प्रदूषण से निपटने के लिए वीकेंड लॉकडाउन लगाने को तैयार दिल्ली सरकार
प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट से पड़ी फ़टकार के बाद दिल्ली सरकार ने ज़हरीली हवा के संकट से निपटने के लिए एक सप्ताह तक वर्क फ्रॉम होम और वीकेंड पर लॉकडाउन जैसे सुझाव दिए हैं.
दिल्ली सरकार ने यह भी सिफ़ारिश की है कि निर्माण और औद्योगिक गतिविधियों को रोक दिया जाए.
ये सुझाव दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के बीच हुई आपातकालीन बैठक में दिए गए.
सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की ओर से राज्य और केंद्र सरकार को आपातकालीन बैठक कर प्रदूषण को लेकर उपाय निकालने के आदेश दिए गए थे.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा था, "हम केंद्र को निर्देश देते हैं कि वह कल (मंगलवार) को एक आपात बैठक बुलाए और हमें बताए कि वे क्या क़दम उठा सकते हैं."
जजों ने खुद एक सप्ताह तक के लिए वर्क फ्रॉम होम करने के सुझाव दिए थे.
केंद्र की ओर से सॉलिसिटर जनरल ने कोर्ट को बताया था कि पराली जलाने पर होने वाला प्रदूषण सिर्फ 4% है.
इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि "फिर ये हायतौबा क्यों हो रही है? जब पराली वजह नहीं है तो बाकी जो समस्याएं हैं, उन्हें ठीक करने दीजिए.’’