You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा- पति को सिर्फ पत्नी के पैसे में दिलचस्पी, तलाक़ मंज़ूर किया

दिल्ली हाईकोर्ट ने पति द्वारा मानसिक क्रूरता के आधार पर एक जोड़े को तलाक की मंजूरी दे दी है.

लाइव कवरेज

  1. भारत-चीन सीमा विवाद पर किरेन रीजीजू ने कांग्रेस के आरोपों का दिया जवाब

    केंद्रीय क़ानून मंत्री किरेन रीजीजू ने कांग्रेस द्वारा कथित तौर पर भारत-चीन सीमा पर एक विदेशी मीडिया की रिपोर्ट का इस्तेमाल कर सरकार की “विश्वस्नीयता” पर सवाल उठाने की आलोचना की है.

    उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, "प्रिय कांग्रेसियों, चीन सीमा मुद्दे पर बोलने से पहले कांग्रेस सरकार के रक्षा मंत्री की बात सुनें."

    रीजीजू ने पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी का साल 2013 में लोकसभा में दिया एक भाषण शेयर किया जिसमें वो कई सालों तक सीमावर्ती इलाकों में विकास का काम नहीं किए जाने की नीति की बात कर रहे हैं.

    वीडियो में एके एंटनी कह रहे हैं, "एक कम डेवलप बॉर्डर, अधिक डेवलब बॉर्डर से अधिक सुरक्षित है."

    वो कहते हैं कि एक ओर भारत ने अपनी सीमा पर विकास नहीं किया है, वहीं चीन ने सीमा पर बहुत विकास किया है.

    रीजीजू ने लिखा कि कुछ शरारती मीडिया संस्थानों ने बड़े अक्षरों में लिखा कि "चीन ने अरुणाचल में एक गांव बना लिया है" और फिर कहीं छोटा सा लिखा कि "इलाके पर चीन ने 1959 में कब्ज़ा किया था." इनका इरादा क्या है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक कांग्रेस ने शनिवार को प्रधानमंत्री से कहा था कि वो ये "क्लीन चिट वापस" ले कि चीन भारत के इलाके में नहीं घुसा. कांग्रेस ने पेंटागन की एक रिपोर्ट का हवाला दिया था जिसमें लिखा था कि चीन अरुणाचल प्रदेश में 4.5 किलोमीटर अंदर घुस गया है.

    रीजीजू ने कहा कि “ये लोग” भारतीय सेना पर विश्वास नहीं करते और एक विदेशी स्टोरी “जिसकी हेडलाइन भ्रामक है उसका इस्तेमाल कर सरकार की विश्वसनीयता और सेना की ताकत पर सवाल उठाते हैं, देश का विश्वास कमज़ोर करने के मकसद से.”

  2. उत्तर प्रदेश: फर्रूखाबाद जेल में आगजनी, 30 पुलिसकर्मी और 6 क़ैदी घायल

    उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद ज़िला जेल में एक क़ैदी की मौत के बाद वहां आगजनी की रिपोर्टें मिल रही हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने सरकारी अधिकारियों के हवाले से बताया है कि क़ैदी की मौत के बाद दूसरे क़ैदियों ने सुरक्षाकर्मियों पर पत्थरबाज़ी की और जेल के भीतर आग लगा दी.

    इस घटना में लगभग 30 पुलिसकर्मी और छह क़ैदी घायल हो गए. जेल अधिकारियों ने बताया कि क़ैदियों ने सैफ़ई मेडिकल कॉलेज में इलाज करा रहे साथी क़ैदी की मौत की ख़बर मिलने पर पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया.

    उस क़ैदी की मौत डेंगू की वजह से हुई थी. क़ैदियों ने जेल के भीतर आगजनी भी की जिसके बाद दमकल की गाड़ी बुलाई गई. हालात पर काबू पाने के लिए भारी संख्या में पुलिस बलों को तैनात किया गया है.

    फर्रूखाबाद ज़िले के एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि पत्थरबाज़ी की घटना में 30 पुलिसकर्मी घायल हो गए लेकिन अब वहां हालात नियंत्रण में है. उन्होंने बताया कि डिप्टी जेलर भी घायल लोगों में शामिल हैं.

    इस बीच ज़िलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने कहा है कि घटना की जांच के बाद दोषी लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी.

  3. चीन के नए लड़ाकू विमान की ट्रेनिंग शुरू, जो इलेक्ट्रॉनिक वारफ़ेयर में है माहिर

    चीन की सरकारी न्यूज़ वेबसाइट ग्लोबल टाइम्स ने रविवार को दावा किया है कि चीनी सरकार ने अपने एक विशेष लड़ाकू विमान जे-16 डी को असल युद्ध की स्थितियों का सामना करने के लिए रियल कॉम्बेट ट्रेनिंग पर भेज दिया है.

    बताया जा रहा है कि ये लड़ाकू विमान चीन के जे-20 स्टेल्थ लड़ाकू विमान के साथ मैदान में उतरेगा.

    एक चीनी सैन्य विशेषज्ञ ने नाम न छापने की शर्त पर ग्लोबल टाइम्स को बताया है कि वास्तविक युद्ध-उन्मुख अभ्यास में तैनात होने का मतलब है कि पीएलए वायु सेना ने इस विमान को समझ लिया है और अब यह युद्ध जैसी स्थितियों के लिए तैयार हो रहा है.

    एक विशेषज्ञ ने तो यहां तक कहा है कि अगर ये विमान फिलहाल युद्ध के लिए तैयार न हो लेकिन जल्द ही हो जाएगा.

    चीन के एक अन्य मीडिया समूह सीसीटीवी ने भी चीनी सेना से जुड़े सूत्रों के आधार पर बीते शनिवार बताया है कि दक्षिणी चीन के झुहाई में सितंबर के आख़िरी और अक्टूबर के पहले हफ़्ते में हुए एयरशो में सबके सामने आने के बाद से जे-16 डी रियल कॉम्बेट ड्रिल्स में हिस्सा ले रहा है.

    इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर में माहिर

    ग्लोबल टाइम्स की ख़बर के मुताबिक़, ये विमान इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर में माहिर है.

    ऐसा माना जा रहा है कि ये विमान अन्य युद्धक विमानों के साथ काम करते हुए एक पूर्ण एविएशन इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सिस्टम बनाएगा और पीएलए एयरफोर्स की क्षमताओं में इज़ाफा करेगा. क्योंकि इस विमान के साथ वे एक जानी पहचानी स्थितियों में युद्धक अभियानों को अंजाम दे पाएंगे.

    बता दें कि इलेक्ट्रॉनिक वार फेयर के लिए ज़रूरी उपकरणों से लैस विमान दुश्मन के राडार और अर्ली वॉर्निंग एयरक्राफ़्ट पर हमला बोल सकते हैं.

    सीसीटीवी ने चीनी सैन्य विशेषज्ञ वांग मिंगझी के हवाले से बताया है कि ये विमान जे-16 के मॉडल पर विकसित ट्विन-सीट, ट्विन इंजन हैवी फाइटर जेट है.

    इस विमान की सबसे ख़ास बात ये है कि ये अपने पंखों और विमान के नीचे कई उपकरणों को ले जा सकता है जिसमें छोटे पॉड और बड़े पॉड शामिल हैं.

    इन पॉड्स में इलेक्ट्रॉनिक निगरानी, संचार व्यवधान और रडार जैमिंग डिवाइस समेत कई युद्धक उपकरण मौजूद होंगे.

    इसके साथ ही इसमें हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें भी शामिल होंगी जो कि विमान को ख़ास बनाती हैं.

    चीनी लड़ाकू विमान जे-20 भी दुश्मन के राडार को निशाना बनाने के लिए मुफीद हैं. लेकिन जहां एक ओर जे-20 को राडार को चकमा दे सकता है, वहीं जे-16 डी राडार सिस्टम को नाकाम बना सकता है.

    वांग मिंगझी कहते हैं कि अगर दोनों एयरक्राफ़्ट एक साथ उतार जाएं तो इनकी युद्धक क्षमता काफ़ी बढ़ जाएगी.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, अनिल देशमुख 12 नवंबर तक ईडी की हिरासत में भेजे गए, विशेष अदालत का आदेश रद्द

    बॉम्बे हाई कोर्ट ने महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख को वसूली मामले में 12 नवंबर तक प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हिरासत में भेज दिया है.

    हाई कोर्ट ने विशेष अदालत के आदेश को रद्द करते हुए प्रवर्तन निदेशालय के पास उनकी हिरासत बढ़ा दी है.

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अनिल देशमुख को प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में एक नवंबर को गिरफ़्तार किया था. उन्हें छह नवंबर तक प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में रखने का आदेश दिया गया था.

    लेकिन, शनिवार को विशेष अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत को आगे बढ़ाने से इनकार करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. इसके बाद उन्हें आर्थर रोड जेल लाया गया था.

    लेकिन, अब ये आदेश बॉम्बे हाईकोर्ट ने पलट दिया है जिससे अनिल देशमुख की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.

    अनिल देशमुख पर मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह के वसूली के आरोपों के बाद गिरफ़्तार किया गया था.

    परमबीर सिंह ने आरोप लगाया था कि अनिल देशमुख ने निलंबित मुंबई पुलिस अधिकारी सचिन वाझे को बार और रेस्टोरेंट से 100 करोड़ रुपये की वसूली करने के लिए कहा था.

    मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटक सामग्री बरामद होने और इस मामले में पुलिस अधिकारी सचिन वाझे की भूमिका और उनके आरोपों के बाद महाराष्ट्र के गृह मंत्री रहे अनिल देशमुख को अपने पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा था.

  5. नवाब मलिक का नया आरोप- समीर वानखेड़े आर्यन ख़ान के अपहरण और फ़िरौती की साज़िश में शामिल

    महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने एक बार फिर रविवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस करके एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

    नेशनल नारकोटिक्स ब्यूरो के मुंबई ज़ोन के निदेशक समीर वानखेड़े पिछले हफ़्ते तक आर्यन ख़ान ड्रग्स केस समेत कई अहम मामलों की जांच कर रहे थे.

    नवाब मलिक ने वानखेड़े पर लगाए ताज़ा आरोपों में कहा है कि समीर वानखेड़े बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख़ ख़ान के बेटे आर्यन ख़ान के अपहरण के एक बड़े षड्यंत्र का हिस्सा हैं.

    उन्होंने कहा है कि वानखेड़े और बीजेपी नेता मोहित कंबोज ने आर्यन ख़ान का अपहरण करने की कोशिश की और फिरौती की मांगी की.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए मलिक ने कहा, “आर्यन ख़ान ने क्रूज़ पार्टी के लिए टिकट नहीं ख़रीदा था. ये अपहरण और फिरौती का मामला है.”

    उन्होंने ये भी कहा कि कुछ लोगों द्वारा साज़िश रची गयी थी ताकि आर्यन ख़ान जैसे लोगों को क्रूज़ शिप पर लाया जाए और उन्हें ड्रग्स केस में फंसाया जाए.

    वह कहते हैं, “मोहित कंबोज और समीर वानखेड़े ओशिवारा कब्रिस्तान के बाद 7 अक्टूबर की रात मिले थे. इसके बाद वानखेड़े ने घबराकर पुलिस से शिकायत की कि उनका पीछा किया जा रहा है."

    "वे किस्मत वाले थे जो वहां का नज़दीकी सीसीटीवी काम नहीं कर रहा था और इस वजह से हमें वीडियो नहीं मिला.”

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू, पीएम मोदी समेत वरिष्ठ नेता मौजूद

    बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक रविवार को दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में हो रही है.

    इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी वर्चुअली इसमें शामिल हो रहे हैं.

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बैठक में पहुंचे हैं.

    माना जा रहा है कि इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के अलावा उप-चुनाव में बीजेपी को मनचाहे परिणाम न मिलने पर भी चर्चा होगी.

  7. राहुल गांधी ने बताया, प्रधानमंत्री बनकर सबसे पहला काम क्या करेंगे?

    पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार सुबह एक वीडियो जारी किया है जिसमें वह ये बताते दिख रहे हैं कि वह प्रधानमंत्री बनकर सबसे पहला काम क्या करेंगे.

    बता दें कि राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी ने इस बार दिवाली कन्याकुमारी के सेंट जोसेफ़ मैट्रिक हायर सेकेंडरी स्कूल के स्टूडेंट्स और टीचर्स के साथ मनाई है.

    राहुल गांधी ने इस साल की शुरुआत में तमिलनाडु चुनाव के लिए प्रचार करते हुए इस स्कूल का दौरा किया था.

    इस दौरान राहुल गांधी ने इसी स्कूल में पुश-अप चैलेंज स्वीकार किया था.

    'प्रधानमंत्री बनने' वाले सवाल का जवाब

    स्कूल से जुड़े लोगों के साथ मीटिंग पर राहुल गांधी ने ट्वीट किया है.

    उन्होंने लिखा है, “कन्याकुमारी के मुलागुमूडु में स्थित सेंट जोसेफ़ हायर सेकेंडरी स्कूल के दोस्तों के साथ डिनर और बातचीत की. इनके यहां आने से दिवाली और भी ख़ास बन गयी. संस्कृतियों का ये मिलन ही हमारे देश की सबसे बड़ी ताक़त है और हमें इसे संरक्षित करना चाहिए.”

    लेकिन इसी दौरान एक शख़्स ने उनसे पूछा कि अगर वह प्रधानमंत्री बनते हैं तो उनकी सरकार का पहला काम क्या होगा.

    इसके बाद राहुल गांधी ने बिना हिचके हुए कहा कि वह महिला आरक्षण देंगे.

    इसके साथ ही वीडियो में एक मौके पर राहुल गांधी ये कहते हुए नज़र आए कि वह अपने बच्चे को विनम्रता सिखाएंगे क्योंकि विनम्रता से आपको समझ मिलती है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना अपडेट: बीते 24 घंटों में 10 हज़ार से ज़्यादा नए मामले, 526 लोगों की मौत

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह जारी की गई सूचना के मुताबिक़, बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 10,853 मामले सामने आए हैं.

    इसके साथ ही बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के चलते 526 लोगों की मौत हुई है.और ठीक होने वाले लोगों की संख्या 12,432 है.

    फिलहाल कुल संक्रमित लोगों की संख्या 1,44,845 है. इसके साथ ही अब तक कुल 1,08,21,66,365 टीके लगाए गए हैं.

  9. न्यूज़ीलैंड में आज से लागू होगा इच्छा-मृत्यु वाला क़ानून

    न्यूज़ीलैंड में रविवार सुबह से इच्छा मृत्यु को एक क़ानूनी आधार मिल गया है.

    इसके साथ ही न्यूज़ीलैंड उन चुनिंदा मुल्कों में शामिल हो गया है जहां इच्छा मृत्यु को क़ानूनी दर्जा हासिल है. इनमें स्विट्ज़रलैंड, नीदरलैंड, स्पेन, बेल्जियम, लग्ज़मबर्ग, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और कोलंबिया शामिल है.

    इन देशों में मरने में सहयोग करने को लेकर अलग-अलग नियम एवं शर्तें बनाई गयी हैं.

    न्यूज़ीलैंड में इस क़ानून के तहत इच्छा मृत्यु का चुनाव करने के लिए किसी भी व्यक्ति का टर्मिनल इलनैस, यानी ऐसी बीमारी जो कि अगले छह महीनों में जीवन ख़त्म कर दे, से पीड़ित होना ज़रूरी है.

    इस प्रक्रिया के लिए कम से कम दो डॉक्टरों की सहमति आवश्यक है.

    हाल ही में इच्छा मृत्यु के मुद्दे पर हुए जनमत संग्रह में 65 फीसदी से ज़्यादा वोट इस क़ानून के पक्ष में गए हैं.

    न्यूज़ीलैंड में एक लंबे समय से इस मुद्दे पर बहस जारी थी.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, इराक़ के प्रधानमंत्री आवास पर विस्फोटक लदे ड्रोन से हमला, पीएम मुस्तफ़ा अल-कदीमी सुरक्षित

    इराक़ के प्रधानमंत्री मुस्तफ़ा अल-कदीमी के आधिकारिक आवास पर रविवार सुबह एक विस्फोटक लदे ड्रोन से हमला किए जाने की ख़बर आ रही है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, रविवार सुबह किए गए इस हमले में प्रधानमंत्री आवास को निशाना बनाया गया है.

    इराक़ी सेना ने बताया है कि ये हमला प्रधानमंत्री की हत्या करने का एक प्रयास था लेकिन वह पूरी तरह सुरक्षित हैं.

    इराक़ी सेना की ओर से जारी एक अन्य बयान में ये भी बताया गया है कि ये हमला इराक़ की राजधानी बग़दाद के ग्रीन ज़ोन इलाके में हुआ है. इसके अतिरिक्त सेना की ओर से कोई अन्य जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गयी है.

    इराक़ सरकार के दो अधिकारियों ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया है कि प्रधानमंत्री आवास पर कम से कम एक धमाका हुआ है. इन्होंने भी प्रधानमंत्री के सुरक्षित होने की पुष्टि की है.

    प्रधानमंत्री ने खुद को बताया सुरक्षित

    इसके साथ ही प्रधानमंत्री मुस्तफ़ा अल-कदीमी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करके शांति बनाए रखने की अपील की है और खुद को सुरक्षित बताया है.

    अब तक किसी भी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

    ग्रीन ज़ोन में रह रहे पश्चिमी देशों के राजनयिकों ने बताया है कि उन्होंने इस क्षेत्र में धमाकों और गोलीबारी की आवाज़ें सुनी हैं.

    पिछले कुछ दिनों से ग्रीन ज़ोन के बाहर ईरान समर्थित हथियारबंद संगठनों के समर्थक सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.

    ये प्रदर्शनकारी पिछले महीने आए आम चुनाव के नतीजों का विरोध कर रहे हैं जिनकी वजह से उनकी संसदीय ताकत को चोट पहुंची है.

  11. जर्मनी में एक चलती ट्रेन में चाकू से किया गया हमला, तीन लोग गंभीर रूप से जख़्मी

    जर्मनी में एक हाई स्पीड ट्रेन में चाकू से किए गए हमले में तीन लोग गंभीर रूप से जख़्मी हुए हैं.

    ये घटना जर्मनी के दक्षिणी हिस्से में हुई जब ट्रेन वावेरिया के नुरेमबर्ग शहर से होकर रीगन्सबर्ग को जा रही थी.

    इस मामले में पुलिस ने कथित हमलावर को गिरफ़्तार कर लिया है जिसे 27 वर्षीय सीरियाई व्यक्ति बताया जा रहा है.

    हमले के बाद सैकड़ों यात्रियों को रेस्क्यू किया गया है.

    हालांकि, इस हमले की वजह अभी तक अस्पष्ट हैं.

  12. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. छह नवंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.