You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पंजाब में बेअदबी के मामलों की जांच के लिए एसआईटी गठित करने का आदेश

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने राज्य में बेअदबी के कथित मामलों की जांच के लिए एसआईटी गठित की है. पंजाब में दो दिन के दौरान कथित बेअदबी के दो मामले सामने आने से तनाव बढ़ गया है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and अनंत प्रकाश

  1. यूपी चुनाव: बीजेपी शुरू कर रही है 'जन विश्वास यात्रा', सीएम से लेकर केंद्रीय मंत्री तक होंगे शामिल

    उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी रविवार से राज्य में छह जगहों से 'जन विश्वास यात्रा' निकालने वाली है.

    यात्रा का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य केंद्रीय मंत्रियों सहित पार्टी के शीर्ष नेता करेंगे. ये यात्रा बिजनौर, मथुरा, झांसी, गाजीपुर, अंबेडकर नगर और बलिया से निकाली जाएगी.

    बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा अंबेडकर नगर से जन विश्वास यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. वहीं दूसरी यात्रा का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा से करेंगे.

    तीसरी यात्रा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जो झांसी से शुरू होकर कानपुर में ख़त्म होगी.

    चौथी यात्रा बिजनौर के बिदुरकोटी से शुरू होगी जिसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी करेंगे.

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पांचवीं यात्रा बलिया से शुरू करेंगे जिसका समापन बस्ती में होगा.

    छठी यात्रा का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री और अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी करेंगी. यात्रा गाजीपुर से शुरू होगी और उनके निर्वाचन क्षेत्र अमेठी में समाप्त होगी.

    उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियां ज़ोरो-शोरों से चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं.

  2. OIC की अफ़ग़ानिस्तान को लेकर बैठक शुरू, पाकिस्तान ने रणनीति की पेश

    अफ़ग़ानिस्तान के मानवीय संकट और गिरती अर्थव्यवस्था को लेकर इस्लामाबाद में हो रहे मुस्लिम देशों के सम्मेलन में पाकिस्तान ने छह सूत्रीय रणनीति पेश की है.

    ऑर्गनाइज़ेशन ऑफ़ इस्लामिक कोऑपरेशन(OIC) के 57 देशों समेत पश्चिमी देशों और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के प्रतिनिधि भी इस सम्मेलन मे शामिल हो रहे हैं.

    OIC के विदेश मंत्रियों के काउंसिल के 17वें विशेष सम्मेलन के उद्घाटन पर पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने बोलते हुए अफ़ग़ानिस्तान के आर्थिक समर्थन को लेकर प्रस्ताव दिया है.

    उन्होंने उद्घाटन के दौरान बोलते हुए कहा कि अफ़ग़ानिस्तान सरकार को मानवीय और आर्थिक सहायता देने के लिए OIC देशों का एक तंत्र बनाने की आवश्यकता है.

    पाकिस्तान की संसद में जारी इस सम्मेलन में मुस्लिम देशों के 20 विदेश मंत्री, 10 उप विदेश मंत्रियों के साथ-साथ 70 प्रतिनिधिमंडल भाग ले रहे हैं.

    इस बैठक का उद्देश्य अफ़ग़ानिस्तान की मानवीय स्थिति पर चर्चा करना है.

    अफ़ग़ानिस्तान को लेकर बढ़ रही दुनियाभर की चिंताओं के नज़रिए से इस बैठक को बेहद अहम समझा जा रहा है.

  3. पाकिस्तान में दिवालिया होने पर बहस क्यों? कोई देश कब होता है दिवालिया

  4. केरलः अलप्पुझा में 12 घंटे के भीतर दो राजनेताओं की हत्या

    केरल के अलप्पुझा में 12 घंटे के भीतर दो राजनेताओं की हत्‍या से महौल में सरगर्मी बढ़ गई है. इनमें से एक सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) के नेता जबकि दूसरे बीजेपी के नेता थे. इसके बाद रविवार कोअलाप्पुझा जिले में सीआरपीसी की धारा144लागू कर दिया गया है.

    मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने दोनों हत्याओं की निंदा की है और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

    उन्होंने कहा, "हिंसा के ऐसे जघन्य और अमानवीय कृत्य राज्य के लिए ख़तरनाक़ हैं. मुझे यकीन है कि सभी लोग ऐसे हत्यारे समूहों की पहचान करने और उन्हें अलग-थलग करने के लिए तैयार होंगे."

    केरल में एसडीपीआई के प्रदेश सचिव के.एस शान पर शनिवार की रात घर लौटते समय हमला हुआ. उनकी बाइक को पहले कार पर सवार लोगों ने टक्कर मारी और फिर उन पर चाकू से हमला कर दिया. हादसे में बुरी तरह से ज़ख़्मी शान ने आधी रात को कोच्चि के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया.

    पुलिस के मुताबिक़ इसके कुछ घंटों बाद रविवार सुबह कुछ हमलावरों ने भाजपा के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के प्रदेश सचिव रंजीत श्रीनिवास के घर में घुसकर उनकी हत्या कर दी.

    एसडीपीआई का आरोप है कि शान की हत्या के पीछे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक कार्यकर्ता का हाथ है.

    वहीं बीजेपी का कहना है कि श्रीनिवास पर एसडीपीआई से जुड़ी इकाई पीएफ़आई ने बदले के इरादे से हमला किया और उन्हें मौत के घाट उतार दिया.

    सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई), पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) की राजनीतिक इकाई है.

    बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने कहा कि यह पिछले 60 दिनों में बीजेपी कार्यकर्ता की तीसरीहत्या है, पीएफआई के गुंडे राज्य को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं.

  5. 40,000 सालों से देश के सभी लोगों का डीएनए एक- मोहन भागवत

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि 40,000 सालों से देश के सभी लोगों का डीएनए एक है, हमारे पूर्वज एक हैं और हमारी निष्ठा उनके प्रति है.

    शनिवार को हुए इस कार्यक्रम में मोहन भागवत ने कहा, "40 हज़ार सालों से देश के सभी लोगों का डीएनए एक है. मैं हवा में बात नहीं कर रहा हूं, हमारे पूर्वज एक हैं और उन पूर्वजों के कारण अपना देश फला-फूला और संस्कृति आज तक चली आ रही है.''

    ''यूनान, मिस्त्र, रोम सब मिट गए जहां से कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी क्योंकि यहां त्याग और बलिदान हुए हैं और ऐसा करने वाले हमारे पूर्वज हमारे लिए गौरव के विषय हैं. हमारी निष्ठा उनके प्रति है हम उनके जीवन का अनुकरण करते हैं.’’

    इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर आरएसएस के प्रभाव को लेकर कहा कि केंद्र में बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार पर संघ का कोई नियंत्रण नहीं है.

    उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा, "उनके पास (बीजेपी) अलग कार्यकारी,अलग नीतियां, अलग काम करने के तरीके हैं. हां, विचार और संस्कृति संघ के हैं. जो मुख्य लोग वहां (सरकार में) काम कर रहे हैं, वे संघ के हैं और रहेंगे. इस तरह के कोई संबंध नहीं हैं जैसा कि मीडिया कहता है, संघ 'डायरेक्ट रिमोट कंट्रोल' है, ऐसा कोई नियंत्रण नहीं है."

    भागवत ने कहा कि संघ लगातार समाज के लिए काम करता रहा है और वह इसका प्रचार या किसी से वित्तीय सहायता भी नहीं लेता, ना ही सरकार उसकी मदद करती है.

    इस बारे में बात करते हुए संघ प्रमुख ने कहा, ‘’सरकारें हमारे खिलाफ थीं, हमेशा खिलाफ़त रही है. संघ सभी बाधाओं को पार करके 96 वर्षों से चल रहा है और चूंकि इतने सारे स्वयंसेवक तैयार हो रहे हैं इसलिए वे चुप या बेकार नहीं बैठेंगे. समाज में जहां कहीं भी काम करने की आवश्यकता है, वे हमेशा उपलब्ध हैं."

    ''स्वयंसेवकों द्वारा किए गए कार्य यह साबित करते हैं कि वे केवल संसद नहीं चलाते हैं, वे समाज के लोगों को अपने साथ लेकर चलते जाते हैं, वे स्वतंत्र और स्वायत्त हैं."

  6. चुनाव आयोग को PMO की चिट्ठी मामले में क़ानून मंत्रालय की सफ़ाई

    मुख्य चुनाव आयुक्त को कॉमन इलेक्टोरल रोल से जुड़ी एक बैठक में प्रधानमंत्री के सचिव से मिली चिट्ठी के मामले पर अब क़ानून मंत्रालय ने कहा है कि ये चिट्टी आयोग के प्रतिनिधि या आयुक्त के सचिव के लिए थी, ना की चुनाव आयुक्त के ख़ुद शामिल होने के लिए थी.

    शनिवार को क़ानून मंत्रालय ने इस पूरे मामले पर बयान जारी किया. इसमें कहा गया चिट्ठी में ये पहले से ही "स्पष्ट"कर दिया गया था कि चिट्ठी बैठक में भाग लेने के लिए "सचिव या विषय से परिचित आयोग के प्रतिनिधि" के लिए थी.

    17 दिसंबर को अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस ने ख़बर की थी कि मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्र और दो चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और अनूप चंद्र पांडे को आपत्तियां जताने और अपना अधिकार बताने के बावजूद 16 नवंबर को प्रधानमंत्री कार्यालय की एक ऑनलाइन बातचीत में शामिल होना पड़ा.

    रिपोर्ट के मुताबिक़ इस दिन चुनाव आयोग को क़ानून मंत्रालय (चुनाव आयोग का प्रशासनिक मंत्रालय) के एक अधिकारी से एक ‘असामान्य पत्र’ मिला. इस पत्र में लिखा था कि पीएम के प्रमुख सचिव पीके मिश्रा कॉमन इलेक्टोरल रोल पर एक बैठक की अध्यक्षता' करेंगे और सीईसी के मौजूद होने की उम्मीद है.

    अख़बार ने स्रोत के हवाले से लिखा इस तरह के शब्दों से चुनाव से आयोग में हड़कंप मच गया क्योंकि यह एक "समन" की तरह लग रहा था जो पूर्व उदाहरणों और संवैधानिक मानदंडों का उल्लंघन करता है.

    पिछले साल इसी विषय पर 13 अगस्त और तीन सितंबर को हुई बैठक में चुनाव आयोग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया था ना कि चुनाव आयुक्तों ने.

    अख़बार से चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया था कि इस पत्र को लेकर केंद्रीय चुनाव आयोग ने क़ानून मंत्रालय से अपना "असंतोष" ज़ाहिर किया था.

  7. अफ़्रीका के बहाने अर्दोआन का यूएन पर निशाना

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने शनिवार को कहा कि ये "अन्याय" है कि 1.3 अरब की आबादी वाले अफ्रीक़ी महाद्वीप का संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कोई प्रतिनिधित्व नहीं है.

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के ग़ैर-प्रतिनिधि सेटअप के विरोध में अपने नारे "दुनिया पाँच देशों से बड़ी है दुनिया" का ज़िक्र करते हुए,अर्दोआन ने तुर्की-अफ्रीका साझेदारी शिखर सम्मेलन में कहा कि तुर्की का प्रयास अफ्रीका में अपने भाइयों और बहनों के लिए भी हैं.

    इस्तांबुल में हुए इस तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन की शुरुआत गुरुवार को उच्च स्तरीय सरकारी अधिकारियों की बैठक के साथ हुई और 17 दिसंबर तक चली. इसमें विदेश मंत्रियों ने भी हिस्सा लिया.

    अफ्रीका के 100 से अधिक मंत्री और 16 राष्ट्रपतियों ने शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया. इस सम्मेलन का विषय ‘सामान्य विकास और समृद्धि के लिए बेहतर भागीदारी’ था.

    अर्दोआन ने कहा-‘मेरा मानना है कि एकजुट होने की ज़रूरत है ताकि सुरक्षा परिषद में अफ़्रीका का प्रतिनिधित्व हो सके क्योंकि वह इसके योग्य है.’

    उन्होंने कहा कि यह मानवता के लिए शर्म की बात है कि अफ्रीका की केवल छह फ़ीसदी आबादी को कोविड-19 का टीका लगा है.

    अर्दोआन ने कहा, "तुर्की अफ्रीका को 1.5 करोड़ वैक्सीन की खुराक देगा."

    उन्होंने बताया कि जब तुर्की के घरेलू वैक्सीन टर्को वैक आपातकालीन इस्तेमाल के लिए मंज़ूरी मिल जाएगी तो तुर्की इसे अफ्रीका को देगा.

    उन्होंने कहा कि तुर्की के अस्पताल सोमालिया, सूडान, नीजेर जैसे अफ्रीकी देशों में हैं और लोगों का इलाज कर रहे हैं.

    बीते साल अफ्रीका और तुर्की के बीच 25.3 अरब डॉलर से अधिक का व्यापार हुआ.

    अर्दोआन ने कहा कि यह आँकड़ा 2021 के 11 महीनों में पहले ही 30 अरब डॉलर तक पहुँच गया है.

    उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय व्यापार 50 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा और फिर साझा प्रयासों से हम इसे बढ़कर 75 अरब डॉलर तक करेंगे.

  8. इन पाँच मुस्लिम बहुल देशों के विदेश मंत्रियों ने पाकिस्तान के बदले भारत को दी तवज्जो

    विदेश मंत्री एस जयशंकर रविवार को भारत-मध्य एशिया वार्ता की मेज़बानी कर रहे हैं. इसमें कज़ाखस्तान,किर्गिज़ गणराज्य,ताज़िकिस्तान,तुर्कमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री एक दिवसीय सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुँचे हैं.

    ये सम्मलेन इस वार्ता का तीसरा संस्करण है. इसमें इस क्षेत्र में व्यापार और कनेक्टिविटी पर बात होने की उम्मीद है. साथ ही सम्मेलन में अफ़ग़ानिस्तान पर भी चर्चा होगी.

    ख़ासकर भारत और मध्य एशिया के बीच चाबहार बंदरगाह की योजना पर चर्चा होगी जिस पर अब तक कोई ठोस काम नहीं हो सका है.

    ताजिकिस्तान के विदेश मंत्री 18 से 20 दिसंबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं, इस वार्ता से पहले 18 दिसंबर को भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर उनसे मुलाक़ात करेंगे.

    ताज़िकिस्तान ने तालिबान शासन और अहमद मसूद और पूर्व उपराष्ट्रपति अमरुल्ला सालेह की अध्यक्षता में बने "राष्ट्रीय प्रतिरोध बल" के मेजबान सदस्यों पर सख़्त रुख अपनाया था.

    ख़ास बात ये है कि रविवार को ही इस्लामाबाद में इस्लामिक देशों के समूह ऑर्गेनाइज़ेशन ऑफ़ इस्लामिक कोऑपरेशन (ओआईसी) के विदेश मंत्रियों की बैठक होगी, जिसमें 57 इस्लामिक देशों के विदेश मंत्री तो शामिल होंगे ही साथ ही अमेरिका,जर्मनी,जापान,यूरोपीय संघ,ऑस्ट्रेलिया,फ़्रांस के अफ़ग़ानिस्तान के लिए नियुक्त किए गए विशेष दूत समेत अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे.

    सभी पाँच मध्य एशियाई राष्ट्र ओआईसी के सदस्य हैं,लेकिन उनके विदेश मंत्रियों ने इस्लामाबाद की बैठक इसके बजाय नई दिल्ली में बैठक में भाग लेने के लिए चुना है,जो अफ़ग़ानिस्तान पर भारत के साथ सहयोग के उनके स्तर को दर्शाता है.

    पाकिस्तान में होने वाली इस्लामिक देशों की बैठक का का केंद्र भी अफ़ग़ानिस्तान संकट ही है.

    दिल्ली में होने वाली इस बैठक के अलावा ताज़िकिस्तान के विदेश मंत्री शिराजुद्दीन मुरूद्दीन का दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है जो 18 से 20 दिसंबर तक भारत के आधिकारिक दौरे पर आ रहे हैं.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्त अरिंदम बागची ने उनके दौरे की जानकारी देते हुए कहा था कि भारत और ताज़िकिस्तान के बीच द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लेने के लिये वहां के विदेश मंत्री शिराजुद्दीन मुरूद्दीन भारत में होंगे.

    ‘’इसमें दोनों देश आपसी हितों से जुड़े द्विपक्षीय,क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान प्रदान किया जाएगा और अपने सामरिक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने पर चर्चा होगी.’’

    बागची ने बताया कि विदेश मंत्री एस जयशंकर इस साल तीन बार ताज़िकिस्तान की यात्रा पर गए थे जिसमें मार्च में‘‘हार्ट आफ एशिया सम्मेलन’’तथा शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सम्मेलन शामिल है.

    उन्होंने बताया कि इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने भी इस साल वहां का दौरा किया था.

  9. भारत के साथ मिलकर फ़्रांस एयरक्राफ़्ट इंजन बनाने को तैयार: राजनाथ सिंह

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि फ्रांस भारत के साथ मिलकर एयरक्राफ़्ट इंजन बनाने के लिए तैयार है.

    उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि सरकार रक्षा उद्योग में बजट बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. उनका मानना है कि भारतीय रक्षा और एयरोस्पेस विनिर्माण बाजार,जो अभी 85,000 करोड़ रुपए का है, 2022 में बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये और 2047 तक 5 लाख करोड़ रुपये हो जाएगा.

    उन्होंने कहा कि भारत हथियार का आयात करने से बेहतर, उन्हें ख़ुद भारत में ही तैयार करना चाहता है. इसके लिए अगर कोई विदेशी कंपनी चाहती है तो भारत की किसी कंपनी के साथ साझेदारी कर सकती है या फिर ख़ुद यहाँ आकर का प्लांट लगा सकती है.

    शनिवार को फिक्की (FICCI) के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि ‘’ कल फ्रांस की रक्षा मंत्री, हमारे सहयोग के साथ इंजन बनाने पर सहमत हुईं. ये इंजन अब तक भारत में नही बनते हैं. एक बड़ी फ्रांसीसी कंपनी भारत आएगी और एक भारतीय कंपनी के साथ रणनीतिक साझेदारी में इंजन बनाएगी.‘’

    हालांकि कौन से इंजन तैयार किए जाएंगे और ये कंपनी कौन होगी इसकी कोई जानकारी रक्षा मंत्री ने नहीं दी.

    सरकार ने हाल ही में संसद को सूचित किया था कि उसने एडवांस मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट और लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट जैसे विमानों के लिए विदेशी कंपनियों को साथ मिल कर स्वदेशी इंजन विकसित करने का प्रस्ताव दिया है.

    घरेलू रक्षा उद्योग को बढ़ावा देने के प्रयासों पर,रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि वह विदेशी कंपनियों को भारत आकर भारतीय कंपनियों के साथ साझेदारी कर रक्षा और एरोस्पेस उद्योग में निवेश करने का न्योता दे रहे है.

    उन्होंने कहा,‘’आएं, भारत में बनाएं, भारत के लिए बनाएं और दुनिया के लिए बनाएं.‘’

    निजी क्षेत्र और वैश्विक कंपनियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए की गई पहलों पर बात करते हुए,उन्होंने कहा, “भारतीय रक्षा उद्योग को नई ऊंचाई पर पहुंचाने का सही समय आ गया है. मुझे लगता है कि ओएफबी गन का निर्माण शायद आज़ादी के बाद से रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में सबसे बड़ा रिफॉर्म है. ‘’

    ‘’भारत की भौगोलिक स्थिति और जिस तरह की सुरक्षा चुनौतियों का सामना करना पड़ता है,इसे देखते हुए, हम अपनी रक्षा प्रौद्योगिकियों के लिए अन्य देशों पर निर्भर नहीं रह सकते हैं.

  10. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

    18 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहांक्लिककर सकते हैं.