अखिलेश यादव के क़रीबी सहयोगी राजीव राय के घर पर छापेमारी, अनंत झणाणे, लखनऊ से बीबीसी हिंदी के लिए
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय के मऊ स्थित आवास पर छापेमारी की है. राजीव राय को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को क़रीबी सहोयोगी माना जाता है.
राजीव राय ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की रेड को लेकर कहा, ''मेरी न तो कोई आपराधिक पृष्ठभूमि है और ना ही मेरे पास काला धन है. मैं लोगों की मदद करता हूं और सरकार को ये पसंद नहीं है. ये उसी का नतीजा है. अखिलेश यादव के दो और सहयोगी जैनेंद्र और मनोज यादवके घर पर भी छापेमारी की ख़बर है.
सुबह लगभग छह बजे आयकर विभाग के अधिकारी मऊ में राजीव राय के सहादतपुरा में निवास पहुँच गए और साथ में भारी तादाद में पुलिस फोर्स के साथ छापेमारी शुरू की. छापेमारी की ख़बर फैलने से समाजवादी पार्टी के कई सारे कार्यकर्ता राजीव राय के घर पर इकठ्ठा हो गए और नारेबाज़ी करने लगे.
समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों पर छापेमारी की खबरें आगरा से भी आ रही हैं. आगरा के पंजाबी कॉलोनी निवासी ठेकेदार मनोज यादव के आवास पर शनिवार को तड़के आयकर विभाग ने छापा मारा है. गाड़ियों के काफिले के साथ पहुँची आयकर विभाग की टीमों ने पूरे घर को अंदर से बंद कर लिया है. घर के बाहर स्थानीय पुलिस का पहरा लगा हुआ है. किसी को भी अंदर जाने की इजाज़त नहीं है. सुबह छह बजे से आयकर विभाग की टीमें घर के अंदर जाँच कर रही है.
इन छापों के बारे में रायबरेली में प्रेस वार्ता करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "अभी तक इन्हीं का इंतज़ार था कि कब आएगा इनकम टैक्स डिपार्टमेंट. अभी तो इनकम टैक्स आया है, ईडी आएगा, सीबीआई आएगी, न जाने कौन कौन सी संस्थाएं आएंगी. अफ़वाहें फैलाई जाएंगी. साज़िश होगी लेकिन उसके बावजूद भी साइकिल की रफ़्तार कम नहीं होगी.''
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, ''भाजपा का हार का डर जितना बढ़ता जाएगा, विपक्षियों पर छापों का दौर भी उतना बढ़ता जाएगा. फिर भी सपा का रथ व हर कार्यक्रम बदस्तूर चलता जाएगा. अब तो जनता पूरी तरह भाजपा के ख़िलाफ़ विपक्ष के साथ खड़ी है, अब क्या बाइस के लिए भाजपा सरकार उप्र की बाइस करोड़ जनता के यहाँ छापे डालेगी.''