चीन और उत्तर कोरिया का जिक्र करते हुए जापान ने क्यों कही हमला करने की बात

जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने कहा है कि वो अपने देश की सेना को मजबूत करेंगे ताकि क्षेत्र की अस्थिर सुरक्षा स्थितियों का मुक़ाबला किया जा सके.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and चंदन शर्मा

  1. रिज़र्व भंडार से कच्चा तेल निकालने से भारत को क्या हासिल होगा?

    पेट्रोलियम

    इमेज स्रोत, British Petroleum handout

    भारत सरकार ने पेट्रोलियम ईंधन की बढ़ती क़ीमतों पर काबू पाने के लिए अपने रणनीतिक रिज़र्व भंडार से कच्चा तेल निकालने का फ़ैसला लिया है. भारत पहली बार ऐसा कर रहा है.

    भारत पेट्रोलियम ईंधन का तीसरा सबसे बड़ा आयातक देश है.मीडिया रिपोर्ट्समें कहा जा रहा है कि भारत 3.8 करोड़ बैरल के अपने रणनीतिक रिज़र्व भंडार से 50 लाख बैरल कच्चा तेल निकालने जा रहा है.

    भारत ने यह फ़ैसला अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया से विचार विमर्श के बाद उठाया है. पेट्रोलियम ईंधन की क़ीमत पर अंकुश लगाने के लिए ये देश तेल उत्पादक देशों पर ज़्यादा उत्पादन के लिए दबाव बना रहे हैं.

    हालांकि अमेरिका अब तक ओपेक देशों को पेट्रोलियम उत्पादन बढ़ाने के लिए तैयार नहीं कर सका है. ऐसी स्थिति में रणनीतिक भंडार से कच्चा तेल निकालना भारत के लिए कितना कारगर होगा, इसको लेकर भारतीय मीडिया ने अनिश्चितता जताई है.

    भारतीय अधिकारियों ने कहा है कि वे रणनीतिक भंडार से पचास लाख बैरल कच्चा तेल निकालने की योजना बना रहे हैं. यह देश भर में एक दिन में होने वाले पेट्रोलियम ईंधन की खपत जितना भंडार है.

  2. किसान आंदोलन का एक सालः कृषि क़ानूनों की वापसी के बाद अब आगे क्या?

    किसान आंदोलन

    इमेज स्रोत, ANI

    एक साल तक चले किसानों के आंदोलन के बाद सरकार ने तीनों कृषि क़ानूनों को वापस ले लिया है और इसे 'किसानों की जीत' के रूप में भी देखा जा रहा है. हालांकि कृषि उपज पर न्यूनतम समर्थन मूल्य को क़ानूनी रूप से लागू करने के सवाल पर अब भी किसान संगठनों और सरकार के बीच रस्साकशी जारी है.

    जिस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों क़ानूनों को वापस लेने के घोषणा की थी उस दिन उन्होंने ये भी कहा था कि सरकार ये संभावनाएं भी तलाश करेगी कि कृषि क्षेत्र में किस तरह से सुधार लाए जा सकते हैं.

    लेकिन सवाल ये उठ रहे हैं कि क्या तीनों क़ानूनों की वापसी के बाद अब किसानों की समस्याएं पूरी तरह से ख़त्म हो जाएंगी?

    वरिष्ठ पत्रकार पी साईनाथ कहते हैं कि अब किसी समिति से ज़्यादा कृषि आयोग गठित करने की ज़रूरत है.

    उनका कहना है कि भारत के संविधान के निर्माताओं ने बहुत सोच समझकर कृषि को राज्य का विषय ही रहने दिया था क्योंकि भारत में अलग-अलग क्षेत्रों में अलग तरह की फसलें पैदा की जाती हैं और वहां की भौगोलिक और प्राकृतिक पृष्ठभूमि भी अलग ही हैं.

  3. रांची में तीन कश्मीरियों को पीटा गया, पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार को तीन कश्मीरी युवाओं को पीटे जाने का मामला सामने आया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, स्थानीय पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है.

    रांची पुलिस ने एएनआई को बताया है कि “रांची के डोरांडा इलाके में आज सड़क से रिक्शा हटाने को लेकर शुरू हुए विवाद में कुछ लोगों द्वारा तीन कश्मीरियों को पीटे जाने का मामला सामने आया है. दोनों पक्षों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई हैं. और पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है.”

  4. बेंगलुरु से पटना जा रही गोएयर फ़्लाइट ने नागपुर में की इमरजेंसी लैंडिंग

    गो एयर फ़्लाइट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बेंगलुरु से पटना जा रही गोएयर एयरलाइंस की एक फ़्लाइट ने शनिवार सुबह इंजन में खराबी के चलते नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की है. इस फ़्लाइट में 139 लोग सवार थे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, ये फ़्लाइट सुबह 11 बजकर 15 मिनट पर सुरक्षित रूप से नागपुर एयरपोर्ट पर उतरी है.

    हवाई अड्डे के निदेशक आबिद रूही के मुताबिक़, “गोएयर फ़्लाइट के पायलट ने नागपुर एटीसी को इंजन में खराबी आने की सूचना देकर इमरजेंसी लेंडिंग करने की गुज़ारिश की थी.”

    रूही ने बताया कि“हमने इसे फुल स्केल इमरजेंसी घोषित करके सभी इंतज़ाम कर लिए थे जिसमें रनवे उपलब्ध कराने से लेकर, दमकल गाड़ियां, डॉक्टर, एंबुलेंस शामिल हैं. और इसके लिए पुलिस के साथ समन्वय ज़रूरी होता है. ये अच्छा हुआ कि इस फ़्लाइट ने सुरक्षित रूप से लैंडिंग की.”

    रूही ने ये भी बताया है कि इस फ़्लाइट के सभी यात्री गोएयर टर्मिनल में बैठकर इंतज़ार कर रहे हैं और उनके लिए ज़रूरी इंतज़ाम किए जा रहे हैं.

  5. भारत-पाकिस्तान कमांडरों ने गोलियों की बौछार के बीच जब लिखे ख़त - विवेचना

    वीडियो कैप्शन, भारत-पाक कमांडरों ने गोलियों की बौछार के बीच जब लिखे ख़त - Vivechna

    भारत और पाकिस्तान के बीच 1971 युद्ध की इस कड़ी में सुनिए वो कहानी जब गोलियों की बौछार के बीच भारत और पाकिस्तान के कमांडरों ने एक दूसरे पत्र लिखे और चेतावनी दी.

  6. किसान मोर्चा क्या राजनीति की राह पकड़ेगा?

    वीडियो कैप्शन, किसान मोर्चा क्या राजनीति की राह पकड़ेगा?

    आने वाले दिनों में किसान आंदोलन के किसी भी स्वरूप पर चर्चा करने से पहले आंदोलन के पिछले एक साल के इतिहास और निकट भविष्य में होने वाले राज्यों के महत्वपूर्ण चुनावों से जोड़ कर देखना और समझना होगा.

    ख़ास तौर पर - यूपी और पंजाब के चुनावों के हिसाब से.

    पिछले एक साल में किसान आंदोलन के नेताओं ने राजनीतिक दलों के नेताओं से दूरी बनाए रखी.

    हालांकि अलग-अलग चुनाव में किसान नेताओं ने जगह-जगह महापंचायत की और बीजेपी को वोट ना देने की अपील भी की.

    संयुक्त किसान मोर्चा का दावा है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी की हार में किसान आंदोलन का भी हाथ था. किसान नेताओं का दावा ये भी है कि उत्तर प्रदेश चुनाव में हार के डर से कृषि क़ानून वापस लिए गए हैं.

    सवाल उठता है कि क्या कृषि क़ानून की वापसी और एमएसपी पर क़ानून बनवाकर किसान, चुनावी राजनीति में उतर सकेंगे और सफल हो पाएंगे?

  7. बेटी का कथित रेप करने वाले पिता की चार नाबालि​ग लड़कों ने मिलकर हत्या की

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    इमेज स्रोत, iStock

    बेंगलुरु में पुलिस ने 46 साल के एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में चार नाबालिग लड़कों को गिरफ़्तार किया है.

    मृत व्यक्ति कथित तौर पर अपनी 17 साल की बेटी का पिछले दो सालों से लगातार बलात्कार कर रहा था. सभी अभियुक्त पीड़ित लड़की के सहपाठी बताए जाते हैं.

    रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की बेटी ने अपने क्लास के एक दोस्त से शिक़ायत की थी कि उसके पिता ने पिछले हफ़्ते उसका फिर बलात्कार करने की कोशिश की. उस दौरान उनकी माँ अपने गृहनगर कलबुर्गी गई हुई थीं. लड़की के पिता बेंगलुरू के एक संस्थान में सिक्योरिटी मैनेजर का काम करते थे.

    आरोप है कि लड़की ने अपने जिस सहपाठी को बलात्कार के बारे में बताया था, उसने अपने क्लास के तीन और दोस्तों को इस वारदात को अंज़ाम देने के लिए तैयार किया.

  8. भारत सरकार ने एलन मस्क की इंटरनेट कंपनी पर रोक लगाई

    एलन मस्क

    इमेज स्रोत, Reuters

    भारत सरकार ने बीते शुक्रवार अमेरिकी अरबपति व्यवसायी एलन मस्क की इंटरनेट कंपनी स्टारलिंक की सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, केंद्र सरकार ने शुक्रवार शाम एक बयान जारी करके बताया है कि स्टारलिंक को नियमों का पालन करने के लिए कहा गया है.

    बयान में लिखा है कि स्टारलिंक को “भारत में तत्काल प्रभाव से इंटरनेट सेवाएं बुक करने एवं सेवाएं देने से” रोका गया है.

    स्टारलिंक ने बीती 1 नवंबर को भारत में अपना पंजीकरण करवाया था. इसके बाद स्टारलिंक ने अपने विज्ञापनों का प्रसारण एवं सेवाओं की बुकिंग शुरू कर दी थी.

    स्टारलिंक एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की एक डिवीज़न है जोकि सैटेलाइट इंटरनेट उपलब्ध कराती है.

    लेकिन अब तक इसे भारत में व्यापार करने के लिए लाइसेंस नहीं मिला है.

    सैटेलाइट इंटरनेट के बारे में ज़्यादा जानकारी के लिए क्लिक करें.

  9. केंद्रीय कृषि मंत्री तोमर ने की किसानों से लौट जाने की अपील

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने दिल्ली की अलग-अलग सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसानों से अपील की है कि अब वे लौट जाएं.

    कृषि मंत्री ने कहा कि संसद सत्र के शुरू होने के दिन ही तीनों कृषि क़ानूनों को संसद में रद्द करने के लिए रखा जाएगा.

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ज़ीरो बजट खेती, फसल विविधीकरण, एमएसपी को प्रभावी, पारदर्शी बनाने जैसे विषयों पर विचार करने के लिए समिति बनाने की घोषणा की है. इस समिति में प्रदर्शन कर रहे किसानों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे.

    उन्होंने कहा कि किसान संगठनों ने पराली जलाने पर किसानों को दंडनीय अपराध से मुक्त किए जाने की मांग की थी, जिसे भारत सरकार ने मान लिया है.

    अंत में उन्होंने कहा कि तीनों कृषि क़ानूनों को रद्द करने की घोषणा के बाद अब आंदोलन का कोई औचित्य नहीं बनता है, इसलिए किसानों और किसान संगठनों से निवेदन है कि वे अपना आंदोलन समाप्त कर, अपने-अपने घर लौट जाएं.

  10. परमाणु समझौते पर वार्ता फिर शुरू होने से पहले ईरान ने रखी ये मांग

    वीडियो कैप्शन, COVER STORY: फिर होगी अमरीका-ईरान डील?

    वियना में परमाणु वार्ता फिर से शुरू होने वाली है और इसके शुरू होने के तीन दिन पहले ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि वह अपने ऊपर लगे सभी प्रतिबंधों को हटाना चाहता है.

    सोमवार को अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली इस अप्रत्यक्ष बैठक में दुनिया के दूसरे प्रमुख और ताकतवर देश भी शामिल होंगे. इस बैठक का उद्देश्य दोनों देशों को 2015 के समझौते के तहत लाना है. वॉशिंगटन ने साल 2018 में इस समझौते को छोड़ दिया था और साथ ही ईरान पर गंभीर प्रतिबंध भी लगा दिए.

    हुसैन अमीराब्दोलाहियान ने टेलीफ़ोन पर बातचीत के दौरान यूरोपीय संघ के विदेश नीति के प्रमुख जोसेफ़ बोरेल से कहा कि अगर विरोधी पक्ष अपने दायित्वों को पूरा करने और हम पर लगाए गए प्रतिबंधों को पूरी तरह हटाने के लिए तैयार है तो यह अच्छी बात है और हम तुरंत समझौता कर सकते हैं.

    ईरान के विदेश मंत्री

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीराब्दोलाहियान

    ईरान की मीडिया ने हुसैन के हवाले से लिखा है कि ईरान एक अच्छा और प्रमाणिक समझौता चाहता है.

    अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख राफ़ेल ग्रोसी ने इस सप्ताह तेहरान की यात्रा के बाद कहा कि कई विवादित मुद्दे अभी भी जस के तस बने हुए हैं.

    हालांकि,अमीराब्दोलाहियान ने यह भी कहा है कि ईरान पूरी सद्भावना के साथ वियना वार्ता में भाग लेगा.

  11. भारत में कोरोना की स्थिति और वैक्सीनेशन पर पीएम नरेंद्र मोदी कर रहे हैं बैठक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कोरोना की भारत में स्थिति और वैक्सीनेशन पर सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    इस बैठक में सरकारी अधिकारियों समेत कैबिनेट सचिव राजीव गौबा, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा, केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण और नीति आयोग के सदस्य डॉ वीके पॉल मौजूद हैं.

  12. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना के नए वेरिएंट पर पीएम से किया आग्रह

    केजरीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कोरोना वायरस के एक नए वेरिएंट को लेकर चिंता ज़ाहिर की है. उसने इसे तकनीकी शब्दावली में 'चिंता वाला वेरिएंट' (वेरिएंट ऑफ़ कंसर्न/वीओसी) बताते हुए इसे 'ओमीक्रोन' नाम दिया है.

    डब्ल्यूएचओ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह काफी तेज़ी से और बड़ी संख्या में म्यूटेट होने वाला वेरिएंट है. उसने बताया है कि इस वेरिएंट के कई म्यूटेशन चिंता पैदा करने वाले हैं. इसलिए शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर WHO ने कहा है कि इस म्यूटेशन के चलते संक्रमण का ख़तरा बढ़ गया है.

    इस नए वेरिएंट के सामने आने के बाद यूरोपीय देशों समेत अमेरिका ने भी अपने यहां यात्रा प्रतिबंध लागू कर दिये हैं.भारत में भी इसे लेकर चिंता जतायी जा रही है.

    राजधानी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी से उड़ानें बंद करने का आग्रह किया है.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि- मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन देशों से उड़ानें बंद करने का आग्रह करता हूं जहां कोविड-19 का नया वेरिएंट मिला है. बड़ी मुश्किल से हमारा देश कोरोना से उबर पाया है, हमें इस नए वेरिएंट को भारत में प्रवेश करने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए.

    वहीं दूसरी पीएम मोदी आज कोरोना की भारत में स्थिति और वैक्सीनेशन पर सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं.

  13. बीते 24 घंटे में भारत में कोरोना की स्थिति

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बीते 24 घंटे में भारत में कोरोना संक्रमण के 8318 मामले सामने आए हैं और 465 लोगों की मौत भी हुई है. हालांकि बीते 24 घंटे में 10, 967 लोग कोरोना संक्रमण के बाद ठीक भी हुए हैं.

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक-

    भारत में कोरोना के कुल सक्रिय मामले- 1,07,019

    भारत में कोरोना संक्रमण से ठीक हुए कुल लोगों की संख्या- 3,39,88,797

    भारत में कोरोना से हुईं अब तक कुल मौतें- 4,67,933

    भारत में अभी तक कुल वैक्सीन की डोज़- 121.06 करोड़

  14. भारत दुनिया में सबसे धर्मनिरपेक्ष देश- वेंकैया नायडू

    वेंकैया नायडू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भारत को दुनिया का सबसे धर्मनिरपेक्ष देश बताया है.

    शुक्रवार को वेंकैया नायडू ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे अधिक धर्मनिरपेक्ष देश है बावजूद इसके पश्चिमी मीडिया धर्मनिरपेक्षता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मामले पर भारत सरकार को कमतर बताता है. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें ये बात हज़म नहीं होती है कि भारत प्रगति पथ पर अग्रसर है. उनमें से कुछ को अपच की समस्या है.

    राजधानी दिल्ली में एक किताब के लॉन्च पर पहुंचे वेंकैया नायडू ने कहा कि पश्चिमी मीडिया में भारत सरकार को धर्मनिरपेक्षता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मामले में बदनाम करने का चलन है. वे भारत को बढ़ता देख पचा नहीं पा रहे हैं. जबकि भारत दुनिया का सबसे धर्मनिरपेक्ष देश है.

    वेंकैया नायडू ने कहा "यहाँ वहां आपको कुछ उदाहरण मिल जाएंगे लेकिन सामूहिक तौर पर हम धर्मनिरपेक्षता का ही अनुसरण करते हैं क्योंकि यह हम भारतीयों के खून में, हमारी नसों में है और ये किसी सरकार के कारण नहीं है बल्कि सभी धर्मो का सम्मान करना हमारी सदियों पुरानी परंपरा रही है.

  15. इंग्लिश चैनल हादसा: पहले पीड़ित की हुई पहचान, कुर्द युवती मंगेतर के पास जा रही थी ब्रिटेन

    कुर्द महिला

    इस सप्ताह इंग्लिश चैनल में कई लोगों के डूबने के मामले में पहले पीड़ित की पहचान हो गई है. यह पीड़िता उत्तरी इराक़ की एक 24 वर्षीय कुर्द युवती है.

    बुधवार को ब्रिटेन पहुंचने के प्रयास के दौरान 27 लोगों की मौत हुई थी इनमें मरियम नूरी मोहम्मद अमीन भी शामिल हैं.

    उनके मंगेतर ब्रिटेन में रहते हैं जिन्होंने बीबीसी से कहा कि उनकी मंगेतर ने मैसेज किया था कि उनके समूह की नाव डूब रही है. हालांकि मरियम ने भरोसा दिलाया था कि उन्हें बचा लिया जाएगा.

    लेकिन मदद देर से मिल पाई और उनके साथ-साथ 17 पुरुष, छह महिलाएं और तीन बच्चे उत्तरी फ़्रांस के तट पर डूब गए. इनमें से एक महिला गर्भवती भी थी.

    इस हादसे में एक इराक़ी और एक सोमाली व्यक्ति ज़िंदा बच पाए हैं. चैनल में कई सालों के दौरान हुए हादसों में यह सबसे बड़ा हादसा है.

    मरियम के मंगेतर ने बताया कि मरियम अपनी महिला रिश्तेदारों के साथ नाव पर थीं.

    उन्होंने बताया कि उन्हें चैनल को पार करने के बारे में पहले से पता नहीं था और मरियम का ब्रिटेन आना उनको एक सरप्राइज़ देना था.

    वीडियो कैप्शन, जान पर खेल ब्रिटेन क्यों पहुंचना चाहते हैं लोग

    उन्होंने बताया कि जब नाव की हवा निकलने लगी तो दोनों स्नैपचेट पर बात कर रहे थे. मरियम ने उन्हें बताया था कि नाव डूब रही है और वो लोग उससे पानी बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं.

    उन्होंने बताया कि मरियम ने उन्हें अपने अंतिम संदेश में भरोसा दिलाया था कि प्रशासन उन्हें बचाने आ रहा है.

    कैलै से मिल रही रिपोर्टों में कहा गया है कि दो ज़िंदा बचे लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और उनसे पूछताछ की जा रही है कि नाव में कितने लोग थे.

    मरियम के चाचा ने बीबीसी से पुष्टि की है कि इंग्लिश चैनल में डूबे लोगों में मरियम भी शामिल हैं.

  16. कोरोना के नए वेरिएंट 'ओमीक्रॉन' ने बढ़ायी विश्व स्वास्थ्य संगठन की चिंता

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कोरोना वायरस के एक नए वेरिएंट को लेकर चिंता ज़ाहिर की है. विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस नए वेरिएंट को ओमीक्रॉन नाम दिया है.

    डब्ल्यूएचओ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह काफी तेज़ी से और बड़ी संख्या में म्यूटेट होने वाला वेरिएंट है और जो शुरुआती साक्ष्य मिले हैं उनके आधार पर कहा जा सकता है कि इससे संक्रमण का ख़तरा बढ़ा है.

    डब्ल्यूएचओ को इस वेरिएंट के पहले मामले की जानकारी 24 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका में मिली थी. इसके अलावा बोत्सवाना, बेल्जियम, हांगकांग और इसराइल में भी इस वेरिएंट की पहचान की गई है.

    इस वेरिएंट के सामने आने के बाद दुनिया के कई देशों ने दक्षिणी अफ्रीका से आने-जाने पर प्रतिबंध लगाने फ़ैसला किया है.

    दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया, जिम्बॉब्वे, बोत्सवाना, लेसोथो और इस्वातिनी से आने वाले लोग ब्रिटेन में प्रवेश नहीं कर पाएंगे बशर्ते वे ब्रिटेन या आयरिश नागरिक न हों.

    अमेरिकी अधिकारियों ने भी दक्षिण अफ्रीका, बोत्सवाना, जिम्बॉब्वे, नामीबिया, लेसोथो, इस्वातिनी, मोजाम्बिक और मलावी से आने वाली उड़ानों को रोकने का फ़ैसला किया है. यह प्रतिबंध सोमवार से लागू हो जाएगा.

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    वायरस का समय के साथ बदलते जाना, म्यूटेट होना असामान्य नहीं है. वायरस का कोई वेरिएंट उस समय चिंता वाला वेरिएंट बन जाता है जब वह वैक्सीन की प्रभावशीलता जैसी चीजों को प्रभावित कर सकता है.

    शुक्रवार को डब्ल्यूएचओ ने कहा कि इस वेरिएंट के मामलों की संख्या दक्षिणी अफ्रीका के सभी प्रांतों में बढ़ रही है. शुरुआत में इस वेरिएंट को बी.1.1.529 नाम दिया गया था.

    संयुक्त राष्ट्र के स्वास्थ्य निकाय ने एक बयान में कहा, "यह वेरिएंट काफी तेज़ी से म्यूटेट हो रहा है और इनमें से कुछ चिंता का विषय हैं."

    संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि पहला ज्ञात बी.1.1.1.529 संक्रमण 9 नवंबर को जमा किए गए नमूने से मिला था.

    डब्ल्यूएचओ ने कहा कि नए वेरिएंट के प्रभाव को समझने के लिए कुछ सप्ताह का समय लगेगा.

    यूके के एक शीर्ष स्वास्थ्य अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा है कि वैक्सीन इस नए वेरिएंट के ख़िलाफ़ क़रीब-क़रीब कम प्रभावी साबित होंगे.

    लेकिन ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के एक स्ट्रक्चरल बायोलॉजिस्ट प्रोफेसर जेम्स नाइस्मिथ ने कहा है कि यह बुरी ख़बर है लेकिन अंत नहीं. हालांकि उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि यदि यह वेरिएंट अधिक तेज़ी से फैलता है, तो यह ब्रिटेन तक पहुंच जाएगा.

  17. नमस्कार,

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ आपको दिनभर की सभी बड़ी ख़बरों, लाइव अपडेट्स और वीडियो से रूबरू कराएंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 26 नवंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.