जॉर्ज फ़्लॉयड की मौत: पूर्व पुलिस अधिकारी डेरेक शॉविन ने अपराध स्वीकारा

इमेज स्रोत, REUTERS
मिनियापोलिस के पूर्व गोरे पुलिस अधिकारी डेरेक शॉविन ने अफ़्रीकी मूल के अमेरिकी नागरिक जॉर्ज फ़्लॉयड के नागरिक अधिकारों के उल्लंघन के आरोपों को स्वीकार कर लिया है.
45 साल के शॉविन को 46 वर्षीय फ़्लॉयड की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था और उन्हें 22 साल से अधिक समय के क़ैद की सज़ा सुनाई गई थी.
बुधवार को उन्होंने अमेरिकी अभियोजकों के साथ एक समझौते के रूप में अपनी पूर्व याचिका को पलटते हुए आरोपों को स्वीकार कर लिया.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त
अब इस समझौते का मतलब यह हुआ कि उन्हें जनवरी में ट्रायल का सामना नहीं करना होगा.
डेरेक शॉविन पर आरोप था कि पिछले साल मई में उन्होंने मिनियापोलिस में एक निहत्थे काले व्यक्ति जॉर्ज फ़्लॉयड की गर्दन को नौ मिनट तक अपने घुटने से दबाकर रखा था. इसके कुछ ही मिनटों बाद उनकी मौत हो गई थी.
यह मामला तब चर्चा में आया जब इस घटना का वीडियो पूरी दुनिया में वायरल हो गया. इस वीडियो के आने के बाद अमेरिका सहित पूरी दुनिया में नस्लवाद और पुलिस के बुरे व्यवहार के ख़िलाफ़ जमकर विरोध प्रदर्शन हुए थे.
अमेरिकी जूरी ने शॉविन को तीन आरोपों में दोषी क़रार दिया है. ये मामले हत्या (मैन स्लॉटर), दूसरी डिग्री की हत्या और तीसरी डिग्री की हत्या के हैं.


