गौतम गंभीर को मौत की धमकी वाले ईमेल पाकिस्तान से भेजे गए थे: रिपोर्ट

इमेज स्रोत, ANI
भारतीय जनता पार्टी के सांसद और क्रिकेटर गौतम गंभीर को जान से मारने की धमकी के साथ भेजे गए दोनों ईमेल पाकिस्तान से भेजे गए थे.
समाचार एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के सूत्रों के हवाले से ये रिपोर्ट दी है. ईमेल भेजने वाले शख़्स की पहचान शाहिद हमीद के रूप में की गई है.
गौतम गंभीर ने कहा था कि उन्हें 24 घंटों के भीतर 'आईएसआईएस कश्मीर' से जान से मारने की धमकी वाले दो ईमेल भेजे गए थे.
पहली ईमेल में गौतम गंभीर को धमकी दी गई थी, "हम तुम्हारे और तुम्हारे परिवार को जान से मारने जा रहे हैं."
दूसरी ईमेल में कहा गया, "हमारा इरादा तुम्हारी जान लेने का था लेकिन कल तुम बच गए थे. अगर तुम्हें अपने परिवारवालों की ज़िंदगी प्यारी है तो राजनीति और कश्मीर के मुद्दे से दूर रहो."
इन धमकियों के बाद गौतम गंभीर के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी.
















