जापान में फ़्रेंच फ़ाइज की कमी से क्यों जूझ रहा है मैकडॉनल्ड्स
दुनिया की सबसे बड़ी फ़ास्ट फ़ूड कंपनी मैकडॉनल्ड जापान में फ़्रेंच फ़्राइज की कमी से जूझ रही है. कंपनी का कहना है कि ऐसे सप्लाई चेन की समस्या के कारण हो रहा है. कंपनी के मुताबिक़ उसकी फ़्रेंच फ़्राइज के लिए जो ख़ास तरह का आलू इस्तेमाल होता है, उसके जापान पहुँचने में देरी हो रही है. इसके कारण कंपनी 30 दिसंबर तक अपने फ़्रेंच फ़्राइज को कम ही बेचेगी.
कंपनी का कहना है- मैकडॉनल्ड्स जापान अपने मीडियम और लार्ज फ़्रेंच फ़्राइज की बिक्री को सीमित कर रही है, ताकि जापान के उसके उपभोक्ता फ़्रेंच फ़्राइज का आनंद लेते रहें. कंपनी ने बीबीसी को बताया कि जापान के उसके उपभोक्ता छोटे पैक वाला फ़्रेंच फ़्राइज ऑर्डर कर सकते हैं. मैकडॉनल्ड्स का कहना है कि कंपनी आम तौर पर वो कनाडा में वैंकुवर के निकट बंदरगाह से आलू का आयात करती है. लेकिन बाढ़ के कारण हुए नुक़सान और कोरोना के कारण प्रभावित हुए सप्लाई चेन के कारण इसमें देरी हो रही है. कंपनी का कहना है कि वो आलू की सप्लाई बाधित न हो, इसके लिए विमान सेवा का इस्तेमाल करने जैसे विकल्प को भी अपनाएगी.