You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

त्रिपुरा हिंसा: तृणमूल नेता और टॉलीवुड अभिनेत्री सयानी घोष को मिली जमानत

तृणमूल कांग्रेस नेता और बांग्ला अभिनेत्री सयानी घोष को अगरतला के अपर सीजेएम और सिविल जज की अदालत ने सोमवार को जमानत दे दी. कल उन्हें हत्या की साजिश करने और शत्रुता फैलाने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया था

लाइव कवरेज

  1. राजस्थान: नए मंत्रिमंडल से संतुष्ट सचिन पायलट

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान में शनिवार को सभी मंत्रियों के इस्तीफे के बाद नए मंत्रियों के नामों की घोषणा कर दी गयी है.

    सीएम अशोक गहलोत ने 11 कैबिनेट और चार राज्य मंत्री बनाए हैं. आज दोपहर दो बजे विधायकों की बैठक के बाद शाम चार बजे राजभवन में शपथ ग्रहण होगा. नए मंत्रिमंडल में सभी जातीय समीकरण को ध्यान में रखा गया है.

    तीन राज्य मंत्रियों को प्रमोट कर कैबिनेट में जगह दी गई है. सचिन पायलट खेमे के दो मंत्रियों की वापसी हुई है और दो विधायकों को राज्य मंत्री बनाया गया है.

    बसपा से कांग्रेस में आए एक विधायक को भी मंत्री बनाया गया है. इसके साथ ही आदिवासी क्षेत्र के विधायकों को भी मंत्री पद दिया गया है.

    'हमारे मुद्दों का समाधान हुआ'

    सचिन पायलट ने रविवार को शपथ ग्रहण से पहले मीडिया से बात करते हुए कहा, "कैबिनेट में महिलाओं की भागीदारी एक से बढ़ कर तीन हो गई है. यह प्रियंका गांधी का प्रभाव है."

    मंत्रिमंडल फेरबदल से सचिन पायलट संतुष्ट नज़र आ रहे हैं. उन्होंने कहा, "हमने जो मुद्दे उठाए थे उनका समाधान किया गया है. यदि किसी विभाग में कोई कमी है तो उसे सुधारने के लिए मिलकर काम करेंगे."

    सचिन पायलट खेमे के विश्वेंद्र सिंह और रमेश मीणा की फिर से कैबिनेट में वापसी हुई है. बगावत करने के दौरान इनसे मंत्री पद छीन लिया गया था. जबकि, पायलट समर्थक विधायक बृजेंद्र ओला और मुरारी लाल मीणा को राज्य मंत्री बनाया गया है.

    मंत्रीमंडल में होंगे चार दलित मंत्री

    सीएम अशोक गहलोत के नए मंत्रिमंडल में तीन दलित चेहरों ममता भूपेश, भजन लाल जाटव और टीकाराम जूली को राज्य मंत्री से प्रमोट कर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है.

    गोविंद मेघवाल को कैबिनेट मंत्री पद दिया गया है. अब गहलोत सरकार में चार दलित मंत्री होंगे.

    रघु शर्मा की जगह ब्राह्मण चेहरे के रूप में महेश जोशी को सरकार के मुख्य व्हिप से प्रमोट कर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है, यह सीएम गहलोत के क़रीबी हैं.

    जबकि, गोविंद सिंह डोटासरा की जगह राम लाल जाट को जाट चेहरे के रूप में कैबिनेट में शामिल किया गया है. सीएम गहलोत के समर्थक हैं.

    बसपा से कांग्रेस में आए छह विधायकों में से एक राजेंद्र गुढ़ा को मंत्री बनाया गया है. निर्दलीय 13 विधायकों में से फिलहाल किसी को मंत्री पद नहीं दिया गया है.

    अल्पसंख्यक चेहरे के रूप में मेवात से जाहिदा ख़ान को मंत्री बनाया गया है.

    ख़ान सीएम गहलोत के पिछले कार्यकाल में संसदीय सचिव रहीं हैं और इनके पिता भी राजस्थान में राज्य मंत्री रहे हैं.

    राजस्थान कांग्रेस में जारी अंदरूनी घमासान को शांत करने के लिए सीएम अशोक गहलोत के नए मंत्रीमंडल में सभी समीकरणों को ध्यान में रखा गया है.

    लेकिन, मंत्री पद की आस लगाए बैठे कई विधायकों की उम्मीद ज़रूर टूटी हैं. ऐसे में संभव है कि अंदरूनी कलह को शांत करने के लिए हुआ फेरबदल फिर विवादों में न आ जाए. अभी कुछ और मंत्री पद खाली हैं जिन पर जल्द ही नए चेहरों की घोषणा हो सकती है.

    यह होंगे कैबिनेट मंत्री:

    हेमाराम चौधरी, महेंद्रजीत सिंह मालवीय, रामलाल जाट, महेश जोशी, विश्वेंद्र सिंह, रमेश मीणा, ममता भूपेश, भजन लाल जाटव, टीकाराम जूली, गोविंद राम मेघवाल और शकुंतला रावत.

    यह होंगे राज्य मंत्री:

    जाहिदा ख़ान, बृजेंद्र सिंह ओला, राजेंद्र गुढ़ा और मुरारी लाल मीणा.

  2. पाकिस्तान के चीफ़ जस्टिस आरोपों पर भड़के

    पाकिस्तान के चीफ़ जस्टिस गुलज़ार अहमद शनिवार को न्यायपालिका पर लग रहे आरोपों के कारण फूट पड़े. जस्टिस अहमद ने कहा कि न्यायपालिका किसी के दबाव नहीं आती है.

    शनिवार को लाहौर में दिवंगत मानवाधिकार कार्यकर्ता आस्मां जहांगीर की याद में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जस्टिस गुलज़ार ने कहा कि न्यायपालिका पर दबाव में काम करने का आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद है. जस्टिस गुलज़ार ने कहा कि न्यायपालिका हर तरह से लोकतंत्र के पक्ष में खड़ी रहेगी और हमेशा उसी का प्रचार करती रहेगी.

    इसी कार्यक्रम में पाकिस्तान के जाने-माने वकील अली अहमद कुर्द ने कहा था कि न्यायपालिका स्वतंत्र होकर काम नहीं कर रही है.

    कुर्द के आरोप के जवाब में जस्टिस गुलज़ार अहमद ने कहा, ''किसी ने मुझसे नहीं कहा कि कोर्ट का फ़ैसला क्या होना चाहिए. आज तक किसी ने ये हिम्मत नहीं दिखाई कि मेरे ऊपर फ़ैसला अपने हिसाब से करवाने का दबाव डाले.''

    जस्टिस गुलज़ार अहमद ने कहा, ''इसका कोई मायने नहीं है कि किसका केस मेरे पास आ रहा है. मैंने कभी भी किसी के पक्ष में कोई फ़ैसला दबाव में नहीं दिया है. मेरे काम में किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया है. मैंने फ़ैसला हमेशा अपने विवेक और संविधान के अनुसार दिया है.''

  3. रेडियोएक्टिव मटीरियल बरामद होने की बात को पाकिस्तान ने नकारा

    पाकिस्तान ने शनिवार को भारतीय मीडिया में चल रही उन ख़बरों को ख़ारिज कर दिया है, जिसमें दावा किया जा रहा था कि कराची से आए एक व्यावसायिक पोत के कंटेनर्स से भारतीय पोर्ट अथॉरिटी ने 'संभावित रेडियोएक्टिव मटीरियल' ज़ब्त किया है.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मुंद्रा पोर्ट पर भारतीय मीडिया का शंघाई से संबंधित एक व्यावसायिक पोत के कंटेनर्स से कथित रेडियोएक्टिव मटीरियल बरामद होने का दावा झूठा है. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि कंटेनर ख़ाली था. पाकिस्तान ने कहा कि इन कंटेनर्स का इस्तेमाल चीन से कराची ईंधन लाने में किया गया था.

    यह ईंधन कराची के के-2 और के-3 परमाणु पावर प्लांट तक लाया गया था. पाकिस्तान ने कहा कि उन्हीं कंटेनर्स को चीन भेजा जा रहा था. पाकिस्तान ने कहा कि दोनों पावर प्लांट और यहाँ इस्तेमाल होने वाले ईंधन आएईए के सुरक्षा मानकों के तहत हैं.

    पाकिस्तान ने कहा कि कंटेनर्स ख़ाली थे और कार्गो के दस्तावेज़ ग़ैर-ख़तरनाक सामान वाला जारी किया गया था. पाकिस्तान ने कहा है कि भारतीय मीडिया ने तथ्यात्मक रूप से ग़लत रिपोर्ट प्रसारित की है. पाकिस्तान ने कहा कि भारतीय मीडिया हमेशा से पाकिस्तान की ग़लत छवि पेश करता है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भ्रमित करता है.

  4. गंभीर बोले- पहले अपने बच्चों को सीमा पर भेजो

    पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू का पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को ‘बड़ा भाई’ बताने पर बीजेपी सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने सिद्धू की आलोचना की है.

    गंभीर ने ट्वीट करके कहा, “अपने बेटे या बेटी को सीमा पर भेजो और फिर आतंकी राष्ट्र को अपना बड़ा भाई कहें. घृणित, रीढ़ हीन.”

    गंभीर ने यह भी कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद से भारत बीते 70 सालों से लड़ रहा है और सिद्धू का ‘आतंकी राष्ट्र’ के प्रधानमंत्री को बड़ा भाई बताना ‘शर्मनाक’ है.

    नवजोत सिंह सिद्धू ने करतारपुर साहिब की यात्रा के दौरान कथित रूप से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान सिंह को ‘बड़े भाई’ की संज्ञा दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, सिद्धू ने कथित तौर पर ये भी कहा है कि विपक्षी दल हिंदुत्व में चरमपंथी संगठन आईएस और बोको हरम की छवि पाते हैं और इमरान ख़ान में ‘भाई जान’ देखते हैं.

  5. नमस्कार,

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ आपको दिनभर की सभी बड़ी ख़बरों, लाइव अपडेट्स और वीडियो से रूबरू कराएंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.20नवंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.