पाकिस्तान के प्रधानमंत्री
इमरान ख़ान ने बीते शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान के रास्ते भारतीय गेंहू को अफ़ग़ानिस्तान
ट्रांसपोर्ट करने के तालिबान सरकार के अनुरोध पर वह 'सकारात्मक दृष्टिकोण' से विचार
करेंगे.
अफ़ग़ानिस्तान में
तालिबान सरकार का नियंत्रण है. लंबे समय तक युद्ध की मार झेले अफग़ानिस्तान में
परिस्थितियां बेहद परेशान करने वाली हैं. देश गंभीर आर्थिक संकट से गुज़र रहा है
और एक बड़ा तबक़ा भुखमरी का सामना कर रहा है.
प्रधानमंत्री कार्यालय
से जारी एक हैंडआउट के अनुसार, प्रधानमंत्री इमरान
ख़ान ने अफ़ग़ानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर ख़ान मुत्तकी के नेतृत्व वाले
एक प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के दौरान यह विचार रखा.
मुत्तकी अपनी तीन
दिवसीय पाकिस्तान यात्रा पर हैं. वित्त, उद्योग और वाणिज्य विभागों के कार्यवाहक
मंत्री और अफ़ग़ान प्रतिनिधिमंडल के अन्य वरिष्ठ सदस्य भी उनके साथ हैं.
प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के साथ बैठक के दौरान अफ़ग़ानिस्तान के ताज़ा हालात पर चर्चा हुई. पीएम
इमरान ख़ान ने अफ़ग़ानिस्तान के सामने आने वाली चुनौतियों को क़ाबू करने के लिए
पाकिस्तान के हर संभव समर्थन की भी बात कही.
इस बातचीत के दौरान पीएम इमरान ख़ान ने एक बार
फिर इस बात पर ज़ोर दिया कि व्यापक क्षेत्र में शांति और स्थिरता बने रहने के लिए
पड़ोसी मुल्क अफ़ग़ानिस्तान में शांति, स्थिरता
होना ज़रूरी है.
प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी बयान में कहा
गया है कि इमरान ख़ान ने ज़ोर देकर कहा कि सुरक्षा,आतंकवाद
विरोधी कार्रवाई, लोगों के अधिकारों और सम्मान, समावेशी शासन अफ़ग़ानिस्तान में स्थिरता लाने में मददगार साबित होगा.
उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि अंतरिम
अफ़ग़ान सरकार अंतरराष्ट्रीय समुदाय को संरचनात्मक रूप से शामिल करना जारी रखेगी
और मौजूदा चुनौतियों से निपटने के लिए सकारात्मक कदम उठाएगी.
पीएम इमरान ख़ान ने कहा, "पाकिस्तान लगातार अफ़ग़ानिस्तान को तुरंत राहत के लिए प्रावधान की मांग करता
रहा है."
उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान में आर्थिक मंदी को
रोकने के लिए बैंकिंग लेनदेन की सुविधा की तत्काल शुरू किये जाने की बात भी कही.
पाकिस्तान और अफ़ग़ान के संबंधों पर टिप्पणी
करते हुए इमरान ख़ान ने कहा कि आने वाले समय में सर्दियों के कठोर मौसम का सामना
करने के लिए मानवीय सहायता सहित हर संभव मदद के अपने वादे पर पाकिस्तान क़ायम है.
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पहले से दी जा रही
सहायता के अलावा, अफ़ग़ानिस्तान के लिए गेहूं, चावल, आपातकालीन चिकित्सा मदद और दूसरी आवश्यक
खाद्य सामग्री मुहैया कराएगा.
प्रधानमंत्री ने अफ़ग़ानिस्तान की तरक्की और समृद्धि को बढ़ावा देने के प्रयास
के तहत लोगों की आवाजाही, व्यापार और क्षेत्रीय संपर्क को सुविधाजनक
बनाने के लिए साथ मिलकर काम करने के महत्व पर भी ज़ोर दिया.