You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मंगलसूत्र के विज्ञापन पर नरोत्तम मिश्र की चेतावनी के बाद पीछे हटे सब्यसाची

मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र के फैशन ब्रांड सब्यसाची को मंगलसूत्र के अपने विवादित विज्ञापन को चौबीस घंटों के अंदर हटाने की चेतावनी दी है. मिश्र की चेतावनी के बाद सब्यसाची ने विज्ञापन वापस ले लिया है.

लाइव कवरेज

  1. मोहम्मद शमी की ट्रोलिंग पर बोले विराट कोहली

    भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने मोहम्मद शमी को ट्रोल किए जाने की आलोचना की है. उन्होंने ऐसे कमेंट करने वालों को रीढ़विहीन ट्रोल कहा है. विराट कोहली शनिवार को मीडिया से मुखातिब हुए.

    इस दौरान उन्होंने कई सवालों के जवाब दिए. जब कोहली से मोहम्मद शमी की ऑनलाइन ट्रोलिंग से जुड़ा सवाल पूछा गया तो कोहली ने कहा कि "किसी के धर्म को लेकर उसकी आलोचना करना मुझे लगता है कि एक इंसान के तौर पर सबसे ख़राब चीज़ है."

    दरअसल यूएई और ओमान में खेले जा रहे टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच में भारत को पाकिस्तान ने दस विकेट से हरा दिया था. इस करारी हार के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने भारत के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी की आलोचना की थी और उनकी धार्मिक पहचान पर भी टिप्पणियां की थीं. कोहली ने बिना लाग लपेट के सीधी बात की और ट्रोल करने वालों की खुलकर आलोचना की.

  2. शोएब अख़्तर ने अब अफ़ग़ान टीम के लिए क्या कहा?

    शोएब अख़्तर ने अफ़ग़ानिस्तान पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम की जीत को लेकर प्रतिक्रिया दी है.

    पाकिस्तान की जीत के बावजूद उन्होंने अफ़ग़ान टीम की तारीफ़ की.

    उन्होंने अफ़ग़ान टीम का समर्थन किया और कहा कि भाई-भाइयों से हार चुके हैं.

    उन्होंने कहा कि इस टीम ने कम संसाधनों में पाकिस्तान को कड़ी टक्कर दी. उन्होंने राशिद ख़ान और मोहम्मद नबी की तारीफ़ की.

  3. न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ आज हार्दिक पांड्या या शार्दुल ठाकुर खेलेंगे?

    भारतीय क्रिकेट टीम आज शाम साढ़े सात बजे दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में आईसीसी टी20 विश्व कप के एक बेहद रोमांचक मैच में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ उतरेगी.

    इसे टीम इंडिया के लिए एक करो या मरो जैसी स्थिति वाला मैच क़रार दिया गया है क्योंकि इस मैच को जीतने भारत के सेमीफाइनल की राह आसान हो जाएगी.

    अब तक ये माना जा रहा है कि इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी की सफल रणनीति 'सीएसके टैम्पलेट' को आजमाया जाएगा.

    भारतीय क्रिकेट की भाषा में सीएसके टैम्पेलट का आशय एक हार के बाद टीम में बदलाव नहीं करने की रणनीति से है. यही नहीं, इस रणनीति के तहत जब तक बहुत ज़रूरत न हो तब तक टीम में बदलाव न लाया जाता है.

  4. पाकिस्तान में तहरीक-ए-लब्बैक और इमरान सरकार के बीच बातचीत से क्या निकलेगा हल

    पाकिस्तान में राजधानी इस्लामाबाद तक 'लॉन्ग मार्च' करने पर अड़े हुए प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (टीएलपी) और सरकार के बीच बातचीत शुरू हो गई है.

    अख़बार एक्सप्रेस के अनुसार पाकिस्तान सरकार की तरफ़ से बात करने वाली कमेटी में विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी, संसद के स्पीकर असद क़ैसर और संसदीय कार्य मंत्री अली मोहम्मद ख़ान शामिल हैं.

    टीएलपी ने एक बयान जारी कर कहा कि टीएलपी प्रमुख साद हुसैन रिज़वी के नेतृत्व में उनके नेताओं की सरकारी प्रतिनिधिमंडल से रावलपिंडी में बातचीत हुई है.

    बयान में यह भी कहा गया है कि टीएलपी ने अपनी माँगे सरकार के सामने रख दी हैं और यह टीम अब प्रधानमंत्री इमरान ख़ान से मिलकर उनको स्थिति से अवगत कराएगी. लेकिन सरकार की तरफ़ से इस बारे में कोई बयान नहीं आया है.

    केंद्रीय गृहमंत्री शेख़ रशीद अहमद ने गुरुवार को साद हुसैन रिज़वी से मुलाक़ात की पुष्टि की थी और यह भी कहा था कि वो शुक्रवार और शनिवार को भी उनसे मुलाक़ात करेंगे.

  5. उत्तराखंड के चकराता में खाई में गिरी बोलेरो, 13 की मौत

      • Author, राजेश डोबरियाल
      • पदनाम, देहरादून से बीबीसी हिंदी के लिए

    उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में हुए एक दर्दनाक हादसे में रविवार सुबह 13 लोगों की मौत हो गई है. ये हादसा चकराता-त्यूणी मार्ग पर एक बोलेरो गाड़ी के खाई में गिरने की वजह से हुआ.

    इस गाड़ी में कुल 15 लोग सवार थे जिनमें से दो को बचा लिया गया है, उनका नज़दीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है.

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर शोक व्यक्त किया है और दुर्घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं.

    कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, गढ़वाल कमिश्नर और देहरादून के ज़िलाधिकारी दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं.

    गांव से 100 मीटर दूर ही खाई में गिर गई

    विकासनगर तहसील के एसडीएम सौरभ असवाल हादसे की सूचना मिलते ही दुर्घटनास्थल पहुंच गए.

    उन्होंने बीबीसी हिंदी को बताया कि बोलेरो में सवार 13 लोगों की मौत हो गई है और दो गंभीर रूप से घायल हैं. प्राथमिक उपचार देने के बाद घायलों को देहरादून के लिए रेफ़र कर दिया गया है.

    चकराता थाना पुलिस के अनुसार सुबह करीब 8.15 पर दुर्घटना की सूचना मिली थी जिसके तुरंत बाद पुलिस बल और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. बोलेरो में कुल 15 लोग सवार थे जिनमें से 13 की मौके पर मृत्यु हो गई थी. एक छह साल के बच्चे समेत दो लोगों को रेस्क्यू किया गया था.

    पुलिस के अनुसार यह गाड़ी चकराता के बायला गांव से विकासनगर के लिए सुबह 8 बजे निकली थीऔर गांव से आगे लगभग 100 मीटर की दूरी पर ही अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

    सीएम की अपील- ओवरलोडिंग न करें

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चकराता क्षेत्र के अंतर्गत बुल्हाड़-बायला मार्ग पर हुई वाहन दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि घायलों के उपचार के लिए और मृतकों के परिवारजनों को राज्य सरकार हर संभव मदद देगी. मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी देहरादून को दुर्घटना की मेजिस्टीरियल जांच के निर्देश दिए हैं.

    मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को सख्त निर्देश दिये हैं कि वाहनों में ओवर लोडिंग न हो. यदि इस तरह की कोई बात आती है, तो संबधित पर कड़ी कारवाई की जाए. उन्होंने प्रदेश के लोगों से अपील की किओवर लोडिंग न करें ताकि इस तरह की दुर्घटनाएं दोबारा न हों.

    कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, गढ़वाल कमिश्नर और देहरादून के ज़िलाधिकारी दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं.

  6. सऊदी कंपनी अरामको को तीसरी तिमाही में हुआ 158 फीसदी से ज़्यादा लाभ

    सऊदी तेल कंपनी अरामको ने इस साल की तीसरी तिमाही में 158 फीसदी ज़्यादा मुनाफा दर्ज किया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, अरामको ने रविवार को बताया है कि उसने दोगुने से भी ज़्यादा शुद्ध लाभ अर्जित किया है.

    तीसरी तिमाही में अरामको का शुद्ध लाभ 30.4 अरब डॉलर हो गया है. जबकि पिछले साल इसी तिमाही में अरामको का लाभ 11.8 अरब डॉलर था.

    अरामको के प्रमुख अधिकारी अमीन नसर ने बयान जारी करके कहा है, "तीसरी तिमाही में हमारा शानदार प्रदर्शन प्रमुख बाज़ारों में बढ़ी हुई आर्थिक गतिविधियों, ऊर्जा की मांग बढ़ने और हमारे सस्ते उत्पादों की वजह से संभव हुआ है."

  7. भारत अगर आज न्यूज़ीलैंड से हार गया तो क्या होगा?

  8. ईरान के कारण लेबनान से दिक़्क़त हो रही है: सऊदी अरब

    सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फ़ैसल बिन फरहान ने बीते बुधवार कहा है कि सऊदी अरब और लेबनान के बीच किसी तरह का तनाव नहीं है, बल्कि तनाव लेबनान में है और ईरान की छद्म ताक़तों की वजह से है.

    जी 20 बैठक में शामिल होने के लिए इटली पहुँचे विदेश मंत्री फ़रहान ने समाचार वेबसाइट अल-अरबिया से बात करते हुए ये बयान दिया है.

    उन्होंने कहा, “लेबनान में काफ़ी सुधार की ज़रूरत है, जिससे उसकी संप्रभुता, शक्ति और अरब दुनिया में जगह फिर से क़ायम हो. लेबनान के राजनीतिक तंत्र में हिज़्बुल्लाह का प्रभुत्व हमारे लिए चिंताजनक है और इसकी वजह से लेबनान से कोई भी समझौता करने का मतलब नहीं रह जाता.”

    उन्होंने ये भी कहा कि “हम लेबनान के मामलों में हस्तक्षेप नहीं करते हैं और न ही उन्हें कुछ भी करने के लिए हिदायतें देते हैं.”

    इसी हफ़्ते लेबनानी सूचना मंत्री के एक पुराने बयान की वजह से दोनों देशों में संबंध ख़राब हो चुके हैं.

    लेबनान के सूचना मंत्री जॉर्ज कोर्दाही ने मंत्री पद संभालने से पहले एक टीवी कार्यक्रम के दौरान यमन में युद्ध को सऊदी अरब की आक्रामकता करार दिया था.

    उनका ये वीडियो वायरल होने के बाद सऊदी अरब और बहरीन ने लेबनानी राजदूतों को 48 घंटों के अंदर देश छोड़ने का आदेश दे दिया था.

    इसके साथ ही सऊदी अरब ने लेबनान से आने वाले सामान पर रोक लगा दी है.

  9. आसिफ़ अली के इस एक्शन पर भड़के अफ़ग़ानिस्तान के राजदूत

  10. पोप फ्रांसिस ने स्वीकार किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का न्योता

    कैथोलिक चर्च के प्रमुख पोप फ्रांसिस ने पीएम मोदी के भारत आने का न्योता स्वीकार कर लिया है. पीएम मोदी ने बीते शनिवार पोप फ्रांसिस के साथ हुई बैठक में उनसे भारत आने का अनुरोध किया था.

    भारतीय विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने बताया है कि पोप फ्रांसिस ने इस निमंत्रण को “सबसे बेहतरीन तोहफ़ा” बताया है.

    पीएम मोदी ने इस मुलाक़ात के बाद सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा था, “पोप फ्रांसिस के साथ एक बेहद आत्मीय बैठक हुई. मुझे उनके साथ कई मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर मिला और मैंने उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया.”

    श्रृंगला ने कहा कि बैठक 20 मिनट तक चलने वाली थी लेकिन ये बैठक एक घंटे तक चलती रही.

    पीएम मोदी और पोप ने अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें जलवायु परिवर्तन का सामना करने और ग़रीबी मिटाने जैसे इस दुनिया को बेहतर बनाने वाले मुद्दे शामिल थे.

    इस मुलाक़ात के दौरान पीएम मोदी ने पोप फ्रांसिस को एक चांदी का कैंडल स्टैंड दिया और पोप फ्रांसिस ने मोदी को एक ब्रॉन्ज पट्टिका दी, जिसमें ओल्ड टेस्टामेंट की एक पंक्ति लिखी है.

    इस बैठक के बाद वेटिकन से जारी एक बयान में कहा गया है, “एक संक्षिप्त वार्ता के दौरान, होली सी और भारत के बीच रिश्तों पर चर्चा की गई”

    इस दौरान पीएम मोदी ने कार्डिनल सेक्रेटरी ऑफ स्टेट पिएट्रो परोलिन और सेक्रेटरी फॉर रिलेशंस विद स्टेट्स आर्चविशप पॉल रिचर्ड गेलहर से भी मुलाक़ात की थी.

    इस दौरान पीएम मोदी के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला भी थे.

    श्रृंगला ने कहा है कि ये प्रधानमंत्री मोदी और पोप फ्रांसिस के बीच एक व्यक्तिगत बैठक थी.

    पोप फ्रांसिस जलवायु परिवर्तन का सामना करने की ज़रूरत पर ज़ोर देते रहे हैं. इससे पहले वह सीरिया और अफगानिस्तान में जारी संघर्षों के ख़िलाफ़ भी बोलते रहे हैं.

    इसके अलावा उन्होंने कई देशों से अफ़गान शरणार्थियों को शरण देने का आह्वान किया है एवं नस्लवाद तथा अन्य प्रकार के घृणा से जुड़े अपराधों के ख़िलाफ़ बात की है.

    पोप फ्रांसिस ने दुनिया भर के देशों से जलवायु परिवर्तन के मुद्दे से निपटने के लिए तत्काल कार्रवाई करने का आह्वान किया है.

    पिछले बीस सालों में पहली पोप यात्रा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोम में शिखर सम्मेलन के मौके पर पोप से मिलने वाले G20 नेताओं में से एक बन गए हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुक्रवार को पोप से मुलाकात की थी.

    इससे पहले साल 1999 में पोप जॉन पॉल द्वितीय भारत आए थे.

    पोप फ्रांसिस ने 2015 में श्रीलंका का दौरा किया था और 2017 में उनकी मेजबानी म्यांमार और बांग्लादेश ने की थी, लेकिन दोनों ही मौकों पर, वह भारत नहीं आए थे.

    पोप ने इस साल की शुरुआत में अपनी इराक यात्रा के साथ इतिहास रच दिया है, जो कि किसी युद्धग्रस्त देश की उनकी पहली यात्रा थी.

    इससे पहले उन्होंने 2019 में संयुक्त अरब अमीरात का भी दौरा किया.

  11. इंदिरा गाँधी ने एक दिन पहले ही कहा था- मैं रहूँ या ना रहूँ

  12. अर्दोआन से आज मिलेंगे बाइडन, दे सकते हैं कड़ी चेतावनी

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन रविवार यानी आज इटली की राजधानी रोम में तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन के साथ मुलाक़ात करेंगे. बाइडन और अर्दोआन समेत कई देशों के नेता जी20 समिट में भाग लेने के लिए रोम पहुँचे हुए हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, इस बैठक में बाइडन अर्दोआन को कड़ी चेतावनी दे सकते हैं. अर्दोआन ने पिछले हफ़्ते अमेरिका समेत 10 देशों के राजदूतों को निष्कासित करने की घोषणा की थी.

    अर्दोआन ने कहा था कि अमेरिका, जर्मनी, फ़्रांस और सात अन्य यूरोपीय देशों ने तुर्की के एक्टिविस्ट ओस्मान कवाला को जेल से रिहा करने को लेकर संयुक्त बयान जारी कर तुर्की का अपमान किया.

    हालांकि, इसके बाद अर्दोआन ने अपना फैसला वापस ले लिया. लेकिन इसे एक बड़े क़दम के रूप में देखा गया था.

    मीडिया से बात करते हुए एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया है कि जो बाइडन इस मुलाक़ात में अर्दोआन को चेतावनी देकर ये स्पष्ट करेंगे कि जल्दबाज़ी में उठाए गए किसी भी क़दम से अमेरिका और तुर्की के रिश्तों को लाभ नहीं होगा और इस तरह की स्थिति से बचा जाना चाहिए.

    इस अधिकारी ने कहा, “ये निश्चित है कि राष्ट्रपति ये संकेत देंगे कि इस तरह की स्थितियों से बचने के लिए एक रास्ता तलाशने की ज़रूरत है. और भविष्य में जल्दबाज़ी में उठाए गए क़दम अमेरिका-तुर्की साझेदारी और संबंध को लाभ नहीं पहुँचाएंगे.”

    इस अधिकारी ने कहा है कि अगर अर्दोआन ने अमेरिकी राजदूत को निष्कासित कर दिया होता तो दोनों नेताओं के बीच ये मुलाक़ात नहीं होती. लेकिन फ़िलहाल इसे संभाल लिया गया है.

    उन्होंने बताया है कि इस बैठक में बाइडन सीरिया, लीबिया समेत कई क्षेत्रीय मुद्दों एवं एफ-15 फाइटर प्लेन खरीदने के तुर्की के अनुरोध पर भी चर्चा करेंगे.

  13. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 30 अक्टूबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.