You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

आगरा: पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाने के आरोप में तीन कश्मीरी छात्र गिरफ़्तार

आगरा पुलिस ने टी-20 विश्वकप में भारत पर पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाने के आरोप में तीन कश्मीरी छात्रों को गिरफ़्तार किया है.

लाइव कवरेज

पवन सिंह अतुल, अभिजीत श्रीवास्तव and कीर्ति दुबे

  1. समीर वानखेड़े के परिवार ने दिया नवाब मलिक के दावों का ये जवाब

    मुंबई क्रूज़ ड्रग्स केस की जांच कर रहे एनसीबी के ज़ोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है.

    महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक लगातार समीर वानखेड़े पर हमला बोल रहे हैं. आज दूसरे दिन भी वानखेड़े का परिवार उनके बचाव में मीडिया के सामने आया.

    महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने बुधवार को वानखेड़े के निकाह की तस्वीर और निकाहनामा जारी करते हुए दावा किया है कि समीर मुसलमान हैं. निकाहनामे में उनका नाम 'समीर दाऊद वानखेडे' लिखा है और उनकी पहली शादी डॉ. शबाना कुरैशी नाम की महिला से हुई थी.

    नवाब मलिक ने दावा किया है, ''7 दिसंबर, साल 2006 को गुरुवार को रात 8 बजे समीर दाऊद वानखेड़े और शबाना कुरैशी के बीच निकाह हुआ था. यह निकाह मुंबई के अंधेरी (वेस्ट) के लोखंडवाला कॉम्पलेक्स में हुआ था.''

    लेकिन आज मीडिया से बात करते हुए समीर वानखेड़े के पिता ज्ञानदेव वानखेड़े ने कहा -मैं दलित हूँ. मेरे सारे पूर्वज हिंदू थे. मेरा बेटा कैसे मुसलमान हो सकता है. नवाब मलिक को ये समझना चाहिए."

    उधर मौलाना मुज़म्मिल अहमद नाम के काज़ी ने इस निकाह को कराने का दावा किया है और कई मीडिया चैनलों से बात की है.

    मौलाना अहमद ने मीडिया से बात करते हुए दावा कि ‘’मैंने ही ये निकाह पढ़वाया था, अगर वह (समीर वानखेड़े) हिंदू होते तो ये निकाह ही नहीं होता. ये निकाह खुशी के साथ हुआ था और उस वक़्त सभी लोग मुस्लमान थे. इस मामले में गवाह भी मुसलमान ही थे. निकाह का आयोजन बड़ा था और कम से कम 2 हज़ार लोग इस समारोह में शामिल हुए थे.‘’

    लेकिन समीर वानखेड़े की पत्नी क्रांति रेडकर ने भी दोहराया है कि उनके पति हिंदू हैं.

    उन्होंने कहा है कि ‘’ये झूठ है, मेरे पति और मैं जन्म से ही हिंदू हैं और समीर के पिता उनका जन्म प्रमाण पत्र भी दिखा चुके हैं.निकाह हुआ था, लेकिन समीर ने कभी क़ानूनी रूप से अपना धर्म नहीं बदला. ये निकाह महज़ एक औपचारिकता थी जो मेरी सास की खुशी के लिए की गई जो धर्म से मुसलमान थीं. नवाब मलिक ने जो जन्म प्रमाणपत्र जारी किया है वह ग़लत है.’’

    ‘’समीर के पिता एक हिंदू हैं,जिन्होंने एक मुस्लिम महिला से शादी की. मेरी सास अब इस दुनिया में नहीं हैं.‘’

    इससे पहले ड्रग्स केस में स्वतंत्र गवाह प्रभाकर सईल ने दावा किया कि केपी गोसावी और सैम डिसूजा को 18 करोड़ की डील करते हुए उन्होंने सुना. जिसमें गोसावी और सैम ने कथित तौर पर 8 करोड़ रुपये एनसीबी के अधिकारी समीर वानखेड़े को देने की बात कही.

  2. दिल्ली: एक नवंबर से खुलेंगे दिल्ली के स्कूल, छठ पूजा को भी अनुमति

    कोरोना के कारण मार्च 2020 से बंद पड़े दिल्ली के स्कूल, एक नवंबर से खोले जा सकते हैं. साथ ही दिल्ली में छठ पूजा की भी अनुमति दे दी गई है.

    दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि जानकारों ने ये सलाह दी है कि 'किसी भी अभिभावक पर स्कूल, बच्चे को ऑफ़लाइन क्लास में हाज़िर रहने के लिए मजबूर नहीं कर सकते.'

    लेकिन उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों को ये सुनिश्चित करना होगा कि कक्षा में 50 फ़ीसदी बच्चे ही आएं.

    कोरोना के कारण इस वर्ष की 10वीं और 12वीं को बोर्ड परीक्षाएं भी नहीं हो पाई थीं. स्कूलों में बहुत सी सीमित संख्या में तय दिनों पर कुछ सीनियर क्लास के बच्चे तो जा रहे हैं लेकिन अधिकतर छात्र मार्च 2020 के बाद स्कूल नहीं गए हैं.

    दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा - "दिल्ली के सभी स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों को, सभी कक्षाओं के लिए, एक नंवबर से खुलने दिया जाएगा. लेकिन जो छात्र स्कूल नहीं जाना चाहते, उनके लिए ऑनलाइन क्लासज़ जारी रहेंगी."

    साथ ही मनीष सिसोदिया ने कहा कि सख़्त प्रोटोकोल का पालन करते हुए छठ पूजा की अनुमति दी गई है.

    उन्होंने एक प्रेसवार्ता को बताया, "DDMA की मीटिंग में दिल्ली में छठ पूजा के आयोजनों की भी अनुमति दी गई. अब सभी दिल्लीवासी पूरी श्रद्धा के साथ, लेकिन पूरी सावधानी के साथ, पूर्व निर्धारित स्थलों पर सामूहिक रूप से छठपर्व मना सकेंगे."

  3. पेगासस जासूसी मामले में SC के फ़ैसले पर कांग्रेस ने कहा -सत्यमेव जयते

    कांग्रेस ने बुधवार को पेगासस पर एक्सपर्ट कमेटी गठित करने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि इसने राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर बचने और ध्यान भटकाने की सरकार की तथाकथित कोशिशों को नकार दिया है.

    ट्विटर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने लिखा, "डरपोक फासीवादियों के लिए सब जगह छद्मराष्ट्रवाद अंतिम पनाहगाह होता है."

    "राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर बचने और ध्यान भटकाने की सरकार की कोशिश के बीचपेगासस स्पाइवेयर के दुरुपयोग की जांच के लिए विशेष समिति के गठन के सुप्रीम कोर्ट के आदेश का स्वागत है. सत्यमेव जयते."

    इससे आज सुबह सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हरेक नागरिक को निजता के उल्लंघन से सुरक्षा मिलनी चाहिए.

    सुप्रीम कोर्ट ने पेगासस जासूसी मामले की जांच के लिए एक तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है. सुप्रीम कोर्ट से पेगासस जासूसी मामले में अदालत की निगरानी में स्वतंत्र जांच की मांग की गई थी.

    प्रतिष्ठित नागरिकों, नेताओं और पत्रकारों पर सरकारी एजेंसियों के ज़रिए कथित जासूसी की रिपोर्ट की स्वतंत्र जांच की मांग करने वाली कई याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई कर रही थी.

    इसराइल की सर्विलांस कंपनी एनएसओ ग्रुप के सॉफ्टवेयर पेगासस का इस्तेमाल कर कई पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नेताओं, मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों के फ़ोन की जासूसी करने का दावा किया गया था.

  4. अरविंद केजरीवाल राम के नाम से क्या हासिल करना चाहते हैं

  5. पीएम मोदी ने क्या अधूरे फ़तेहपुर मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण कर दिया?

  6. सिद्धू ने कहा कैप्टेन को पंजाब के राजनीतिक इतिहास में जयचंद के रूप में याद किया जाएगा

    पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि वे चुनाव आयोग से हरी झंडी मिलने के बाद अपनी पार्टी के नाम का एलान करेंगे.

    पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने के बाद वे पहली बार प्रेस को संबोधित कर रहे थे.

    उन्होंने कहा कि उनके वकील पहले ही चुनाव आयोग से मिल रहे हैं और जैसे ही आयोग, नाम और सिंबल पर अपनी सहमति देगा, वे उसे सार्वजनिक कर देंगे.

    कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक बार फिर दोहराया है कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू आगामी विधानसभा से जिस भी सीट से लड़ें, वे उनके ख़िलाफ़ उम्मीदवार खड़ा करेंगे.

    नवजोत सिंह सिद्धू ने कैप्टन की नई पार्टी के फ़ैसले पर तंज़ कसते हुए कहा, "मैं सत्ता से सच बोल रहा था, लोगों का आवाज़ उठा रहा था और आप मेरे लिए सारे दरवाज़े बंद करना चाहते थे. पिछली बार आपने अपनी पार्टी बनाई तो आपको 856 वोट मिले थे. पंजाब के लोग एक बार फिर आपको पंजाब के हितों से समझौता करने के लिए सज़ा देने का इंतज़ार कर रहे हैं."

    नवजोत सिंह सिद्धू ने कैप्टन पर अपना हमला जारी रखते हुए उन्हें एक ट्वीट में पंजाब के सियासी इतिहास का जयचंद तक क़रार दे दिया है.

    सिद्धू ने ट्वीट किया - आपको पंजाब के राजनीतिक इतिहास के जयचंद के रूप में याद रखा जाएगा. आप एक दाग़े हुए कारतूस हैं.

    इस दौरान पूर्व सीएम ने एक दस्तावेज़ भी साझा किया. इस दस्तावेज़ में बताया गया है कि कांग्रेस के घोषणापत्र की तुलना में उन्होंने अपने कार्यकाल में कौन से वादे पूरे किए.

    उन्होंने दावा किया कि साढ़े चार साल की अवधि में घोषणापत्र में किए गए वादों में से 70 प्रतिशत को पूरा किया गया है.

    तीन खेती कानूनों का विरोध कर रहे किसानों के बारे में कैप्टन ने कहा कि पंजाब अकेला राज्य है जिसने किसानों को विरोध करने या दिल्ली जाने से नहीं रोका.

    कैप्टन ने कहा, “कल हम इसी मुद्दे पर 25-30 लोगों के साथ केंद्रीय गृह मंत्री से मिलेंगे.”

  7. शोएब अख़्तर को टीवी होस्ट ने कार्यक्रम के बीच अपमानित किया

  8. पेगासस जासूसी मामले की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने कमेटी बनाई

    सुप्रीम कोर्ट ने पेगासस जासूसी मामले की जांच के लिए एक तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है. इस समिति में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज आरवी रविंद्रन, आलोक जोशी और संदीप ओबेरॉय होंगे.

    सुप्रीम कोर्ट ने ये फ़ैसला कई याचिकाओं के जवाब में दिया है जिनमें कोर्ट से पेगासस जासूसी मामले में अदालत की निगरानी में स्वतंत्र जांच की मांग की गई थी.

    क्या है मामला?

    इसराइल की सर्विलांस कंपनी एनएसओ ग्रुप के सॉफ्टवेयर पेगासस का इस्तेमाल कर कई पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नेताओं, मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों के फ़ोन की जासूसी करने का दावा किया था.

    50 हज़ार नंबरों के एक बड़े डेटा बेस के लीक की पड़ताल द गार्डियन, वॉशिंगटन पोस्ट, द वायर, फ़्रंटलाइन, रेडियो फ़्रांस जैसे 16 मीडिया संस्थानों के पत्रकारों ने की.

    इसी मामले की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दायर की गई थीं,

    एनएसओ समूह की ओर से ये साफ़ कहा जा चुका है कि कंपनी अपने सॉफ्टवेयर अलग-अलग देश की सरकारों को ही बेचती है और इस सॉफ्टवेयर को अपराधियों और आतंकवादियों को ट्रैक करने के उद्देश्य से बनाया गया है.

    आज सुप्रीम कोर्ट ने और क्या कहा?

    कोर्ट ने ये भी कहा कि "निजता के अधिकार का हनन नहीं किया जा सकता है. निजता का अधिकार और नागरिक स्वतंत्रता को बरकरार रखने की ज़रूरत है. इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि पत्रकार का सोर्स नहीं बताया जा सकता."

    सुप्रीम कोर्ट के चीफ़ जस्टिस की अध्यक्षता वाली पीठ ने पेगासस स्पाइवेयर मामले में सभी याचिकाओं की सुनवाई के बाद 13 सितंबर को अपना फ़ैसला सुरक्षित रख लिया था.

    आठ हफ़्ते के बाद इस मामले की फिर सुनवाई होगी. यानी आठ हफ़्ते में यह कमेटी सुप्रीम कोर्ट को अपनी अंतरिम रिपोर्ट सौंपेगी.

    ___________________________________________________

    पेगासस मामले को विस्तार से समझने के लिए आप ये कहानियां पढ़ सकते हैं -

    • पेगासस जासूसी मामला: वो सवाल जिनके जवाब अब तक नहीं मालूम
    • पेगासस जासूसी पर मोदी सरकार बहस से क्यों बच रही है?
  9. महारानी एलिजाबेथ COP-26 में भाग नहीं लेंगी

    ब्रिटेन की महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय ग्लासगो में होने वाले जलवायु शिखर सम्मेलन COP-26 में हिस्सा नहीं लेंगी. बकिंघम पैलेस ने इस बात की पुष्टि की है.

    बताया गया है कि महारानी अगले हफ़्ते आयोजित होने वाले जलवायु शिखर सम्मेलन COP-26 में शामिल होने के लिए ग्लासगो की यात्रा नहीं करेंगी.

    बकिंघम पैलेस के मुताबिक महारानी को डॉक्टरों ने आराम की सलाह दी है जिसके मद्देनज़र वे सम्मेलन में शामिल नहीं होगी.

    रूस, चीन, ऑस्ट्रेलिया की स्थिति

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी इस सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे. रूस की सरकार (क्रेमलिन) ने बीते हफ़्ते इसकी जानकारी दी थी.

    वहीं चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भी इस शिखर सम्मेलन में भाग लेने की संभावना नहीं है. हालांकि चीन के अधिकारियों ने कथित तौर पर योजनाओं में बदलाव से पूरी तरह इनकार नहीं किया है.

    इससे पहले अक्तूबर में, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री के उस बयान की काफी आलोचना हुई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि वो इस शिखर सम्मेलन को छोड़ सकते हैं. हालांकि बाद में उन्होंने कहा की कि वो इसमें भाग लेंगे.

    2015 के पेरिस के ऐतिहासिक बातचीत के बाद COP-26 जलवायु परिवर्तन पर सबसे बड़ा सम्मेलन है. दुनिया के लगभग 200 देशों से 2030 तक, उत्सर्जन में कटौती करने की अपनी योजना देने को कहा जा रहा है.

    जानकारों की नज़र इस बात पर लगी होगी कि कैसे रूस और दुनिया के अन्य प्रमुख जीवाश्म ईंधन उत्पादक, इस ईंधन पर अपनी निर्भरता कम करने को तैयार हो पाएंगे?

    जलवायु परिवर्तन का भारत पर असर

    अमेरिकी ख़ुफ़िया एजेंसियों की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत उन देशों में से है जिन पर जलवायु परिवर्तन का सबसे ज़्यादा असर पड़ेगा. साथ ही इसमें ये भी कहा गया है कि इन देशों के पास जलवायु परिवर्तन के असर से लड़ने की तैयारी नहीं है.

    रिपोर्ट में भारत के अलावा अफ़गानिस्तान और पाकिस्तान भी ‘संवेदनशील देशों’ की सूची में शामिल हैं.

    अमेरिका के ऑफ़िस ऑफ़ नेशनल इंटेलिजेंस (ODNI) ने भारत समेत 11 देशों के नाम गिनाते हुए कहा है कि इनमें जलवायु परिवर्तन की सबसे अधिक मार पड़ेगी.

    भारत, पाकिस्तान, अफ़गानिस्तान, म्यांमार, इराक़, उत्तर कोरिया, ग्वाटेमाला, हैती, होंडारस, निकारागुआ और कोलंबिया को ‘चिंताजनक’ देशों की श्रेणी में रखा गया है.

    इसमें बताया गया है कि भारत समेत दक्षिण एशिया के अन्य देशों में पानी को लेकर विवाद होगा और यह ‘भूराजनीतिक’ तनाव की प्रमुख वजह भी बनेगा.

    रिपोर्ट के मुताबिक़ जलवायु परिवर्तन के कारण मध्य अफ़्रीका और प्रशांत क्षेत्र में छोटे देशों में अस्थिरता का ख़तरा बढ़ जाएगा, जिसका असर दुनिया की सबसे ग़रीब आबादी पर पड़ेगा.

  10. फिर बढ़े पेट्रोल-डीज़ल के दाम, कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर

    दो दिनों बाद एक बार फिर पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में बुधवार (27 अक्तूबर) को इज़ाफ़ा किया गया. पेट्रोल की कीमत में 31-35 पैसे प्रति लीटर और डीज़ल में 33-37 पैसे प्रति लीटर का इज़ाफ़ा हुआ.

    इसके साथ ही देश भर में पेट्रोल-डीज़ल की कीमतें अपने रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं.

    इस ताज़ा वृद्धि के साथ दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 107.94 रुपये और डीज़ल की कीमत 96.67 रुपये प्रति लीटर हो गई है.

    पेट्रोल, डीज़ल की कीमतें देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 113.80 और 104.75 रुपये, कोलकाता में 108.45 और 99.78 रुपये, चेन्नई में 104.83 और 100.92 रुपये हो गई हैं.

    डेढ साल में 35 रुपये से अधिक बढ़े पेट्रोल के दाम

    पांच विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित होने के एक दिन बाद 4 मई 2020 से पेट्रोल की कीमतों में लगभग 36.35 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल में लगभग 29 रुपये की बढ़ोतरी हुई है.

    अकेले अक्तूबर माह में अब तक पेट्रोल-डीज़ल की कीमतें डेढ़ दर्जन से अधिक बार बढ़ चुकी हैं.

    कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल से इनकी कीमतों पर असर पड़ा है. एक साल पहले ब्रेंट क्रूड की कीमत 42.5 डॉलर प्रति बैरल थी वो इस वक़्त 85 डॉलर प्रति बैरल है.

    अमेरिकी वित्तीय सेवा कंपनी गोल्डमैन सैक्स के तेल विश्लेषकों के मुताबिक ब्रेंट क्रूड की कीमतें अगले साल 110 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं.

    हालांकि जानकारों का यह भी मानना है कि पेट्रोल, डीज़ल की लगातार बढ़ रही कीमतों के बीच इनके करों में कटौती का सरकार पर दबाव पड़ सकता है.

  11. 5-11 साल के बच्चों की कोरोना वैक्सीन के लिए फ़ाइज़र को एफ़डीए का समर्थन

    पांच से 11 साल के बच्चों की कोरोना वैक्सीन को लेकर अमेरिकी सरकार के एक पैनल ने फ़ाइज़र के पक्ष में अपना फ़ैसला दिया है.

    अमेरिकी नियामक संस्था एफ़डीए (फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) ने मंगलवार को इस फ़ैसले का समर्थन किया है.

    अब इसे सेंटर फॉर डिजीज़ कंट्रोल ऐंड प्रीवेंशन से आगे मंजूरी का इंतज़ार है. उम्मीद की जा रही है कि 2 नवंबर तक उनका फ़ैसला आ जाएगा. ऐसा होने पर उसके अगले दिन से ही वैक्सीनेशन शुरू हो सकती है.

    अमेरिका में पहले से ही 5 से 12 आयु वर्ग के बच्चों को वैक्सीन दी जा रही है.

    सितंबर में कंपनी ने कहा था कि उसके परीक्षण से पता चला है कि कोविड जैब बच्चों के उस वर्ग के लिए सुरक्षित हैं.

    फ़ाइज़र को 12 या उससे अधिक उम्र के बच्चों के वैक्सीन के लिए पहले ही मान्यता मिल चुकी है.

    सोमवार को मॉडर्ना ने कहा है कि उसके वैक्सीन बच्चों में कोरोना से लड़ने वाले एंटीबडी विकसित करने में सक्षम पाई गई है और वो रेगुलेटर्स को अपने ट्रायल के डेटा सौंपेगी.

  12. वर्ल्ड टी20: पाकिस्तान ने न्यूज़ीलैंड को 5 विकेट से हराया, लगातार दूसरी जीत

    पाकिस्तान ने टी-20 वर्ल्ड कप का अपना दूसरा मुक़ाबला भी जीत लिया है. अपने पहले मैच में भारत को हरा कर इतिहास बनाने वाली पाकिस्तान की टीम ने मंगलवार को न्यूज़ीलैंड को 5 विकेट से हराया.

    पाकिस्तान के लिए यह मैच बहुत अहम था क्योंकि बीते महीने (18 सितंबर को) न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान के दौरे पर गई थी, लेकिन सुरक्षा से जुड़ी वजहों को ज़िम्मेदार ठहराते हुए कीवी टीम बग़ैर कोई मैच खेले ही वापस अपने देश लौट गई.

    हालांकि पाकिस्तान में उस समय न्यूज़ीलैंड के इस फ़ैसले की काफ़ी आलोचना हुई थी और इस मैच को उसी अपमान (जैसा कि पाकिस्तान में माना गया) का बदला लेने की नज़रिए से देखा जा रहा था.

    पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने लगातार दूसरे मैच में टॉस जीता. पाकिस्तान ने न्यूज़ीलैंड को पहले बल्लेबाज़ी के लिए उतारा. कीवी टीम 20 ओवरों में आठ विकेट पर महज 134 रन ही बना सकी.

    न्यूज़ीलैंड का कोई भी खिलाड़ी 30 से अधिक का स्कोर नहीं बना सका. वहीं पाकिस्तान की तरफ़ से हारिस राउफ ने बेहतरीन गेंदबाज़ी करते हुए चार विकेट लिए.

    135 रनों के लक्ष्य को पाकिस्तान ने आसानी से 8 गेंद बाकी रहते पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया.

    अब पाकिस्तान का अगला मुक़ाबला शुक्रवार को अफ़ग़ानिस्तान के साथ होना है.

    वहीं बुधवार को यानी आज इंग्लैंड-बांग्लादेश और स्कॉटलैंड-नामीबिया के बीच मुक़ाबले होने हैं.

  13. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम आपको यहाँ दिनभर की बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. मंगलवार, 26 अक्टूबर के अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं.