अमेरिकी पत्रकार डैनी फ़ेनस्टर को म्यांमार में 11 साल की जेल
म्यांमार की एक फ़ौजी अदालत ने अमेरिकी पत्रकार डैनी फ़ेनस्टर को 11 साल जेल की सज़ा सुनाई है. फ़ेनस्टर को इमिग्रेशन कानून के उल्लंघन और सेना के ख़िलाफ़ असंतोष को प्रोत्साहित करने का दोषी पाया गया है.
इसी हफ़्ते उन पर देशद्रोह और आतंकवाद के दो अतिरिक्त अभियोग भी लगाए गए हैं. इन नए मामलों में अधिकतम सज़ा आजीवन कारावास है. नए आरोपों पर फ़ैसला नहीं आया है.
फ़ेनस्टर ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल फ्रंटियर म्यांमार के प्रबंध संपादक हैं और उन्हें मई में यांगून अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया था.
फ़ेनस्टर की तरह और भी कई पत्रकार हैं जिन्हें इस वर्ष फरवरी में सैन्य तख्तापलट के बाद से हिरासत में लिया गया है.
फ्रंटियर के अनुसार, फ़ेनस्टर इससे पहले स्वतंत्र समाचार साइट म्यांमार नाउ में काम करते थे. ये आरोप उस दौरान के काम पर ही लगाए गए थे.
फ़्रंटियर ने अपने बयान में कहा, “ ये सारे अभियोग इस बात पर आधारित हैं कि वे प्रतिबंधित मीडिया हाउस म्यामांर नाउ के लिए काम करते थे. डैनी ने जुलाई 2020 में म्यांमार नाउ से इस्तीफ़ा दे दिया था और अगले महीने उन्होंने फ़्रंटियर में नौकरी ज्वाइन कर ली थी. मई 2021 में गिरफ़्तारी के वक़्त वे नौ महीने से हमारे साथ काम कर रहे थे. उन्हें इस अभियोग में दोषी पाया जाना निराधार है."
अमेरिका फ़ेनस्टर की रिहाई की कोशिशें करता रहा है. म्यामांर में अमेरिकी दूतावास ने इस सज़ा पर फ़िलहाल को प्रतिक्रिया नहीं दी है.
म्यामांर की सत्तारूढ़ सैन्य परिषद ने भी कोई बयान जारी नहीं किया है.
फ़रबरी 2021 में सैन्य तख़्तापलट के बाद म्यामांर में हालात बद से बदतर होते गए हैं. पूर्व सरकार की नेता आंग सान सू ची समेत कई बड़े सियासतदान जेल में हैं.