परिवार को समय देना चाहता हूँ. मुझे टेस्ट क्रिकेट पसंद है और टेस्ट में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात होती है.

    डी कॉक ने स्पष्ट किया कि वे वनडे और टी-20 में खेलना जारी रखेंगे.

  14. टेस्ला गड़बड़ी के चलते चार लाख से ज़्यादा कारों को लेगी वापस

    इलैक्ट्रीकल व्हीकल कंपनी टेस्ला अमेरिका में अपनी चार लाख 75 हज़ार कारों को बाज़ार से वापस लेने वाली है. ये अमेरिकी सुरक्षा नियामक के पास दर्ज किए गए दस्तावेज़ों में दी गई है.

    कंपनी ने कहा है कि वो 2017-2020 मॉडल 3 टेस्ला की 356,309 कारों को वापस ले रही है क्योंकि उनके रियर-व्यू कैमरे में गड़बड़ी हो सकती है.

    इसके अलावा फ्रंट ट्रंक यानी कार के आगे के हिस्से में ख़राबी की आशंका के चलते मॉडल एस की 119,009 गाड़ियों को भी वापस लिया जाएगा.

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ टेस्ला जितनी कारें वापस लेने वाली है वो आंकड़े पिछले साल बेची गई पांच लाख कारों के बराबर हैं.

    इस महीने दी गई सुरक्षा रिपोर्ट का अनुमान है कि वापस लिए गए मॉडल 3 में से लगभग एक प्रतिशत में रियर-व्यू कैमरे में गड़बड़ी हो सकती है.

    अमेरिका में 21 दिसंबर को नेशनल हाइवे ट्रैफ़िक सेफ़्टी एडमिनिस्ट्रेशन को सौंपी गई एक रिपोर्ट के मुताबिक “बार-बार ट्रंक लिड खोलना” रियर-व्यू कैमरे को फ़ीड देने वाली तार को ख़राब कर सकता है. इससे कैमरे पर फ़ीड ना मिलने से टकराने का ख़तरा बढ़ सकता है.

    मॉडल एस में वो गाड़ियां शामिल हैं जो 2014-2021 के बीच बनी हुई हैं.

  15. चीन ने अरुणाचल की 15 जगहों का बदला नाम, भारत बोला, 'झूठे दावे से सच नहीं बदलता'

  16. कोरोना: एक दिन में संक्रमण के 16,764 मामले, ओमिक्रॉन के केस बढ़े

    पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना संक्रमण के 16,764 मामले सामने आये हैं और 220 लोगों की मौत हो गई है.

    एक दिन में देश में कोरोना संक्रमण से 7,585 लोग ठीक भी हुए हैं.

    भारत में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामलों में भी बढ़ोतरी हो रही है. एक दिन में ओमिक्रॉन वेरिएंट के 1270 मामले सामने आए हैं.

    इसके साथ ही देश में कोरोना संक्रमण के कुल मामले तीन करोड़ 48 लाख से ज़्यादा हो गए हैं और 91361 सक्रिय मामले बने हुए हैं.

    अब तक कोरोना संक्रमण से कुल 481080 लोगों की मौत हो चुकी है.

    वहीं, वैक्सीनेशन की बात करें तो एक दिन में 66 लाख से ज़्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई गई और अब तक कुल एक अरब 44 करोड़ से अधिक वैक्सीन लग चुकी हैं.

  17. ब्रेकिंग न्यूज़, सपा विधायक और इत्र कारोबारी पुष्पराज जैन के घर आयकर का छापा

    उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के विधायक पुष्पराज जैन उर्फ़ पम्पी के ठिकानों पर शुक्रवार को आयकर विभाग ने छापेमारी की है. उनके घर और दफ़्तर पर छापे मारे जा रहे हैं.

    पुष्पराज जैन कन्नौज के बड़े व्यापारी हैं और उनका इत्र का कारोबार है. उन्होंने समाजवादी इत्र भी लॉन्च किया था.

    पुष्पराज जैन के यूपी के अलावा अन्य राज्यों के भी कुछ ठिकानों पर छापेमारी की गई है.

    इससे पहले आयकर विभाग कानपुर के इत्र व्यापारी पीयूष जैन के घर पर छापा मार चुका है जहां करोड़ों की नगदी बरामद हुई थी.

    समाजवादी पार्टी ने छापे की इस कार्रवाई पर नाराज़गी जताते हुए सत्ताधारी बीजेपी पर निशाना साधा है.

  18. कोरोना पॉज़िटिव होने पर एक महिला ने विमान के शौचालय में बिताए पांच घंटे

    अमेरिका की एक स्कूल शिक्षिका ने बताया कि फ़्लाइट के बीच में ही कोरोना पॉज़िटिव होने का पता चलने पर उन्होंने पांच घंटे हवाई जहाज के शौचालय में सेल्फ-आइसोलेशन में बिताए. उन्होंने अपनी मर्ज़ीं से ऐसा करने का फ़ैसला किया.

    मारिसा फोशियो ने बताया कि 20 दिंसबर को उन्हें शिकागो से आइसलैंड की फ़्लाइट के दौरान गले में दर्द महसूस हुआ. उनके पास रेपिड टेस्ट किट थी तो उन्होंने उसी समय अपना कोरोना टेस्ट कर लिया जो पॉज़िटिव आया.

    इसके बाद उन्होंने खुद को आइसोलेशन में रखने का फ़ैसला किया और बचा हुआ सफ़र शौचालय में रहकर पूरा किया. इस दौरान उन्हें फ़्लाइट अटेंडेंट ने खाना और ड्रिंक्स दिए.

    मारिसा ने कहा, “वो पागल करने वाला अनुभव था. फ़्लाइट में 150 लोग थे और मेरा सबसे बड़ा डर था कि कहीं उन्हें भी संक्रमण ना हो जाए.”

    मारिसा ने आइसलैंडियर के विमान के शौचालय से टिकटॉक पर एक वीडियो भी पोस्ट किया. इस दौरान उन्होंने मदद करने के लिए एक फ्लाइट अटेंडेंट की सराहना भी की.

    उन्होंने एनबीसी से कहा, “उन्होंने इस बात का पूरा ध्यान रखा कि अगले पांच घंटों में मुझे जिसकी चीज़ की ज़रूरत हो वो ज़रूर मिल जाए. वो बार-बार मेरा हालचाल पूछ रहे थे.”

    मारिसा ने बताया कि आइसलैंड में उतरकर वो रेड क्रॉस होटल में आइसोलेट हुईं.

  19. सीएम शिवराज का पुतला जलाने को लेकर बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, हुई पत्थरबाज़ी

    मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला जलाने को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई.

    दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाज़ी हुई और पुलिस के मुताबिक़ कुछ लोगों को चोटें भी आई हैं.

    कांग्रेस कार्यकर्ता महंगाई, किसानों की समस्या और पंचायत चुनाव में देरी जैसे मसलों को लेकर गुरुवार को छिंदवाड़ा में सीएम शिवराज सिंह चौहाना का पुतला जलाने वाले थे. इस बीच वहां बीजेपी कार्यकर्ता भी पहुंच गए और दोनों पक्षों में टकराव हो गया.

    पुलिस ने दोनों पक्षों को काबू करने की कोशिश की और अब इलाक़े में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

    छिंदवाड़ा सहायक पुलिस अधीक्षक संजीव उइके ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया, “कांग्रेस की तरफ़ से पुतला दहन का कार्यक्रम होना था. हमने उन्हें रोके का प्रयास किया लेकिन वो नहीं रुके. दोनों पक्षों से पथराव हुआ है.”

    “हमारे पास वीडियो रिकॉर्डिंग है. उसमें देखेंगे, चिन्हित करेंगे जिनकी तरफ़ से पथराव हुआ है, उनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई करेंगे, उनकी गिरफ़्तारी होगी. इस हिंसा में कुछ लोगों को छुटपुट चोटें आई हैं जिनमें एक-दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं.”

  20. कोरोना की चौथी लहर शायद गुज़र गई: दक्षिण अफ़्रीका

    कोरोना महामारी के चलते दक्षिण अफ़्रीका में लगे नाइट कर्फ़्यू को हटा दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि देश में कोरोना महामारी की चौथी लहर का पीक शायद निकल चुका है.

    सरकार ने एक बयान में कहा है कि ओमिक्रॉन वेरिएंट के बहुत ज़्यादा संक्रामक होने के बावजूद कोरोना की पिछली लहरों के मुक़ाबले लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की दर कम रही है. वहीं, मौतों में भी मामूली वृद्धि देखी गई है.

    कोविड-19 का ओमिक्रॉन वेरिएंट सबसे पहले दक्षिण अफ़्रीका में पाया गया था. ये वेरिएंट दूसरे वेरिएंट्स के मुक़ाबले ज़्यादा संक्रामक बताया जा रहा है जिसके कारण पूरी दुनिया में कोरोना से बचाव संबंधी नियमों में सख़्ती की जा रही है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने डेल्टा और ओमिक्रॉन वेरिएंट के संक्रमण की “सुनामी” आने की चेतावनी दी है.

    लेकिन, दक्षिण अफ़्रीका में गुरुवार को सरकार ने कुछ नियमों में ढील दिए जाने की घोषणा की है.

    एक विशेष कैबिनेट बैठक के बाद कहा गया है कि देश के लगभग सभी प्रांतों में कोरोना के मामलों और अस्पताल में भर्ती होने वाले लोगों की संख्या में कमी आई है.

    एक हफ़्ते में 25 दिसंबर 2021 तक देश में कोरोना संक्रमण के 89,781 नए मामले थे जबिक उससे पिछले हफ़्ते में ये मामले 127,753 थे.