You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की एकतरफ़ा जीत तो असम में बीजेपी गठबंधन ने सबको किया साफ़

पश्चिम बंगाल में टीएमसी और असम में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने विधानसभा उप-चुनावों में एकतरफ़ा जीत दर्ज की है. ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस ने चारों सीटों पर जीत दर्ज की है जिसमें से उसने दो सीटों को बीजेपी से छीन भी लिया है.

लाइव कवरेज

पवन सिंह अतुल, अभिजीत श्रीवास्तव and अनंत प्रकाश

  1. महाराष्ट्र: पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख शनिवार तक ईडी की हिरासत में रहेंगे

    महाराष्ट्र की एक अदालत ने मंगलवार को राज्य के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को आगामी छह नवंबर तक के लिए प्रवर्तन निदेशालय की कस्टडी में भेज दिया है.

    देशमुख बीते सोमवार को अचानक प्रवर्तन निदेशालय के दफ़्तर पहुंचे थे. इसके बाद ईडी के अधिकारियों ने लगातार 9 घंटे तक पूछताछ करने के बाद उन्हें गिरफ़्तार कर लिया था.

    इसके बाद मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें मुंबई की एक अदालत के समक्ष पेक्ष किया था जिसने उन्हें छह नवंबर तक के लिए कस्टडी में भेजने का फैसला दिया.

    प्रवर्तन निदेशालय देशमुख के दो निजी सहयोगियों संजय पलांडे और कुंदन शिंदे को पहले ही गिरफ़्तार कर चुकी है.

    ईडी ने बताया, देशमुख प्रमुख सूत्रधार

    प्रवर्तन निदेशालय ने संजय पलांडे और कुंदन शिंदे की कस्टडी लेने के लिए 14 सूत्री दावे किए थे.

    इन दावों में प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने बताया था कि -

    • अनिल देशमुख इस साजिश में मुख्य सूत्रधार हैं.
    • पलांडे ने अपने उत्तर में बताया कि आईपीएस अफसरों के तबादले के पीछे अनिल देशमुख थे.
    • सभी लेनदेन नकदी में हुए.
    • संजय पलांडे और कुंदन शिंदे मध्यस्थ हैं
    • धनराशि पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख के पास जा रही थी.
    • अनिल देशमुख के परिवार से जुड़ी 11 कंपनियों की सीधी एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ी 13 कंपनियां जांच के घेरे में हैं.
    • जांच में सामने आया है कि धनराशि अनिल देशमुख की अप्रत्यक्ष मिल्कियत वाली कंपनी से उनकी प्रत्यक्ष मिल्कियत वाली कंपनी में गयी.
    • ये मनी लॉन्ड्रिंग का एक तरीका है.
    • सचिन वाजे के मुताबिक़, उन्हें कुछ मामलों में सीधे अनिल देशमुख से आदेश मिल रहे थे.
    • वाजे ने बताया कि उन्होंने अनिल देशमुख के आदेश पर कुंदन शिंदे को 4.7 करोड़ रुपये दिए.
    • अनिल देशमुख की श्री साईं शिक्षण संस्था में 4.18 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए. दिल्ली की जिस कंपनी ने पैसे दिए, वह सिर्फ कागजों पर दर्ज है.
    • दिल्ली से नागपुर पैसा हवाला के रास्ते लाया गया.
    • अनिल देशमुख को 4.7 करोड़ रुपये की रिश्वत बार मालिकों से मिली.
    • पैसे को ऋषिकेश देशमुख की मदद से दिल्ली स्थित कंपनियों को देकर साईं शिक्षण संस्था में लाया गया
  2. राहुल गांधी ने ट्रोलिंग पर विराट कोहली को क्या सलाह दी?

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली की हिमायत में एक ट्वीट किया है. टी 20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान से हारने के बाद से ही विराट कोहली सोशल मीडिया कई लोगों के निशाने पर हैं.

    कुछेक ने उनका परिवार पर भी अभद्र टिप्पणियां की हैं.

    थोड़ी देर पहले राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा -

    प्रिय विराट,

    ये लोग नफ़रत से भरे हुए हैं क्योंकि कोई उन्हें प्यार नहीं देता.

    उन्हें माफ़ कर दें.

    टीम की रक्षा करें.

    टी 20 वर्ल्ड कप भारत अपने पहले ही मैच में पाकिस्तान से दस विकेट से हार गया था. उस मैच के बाद से ही सोशल मीडिया पर लोग भारतीय कप्तान पर फ़ब्तियां कस रहे हैं.

    कुछ कमेंट अभद्र भी हैं. दिल्ली महिला आयोग ने आज सुबह ही, साइबर क्राइम ब्रांच को नोटिस भेज कर ऐसे ही एक कमेंट कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है.

  3. उप चुनाव 2021: बंगाल में टीएमसी, हिमाचल में कांग्रेस और मध्य प्रदेश में बीजेपी छाई

    बीती 30 अक्टूबर को देश की तीन लोकसभा और 29 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे. इनके वोटों की गिनती मंगलवार सुबह से जारी है.

    विधानसभा सीटों की बात की जाए तो हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने तीनों सीटों पर जीत हासिल करने का दावा किया है.

    वहीं, पश्चिम बंगाल में टीएमसी ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है और चौथी सीट पर वह आगे चल रही है.

    बिहार में कुशेश्वरस्थान विधानसभा सीट पर जदयू और तारापुर विधानसभा सीट पर राजद आगे चल रही है.

    बंगाल में तृणमूल एक तरफा जीत की ओर

    पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी विपक्षी प्रत्याशियों पर बहुत भारी पड़ रही है. चार सीटों पर हुए उप चुनावों में टीएमसी का वोट शेयर 75 फीसदी है.

    टीएमसी ने दिनहाटा, गोसाबा और खरदहा सीटों पर जीत दर्ज कर ली है. वहीं, चौथी सीट सांतिपुर में भी वह आगे चल रही है.

    हिमाचल और राजस्थान में कांग्रेस की भारी जीत

    कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की तीनों सीटों फतेहपुर, जुब्बाल-कोठखाई और अर्की पर जीत हासिल करने का दावा किया है.

    राज्य की मंडी लोकसभा सीट पर पार्टी की प्रतिभा सिंह विजयी रही हैं. वे हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं. हाल ही में वीरभद्र सिंह का निधन हो गया था.

    राजस्थान में कांग्रेस ने धारियावाड़ सीट पर जीत हासिल की है और वल्लभनगर सीट पर आगे चल रही है.

    वहीं मध्य प्रदेश में दो सीटों पर बीजेपी और एक पर कांग्रेस प्रत्याशी आगे चल रहे हैं. तेलंगाना की एक सीट पर बीजेपी आगे है.

    विधानसभा उपचुनाव में असम की पांच, पश्चिम बंगाल की चार, मध्यप्रदेश, मेघालय और हिमाचल की तीन-तीन, राजस्थान, बिहार और कर्नाटक की दो-दो, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, मिजोरम और तेलंगाना की एक-एक सीट पर वोट डाले गए थे.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, अफ़ग़ानिस्तान: काबुल में दो धमाकों में 15 लोगों की मौत, 34 घायल

    अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में दो शक्तिशाली विस्फोट हुए हैं. तालिबान के एक प्रवक्ता ने कहा है कि पहला विस्फोट सरदार दाऊद ख़ान अस्पताल के सामने हुआ है.

    प्रवक्ता ने कहा कि दूसरा धमाका भी इसी इलाक़े में हुआ है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, तालिबान से जुड़े सुरक्षा अधिकारियों ने बताया है कि इस धमाके में अब तक कुल 15 लोगों की मौत हुई है और 34 लोग घायल हुए हैं.

    कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि उन्होंने इलाके से गोलियों की आवाज़ें भी सुनी हैं. अस्पताल के स्टाफ़ का कहना है कि अंदर जबरदस्त लड़ाई हो रही है.

    अस्पताल में मौजूद डॉक्टर ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया, "मैं अस्पताल के अंदर हूँ. मैंने एक बड़ा धमाका सुना है. हमें सुरक्षित कमरों में जाने के लिए कहा गया है. मैं अब भी गोलियों की आवाज़ सुन सकता हूँ."

    तालिबान सरकार के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता क़ारी सईद ख़ोस्ती विस्फोट वाली जगह पर पहुँच गए हैं.

    उन्होंने मीडिया को बताया है कि धमाके में लोग हताहत हुए हैं पर इस बारे में जानकारी बाद में शेयर की जाएगी

  5. बीजेपी में शामिल हुए सपा विधायक सुभाष पासी

      • Author, अनंत झणाणे
      • पदनाम, लखनऊ से, बीबीसी हिंदी के लिए

    उत्तर प्रदेश में जैसे - जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे - वैसे राजनीतिक उथल-पुथल बढ़ती जा रही है. पिछले कुछ हफ़्तों में सपा, बसपा और भाजपा समेत अन्य दलों के विधायकों का अपने दलों को छोड़कर दूसरे दलों में शामिल होना जारी है.

    ग़ाज़ीपुर के सैदपुर विधानभवन से दो बार के विधायक रह चुके सुभाष पासी ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा का हाथ थामा है.

    कौन हैं सुभाष पासी

    सैदपुर विधानभवन सीट बिलकुल बनारस से सटी हुई है. सुभाष पासी समाजवादी पार्टी का एक दलित चेहरा हैं. वह साल 2012 के विधानसभा चुनाव से लगातार दो विधायक रह चुके हैं. इन दोनों चुनावों में वह भारी मतों से दलित और यादव बिरादरी के वोटों से जीतते आ रहे हैं.

    2017 के चुनाव में उन्होंने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विद्यासागर सोनकर को हराया था.

    सपा ने किया निष्कासित

    मंगलवार को उनके भाजपा में शामिल होने के महज़ एक घंटे पहले समाजवादी पार्टी ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया. यह जानकारी पार्टी ने ट्विटर पर अपने पार्टी के हैंडल से दी.

    सुभाष पासी की सैदपुर विधानसभा एक आरक्षित सीट है जहाँ यादव और दलित बिरादरी दोनों का बाहुल्य हैं.

    यह सीट 2012 में आरक्षित हुई और तभी से सुभाष पासी लगातार सपा से विधायक चुनकर आ रहे हैं.

    चुनावी माहौल में दलबदल का सिलसिला पिछले हफ़्ते समाजवादी पार्टी से शुरू हुआ जब भाजपा के विधायक राकेश राठौड़ और बसपा के 8 विधायकों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली थी.

  6. केदारनाथ पहुंचे सिद्धू और चन्नी, सुनील जाखड़ ने कहा ‘सियासी तीर्थयात्री’

    पंजाब कांग्रेस में तनाव की ख़बरों के बीच मुख्यमंत्री चरणदीप सिंह चन्नी मंगलवार र केदारनाथ यात्रा करने के लिए देहरादून पहुंचे. दिलचस्प बात ये है कि उनके साथ कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू और कांग्रेस राज्य प्रभारी हरीश चौधरी भी मौजूद थे.

    सिद्धू ने बीते सोमवार पंजाब सरकार द्वारा बिजली दरें कम करने के फैसले की आलोचना करते हुए इसे चुनाव से पहले लॉलीपॉप देना करार दिया था. इसे सिद्धू के अपनी ही सरकार के ख़िलाफ़ हमले के रूप में देखा जा रहा था. लेकिन सोमवार को उत्तराखंड में दोनों नेता एक साथ नज़र आए.

    सिद्धू ने सितंबर में अचानक पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. वे राज्य की कांग्रेस सरकार की कुछ नियुक्तियों पर अहमसत बताए जा रहे थे.

    सिद्धू ने केदारनाथ के लिए निकलने से पहले देहरादून में कहा, "कर्तव्य पथ से बड़ा कोई धर्मयुद्ध नहीं है. ग़रीबों का पेट भरना, ख़ुशियां बांटना धर्म है. यही महादेव का संदेश है. तो मैं यहां यही आशीर्वाद लेने आया हूं कि मैं ख़ुद के कल्याण को पंजाब के कल्याण में समाहित कर पाऊं."

    केदारनाथ से सिद्धू ने एक तस्वीर ट्वीट की और लिखा 'हर हर महादेव'

    जाखड़ की चुटकी

    इस यात्रा पर पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ ने तंज़ कसते हुए ट्वीट किया है. जाखड़ ने लिखा, “सियासी तीर्थयात्री. लेकिन हर कोई अलग ही देवता को खुश करने की कोशिश कर रहा है.”

    इसके बाद जाखड़ पंजाब में लिखा है - मैं तो पीर मनाने जा रही हूँ….पर सवाल ये है कि कौन-सा पीर?

    जाखड़ ने अपने ट्वीट के साथ फ़ोटो भी शेयर की है जिसमें सिद्धू, चन्नी, हरीश रावत और हरीश चौधरी बैठे हैं.

    पंजाब के मुख्यमंत्री पद से अमरिंदर सिंह के इस्तीफ़े के बाद सुनील जाखड़ भी सीएम बनने की दौड़ में शामिल थे. लेकिन सबको हैरान करते हुए कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम के पद के लिए चुन लिया था.

  7. दिल्ली महिला आयोग का दिल्ली पुलिस को नोटिस, कोहली की बेटी को धमकी का मामला

    दिल्ली महिला आयोग ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली की बेटी पर सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी किए जाने पर दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच को चिट्ठी लिखी है..

    इस मामले पर स्वत संज्ञान लेते हुए आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने आठ नवंबर तक, इस मामले में एफ़आईआर की कॉपी, अभियुक्तों और गिरफ़्तार हुए लोगों की विस्तृत जानकारी मुहैया करवाने का अनुरोध किया है.

    टी 20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान से हारने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोग भारतीय खिलाड़ियों और विशेषकर कप्तान कोहली पर सख़्त टिप्पणिया करते रहे हैं.

    स्वाति मालीवाल ने एक वीडियो में कहा, “मुझे पता चला है कि विराट कोहली की नौ महीने की बच्ची को कुछ लोग रेप की धमकी दे रहे हैं क्योंकि इंडिया क्रिकेट में पाकिस्तान से हार गई. और क्योंकि कोहली मोहम्मद शमी के समर्थन में उतरे, जब शमी को उनके धर्म की वजह से टार्गेट किया गया..इससे अधिक शर्म की बात क्या हो सकती है?”

    मालीवाल ने कहा कि दिल्ली महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है और वो चाहती हैं कि इस केस में जल्द से जल्द एफ़आईआर हो.

    मालीवाल ने कहा, “उन्हें हर हाल में तुरंत अरेस्ट करने की ज़रूरत है.”

  8. आयकर विभाग ने अजित पवार की 1000 करोड़ की संपत्ति ज़ब्त की

    मंगलवार को आयकर विभाग ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की 1000 करोड़ रुपये की संपत्ति ज़ब्त कर ली है.

    ज़ब्त की गई संपत्तियों में नरीमन पॉइंट स्थित निर्मल टावर में दफ़्तर, दिल्ली में एक फ्लैट, गोवा में एक रिज़ॉर्ट, एक चीनी मिल और कृषि भूमि शामिल है.

    कुछ दिनों पहले आयकर विभाग ने उनकी बहन के घरों और दफ़्तरों पर भी छापा मारा था.

    आयकर विभाग का दावा है कि जब्त की गई संपत्तियों को ख़रीदने के लिए पैसा अवैध तरीक़े से प्राप्त किया गया था.

    आयकर विभाग ने कुछ दिन पहले अजित पवार की कुछ संपत्तियों पर भी छापा मारा था उस दौरान 184 करोड़ रुपये की ऐसी संपत्ति मिली थी जिनका कोई ब्योरा उपलब्ध नहीं था.

    अजित पवार की संपत्तियों पर कार्रवाई के बारे में शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि, "आयकर विभाग ने कुछ दिन पहले अजित पवार से जुड़ी कुछ संपत्तियों पर छापा मारा था. यह सब सुनियोजित है. ऐसा लगता है कि यह एमवीए (महा विकास अघाड़ी) के नेताओं को परेशान करने के लिए किया जा रहा है."

    "यह सब पहले से तय है. महा विकास अघाड़ी के प्रमुख नेताओं को बदनाम किया जा रहा है."

    उन्होंने ये भी सवाल किया कि, " क्या बीजेपी के नेता जंगल में रहते हैं? क्या उन्होंने अपनी संपत्ति वैध तरीक़े से अर्जित की है?"

    अजित पवार की संपत्तियों पर पहले हुई कार्रवाई पर भी वो बोले थे. तब उन्होंने कहा था कि "यह दोयम दर्जे की राजनीति का परिचायक है."

    राउत ने ये भी कहा कि हमने भी उन्हें कई ऐसी संपत्तियों के बारे में उन्हें बताया है लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई.

    बाद में राउत ने कहा, "बीजेपी की शुरू की ये गंदी राजनीति आगे उन्हीं के ख़िलाफ़ हो जाएगी."

  9. पंजाब ने घटाई बिजली की दरें, सिद्धू ने पूछा चुनाव से ठीक पहले जनता को लॉलीपॉप क्यों?

    पंजाब में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में है.

    पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने हाल के दिनों में सरकारी कर्मचारियों को बढ़ा हुआ मंहगाई भत्ता और घरेलू बिजली दरों में तीन रुपए की कटौती जैसे फ़ैसले लिए हैं.

    बिना किसी का नाम लिए सिद्धू ने चंडीगढ़ में संयुक्त हिंदू महासभा के एक आयोजन में इशारों-इशारों में कहा कि लोगों को वोट एजेंडे पर करना चाहिए न कि ‘लॉलीपॉप’ पर.

    पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ हफ़्तों से ज़बरदस्त खींचतान चल रही है. सिद्धू ने 28 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    वे नए सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के कुछ फ़ैसलों से नाराज़ बताए गए थे. पार्टी ने अभी तक उनके इस्तीफ़ा पर कोई फ़ैसला नहीं किया है.

    सोमवार को सिद्धू ने संयुक्त हिंदू महासभा में कहा कि चाहे उनका सबकुछ लुट जाए पर वो पंजाब को अपने असली मुद्दों से भटकने नहीं देंगे. अपने भाषण के आख़िर में सिद्धू ने हाई कमान से सही नेता चुनने को भी कहा.

    सिद्धू ने कहा, “फ़ैसला इसी अदालत में होगा. ये मत सोचना की गुरू इंसाफ़ नहीं करते, गुरू इंसाफ़ करते हैं इसलिए बदली है सरकार. असली पार्टी कार्यकर्ता रेत में आभूषणों की तरह होते हैं, उन्हें पंजाब के ताज पर सजाओ. आख़िर में मैं सिर्फ़ इतना ही कहूँगा - मैं हूँ न.”

  10. कोरोना वायरस महामारी से मरने वालों की संख्या 50 लाख के पार

    जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक दुनिया भर में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 50 लाख को पार कर गई है.

    वैक्सीन ने मृत्यु दर को धीमा किया है लेकिन कुछ स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि मौतों का वास्तविक आंकड़ा इससे कहीं अधिक हो सकता है.

    दुनिया भर में जहां कोरोना के मामलों में कमी देखी जा रही है वहीं कुछ देशों में इस महीने संक्रमितों की संख्या में इज़ाफ़ा देखा गया है. अब तक पूरी दुनिया में कोरोना वायरस के 25 करोड़ से भी अधिक मामले सामने आए हैं.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अनुमान लगाया है कि इस महामारी से मरने वालों की संख्या इसके आधिकारिक आंकड़ों की तुलना में दो से तीन गुना अधिक हो सकती है.

    कोरोना महामारी से अब तक सबसे अधिक मौतें अमेरिका में हुई हैं. यहां यह आंकड़ा 745,800 से भी अधिक है.

    ब्राज़ील ने 607,824 मौतें रिकॉर्ड की हैं. लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि ये संख्या वास्तविक से कहीं कम हैं.

    हालांकि बीते दिनों मौत की दर में कमी आई है और पूरी दुनिया के मौत के आंकड़े को 40 से 50 लाख पहुंचने में 110 दिन लगे, जबकि यह आंकड़ा 30 से 40 लाख केवल 90 दिनों में पहुंच गया था.

    वैक्सीन से मौतों की संख्या में निश्चित तौर पर कमी आई है लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि महामारी अभी ख़त्म नहीं हुई है.

    बीते हफ़्ते रूस में दैनिक कोरोना वायरस के मामलों में इज़ाफ़ा देखा गया. यहां इस महामारी के शुरू होने के बाद से एक दिन में सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए.

  11. उपचुनाव नतीजों के रुझानः मंडी लोकसभा सीट पर बीजेपी-कांग्रेस में कांटे की टक्कर

    30 अक्तूबर को तीन लोकसभा और 29 विधानसभा सीटों पर देश भर में हुए उपचुनाव में आज नतीजे का दिन है.

    वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है और शुरुआती रुझान भी आने लगे हैं.

    तीन लोकसभा सीटों में से एक पर शिवसेना, एक पर बीजेपी प्रत्याशी आगे चल रहे हैं.

    हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट पर बीजेपी के ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर और कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के बीच कांटे की टक्कर चल रही है. फिलहाल कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह बीजेपी के ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर से क़रीब चार हज़ार वोटों से आगे चल रही हैं.

    मध्य प्रदेश की खंडवा लोकसभा सीट पर बीजेपी के ज्ञानेश्वर पाटिल ने कांग्रेस के राजनारायण सिंह पर क़रीब आठ हज़ार वोटों की बढ़त बना ली है.

    दादर नगर हवेली से शिवसेना प्रत्याशी कलाबेन देलकर बीजेपी के उम्मीदवार गवित महेशभाई से आगे चल रही हैं.

    विधानसभा उपचुनाव के रुझान

    बिहार के कुशेश्वर स्थान विधानसभा सीट पर आरजेडी प्रत्याशी अमन भूषण हजारी आगे चल रहे हैं.

    असम की दो सीटों पर बीजेपी प्रत्याशियों ने अच्छी बढ़त बना ली है. यहां की अन्य तीन सीटों पर अभी कोई रुझान नहीं आया है.

    हिमाचल की तीन सीटों में से दो पर कांग्रेस प्रत्याशियों और एक पर निर्दलीय उम्मीदवार ने शुरुआती बढ़त बनाई है.

    हरियाणा की एक सीट पर भारतीय राष्ट्रीय लोकदल, बीजेपी प्रत्याशी से आगे चल रहे हैं.

    राजस्थान की दोनों सीटों पर कांग्रेस आगे है.

    मध्य प्रदेश की तीन में से एक सीट पर बीजेपी आगे है.

    पश्चिम बंगाल की चार में दो सीटों पर टीएमसी कैंडिडेट ने बीजेपी प्रत्याशी पर बड़ी बढ़त बना ली है.

  12. जलवायु और मौसम में क्या अंतर है?

  13. यूपी में अखिलेश की सपा और जयंत की आरएलडी क्या मिला पाएँगे हाथ?

  14. जलवायु परिवर्तनः क्या भारत लक्ष्य को हासिल कर पाएगा?

  15. जिन्ना वाले अखिलेश के बयान पर ओवैसी का तल्ख जवाब, बोले- वे पहले इतिहास पढ़ें

    यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक बयान पर बीते दो दिनों से घमासान छिड़ा है.

    रविवार को अखिलेश ने हरदोई ज़िले में माधौगंज कस्बे के लखनऊ पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित जनसभा में मोहम्मद अली जिन्ना को महात्मा गांधी, सरदार पटेल और जवाहरलाल नेहरू की तरह आज़ादी का नायक बताया था.

    उनके इस बयान को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तालिबान मानसिकता वाला बताते हुए उनसे माफ़ी मांगने की मांग की थी और अब असदुद्दीन ओवैसी ने भी उन्हें इतिहास पढ़ने की सलाह दी है.

    अखिलेश ने कहा था, "सरदार पटेल, महात्मा गांधी, जिन्ना, जवाहरलाल नेहरू एक ही जगह पर पढ़े. वो बैरिस्टर बन कर आए. उन्होंने आज़ादी दिलाई. वो किसी भी तरह के संघर्ष से पीछे नहीं हटे."

    ओवैसी ने और क्या क्या कहा?

    ओवैसी ने अखिलेश के बयान के बाद सोमवार को एक बार फिर ये दोहराया कि भारत के मुसलमानों का जिन्ना से कोई ताल्लुक नहीं है.

    उन्होंने कहा, "अखिलेश यादव को ये समझना चाहिए कि भारत के मुसलमानों का मोहम्मद अली जिन्ना से कोई ताल्लुक नहीं है. भारत में आज जो मुसलमान रह रहे हैं और जो हमारे बाप-दादा थे उन्होंने 1947 में ही यह फ़ैसला ले लिया था कि हम पाकिस्तान नहीं जाएंगे और हमने पाकिस्तान की टू-नेशन थ्योरी को रिजेक्ट किया था. और हक़ीक़त ये है कि टू-नेशन थ्योरी की सबसे पहले बात करने वाले सावरकर थे उसके बाद मोहम्मद अली जिन्ना थे. तो भारत के जो मुसलमान हैं उन्होंने भारत को अपना वतन माना. और जिन्ना से हमारा कोई ताल्लुक ही नहीं है."

    ओवैसी ने कहा, "अखिलेश यादव को ये समझना चाहिए जो इस तरह की बात करके समझ रहे हैं कि कोई तबका या कोई हिस्सा या कोई वोटर इससे खुश होगा तो वो ग़लती कर रहे हैं. उनको अपने सलाहकार को बदलना चाहिए या ख़ुद पढ़ना भी चाहिए. ये बात सही है कि पाकिस्तान के निर्माण में मोहम्मद अली जिन्ना का सबसे बड़ा किरदार रहा है. अब उसके पीछे क्या क्या है, तारीख़ में जाएंगे, तो बहुत लंबी तारीख़ जाएगी. अखिलेश यादव को इतिहास पढ़ने की ज़रूरत है."

    योगी ने अखिलेश से की थी माफ़ी मांगने की मांग

    इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने भी अखिलेश के बयान की आलोचना की और उनसे माफ़ी की मांग की थी.

    योगी ने कहा था, "ये तालिबान मानसिकता है, जो हमेशा तोड़ने में विश्वास रखता है. सामाजिक तानेबाने को जातिवाद के नाम पर तोड़ने वाले जब अपने मंसूबों में सफल नहीं हुए तो महापुरुषों पर लांछन लगाकर पूरे समाज को अपमानित करने का प्रयास कर रहे हैं. इस दुष्प्रवृत्ति को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पूरे समाज को और प्रदेश को इसकी निंदा करनी चाहिए. सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने इस कृत्य के लिए देश की जनता से माफ़ी मांगनी चाहिए. सरदार पटेल का अपमान देश कभी स्वीकार नहीं कर सकता है."

  16. भारत की हार, पाकिस्तान की जीत पर जश्न मनाने वालों की नागरिकता ख़त्म होः बीजेपी नेता

  17. अनिल देशमुख आधी रात को गिरफ़्तार किए गए , ईडी के रिमांड का विरोध करेंगे

    मनी लांड्रिंग के आरोपों में घिरे महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख से 12 घंटे से अधिक पूछताछ के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें सोमवार को आधी रात के बाद गिरफ़्तार किया.

    मंगलवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा जहां वे ईडी के रिमांड का विरोध करेंगे.

    अनिल देशमुख के वकील इंद्रपाल सिंह ने कहा, "हमने मामले से जुड़े मामले की जांच में सहयोग किया. कोर्ट में जब उन्हें पेश किया जाएगा तब हम उनके रिमांड का विरोध करेंगे."

    मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने देशमुख पर पुलिस अधिकारियों के ज़रिए हर महीने 100 करोड़ रुपये वसूली का आरोप लगाया था.

    उसके बाद बॉम्बे हाई कोर्ट ने उनके ख़िलाफ़ सीबीआई जांच के आदेश दिए थे और उन्हें महाराष्ट्र के गृह मंत्री के पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा था.

    सोमवार को अनिल देशमुख ने एक वीडियो जारी किया था

    ईडी अनिल देशमुख को पूछताछ के लिए कई बार समन भेज चुकी थी. वे हाई कोर्ट भी गए. लेकिन बीते हफ़्ते हाई कोर्ट ने उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया था.

    सोमवार को अनिल देशमुख ने ईडी के सामने पेश होने से पहले अपने ट्विटर हैंडल पर एक पत्र और वीडियो जारी किया. इसमें उन्होंने हाई कोर्ट ने उन्हें संवैधानिक अधिकार के अनुसार विशेष अदालत में जाने की स्वतंत्रता दी है फिर भी वो ईडी के दफ़्तर जा कर जांच में सहयोग करेंगे.

    देशमुख ने इस वीडियो में यह भी सवाल उठाया कि "जिन परमबीर सिंह की शिकायत पर जांच हो रही है वो ख़ुद कहां हैं? सुनने में आ रहा है कि वो तो विदेश भाग चुके हैं."

  18. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 01 नवंबर, सोमवार के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.